You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

संयुक्त राष्ट्र आम सभा में फ़लस्तीन की सदस्यता का भारी समर्थन, अमेरिका और इसराइल ने किया विरोध

संयुक्त राष्ट्र की आम सभा ने भारी बहुमत के साथ फ़लस्तीन की पूर्ण सदस्यता का समर्थन किया है.

सारांश

  • सुप्रीम कोर्ट ने कथित भ्रष्टाचार मामले में अरविंद केजरीवाल को अंतरिम ज़मानत दे दी है.
  • दिल्ली की अदालत ने महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह पर आरोप तय किए
  • मालदीव से सभी भारतीय सैन्य बल वापस आ गए हैं. मुइज़्ज़ू ने मई के अंत तक की समयसीमा दी थी.
  • डॉ. नरेंद्र दाभोलकर की हत्या मामले में पुणे की अदालत ने दो लोगों को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई है.
  • ईरान ने कब्ज़े में लिए गए जहाज़ एमएससी एरीज़ से पांच भारतीय नागरिकों को रिहा कर दिया है.
  • विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि पड़ोसी होने के कारण भारत और मालदीव के संबंधों का विकास आपसी हितों पर टिका हुआ है.
  • इसराइली पीएम नेतन्याहू ने कहा है कि ज़रूरत पड़ने पर इसराइल अकेले भी लड़ाई लड़ेगा.

लाइव कवरेज

प्रवीण

  1. हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने विश्वासमत को लेकर ये दावा किया

    हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने दावा किया है कि उनकी सरकार विश्वासमत जीतने में कामयाब होगी.

    नायब सिंह सैनी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से नायब सिंह सैनी ने कहा, ''कांग्रेस को लोगों से सरोकार नहीं है. वो (कांग्रेस) लोगों को गुमराह करना चाहते हैं. उन्हें राज्यपाल को लिखित में देना चाहिए कि उनके पास कितने विधायकों का समर्थन है.''

    ''एक महीना पहले हमने विश्वासमत हासिल किया और जब समय आएगा हम दोबारा विश्वासमत हासिल करेंगे.''

    दो दिन पहले बीजेपी को समर्थन दे रहे तीन निर्दलीय विधायकों ने अपना समर्थन वापस ले लिया है.

    इन तीनों निर्दलीय विधायकों ने कांग्रेस को समर्थन देने का एलान किया है.

    राज्य के विपक्षी दल कांग्रेस और जेजेपी आरोप लगा रहे हैं कि दो महीने पुरानी नायब सिंह सैनी की सरकार अल्पमत में आ गई है.

  2. भारत में लोकतंत्र पर अमेरिका के राजदूत ने क्या कहा?

    भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने भारत के लोकतंत्र पर टिप्पणी की है.

    एरिक गार्सेटी ने कहा है कि अगले 10 साल में भारत जीवंत लोकतंत्र होगा.

    नई दिल्ली में एक इवेंट में हिस्सा लेते हुए एरिक गार्सेटी ने कहा, ''भारत आज की तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के मामले में अगले 10 साल में जीवंत लोकतंत्र होगा.''

    ''वहां कुछ चीज़ें खराब हैं, लेकिन बहुत सारी चीज़ें बेहतर भी हैं. उनका क़ानून है उसके मुताबिक आपको वोट डालने के लिए 10 किलोमीटर से दूर नहीं जाना होगा.''

    ''अगर कहीं पहाड़ों पर कोई साधु रहता है तो वो वहां दो दिन की यात्रा करके वोटिंग मशीन लेकर जाएंगे और वोट डलवाएंगे.''

    एरिक गार्सेटी का यह बयान ऐसे वक्त में आया जब रूस ने अमेरिका पर भारत में हो रहे लोकसभा चुनाव में अस्थिरता लाने के आरोप लगाए.

    रूस ने अमेरिकी नागरिक गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साज़िश के मामले में अमेरिका के भारत पर लगाए गए आरोपों को लेकर यह दावा किया था.

  3. ईरान ने कब्ज़े में लिए गए जहाज़ से पांच भारतीय नागरिकों को रिहा किया

    ईरान ने कब्ज़े में लिए गए जहाज़ एमएससी एरीज़ से पांच भारतीय नागरिकों को रिहा कर दिया है.

    इन पांच भारतीय नागरिकों को आज शाम ईरान से भारत के लिए रवाना कर दिया जाएगा.

    ईरान में मौजूद भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बात की जानकारी दी.

    ईरान की नौसेना ने 13 अप्रैल को भारत आ रहे मालवाहक जहाज़ एमएससी एरीज़ को ज़ब्त कर लिया था.

    जहाज़ में चालक दल के 25 सदस्य हैं. इनमें से 17 भारतीय नागरिक हैं.

    इसराइल के साथ जारी तनाव के बीच ईरान ने यह कार्रवाई की. इस जहाज़ का मालिक एक इसराइली व्यवसायी हैं.

    जहाज़ के चालक दल में एकमात्र महिला कैडेट एन टेसा जोसेफ़ भी शामिल थीं. इन्हें जहाज़ ज़ब्त करने के कुछ दिन बाद रिहा कर दिया गया था.

  4. अमेरिका की चेतावनी पर इसराइल के पीएम नेतन्याहू ने क्या कहा?

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इसराइल अकेले खड़े रह सकता है.

    नेतन्याहू का यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब अमेरिका ने चेतावनी दी है कि अगर इसराइल रफ़ाह में कोई बड़ा अभियान चलाएगा तो उसे (इसराइल) हथियार सप्लाई नहीं किए जाएंगे.

    नेतन्याहू ने कहा, ''अगर ज़रूरत पड़ती है तो हम अकेले खड़े होंगे. मैंने पहले भी कहा है कि ज़रूरत पड़ने पर हम अपनी आखिरी सांस तक लड़ेंगे.''

    इसराइल के रक्षा मंत्री योआव गैलांट ने कहा, ''दुश्मनों के साथ दोस्त भी समझ लें, इस देश (इसराइल) को पीछे नहीं छोड़ा जा सकता है. हम मजबूत हैं और अपने लक्ष्य को हासिल करेंगे.''

    अमेरिका ने रफ़ाह में लोगों की जान के खतरे को देखते हुए पहले ही बमों की खेप पर रोक लगा दी है.

    सोमवार को इसराइल ने करीब एक लाख लोगों से रफ़ाह को छोड़ने के लिए कहा था.

    हमास पर जीत हासिल करने के लिए इसराइल रफ़ाह पर हमले की बात दोहरा रहा है.

    अमेरिका और अन्य संगठनों का मानना है कि अगर इसराइल रफ़ाह में कोई बड़ा अभियान चलाता है तो हज़ारों लोगों की जान जा सकती है.

  5. मालदीव के विदेश मंत्री से मुलाकात में एस जयशंकर दोनों देशों के संबंधों पर क्या बोले?

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि पड़ोसी होने के कारण भारत और मालदीव के संबंधों का विकास आपसी हितों पर टिका हुआ है.

    यह बात भारत के विदेश एस जयशंकर ने मालदीव के विदेश मंत्री मूसा ज़मीर के साथ बैठक के दौरान कही.

    मालदीव में नई सरकार बनने के बाद मालदीव के विदेश मंत्री मूसा ज़मीर का यह पहला भारत दौरा है.

    एस जयशंकर ने कहा, ''जहां तक भारत का बात है, हम अपनी नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी और SAGAR पॉलिसी को लेकर प्रतिबद्ध हैं. उम्मीद है कि आज की बैठक से मुझे से विभिन्न क्षेत्रों में हमारे दृष्टिकोण को और मज़बूती मिलेगी.''

    ''मालदीव के विकास में भारत ने अहम भूमिका निभाई है. हमारे कई प्रोजेक्ट्स से आपके देश के लोगों को फ़ायदा हुआ है.''

    एस जयशंकर ने कहा, ''दुनिया उथल-पुथल के दौर से गुज़र रही है. हमने देखा है कि कोरोना, प्राकृतिक आपदा और वित्तीय मुश्किलों के दौरान पड़ोसी देश कितने महत्वपूर्ण हैं.''

    मोहम्मद मुइज़्ज़ू के राष्ट्रपति बनने के बाद मालदीव और भारत के बीच दूरियां बढ़ी हैं.

    अब तक मालदीव के राष्ट्रपति अपने पहले विदेशी दौरे पर भारत आते रहे हैं.

    मगर मोहम्मद मुइज़्ज़ू पहले यूएई, तुर्की और फिर चीन के दौरे पर गए थे.

  6. बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है.

    9 मई की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.