ट्रंप ने कमला हैरिस के साथ बहस के लिए फ़ॉक्स न्यूज़ के प्रस्ताव पर जताई सहमति
डोनाल्ड ट्रंप ने 4 सितंबर को उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ बहस करने के लिए अमेरिकी ब्रॉडकॉस्टर फ़ॉक्स न्यूज़ के प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताई है.
सारांश
सोमालिया के एक बीच पर आत्मघाती हमलावर और बंदूकधारियों के हमले में 32 लोग मारे गए हैं.
पेरिस ओलंपिक: तीरंदाज़ी के महिला एकल वर्ग में दीपिका कुमारी क्वार्टरफ़ाइनल में हारकर सेमीफ़ाइनल की रेस से बाहर.
डोनाल्ड ट्रंप ने 4 सितंबर को कमला हैरिस के साथ बहस करने के लिए फ़ॉक्स न्यूज़ के प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताई है.
ईरान ने बताया है कि हमास के शीर्ष राजनीतिक नेता इस्माइल हनिया की मौत कैसे हुई थी.
बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने आरक्षण मामले पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ बिना शर्त बात-चीत की पेशकश की है.
लाइव कवरेज
अभिषेक पोद्दार
ट्रंप ने कमला हैरिस के साथ बहस के लिए फ़ॉक्स न्यूज़ के प्रस्ताव पर जताई सहमति
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)
डोनाल्ड ट्रंप ने 4 सितंबर को उपराष्ट्रपति कमला
हैरिस के साथ बहस करने के लिए अमेरिकी ब्रॉडकॉस्टर फ़ॉक्स न्यूज़ के प्रस्ताव पर
अपनी सहमति जताई है.
जो बाइडन और ट्रंप के बीच 10 सितंबर को एबीसी न्यूज़
पर बहस होनी थी और कमला हैरिस ने इस बहस में बाइडन की जगह भाग लेने पर सहमति जताई
थी.
हालांकि इस पर ट्रंप का कहना था कि बाइडन के उम्मीदवारी से पीछे हटने के बाद
अब एबीसी न्यूज़ पर होने वाली बहस ख़त्म हो चुकी है.
वहीं फ़ॉक्स न्यूज़ पर होने वाली बहस के बारे
में कमला हैरिस ने अब तक कोई भी टिप्पणी नहीं की है.
अगर फ़ॉक्स न्यूज़ की यह बहस होती है तो अमेरिकी
राष्ट्रपति चुनाव की यह दूसरी सार्वजनिक बहस होगी.
वहीं कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप
के बीच यह पहली बहस होगी. फ़ॉक्स न्यूज़ की यह बहस पेंसिल्वेनिया में आयोजित की
जाएगी.
बांग्लादेश: शेख़ हसीना ने विरोध कर रहे छात्रों को बिना शर्त बातचीत के लिए बुलाया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने
आरक्षण मामले पर विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ बिना शर्त बातचीत की पेशकश
की है.
बांग्लादेश में छात्र आरक्षण के मुद्दे को लेकर कई दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.
शेख़ हसीना का कहना है कि वे हिंसा को ख़त्म
करना चाहते हैं. लेकिन शुरुआती विरोध प्रदर्शनों का आयोजन करने वाले छात्रों के
समूह के एक प्रतिनिधि ने कहा कि उनकी मांगों को नामंज़ूर कर दिया गया है.
बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शनों के दौरान पिछले
महीने क़रीब 200 लोगों की जान गई थी. इनमें से कई लोगों की जान पुलिस की गोली लगने
से हुई थी.
शेख़ हसीना ने कहा कि जिन भी लोगों की जानें गई हैं उनको इंसाफ़ मिलेगा.
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में अभी भी विरोध प्रदर्शन जारी है.
पेरिस ओलंपिक 2024: खेल मंत्रालय ने भारतीय एथलीटों को उपलब्ध करवाया एसी
इमेज स्रोत, @ANI
इमेज कैप्शन, भारतीय एथलीट प्रियंका गोस्वामी
फ़्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित ओलंपिक खेल समारोह में मौजूद भारतीय
खिलाड़ियों के लिए खेल मंत्रालय ने 40 एयर कंडीशनर उपलब्ध करवाए हैं.
भारतीय एथलीट प्रियंका गोस्वामी इस बारे में बयान देते हुए कहा, “जब हम
यहां आए थे तो चार-पांच दिनों तक काफ़ी गर्मी थी और हमें सही से नींद नहीं आई थी. पंखे
से हमारा काम नहीं चल पा रहा था और हमें खिड़कियों को खोल कर सोना पड़ता था.“
प्रियंका ने कहा, "कल ही हमें एसी उपलब्ध कराया गया है. हमने अपने खेल मंत्री
को इसके लिए शुक्रिया भी कहा है. सभी भारतीय खिलाड़ियों को एसी मिला है और सभी
बहुत खुश हैं."
वहीं एक और भारतीय एथलीट किरण पहल ने भी कहा कि इससे पहले हमें केवल पंखा
उपलब्ध कराया गया था.
लेकिन कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिनको एसी की आदत है तो अब सरकार
ने हमें एसी उपलब्ध करा दिया है.
पेरिस ओलंपिक2024: मेडल की हैट्रिक से चूकने के बाद क्या बोलीं मनु भाकर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मनु भाकर (फ़ाइल फ़ोटो)
पेरिस ओलंपिक में अपने तीसरे पदक से चूकने के बाद मनु भाकर ने समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए बयान में कहा, “मैं अपनी तीसरी प्रतियोगिता के लिए भी अच्छी तरह से तैयार
थी. सभी ने अच्छा खेल दिखाया और प्रदर्शन किया. मैंने भी अच्छा खेल दिखाया.”
शनिवार को हुई प्रतियोगिता के बारे में बताते हुए मनु ने कहा
कि "आज मैं
चौथे स्थान पर रही लेकिन ये और भी बेहतर हो सकता था. पर मैं दो ब्रॉन्ज मेंडल लेकर
घर जा रही हूं. इसके साथ ही मैं यह प्रेरणा भी लेकर जा रही हूं कि आगे मैं और भी
ज़्यादा बेहतर कर सकूं."
पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीत चुकीं भारतीय निशानेबाज़
मनु भाकर शनिवार को मेडल की हैट्रिक लगाने से चूक गईं. वो महिला वर्ग में 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में चौथे पायदान पर रहीं.
इससे पहले मनु ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा और
मिक्स्ड 10
मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था.
उन्होंने मिक्स्ड टीम इवेंट में सरबजोत सिंह के साथ
कांस्य पदक जीता था. मनु भाकर एक ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली पहली भारतीय हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, जानी-मानी भरतनाट्यम डांसर यामिनी कृष्णमूर्ति नहीं रहीं
जानी-मानी भरतनाट्यम डांसर और पद्म विभूषण से सम्मानित यामिनी कृष्णमूर्ति
की 84 वर्ष की आयु में मृत्यु हो गई.
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर
कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने एक्स पोस्ट के ज़रिए यामिनी कृष्णमूर्ति को श्रद्धांजलि दी है.
जगन मोहन रेड्डी ने एक्स पर लिखा, "कुचिपुड़ी और भरतनाट्यम
की प्रसिद्ध कलाकार यामिनी कृष्णमूर्ति के निधन की ख़बर सुनकर मुझे गहरा दुख
हुआ है. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं."
इमेज स्रोत, @sangeetnatak
इमेज कैप्शन, संगीत नाटक अकादमी ने भी दी यामिनी कृष्णमूर्ति को श्रद्धांजलि
संगीत नाटक अकादमी ने भी यामिनी कृष्णमूर्ति श्रद्धांजलि देते हुए लिखा "संगीत नाटक अकादमी और उसके सहयोगी संगठन, भरतनाट्यम की अग्रणी कलाकार, संगीत नाटक अकादमी फेलो और पद्म विभूषण पुरस्कार विजेता
यामिनी कृष्णमूर्ति के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं."
संगीत नाटक अकादमी ने अपनी श्रद्धांजलि में लिखा, "शोक
संतप्त लोगों के प्रति हार्दिक संवेदना और ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस
अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें."
ईरान ने बताया कैसे हुई हमास के नेता हनिया की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इस्माइल हनिया (फ़ाइल फ़ोटो)
ईरान ने बताया है कि हमास के शीर्ष राजनीतिक नेता
इस्माइल हनिया की मौत कैसे हुई थी.
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) का कहना है कि हमास के
राजनीतिक नेता इस्माइल हनिया की 'हत्या' कम दूरी की मिसाइल से हुई.
आईआरजीसी ने बताया कि मिसाइल में सात किलो का वॉरहेड था और इसे तेहरान के
गेस्टहाउस में उनके कमरे के बाहर से दागा गया था.
आईआरजीसी ने यह भी बताया कि इस हत्या के पीछे इसराइल और अमेरिका का हाथ है और
सही वक़्त आने पर कड़ा जवाब दिया जाएगा.
बीते बुधवार ईरान की राजधानी तेहरान में हमास के शीर्ष राजनीतिक नेता इस्माइल
हनिया की एक हमले में मौत हो गई थी.
हनिया ईरान के नए राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियानके शपथ ग्रहण समारोह में
हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे.
अमेरिका: माउई में जंगल की आग से प्रभावित लोगों को मिलेगा 4 अरब डॉलर का मुआवज़ा
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, पिछले साल माउई में लगी घातक आग पीड़ितों को 4 अरब डॉलर का मुआवजा दिया जाएगा
अमेरिकी राज्य हवाई के गवर्नर ने कहा है कि पिछले
साल माउई में लगी घातक जंगल की आग से प्रभावित हुए दो हज़ार से ज़्यादा लोगों के दावों के
लिए 4 अरब डॉलर के समझौते का ऐलान किया गया है.
हवाई के गवर्नर जोश ग्रीन के दफ्तर ने पुष्टि की
है कि लगभग 450 क़ानूनी मामलों को निपटाने के लिए यह डील ऑफ़र की गई है. पिछले साल
अगस्त में हवाई स्थित माउई के जंगलों में भीषण आग लगी थी.
इस आग में 100 से भी ज़्यादा लोगों की मौत हो गई
थी और अमेरिका का पुराना शहर लाहिना भी बर्बाद हो गया था.
हवाई के गवर्नर ने बताया कि सभी दावेदारों का 2025
के मध्य तक रकम का भुगतान शुरू कर दिया जाएगा.
पेरिस ओलंपिक 2024: तीरंदाज़ दीपिका कुमारी क्वार्टरफ़ाइनल में हारीं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय तीरंदाज़ दीपिका कुमारी (फ़ाइल फ़ोटो)
पेरिस ओलंपिक खेलों में तीरंदाज़ी के महिला एकल वर्ग में दीपिका कुमारी क्वार्टरफ़ाइनल में हारकर सेमीफ़ाइनल की रेस से बाहर हो गई हैं.
दीपिका का मुक़ाबला दूसरी वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरिया की नाम सूह्योन से हुआ.
दीपिका ने पहला सेट जीता, लेकिन दूसरा सेट वो हार गईं. इसके बाद तीसरा सेट दीपिका के नाम रहा तो चौथा सेट नाम सूह्योन के नाम.
खेल पांचवें सेट तक पहुंचा जिसमें दीपिका दो अंकों से पिछड़ गईं. इस तरह वो 4-6 से हारकर सेमीफ़ाइनल में जाने से चूक गईं.
पेरिस ओलंपिक 2024: दीपिका कुमारी के क्वार्टरफ़ाइनल में पहुंचने पर क्या बोलीं उनकी सास
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दीपिका कुमारी (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय तीरंदाज़ दीपिका कुमारी पेरिस ओलंपिक के महिला एकल तीरंदाज़ी प्रतियोगिता
के क्वार्टरफ़ाइनल में अपनी जगह बना चुकी हैं.
दीपिका कुमारी की सास अदिति दास ने उनकी इस कामयाबी पर समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, “वो अच्छा खेल रही है. अगर वो
कोशिश करेगी तो अगले मैच को जीतेगी. दीपिका चार बार ओलंपिक में खेल चुकी है तो
उसका कॉन्फ़िडेंस लेवल हाई होना ही चाहिए.”
उन्होंने कहा, “वो वर्ल्ड कप और वर्ल्ड चैंपियनशिप भी जीत चुकी है तो उसे
नर्वस तो नहीं होना चाहिए. इस बार पेरिस ओलंपिक में भले ही उसे थोड़ी दिक्कत हुई
हो लेकिन वो ज़रूर जीतेगी.”
दीपिका ने प्रतियोगिता के दौरान अपना पांचवां सेट 27-27 के साथ टाई पर ख़त्म किया
था. उनको जीतने के लिए केवल एक अंक की ही ज़रूरत थी, जो इस टाई से मिला.
महिला एकल तीरंदाज़ी प्रतियोगिता के क्वार्टरफ़ाइनल में पहुंचने के लिए दीपिका
कुमारी ने जर्मनी की मिशेल क्रॉपेन को 6-4 से हराया.
इसराइल के ड्रोन हमले में एक और हमास नेता की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइली ड्रोन हमले में एक और हमास नेता की मौत हुई है (प्रतीकात्मक तस्वीर)
फ़लस्तीन के चिकित्सा विभाग ने जानकारी दी है कि वेस्ट बैंक के एक इलाक़े में इसराइल के ड्रोन हमले में एक
स्थानीय हमास नेता सहित पांच लोग मारे गए हैं.
वहीं इसराइली सेना ने इस हमले को लेकर कहा है कि उनका लक्ष्य तुलकरम शहर के
नज़दीक स्थित एक उग्रवादियों का अड्डा था.
इसराइली सेना ने बताया कि उन्होंने एक वाहन पर हमला किया जिसमें पांच बंदूकधारी सवार थे और वे इसराइल पर हमला करने जा रहे थे.
फ़लस्तीनी मीडिया के मुताबिक़ इसराइली हमले में मारे गए हमास नेता का नाम नाम
हैथम बलिदी बताया है. वे हमास की सैन्य शाखा इज़्ज़-ए-दीन अल-क़स्साम ब्रिगेड के
एक स्थानीय कमांडर थे.
पिछले एक हफ़्ते के दौरान इसराइल की लिस्ट में
शामिल उसके तीन बड़े दुश्मनों की मौत हो चुकी है. इससे पहले ईरान की राजधानी
तेहरान में हुए हमले में हमास के शीर्ष राजनीतिक नेता इस्माइल हनिया की मौत हो गई
थी.
वहीं इसराइल सेना ने बताया था कि उसने लेबनान की
राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाक़े में किए गए हमले में हिज़्बुल्लाह के टॉप
कमांडर फौद शुक्र को मार दिया था.
वहीं इसराइल ने अभी हाल ही में हमास के सैन्य
लीडर मोहम्मद दिएफ़ के मृत्यु की पुष्टि भी की थी. सेना ने कहा कि 13 जुलाई को ख़ान यूनिस पर उन्हें निशाना बनाकर हमला किया गया था. हालांकि उनकी मौत को पुष्टि इसी सप्ताह की गई है.
सोमालिया की राजधानी में हुआ आत्मघाती हमला, मारे गए 32 लोग
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, सोमाली के एक बीच पर आत्मघाती हमले में 32 लोग मारे गए हैं
सोमालिया के एक बीच पर आत्मघाती हमलावर और बंदूकधारियों के हमले में 32 लोग मारे गए
हैं.
पुलिस की दी गई जानकारी के मुताबिक़ इस हमले में कई लोग घायल भी हुए
हैं.
सोमाली पुलिस के
प्रवक्ता अब्दिफ़तह अदन हसन का कहना है कि इस हमले में लगभग 63 लोग घायल हुए हैं. घायलों
में कुछ की हालत गंभीर भी बताई जा रही है.
स्थानीय मीडिया के अनुसार, “यह हमला अल-शबाब नाम के आतंकी गुट के लोगों ने किया था, जो दक्षिणी और मध्य
सोमालिया के बड़े हिस्से को नियंत्रित करते हैं.”
पुलिस का कहना है कि सुरक्षाबलों ने पांच हमलावरों को मार दिया, जबकि एक और हमलावर ने खुद को धमाके से उड़ा लिया.
अल-शबाब ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है. समूह ने कहा है कि शुक्रवार शाम को हुए हमले को उसने अंजाम दिया है.
स्थानीय मीडिया के मुताबिक़ यह समूह अल-क़ायदा से भी जुड़ा
हुआ है और सोमालिया में संयुक्त राष्ट्र समर्थित सरकार के ख़िलाफ़ लगभग 20 वर्षों से विद्रोह कर
रहा है.
पेरिस ओलंपिक 2024: तीसरा पदक चूकने पर क्या बोले मनु भाकर के पिता
इमेज स्रोत, @AHindinews
इमेज कैप्शन, मनु भाकर के पिता (फ़ाइल फ़ोटो)
पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीत चुकीं भारतीय
निशानेबाज़ मनु भाकर शनिवार को मेडल की हैट्रिक लगाने से चूक गईं. वो महिला वर्ग
में 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में चौथे पायदान पर रहीं.
मनु भाकर के तीसरा मेडल ना जीत पाने पर उनके
पिता ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "हार और जीत खेल का हिस्सा है.
लेकिन पदक के इतना नज़दीक जाकर भी ना जीत पाना काफ़ी दिनों तक मन में रहता है."
उनके पिता ने कहा कि जैसे अभी कुछ दिन पहले अर्जुन
बबूता चौथे स्थान पर रह गए थे, जयदीप करमाकर भी चौथे स्थान पर ही रह गए थे.
उन्होंने कहा, "चौथे
स्थान पर रहना काफ़ी दिनों तक दुख पहुंचाता है. लेकिन अच्छी बात ये है कि मनु पहले
ही दो पदक जीत चुकी है."
इससे पहले मनु ने 10 मीटर
एयर पिस्टल स्पर्धा और मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था.
उन्होंने मिक्स्ड टीम
इवेंट में सरबजोत सिंह के साथ कांस्य पदक जीता था. मनु भाकर एक ओलंपिक में दो मेडल
जीतने वाली पहली भारतीय हैं.
वायनाड भूस्खलन से मरने वालों का आंकड़ा 216 तक पहुंचा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, वायनाड भूस्खलन हादसा (फ़ाइल फ़ोटो)
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बताया है
कि वायनाड हादसे में मरने वालों की संख्या 216 हो गई है. अभी भी 200 से ज़्यादा
लोग लापता हैं.
वायनाड पीड़ितों के लिए 93 रिलीफ़ कैंप भी बनाए
गए हैं, जिसमें अभी 10 हज़ार से अधिक लोगों ने शरण ले रखी है.
वहीं 67 शव ऐसे भी हैं जिनकी अभी तक पहचान नहीं
हो पाई है. सेना अभी भी बड़े पैमाने पर बचाव और राहत कार्य चला रही है.
वहीं शनिवार यानी आज मलयालम अभिनेता मोहनलाल भी
हालात का जायज़ा लेने पहुंचे. इस दौरान मोहनलाल सेना की वर्दी में दिखाई दिए. मलयालम
अभिनेता टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद पर हैं.
मोहनलाल पहले मेप्पडी स्थित राहत शिविर में
पहुंचे जहां उन्होंने अधिकारियों से बात की उसके बाद वह भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र
के लिए निकल गए.
ओलंपिक 2024: महिला एकल तीरंदाज़ी के क्वार्टरफ़ाइनल में पहुंचीं दीपिका कुमारी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय महिला तीरंदाज़ दीपिका कुमारी (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय तीरंदाज़ दीपिका कुमारी पेरिस ओलंपिक के महिला
एकल तीरंदाज़ी के क्वार्टरफ़ाइनल में पहुंच गई हैं.
दीपिका ने प्रतियोगिता के दौरान अपना पांचवां सेट
27-27 के साथ टाई पर खत्म किया. उनको जीतने के लिए केवल एक अंक की ही ज़रूरत थी, जो इस टाई से मिला.
महिला एकल तीरंदाज़ी प्रतियोगिता के क्वार्टरफ़ाइनल
में पहुंचने के लिए दीपिका कुमारी ने जर्मनी की मिशेल क्रॉपेन को 6-4 से हराया.
इससे पहले दीपिका टोक्यो ओलंपिक के क्वार्टरफ़ाइनल
में भी अपनी जगह बनाने में क़ामयाब रही थीं.
इसके अलावा दीपिका 2021 में पेरिस में आयोजित
तीरंदाज़ी वर्ल्डकप में तीन गोल्ड मेडल भी जीत चुकी हैं.
एसएसबी के डीजी को मिला बीएसएफ़ का अतिरिक्त प्रभार
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दलजीत सिंह चौधरी उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं
एसएसबी के महानिदेश (डीजी) दलजीत सिंह चौधरी को बीएएसएफ़ के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
बीएसएफ़ के डीजी नितिन अग्रवाल को कार्यकाल पूरा किए बिना समय से पहले उनके कैडर में वापस भेज दिए जाने के कारण दलजीत सिंह चौधरी को बीएसएफ़ के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
नितिन अग्रवाल 1989 बैच के केरल कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. अग्रवाल को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने बीएसएफ के महानिदेशक पद से हटा दिया था.
गृह मंत्रालय ने शनिवार को आदेश जारी कर बताया है कि 1990 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी दलजीत सिंह चौधरी को बीएसएफ़ के महानिदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़, मनु भाकर पेरिस ओलंपिक में तीसरे मेडल से चूकीं, 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में चौथे पायदान पर रहीं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मनु भाकर ने चौथे पायदान पर रहीं
भारतीय निशानेबाज़ मनु भाकर पेरिस ओलंपिक में पदकों की हैट्रिक नहीं लगा पाई हैं. वो महिला वर्ग में 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में चौथे पायदान पर रहीं.
इससे पहले उन्होंने10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा
और मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा का कांस्य पदक जीता था.
उन्होंने मिक्स्ड टीम इवेंट में सरबजोत सिंह के साथ कांस्य पदक जीता था.
मनु भाकर एक
ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली पहली भारतीय हैं.
वायनाड में जब सेना की वर्दी में उतरे अभिनेता मोहनलाल
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अभिनेता मोहनलाल
केरल के वायनाड में हुए भूस्खलन से क्षेत्र में भारी नुक़सान हुआ है. भूस्खलन में क़रीब 200 लोगों की मौत हुई है और 200 से अधिक लोग लापता हैं
वायनाड में सेना बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चला रही है. मेप्पडी और चूरामाला में राहत शिविरों की स्थापना कर पीड़ितों को वहां रखा गया है.
भूस्खलन के बाद शनिवार यानि आज हालात का जायज़ा लेने पहुंचे मलयालम अभिनेता मोहनलाल. इस दौरान मोहनलाल सेना की वर्दी में दिखाई दिए.
मोहनलाल टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद पर हैं.
मोहनलाल पहले मेप्पडी स्थित राहत शिविर में पहुंचे जहां उन्होंने अधिकारियों से बात की उसके बाद वह भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के लिए निकल गए.
मोहनलाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि ऊपर जाकर देखने पर आपको इस घटना की गहराई मालूम चलती है. वहां पर बहुत ज़्यादा कीचड़ है, यह कहना मुश्किल है कि अभी भी लोग वहां फंसे हैं या नहीं.
उन्होंने कहा है कि 'मैं राहत और बचाव कार्य में लगे सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं. यह भारत की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक है.'
मोहनलाल ने कहा है कि 'जो हम खो चुके हैं हम उसे वापस तो नहीं पा सकते हैं. लेकिन हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम इन लोगों की उनके भविष्य के लिए मदद कैसे कर सकते हैं.'
पेरिस ओलंपिकः महिला बॉक्सिंग मैच के विवाद को लेकर आईओसी ने क्या कहा
इमेज स्रोत, IOC/Media
इमेज कैप्शन, आईओसी के प्रवक्ता मार्क एडम्स
पेरिस ओलंपिक में एक महिला बॉक्सिंग मैच के दौरान हुए विवाद को लेकर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने बयान जारी किया है.
ओलंपिक में अल्जीरिया की मुक्केबाज ईमान ख़लीफ़ और इटली की मुक्केबाज़ एजेंला करिनी के बीच हुए मैच के बाद विवाद खड़ा हो गया है.
ख़लीफ और करिनी के बीच हुआ मैच 46 सेकेंड के बाद ही खत्म हो गया था.
इटली की मुक्केबाज एजेंला करिनी मैच के तीस सेकेंड के भीतर एक पंच खाने के बाद हेड गियर ठीक करने कोच के पास पहुंच गई थीं.
दोबारा मुकाबला शुरू होने के चंद सेकेंड बाद ही उन्होंने आगे मैच खेलने से मना कर दिया था.
इसके बाद से अल्जीरिया की मुक्केबाज़ ईमान ख़लीफ़ को लेकर विवाद शुरू हो गया था. उनके पुरुष होने की बात कही जा रही थी.
इस विवाद पर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति और पेरिस ओलपिंक की बॉक्सिंग यूनिट ने संयुक्त रूप से बयान जारी किया है.
जारी बयान में कहा गया है कि हर व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के खेलों में भाग लेने का अधिकार है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पेरिस ओलंपिक में ईमान ख़लीफ़ और एजेंला करिनी के बीच मुकाबला
जारी किए गए बयान में कहा गया है कि पेरिस ओलंपिक के बॉक्सिंग टूर्नामेंट में सभी खिलाड़ी पात्रता और प्रवेश नियमों के मुताबिक हिस्सा ले रहे थे. साथ ही सभी खिलाड़ी पेरिस ओलंपिक की बॉक्सिंग यूनिट के तय किए मेडिकल नियमों का अनुपालन भी करते हैं.
पिछली ओलंपिक प्रतियोगिताओं की तरह एथलीटों की उम्र और उनका जेंडर पासपोर्ट आधारित है.
बयान में कहा गया है कि पेरिस बॉक्सिंग यूनिट ने पेरिस ओलंपिक में नियमों को तैयार करने के लिए टोक्यो ओलंपिक की गाइडलाइन को आधार के रूप इस्तेमाल किया है.
दरअसल 2023 में वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के दौरान ईमान ख़लीफ़ को बाहर कर दिया गया था.
नई दिल्ली में आयोजित चैंपियनशिप में इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन के प्रेसिडेंट उमर क्रेमलेव ने कहा था,’ '' जांच के आधार पर हमने पाया कि चैंपियशिप में हिस्सा ले रही कई बॉक्सरों ने चालाकी से ख़ुद को महिला के तौर पर पेश करने की कोशिश की. लेकिन टेस्ट के बाद पाया कि उनमें एक्स और वाई क्रोमोजोम थे. ऐसे एथलीट प्रतियोगिता से बाहर किए जाते हैं.'
बांग्लादेश में आरक्षण के ख़िलाफ़ प्रदर्शन के दौरान मारे गए कई बच्चे: यूनिसेफ़
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश में प्रदर्शन करते छात्र
संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनिसेफ़ का कहना है कि बांग्लादेश में आरक्षण के ख़िलाफ़ हुए छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कई बच्चों की मौतें हुई हैं.
बच्चों के लिए काम करने वाली यूएन की संस्था यूनिसेफ़ का कहना है कि बांग्लादेश में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कम से कम 32 बच्चों की मौत हुई है.
यूनिसेफ़ के प्रवक्ता का कहना है कि मारे गए बच्चों में से एक की उम्र अभी पांच साल भी नहीं हुई थी. मारे गए अधिकतर लोग सिर्फ़ प्रदर्शन को देख रहे थे.
बीबीसी बांग्ला के सत्यापित किए गए आंकड़ों के मुताबिक़ ये बच्चे उन 200 लोगों में शामिल हैं जो बांग्लादेश में सरकारी नौकरी में आरक्षण को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान मारे गए हैं.
यूनिसेफ़ के दक्षिण एशिया के क्षेत्रीय निदेशक संजय विजेसेकरा का कहना है कि इस सप्ताह उनकी बांग्लादेश की यात्रा के दौरान उन्हें बच्चों के हिरासत में लिए जाने के बारे में अवगत कराया गया था.
उन्होंने कहा है कि संगठन ने 32 बच्चों के मारे जाने की पुष्टि की है.
संयुक्त राष्ट्र की संस्था के एक प्रवक्ता ने बताया कि ज़्यादातर मरने वाले लोगों की उम्र 13 या उससे अधिक है. एक बच्चे की उम्र पांच साल से कम और एक बच्चे की उम्र छह से 12 साल के बीच है.
बांग्लादेश के जूनियर सूचना मंत्री मोहम्मद अली अराफ़ात ने कहा है कि सरकार के पास यूनिसेफ़ के दावों के संबंध में कोई जानकारी नहीं है.
उन्होंने बीबीसी को बताया कि उन्हें नहीं मालूम कि यूनिसेफ़ को यह आंकड़े कहां से मिले हैं. उन्होंने कहा, "हमारा रुख़ साफ है, जिस किसी की भी मौत हुई है हम उसकी जांच कराएंगे और अपराधियों को सज़ा देंगे".
छात्र प्रदर्शन में घायल हुए, मारे गए और गिरफ्तार किए गए लोगों के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं.
इसराइल के लिए मध्य पूर्व में जंगी जहाज़ों और विमानों को बढ़ाएगा अमेरिका
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बिन्यामिन नेतन्याहू और जो बाइडन
पेंटागन ने कहा है कि ईरान और उसके सहयोगियों के हमले से इसराइल की रक्षा के लिए अमेरिका मध्य पूर्व में अतिरिक्त जंगी बेड़े और लड़ाकू विमानों को तैनात करेगा.
ईरान में हमास के शीर्ष नेता इस्माइल हनिया और लेबनान में हिज़बुल्लाह के कमांडर के मारे जाने के बाद क्षेत्र में काफ़ी तनाव बढ़ा हुआ है.
पेंटागन ने कहा है कि मिसाइल डिफ़ेंस फोर्सेस को तैयार रखा गया है. पेंटागन ने कहा है कि इसराइल की रक्षा करने की उसकी प्रतिबद्धता दृढ़ है.
इस्माइल हनिया की हत्या के बाद ईरान के सुप्रीम नेता अयातुल्लाह ख़ामेनेई ने इसराइल को सबक़ सिखाने की कसम खाई है और तीन दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है.
बुधवार को तेहरान में हमास के नेता को मार दिया गया था. ईरान और ग़ज़ा में उसके सहयोगियों ने इसके लिए इसराइल को ज़िम्मेदार ठहराया है. इसराइल ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
62 वर्षीय इस्माइल हनिया को व्यापक रूप से हमास का शीर्ष नेता माना जाता था. ग़ज़ा में युद्ध विराम को लेकर हो रही वार्ता में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी.
इसराइल के लेबनान में हिज़बुल्लाह के कमांडर को मारने का दावा किए जाने के कुछ घंटों बाद ही हनिया की मौत की ख़बर सामने आई थी.
पेंटागन ने बयान जारी कर कहा है कि यह नई तैनाती अमेरिकी फ़ोर्स की सुरक्षा को बढ़ाएगी, इसराइल की रक्षा में सहयोग को बढ़ाएगी और यह सुनिश्चित करेगी कि अमेरिका जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार है.
अप्रैल में ईरान के इसराइल पर ड्रोन से हमला किए जाने के बाद भी अमेरिका ने तैनाती को बढ़ाया था. इसराइल और उसके सहयोगियों ने लगभग 300 ड्रोन्स को मार गिराया था.