ट्रंप ने ईरान को लेकर किया दावा, कहा- 'वह युद्ध नहीं जीत रहा है'

जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने कनाडा के कनानास्किस शहर पहुंचे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और इसराइल के बीच बढ़ते तनाव पर प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और इफ़्तेख़ार अली

  1. ईरान ने तेल अवीव पर किया मिसाइल हमला, देखें तस्वीरें

    क्षतिग्रस्त इलाके

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, सोमवार सुबह इसराइल पर हुए ईरानी हमले में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं

    ईरान ने सोमवार सुबह इसराइल के तेल अवीव पर मिसाइल हमला किया. इसराइली इमरजेंसी सर्विस (एमडीए) के मुताबिक, इस हमले में 12 लोग घायल हुए हैं.

    घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. इसके अलावा, तेल अवीव में इसराइली इमरजेंसी सर्विस तलाशी अभियान चला रही है.

    क्षतिग्रस्त इलाके

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, सोमवार सुबह इसराइल पर हुए ईरानी हमलों के बाद तलाशी अभियान में जुटे एमडीए कर्मी
    क्षतिग्रस्त इलाके

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्स (आईडीएफ़) ने कहा है कि वह सोमवार को भी ईरान में हमले कर रही है.
    क्षतिग्रस्त इलाके

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, तेल अवीव का एक इलाका जहां ईरानी हमला हुआ है.
    क्षतिग्रस्त इलाके

    इमेज स्रोत, Mostafa Alkharouf/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के इसराइल पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद क्षतिग्रस्त इमारत से निकलता धुआं.
  2. ईरान के मिसाइल हमलों से तेल अवीव में 12 लोग घायल

    हवाई हमले

    इमेज स्रोत, Reuters

    इसराइली इमरजेंसी सर्विस मेगन डेविड अडोम (एमडीए) का कहना है कि सोमवार सुबह ईरान की ओर से किए गए मिसाइल हमलों में घायल हुए 12 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

    इसकी जानकारी एमडीए ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट के ज़रिए दी.

    उन्होंने लिखा, "रॉकेट हमलों के बाद अब तक एमडीए की टीमों ने 12 घायलों को अस्पताल पहुंचाया है. तेल अवीव में एमडीए तलाशी अभियान चला रही हैं. आगे की जानकारी जल्द साझा की जाएगी."

    इसके अलावा इसराइल के पब्लिक ब्रॉडकास्टर 'कान' के मुताबिक, ईरानी हमले में हाइफ़ा शहर में कई लोग घायल हुए हैं.

    हाइफ़ा, तेल अवीव से क़रीब 90 किलोमीटर दूर है. ये इसराइल की एक बड़ी बंदरगाह है.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेस (आईडीएफ़) के मुताबिक, सोमवार सुबह ईरान ने इसराइल पर मिसाइल हमला किया.

  3. ईरान में भारतीय स्टूडेंट्स की सुरक्षा पर विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

    हवाई हमले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ईरान–इसराइल संघर्ष के चलते भारतीय विदेश मंत्रालय ने ईरान में पढ़ रहे भारतीय स्टूडेंट्स की सुरक्षा को लेकर बयान जारी किया है.

    विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास हालात पर लगातार नज़र बनाए हुए है और भारतीय छात्र-छात्राओं से संपर्क में है.

    बयान में लिखा गया है, "तेहरान में भारतीय दूतावास लगातार वहां के हालात पर नज़र बनाए हुए है और ईरान में रह रहे भारतीय स्टूडेंट्स से संपर्क बनाए हुए है ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके."

    "कुछ छात्रों को दूतावास की मदद से ईरान के ही सुरक्षित इलाकों में भेजा गया है. अन्य संभावित विकल्पों पर भी विचार चल रहा है. जैसे ही कोई नई जानकारी होगी, उसे साझा किया जाएगा."

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि भारतीय दूतावास ईरान में रह रही भारतीय कम्युनिटी के नेताओं से संपर्क में है ताकि सभी की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित की जा सके.

  4. इसराइली हमले में ईरानी सेना के इंटेलिजेंस चीफ़ की मौत

    हवाई हमले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने रविवार को दावा किया कि उसने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया.

    ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) के इंटेलिजेंस यूनिट के प्रमुख मोहम्मद काज़ेमी की रविवार को मौत हो गई.

    आईआरजीसी से जुड़ी तस्नीम न्यूज़ एजेंसी और ईरान के सरकारी टीवी ने कहा है कि काज़ेमी के अलावा उनके डिप्टी हसन मोहक़ेक़ और कमांडर मोहसिन बाक़ेरी भी इसराइली हमलों में मारे गए हैं.

    इससे पहले फॉक्स न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा था, "मैं आपको ये बता सकता हूँ कि हमने ईरान के इंटेलिजेंस चीफ़ और उनके डिप्टी को मार दिया है."

    ईरान ने और क्या बताया?

    ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, शुक्रवार से अब तक इसराइली हमलों में 224 लोगों की जान जा चुकी है.

    वहीं ईरान ने इसराइल पर फिर से मिसाइलें दागीं. इसके बाद हाइफ़ा, तेल अवीव और यरूशलम में धमाकों की आवाज़ें सुनाई दीं. इसराइल की इमरजेंसी सर्विस का कहना है कि इन हमलों में 10 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

    इसके अलावा अमेरिकी अधिकारियों ने सीबीएस न्यूज़ को बताया कि डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई की हत्या की इसराइली योजना को वीटो कर दिया था.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.