पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने राष्ट्रपति को भेजा अपराजिता बिल, टीएमसी ने उठाए सवाल

तृणमूल कांग्रेस ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस को बिल के क़ानून बनने में हो रही देरी के लिए ज़िम्मेदार बताया है. लेकिन राज्यपाल की ओर से कहा गया है कि बिल को जल्दबाज़ी में लाया गया और इसमें कई खामियां हैं.

सारांश

  • पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया कांग्रेस में शामिल
  • विनेश फोगाट ने कांग्रेस में शामिल होने से पहले रेलवे की नौकरी से इस्तीफा दिया
  • कीनिया के स्कूल में लगी आग में 17 छात्रों की जल कर मौत हो गई है
  • दिल्ली सरकार में मंत्री रहे राजेंद्र पाल गौतम कांग्रेस में शामिल हो गए हैं
  • समलैंगिकता को अपराध बताने वाले एमबीबीएस सिलेबस की गाइडलाइन ली गई वापस

लाइव कवरेज

संदीप राय और दीपक मंडल

  1. जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी आज जारी करेगी घोषणा पत्र

    चुनावी घोषणापत्र

    इमेज स्रोत, @BJP4JnK

    इमेज कैप्शन, जम्मू और कश्मीर बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उर्दू में एक पोस्ट जारी करते हुए इसकी जानकारी दी है.

    जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी आज अपना घोषणा पत्र जारी करने जा रही है.

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ये घोषणापत्र जारी करेंगे.

    जम्मू और कश्मीर बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उर्दू में एक पोस्ट जारी करते हुए इसकी जानकारी दी है.

    इस पोस्ट में जो पोस्टर जारी किया गया उस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की फोटो है और पोस्टर का मजमून उर्दू में लिखा है.

    अमित शाह ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, "मोदी सरकार के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर शांति और विकास के एक नए युग का गवाह बन रहा है. शैक्षिक और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि के साथ, यह क्षेत्र आतंकवादी हॉटस्पॉट से पर्यटक हॉटस्पॉट में बदल गया है."

    उन्होंने लिखा, "अपने दो दिवसीय दौरे पर जम्मू के लिए रवाना हो रहा हूँ, जहाँ मैं आज (शुक्रवार) भाजपा का संकल्प पत्र लॉन्च करुंगा और कल (शनिवार) कार्यकर्ता सम्मेलन में हमारे कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करूँगा."

  2. इटली के इस शहर में बांग्लादेशी मुसलमानों को लेकर बढ़ रहा है विवाद

  3. समलैंगिकता को अपराध बताने वाले एमबीबीएस सिलेबस की गाइडलाइन ली गई वापस

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty

    नेशनल मेडिकल कमिशन ने कॉम्पिटेंसी बेस्ड मेडिकल एजुकेशन पाठ्यक्रम (सीबीएमई) 2024 के गाइडालाइंस को वापस ले लिया है.

    जारी किए गए पाठ्क्रम गाइडालाइंस पर काफ़ी विवाद हुआ था, जिसके बाद इसे वापस लिया गया.

    एनएमसी भारत में मेडिकल शिक्षा और प्रैक्टिस की निगरानी करने वाली शीर्ष संस्था है.

    इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, संशोधित फॉरेंसिक मेडिसिन पाठ्यक्रम में समलैंगिकता को अप्राकृतिक यौन अपराध बताने के अलावा हाइमन का महत्व, वर्जीनिटी की परिभाषा और इसके मेडिकल-क़ानूनी पहलुओं को शामिल किया गया था.

    एक आधिकारिक सूचना में कहा गया है कि उपरोक्त गाइडलाइंस पर पुनर्विचार किया जाएगा और उसके बाद इसे दोबारा अपलोड किया जाएगा.

    नेशनल मेडिकल कमिशन ने समलैंगिकता को अपराध बताने को, पाठ्यक्रम से साल 2022 में हटा लिया था, लेकिन इसी साल इसे दोबारा पाठ्यक्रम में शामिल किया गया.

    मद्रास हाई कोर्ट ने एक एक्सपर्ट कमिटी गठित की थी जिसके सुझावों के बाद एमबीबीएस पाठ्यक्रम को एलजीबीटीक्यू फ़्रेंडली बनाने की कोशिश के तहत इन्हें पाठ्यक्रम से हटया गया था.

  4. कोलकाता रेप और मर्डर केस: पीड़िता के परिजनों के कथित बयान पर टीएमसी ने क्या कहा

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में रेप ओर मर्डर केस की पीड़िता के परिजनों को पुलिस की ओर से रिश्वत की पेशकश के दावे पर तृणमूल कांग्रेस की प्रतिक्रिया आई है.

    तृणमूल कांग्रेस ने कहा है कि आरजी कर घटना को दबाने के लिए रिश्वत की पेशकश के दावे "झूठे" हैं.

    गुरुवार शाम को एक प्रेस कांफ़्रेंस में टीएमसी मंत्री शशि पांजा ने बीजेपी पर "झूठा प्रोपेगैंडा" फैलाने का आरोप लगाया.

    प्रेस कांफ्रेंस के दौरान टीएमसी ने पीड़िता के परिजनों का एक वीडियो जारी किया, जिसमें वे पुलिस की ओर से रिश्वत देने के आरोपों का खंडन करते सुनाई देते हैं.

    शशि पांजा ने आरोप लगाया कि ‘बीजेपी इंसाफ़ की बजाय इस दुखद घटना का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रही है.’

    टीएमसी ने कहा कि मामले की जांच में प्रगति के बारे में सीबीआई प्रेस कांफ्रेंस कर बताए.

    एक दिन पहले पीड़िता के परिजनों की ओर कथित तौर पर पुलिस की ओर से रिश्वत दिए जाने का बयान दिए जाने का दावा किया गया था.

    टीएमसी ने आरोप लगाया कि ‘ट्रेनी डॉक्टर के भयानक मर्डर और रेप मामले का राजनीतिकरण करने के लिए मीडिया और बीजेपी झूठ फैला रहे हैं.’

    उधर बीजेपी ने ममता बनर्जी पर हमला तेज कर दिया है. सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पश्चिम बंगाल बीजेपी ने ‘कोलकाता पुलिस पर सबूत को नष्ट किए जाने’ का आरोप लगाया है.

  5. अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन के बेटे ने टैक्स मामले में दोष स्वीकार किया

    हंटर बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बेटे हंटर बाइडन ने जानबूझ कर टैक्स न देने के 9 आरोपों में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.

    इससे पहले हंटर बाइडन ने 2016 से 2019 के बीच जानबूझकर 14 लाख डॉलर का टैक्स न देने के आरोपों से इनकार किया था.

    54 साल के हंटर बाइडन खुद को बेगुनाह बताते हुए मुक़दमे का सामना करना चाहते थे लेकिन अभियोजकों की ओर से आपत्ति जताए जाने के बाद वो 'दोष स्वीकार करने पर सहमत' हो गए.

    तीन महीने पहले उन्हें बंदूक रखने और ड्रग्स के इस्तेमाल के अलग मामलों में दोषी पाया गया था.

    गुरुवार को उन पर टैक्स चोरी का मामला शुरू होने ही वाला था और जूरी का चुनाव किया जाना था लेकिन अंतिम पलों में हंटर बाइडन ने अपना फ़ैसला बदल दिया.

    हंटर बाइडन के वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल 'निजी कारणों से मुक़दमे की सुनवाई नहीं चाहते हैं, ताकि उनके दोस्तों और परिजनों को उस दौरान की गवाही न देना पड़े, जब वो नशे की लत का शिकार थे.'

    जज मार्क स्कार्सी ने कहा कि दोष स्वीकार करने पर बाइडन को अधिकतम 15 साल की जेल की सज़ा और पांच लाख से 10 लाख डॉलर तक का ज़ुर्माना देना पड़ेगा.

    उनकी सज़ा पर फ़ैसला व्हाइट हाउस के चुनाव समाप्त होने के एक महीने बाद यानी 16 दिसंबर को होगा, जब उनके पिता जो बाइडन का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा.

    राष्ट्रपति बाइडन ने पहले कहा था कि अपने बेटे को माफ़ी देने के लिए वो अपने अधिकारों का इस्तेमाल नहीं करेंगे.

    नवंबर में अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं.

  6. इंडोनेशिया के शाही इमाम के साथ पोप ने दिया ये संदेश, जोएल गुइंटो, बीबीसी न्यूज़

    पोप और इमाम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इंडोनेशिया के दौरे पर पहुंचे पोप फ़्रांसिस और इंडोनेशिया के शाही इमाम ने दुनिया को शांति का साझा संदेश दिया है.

    साथ ही पोप फ़्रांसिस ने "संघर्ष भड़काने में धर्म के इस्तेमाल" के ख़िलाफ़ चेतावनी भी दी.

    राजधानी जकार्ता के इस्तिकलाल मस्जिद में शाही इमाम के साथ पोप ने धार्मिक सौहार्द और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक घोषणा पर हस्ताक्षर किया. यहां उन्होंने छह अन्य धर्मों के नेताओं से भी मुलाक़ात की.

    दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी मस्जिद के दौरे पर पोप ने गुरुवार को लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “सभी धर्मों के लोगों को ये जानना चाहिए कि हम सभी भाई हैं, सभी लोगों का एक ही रास्ता है, ईश्वर तक पहुंचना.”

    उन्होंने कहा कि आज इंसानियत जंग, संघर्ष और पर्यावरण की तबाही की वजह से "भारी संकट" में है.

    पोप ने उस 91 फ़ुट लंबी सुरंग का भी दौरा किया जो इस्तिकलाल मस्जिद को सड़क के दूसरी तरफ़ स्थित कैथलिक चर्च से जोड़ती है.

    दोनों धर्मगुरुओं ने इस 'टनल ऑफ़ फ़्रेंडशिप' का मुआयना किया.

    कहा जाता है कि यह एक धार्मिक भाईचारे का प्रतीक है और दिखाता है कि कैसे अलग-अलग धार्मिक विश्वास के लोग एक साझी विरासत से आते हैं.

    इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम बहुसंख्यक देश है और 27.5 की आबादी में तीन प्रतिशत कैथोलिक धर्म को मानने वाले हैं.

    इंडोनेशिया में आधिकारिक रूप से मान्यता प्राप्त छह धर्म हैं- इस्लाम, प्रोटेस्टेंट, कैथलिक, बौद्ध, हिंदू और कन्फ़्यूशियस.

    87 साल के पोप एशिया प्रशांत क्षेत्र के 11 दिवसीय दौरे पर हैं और गुरुवार को इंडोनेशिया में उनका अंतिम दिन था. अपने कार्यकाल में यह उनका सबसे लंबा विदेशी दौरा है.

    पोप फ़्रांसिस यहां से पापुआ न्यू गिनी, तिमोर लेस्टे और सिंगापुर के लिए रवाना होंगे.

  7. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिककर पढ़ सकते हैं.

    कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य बनाने का वादा किया है. इस बार जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ़्रेंस, कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और पैंथर्स पार्टी का गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ रहा है. यह रिपोर्ट इस लिंक पर क्लिककर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    उत्तर भारत में दलित मूवमेंट खड़ा करने वाले कांशीराम ने जिस पार्टी के ज़रिए बहुजन समाज को सत्ता के गलियारों में स्थापित किया, क्या मायावती वह चमत्कार दोबारा करने की तैयारी में हैं? विस्तार से यहां पढ़िए

    मध्य प्रदेश के नीमच ज़िले के मुकेश प्रजापति अचानक से सुर्ख़ियों में आ गए हैं. 38 साल के मुकेश प्रजापति मिट्टी के बर्तन बेचकर अपने परिवार का गुज़र बसर करते हैं लेकिन वे अपने गांव में भ्रष्टाचार को लेकर लगातार शिकायत करते रहे थे.पढ़िये पूरा मामला

    कोलकाता रेप-मर्डर केस में पहली बार सार्वजनिक मंच से छलका पीड़िता के पिता का दर्द. पीड़िता के पिता ने सार्वजनिक मंच से पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.इस ख़बर को विस्तार से पढ़ें.

    गुरुवार यानी कल के लाइव पेज पर मौजूद ख़बरों को पढ़ने के लिएइस लिंक पर क्लिककरें.