ट्रंप के टैरिफ़ वॉर के बीच नरेंद्र मोदी ने ब्राज़ील के राष्ट्रपति से की बात

इमेज स्रोत, @narendramodi
भारत पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा से बात की है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बातचीत के बारे में जानकारी देते हुए लिखा, ‘’राष्ट्रपति लूला से बहुत अच्छी बातचीत हुई. ब्राज़ील यात्रा को यादगार और सार्थक बनाने के लिए मैंने उनका धन्यवाद किया. भारत और ब्राज़ील व्यापार, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, रक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.’’
उन्होंने लिखा, ‘’ग्लोबल साउथ के देशों के बीच मजबूत और जन-केंद्रित साझेदारी न सिर्फ हमारे नागरिकों के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए फ़ायदेमंद है.''
इससे पहले अमेरिका ने ब्राज़ील पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने का ऐलान किया था. दरअसल ट्रंप ब्रिक्स से काफी नाराज हैं. ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका इसके अहम सदस्य हैं.
ट्रंप ने कहा है कि ब्रिक्स ने डॉलर को कमजोर करने की कोशिश की तो अमेरिका कड़ा कदम उठाएगा.



















