You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप ने कमला हैरिस के साथ बहस के लिए फ़ॉक्स न्यूज़ के प्रस्ताव पर जताई सहमति

डोनाल्ड ट्रंप ने 4 सितंबर को उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ बहस करने के लिए अमेरिकी ब्रॉडकॉस्टर फ़ॉक्स न्यूज़ के प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताई है.

सारांश

  • सोमालिया के एक बीच पर आत्मघाती हमलावर और बंदूकधारियों के हमले में 32 लोग मारे गए हैं.
  • पेरिस ओलंपिक: तीरंदाज़ी के महिला एकल वर्ग में दीपिका कुमारी क्वार्टरफ़ाइनल में हारकर सेमीफ़ाइनल की रेस से बाहर.
  • डोनाल्ड ट्रंप ने 4 सितंबर को कमला हैरिस के साथ बहस करने के लिए फ़ॉक्स न्यूज़ के प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताई है.
  • ईरान ने बताया है कि हमास के शीर्ष राजनीतिक नेता इस्माइल हनिया की मौत कैसे हुई थी.
  • बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने आरक्षण मामले पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ बिना शर्त बात-चीत की पेशकश की है.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार

  1. हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटना के बाद सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने क्षेत्र का किया दौरा

    हिमाचल प्रदेश के शिमला और मंडी क्षेत्र में बुधवार की रात बादल फटने से काफ़ी नुक़सान पहुंचा था.

    बादले फटने के बाद कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक लोग लापता हो गए थे.

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायज़ा लिया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट में लिखा है कि 'प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है. प्राकृतिक आपदा ने कई परिवारों को ख़त्म कर दिया है. प्रदेश के लिए यह कठिन समय है. हमारी सरकार इस कठिन समय में प्रभावित लोगों के साथ है और पूरी तत्परता से राहत कार्यों में जुटी है.'

    उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि लापता लोगों के मिलने की उम्मीद बहुत कम है.

    उन्होंने कहा है कि क़रीब 7-8 बच्चे हम सब को छोड़कर चले गए और क़रीब 16-17 हमारी माताएं और बहनें हमें छोड़कर चली गईं.

    उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के लोग बचे हैं और जिनके घर नष्ट हो गए हैं उनके लिए मैंने घोषणाएं की है.

    उन्होंने कहा जहां भी किराए का मकान टूटा है सरकार किराए के लिए 5000 रुपये उपलब्ध कराएगी. तीन महीने तक उनको किराया सरकार देगी और खाना पीना उपलब्ध कराएगी.

    सीएम ने कहा कि इन परिवारों को बसाने के लिए जल्द ही आपदा राहत पैकेज देंगे.

    बादल फटने के बाद शिमला के झाकड़ी के पास समेज खड्ड में बाढ़ आने से भारी नुक़सान हुआ था. 35 से अधिक लोग लापता हो गए थे और घरों को भी नुक़सान हुआ था. मंडी क्षेत्र में भी बादल फटने से भारी क्षति हुई थी.

    घटना के बाद मुख्यमंत्री ने दुख व्यक्त किया था. आपात बैठक कर राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए थे.

    हिमाचल सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया था कि बादल फटने की घटना से कई मोटर और पैदल पुलों को नुक़सान पहुंचा है.

  2. उत्तर कोरिया के पूर्व अधिकारी का दावा- किम जोंग उन चाहते हैं ट्रंप बनें अमेरिका के राष्ट्रपति

    उत्तर कोरिया से भागने वाले एक उच्च अधिकारी ने बीबीसी से कहा है कि किम जोंग उन चाहते हैं कि डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति बनें.

    रि इल क्यू 2016 के बाद उत्तर कोरिया से भागने वाले सबसे उच्च रैंक के अधिकारी हैं. रि इल क्यू सात बार किम जोंग उन के साथ आमने सामने रह चुके हैं.

    दक्षिण कोरिया भागने से पहले रि इल क्यू क्यूबा में उत्तर कोरिया के लिए काम कर रहे थे.

    रि इल क्यू ने बीबीसी को बताया कि किम देखने में एक सामान्य व्यक्ति की तरह ही लगते हैं. पर इस बात में कोई संदेह नहीं है कि वह अपने अस्तित्व के लिए कुछ भी कर सकते हैं.

    रि ने कहा कि अगर ज़रूरत पड़ी तो किम अपने अस्तित्व के लिए उत्तर कोरिया के ढाई करोड़ लोगों को भी मार सकते हैं.

    रि इल क्यू ने कहा है कि 2019 में ट्रंप और किम जोंग उन के बीच बातचीत ख़त्म होने के बाद भी उत्तर कोरिया को लगता है कि डोनाल्ड ट्रंप के साथ वह न्यूक्लियर कार्यक्रम को लेकर बातचीत कर सकता है.

    डोनाल्ड ट्रंप पहले भी किम जोंग उन के साथ संबंधों को अपने राष्ट्रपति कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धि बता चुके हैं.

    पिछले महीने एक रैली के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि किम उन्हें दोबारा राष्ट्रपति कार्यालय में देखना चाहते हैं.

    ट्रंप ने कहा था कि 'मुझे लगता है किम जोंग उन मुझे याद करते हैं.'

    रि इल क्यू का कहना है कि उत्तर कोरिया ट्रंप के साथ अपने अच्छे संबंधों का फायदा उठाना चाहता है. हालांकि पिछले महीने उत्तर कोरिया ने कहा था कि उसे फर्क नहीं पड़ता है कि अमेरिका का राष्ट्रपति कौन बनता है.

    रि का कहना है कि उत्तर कोरिया कभी भी अपने परमाणु हथियारों को नष्ट नहीं करेगा. इसके बजाय वह अपने ऊपर लगे प्रतिबंधों को हटाने के एवज में अपने परमाणु कार्यक्रम को रोकने का समझौता करने का प्रयास करेगा.

  3. 9/11 हमले के अभियुक्तों से किए गए समझौते को अमेरिकी रक्षा मंत्री ने रद्द किया

    अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने 9/11 हमले के अभियुक्तों के साथ किए गए प्री-ट्रायल समझौते को निरस्त कर दिया है.

    शुक्रवार को रक्षा मंत्री ने एक मेमो में कहा है कि वह अदालत के उस अधिकारी को भी निलंबित कर रहे हैं जिसने समझौते पर हस्ताक्षर किए थे.

    मूल समझौते में कथित तौर पर यह बात कही गई थी कि अभियुक्तों के लिए मौत की सज़ा नहीं मांगी जाएगी, जिसका कुछ पीड़ित परिवारों ने विरोध किया था.

    मेमो में हमले के मुख्य साज़िशकर्ता ख़ालिद शेख़ मोहम्मद सहित पांच लोगों के नाम हैं जबकि मूल समझौते में तीन लोगों के नाम थे.

    रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने ब्रिगेडियर जनरल सुसन एस्कैलियर को लिखा, “अभियुक्तों के साथ किए गए प्री ट्रायल समझौते के महत्व को देखते हुए मैंने यह निश्चित किया है कि ऐसे फ़ैसलों की ज़िम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारी के तौर पर मेरी होनी चाहिए.”

    “इसलिए मैं आपसे यह अधिकार वापस लेता हूं और अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए मैं तीनों प्री ट्रायल समझौते को रद्द करता हूं.”

    इससे पहले व्हाइट हाउस ने बुधवार को कहा था कि इस समझौते में उसका कोई हाथ नहीं है.

  4. कमला हैरिस ने हासिल की अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवारी

    अमेरिका की उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस को डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ़ से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुन लिया गया है.

    उन्हें पार्टी के प्रतिनिधियों की तरफ़ से सबसे ज़्यादा वोट मिले हैं.

    कमला हैरिस ने फ़ोन पर बात करते हुए कहा कि इस महीने के अंत में शिकागो में होने वाले डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन से पहले संभावित उम्मीदवार चुने जाने पर सम्मानित महसूस कर रही हैं.

    कमला हैरिस किसी प्रमुख अमेरिकी दल के लिए राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार चुने जानी वाली पहली काली महिला और पहली दक्षिण एशियाई मूल की महिला हैं.

    नवंबर में होने वाले चुनावों में अगर वह रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को हरा देती हैं तो वह अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति होंगी.

    राष्ट्रपति जो बाइडन के ख़ुद को राष्ट्रपति पद की रेस से अलग करने और कमला हैरिस का राष्ट्रपति पद के लिए समर्थन करने के बाद वर्चुअल रोल कॉल में हैरिस को किसी के विरोध का सामना नहीं करना पड़ा है.

    शुक्रवार दोपहर को 2350 डेमोक्रेटिक प्रतिनिधियों का समर्थन हासिल करने के साथ ही कमला हैरिस औपचारिक तौर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बन गई हैं.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    2 अगस्त की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें