कर्नाटक: विवादों में रहा आरएसएस का रूट मार्च आख़िरकार हुआ पूरा

कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे के विधानसभा क्षेत्र चित्तापुर में आरएसएस का रूट मार्च (पथ संचलन) रविवार को शांतिपूर्ण तरीक़े से पूरा हो गया.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, सुरभि गुप्ता

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, कोलकाता टेस्ट: दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ भारत को जीत के लिए 124 रनों की ज़रूरत

    रवींद्र जडेजा

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Getty

    इमेज कैप्शन, रवींद्र जडेजा ने दूसरी पारी में सबसे अधिक चार विकेट लिए

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच कोलकाता में खेला जा रहे पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ़्रीका की दूसरी पारी 153 रन पर सिमट गई है. इसी के साथ भारत को 124 रन का टारगेट मिला है.

    कप्तान टेंबा बवुमा ने सबसे अधिक 55 रन बनाए. उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज़ लंबे समय तक क्रीज़ पर नहीं टिक सका.

    भारत की ओर से सबसे ज़्यादा विकेट रवींद्र जडेजा ने लिए. उनके खाते में चार विकेट आए. उनके अलावा कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज ने दो-दो, और अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने एक-एक विकेट लिया.

    दक्षिण अफ़्रीकी टीम पहली पारी में 159 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी. इसके जवाब में भारतीय टीम 189 रन ही बना पाई थी. भारत को पहली पारी में 30 रन की बढ़त मिली थी.

    गर्दन में चोट के कारण भारतीय कप्तान शुभमन गिल इस मैच से बाहर हो गए हैं. उन्हें अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.

  2. रोहिणी आचार्य के बयान पर बिहार बीजेपी के अध्यक्ष बोले, 'लालू जी, परिवार बचाइए'

    रोहिणी आचार्य

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रोहिणी आचार्य ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव, संजय यादव और रमीज़ पर कई आरोप लगाए

    बिहार में बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने रोहिणी आचार्य के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है जिसमें उन्होंने 'राजनीति छोड़ने और अपने परिवार से नाता तोड़ने की बात कही'.

    रोहिणी आचार्य लालू प्रसाद यादव की बेटी हैं.

    उन्होंने शनिवार को कहा, "मैं राजनीति छोड़ रही हूं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं. संजय यादव और रमीज़ ने मुझसे यही करने को कहा था और मैं सारा दोष ख़ुद पर ले रही हूं."

    इसके बाद मीडिया से बातचीत में रोहिणी ने तेजस्वी यादव पर आरोप लगाए.

    इस पर बिहार बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "यह बहुत दुखद है. एक व्यक्ति पूरे परिवार को बिखेर दे, यह उचित नहीं है. जिस बेटी ने किडनी देकर लालू जी की जान बचाई, आज उसको रोड पर निकाल दिया जाए और इस तरह की बातें सामने आए, ये दुखद है."

    दिलीप जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिलीप जायसवाल ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से अपील की कि वे अपने परिवार को 'बाहरी लोगों से बचाएं' (फ़ाइल फ़ोटो)

    उन्होंने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से कहा, "चूंकि, यह किसी के परिवार का मामला है इसलिए मैं इस पर बहुत ज़्यादा नहीं बोल सकता हूं. लेकिन लालू जी और राबड़ी जी से मैं इतना ज़रूर कहूंगा कि बाहरी आदमी आपके परिवार को बिखेर रहा है उससे बचाइए."

  3. डोनाल्ड ट्रंप की समर्थक मानी जाने वालीं मार्जोरी ग्रीन क्यों हुईं उनके ख़िलाफ़?

    मार्जोरी टेलर ग्रीन, ट्रंप की लंबे समय से सहयोगी हैं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मार्जोरी टेलर ग्रीन, ट्रंप की लंबे समय से सहयोगी हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन कांग्रेसवुमन मार्जोरी टेलर ग्रीन के बीच बढ़ते मतभेद अब सार्वजनिक विवाद में बदल गए हैं.

    ग्रीन, ट्रंप की सबसे मज़बूत समर्थकों में से एक हैं. हाल के दिनों में उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ट्रंप अब भी "अमेरिका फ़र्स्ट" को प्राथमिकता दे रहे हैं. उन्होंने एपस्टीन फ़ाइलों के प्रबंधन को लेकर भी ट्रंप की आलोचना की.

    यह विवाद तब सामने आया जब सदन इस बात पर विचार करने वाला है कि एपस्टीन फ़ाइलों को सार्वजनिक किया जाए या नहीं.

    ट्रंप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट में ग्रीन को 'सनकी' कहा. इसके बाद उन्होंने शनिवार को ग्रीन को 'गद्दार' बताते हुए कहा कि अगले साल होने वाले चुनाव में उन्हें हराया जाना चाहिए.

    ट्रंप ने शुक्रवार रात पोस्ट किया, "मैं जो कुछ भी देखता हूं वह यह है कि सनकी मार्जोरी बस शिकायत, शिकायत और शिकायत करती हैं!"

    ट्रंप ने दावा किया कि ग्रीन उनके ख़िलाफ़ तब गईं जब उन्होंने सुझाव दिया कि उन्हें अपने राज्य जॉर्जिया में गवर्नर या सीनेटर के लिए चुनाव नहीं लड़ना चाहिए.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अगले साल होने वाले मिडटर्म चुनावों में वह ग्रीन के ख़िलाफ़ लड़ने वाले किसी भी रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी का समर्थन करेंगे.

  4. लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के सारे गेट यात्रियों के लिए खोले गए

    लाल क़िला मेट्रो स्टेशन

    इमेज स्रोत, Anindito Mukherjee/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, लाल क़िला मेट्रो स्टेशन को कार धमाके के बाद बंद किया गया था

    दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने जानकारी दी है कि लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के सभी गेट यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं.

    इससे पहले शनिवार को डीएमआरसी ने लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर दो और तीन के खोले जाने की जानकारी दी थी.

    सोमवार, 10 नवंबर की शाम लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में धमाका हुआ था. भारत सरकार ने इसे 'आतंकवादी हमला' बताया था.

    इस हमले में कम से कम 8 लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हुए. इसके बाद से सुरक्षा कारणों की वजह से लाल क़िला मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया था.

  5. भारत बनाम दक्षिण अफ़्रीका: कप्तान शुभमन गिल कोलकाता टेस्ट से बाहर, बीसीसीआई ने और क्या बताया

    शुभमन गिल

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Getty

    इमेज कैप्शन, गिल 'रिटायर्ड आउट' हुए थे

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक बयान जारी कर बताया है कि दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ कोलकाता में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में अब कप्तान शुभमन गिल हिस्सा नहीं लेंगे.

    गिल को दूसरे दिन बल्लेबाज़ी करते वक़्त गर्दन में चोट लगी थी. इसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे और 'रिटायर्ड आउट' हुए थे.

    बीसीसीआई के मुताबिक़, दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने के बाद गिल को जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें अभी भी निगरानी में रखा गया है.

    दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक दक्षिण अफ़्रीका ने दूसरी पारी में सात विकेट के नुक़सान पर 93 रन बना लिए हैं. मेहमान टीम अब 63 रन आगे है.

    दक्षिण अफ़्रीका ने पहली पारी में 159 रन बनाए थे. इसके जवाब में भारतीय टीम 189 रन पर सिमट गई थी.

  6. दिल्ली: आज भी हवा 'गंभीर' श्रेणी में, इन इलाक़ों में 400 से अधिक दर्ज हुआ एक्यूआई

    दिल्ली में प्रदूषण

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रदूषण को कम करने के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है

    राजधानी दिल्ली में रविवार को भी हवा की क्वालिटी 'गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है. दिल्ली के ज़्यादातर इलाक़ों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 400 से अधिक दर्ज किया गया.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक़, रविवार 16 नवंबर की सुबह आठ बजे आनंद विहार इलाक़े का एक्यूआई 412 रहा.

    इसके अलावा अशोक विहार का एक्यूआई 421, बुराड़ी- 404, चांदनी चौक- 418, आईटीओ- 417, नरेला- 420, रोहिणी- 422, सोनिया विहार- 414 और वज़ीरपुर का एक्यूआई 434 रहा.

    दिल्ली में बीते कई दिनों से हवा की क्वालिटी 'गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है. एक्यूआई के 401 से 500 के बीच रहने पर उसे 'गंभीर' श्रेणी का माना जाता है.

  7. यूपी के सोनभद्र में पत्थर की खदान में कई लोग दबे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

    सोनभद्र की खदान में हादसा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, खदान में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव कार्य जारी है

    उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में पत्थर की एक खदान में दीवार गिर जाने की वजह से कई लोग दब गए हैं. सोनभद्र के जिलाधिकारी (डीएम) ने बताया कि इन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है.

    डीएम बीएन सिंह ने बताया, "एक घटना होने की सूचना मिली है, किसी दीवार के गिर जाने से कुछ लोगों के दबे होने की सूचना है. पुलिस-प्रशासन यहां मौक़े पर मौजूद है."

    उन्होंने बताया, "फंसे हुए लोगों को निकालने का प्रयास अल्ट्राटेक, दुशान और ओबरा पावर कॉर्पोरेशन के माध्यम से किया जा रहा है. एनडीआरएफ़ और एसडीआरएफ़ की टीम मिर्ज़ापुर से रवाना हो चुकी है."

    खदान में फंसे हुए लोगों और हताहतों के आंकड़ों के बारे में पूछे जाने पर जिलाधिकारी ने कहा कि अभी इसके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है.

    उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच और उचित कार्रवाई की जाएगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने खदान में क़रीब 10 लोगों के फंसे होने का दावा किया है. वहीं एएनआई ने कहा है कि खदान में क़रीब 15 लोग फंसे हुए हैं.

  8. ब्राज़ील: सीओपी30 सम्मेलन के दौरान हज़ारों लोग क्यों कर रहे हैं विरोध मार्च, जॉर्जिना रैनार्ड, जलवायु और विज्ञान संवाददाता, ब्राज़ील के बेलेम से

    सीओपी30 के बाहर प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, दुनिया भर से आए जलवायु कार्यकर्ताओं ने हज़ारों की संख्या में इस मार्च में हिस्सा लिया

    ब्राज़ील में चल रही सीओपी30 (कॉप 30) जलवायु वार्ता के बीच हज़ारों प्रदर्शनकारी विरोध मार्च कर रहे हैं. ये प्रदर्शनकारी "फ़्री द अमेज़न" के नारे लगाते हुए मार्च निकाल रहे हैं.

    2021 के बाद यह पहली बार है जब प्रदर्शनकारियों को संयुक्त राष्ट्र की जलवायु वार्ता के बाहर प्रदर्शन करने की इजाज़त मिली है. पिछली तीन बैठकें ऐसे देशों में हुई थीं जहां सार्वजनिक प्रदर्शन की इजाज़त नहीं है.

    सीओपी30 की बैठक ब्राज़ील के बेलेम में हो रही है.

    एक प्रदर्शनकारी टूगा सिंतिया ने बीबीसी से कहा, "हम फ़ॉसिल फ़्यूल (जीवाश्म ईंधन) का जनाज़ा निकाल रहे हैं"

    उन्होंने कहा, "मैं यहां इसलिए हूं क्योंकि सीओपी बैठकें और सिद्धांतों की बहुत बातें हो चुकी हैं. अब वाक़ई कार्रवाई करने का समय है."

    आदिवासी समुदायों, ब्राज़ील के युवा समूहों और दुनिया भर से आए जलवायु कार्यकर्ताओं ने हज़ारों की संख्या में इस मार्च में हिस्सा लिया.

    समोआ से प्रदर्शन में शामिल होने आईं ब्रिआना फ़्रूयन ने बीबीसी से कहा, "जीवाश्म ईंधन अब भी जलाए जा रहे हैं."

    समोआ एक कम ऊंचाई वाला द्वीप है जो जलवायु परिवर्तन को लेकर बेहद संवेदनशील है.

    यूनाइटेड नेशंस फ़्रेमवर्क कन्वेंशन ऑन क्लाइमेट चेंज (यूएनएफ़सीसीसी) के मुताबिक़, कॉन्फ़्रेंस ऑफ़ पार्टीज़ (सीओपी) 30 का मुख्य उद्देश्य पिछले कार्यों को आगे बढ़ाना और जलवायु परिवर्तन की वैश्विक चुनौती से निपटने के लिए चर्चा करना है.

  9. जम्मू-कश्मीर के बडगाम में भीषण हादसा, उप-राज्यपाल और मुख्यमंत्री क्या बोले

    मनोज सिन्हा और उमर अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    जम्मू-कश्मीर के बडगाम ज़िले में शनिवार रात हुए हादसे पर राज्य के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने दुख जाहिर किया है.

    उप-राज्यपाल के कार्यालय ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा, "बडगाम में हुए दुखद सड़क हादसे में क़ीमती ज़िंदगियों के नुक़सान से मैं बेहद दुखी हूं. मेरी संवेदनाएं शोकग्रस्त परिवार के साथ हैं. घायलों के जल्द ठीक होने की दुआ करता हूं."

    वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान में कहा गया, "मुख्यमंत्री ने बडगाम में हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया है. इस हादसे में कई लोगों के मरने की आशंका है. उन्होंने प्रशासन को हर संभव मदद उपलब्ध कराने और घायलों का तुरंत इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं."

    मुख्यमंत्री ने कहा, "हादसे के कारणों की जांच की जाएगी."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अधिकारियों ने बताया कि बडगाम ज़िले के पालार में रात लगभग 10.30 बजे एक टाटा सूमो वाहन की टक्कर एक डंपर ट्रक से हुई. इस हादसे में कम से कम चार लोग मारे गए हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़, हादसे के बाद नौ लोगों को नज़दीक के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से चार को 'मृत' घोषित कर दिया गया.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.