इन तीन में से कोई नेता ले सकता है इस्माइल हनिया की जगह

हमास चीफ इस्माइल हनिया की मौत के बाद अब इस पर भी चर्चा शुरू हो गई है कि उनकी जगह कौन ले सकता है?

सारांश

  • अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने कहा, “मुझे नहीं लगता है कि मिडिल ईस्ट में कोई व्यापक जंग होगी”.
  • वायनाड भूस्खलन हादसे पर संसद में बोले राहुल गांधी, तेजस्वी सूर्या ने कहा उन्होंने सांसद रहते कभी नहीं उठाया ये मुद्दा
  • कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने पीएम मोदी के ख़िलाफ़ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लोकसभा स्पीकर को दिया
  • राजेंद्र नगर कोचिंग हादसा: दिल्ली हाई कोर्ट की दिखी नाराज़गी, पुलिस-एमसीडी के अफ़सरों को कोर्ट में किया तलब
  • दिल्ली में बारिश से कई जगहों पर जलभराव, राजेंद्र नगर में छात्रों का प्रदर्शन जारी
  • यूपीएससी ने रद्द की सिविल सेवा के लिए पूजा खेडकर की उम्मीदवारी

लाइव कवरेज

सौरभ यादव

  1. अनुराग ठाकुर के 'जाति' से जुड़े बयान पर आज फिर बोले अखिलेश यादव

    अखिलेश यादव ने मंगलवार को भी अनुराग ठाकुर के बयान का विरोध किया था

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने मंगलवार को भी अनुराग ठाकुर के बयान का विरोध किया था

    लोकसभा में मंगलवार को बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर के ‘जाति’ पर दिए गए बयान की चर्चा आज भी जारी है.

    समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने संसद के बाहर बुधवार को कहा कि जाति का सवाल कोई नया नहीं है और इसका सवाल बहुत पुराना है.

    “एक समय यूपी के सदन में ऐसा आया था जहां शूद्र को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी. मैं जब मंदिर के दर्शन करने गया तो कुछ ऐसी ताक़तें थीं जो नहीं चाहती थीं कि मैं हवन-पूजन करूं.”

    उन्होंने कहा कि “मैं वो दिन नहीं भूल सकता हूं जिस दिन मुख्यमंत्री आवास को गंगाजल से धोया गया था. किसी मुख्यमंत्री के घर को गंगाजल से कैसे साफ़ किया जा सकता है. लोकसभा चुनाव में मैंने मैनपुरी में देखा था कि प्रतिमा को धोया गया था.”

    “कन्नौज के जिस मंदिर में मैं पहली बार चुनाव जीतकर गया था, वहां से लौटने के बाद उस मंदिर को धोया गया था. जब आप चंद्रमा पर जाना चाहते हैं, डिजिटल इंडिया की बात हो रही है, विश्व गुरु, अमृतकाल की बात हो रही हो, वहां आप गंगाजल की बात कर रहे हैं.”

    “क्या बीजेपी, कांग्रेस पार्टी के किसी नेता या किसी भी व्यक्ति की जाति पूछ सकती है. मुझे लगता है कि अनुराग ठाकुर जी को कहा गया है कि सदन में 99 बार गाली खाकर आओ तब आप मंत्री बनोगे.”

    मंगलवार को लोकसभा में अनुराग ठाकुर के बयान के बाद अखिलेश यादव भी बोले थे और उन्होंने विरोध करते हुए अनुराग ठाकुर से कहा था कि वो जाति कैसे पूछ सकते हैं.

  2. आईएएस अफ़सर प्रीति सूदन बनाई गईं यूपीएससी की नई चेयरमैन

    प्रीति सूदन 1983 बैच की आईएएस अफ़सर हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रीति सूदन 1983 बैच की आईएएस अफ़सर हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के नए चेयरमैन की ज़िम्मेदारी आईएएस अफ़सर प्रीति सूदन को दी गई है.

    प्रीति सूदन 1983 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वो इस ज़िम्मेदारी को एक अगस्त 2024 से संभालेंगी.

    भारत के कार्मिक मंत्रालय ने एक नोटिफ़िकेशन जारी कर बताया है कि चार जुलाई को तत्कालीन चेयरमैन मनोज सोनी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस्तीफ़ा सौंपा था जिसे स्वीकार कर लिया गया था.

    मनोज सोनी ने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफ़ा सौंप दिया था.

    प्रीति सूदन केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव के रूप में भी काम कर चुकी हैं और वो 2020 तक इस पर थीं.

  3. इस्माइल हनिया की मौत पर हमास ने क्या कहा

    इस्माइल हनिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस्माइल हनिया (फाइल फोटो)

    तेहरान में हुई हमास के शीर्ष नेता इस्माइल हनिया की हत्या पर हमास ने बयान जारी किया है.

    हमास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि हमास इसका जवाब ज़रूर देगा.

    हमास संचालित अल अक्सा टेलीविज़न चैनल के अनुसार, मूसा अबू मरज़ौक ने इसे कायरतापूर्ण कार्रवाई क़रार दिया है और कहा है कि इसका जवाब दिया जाएगा.

    इसराइल की तरफ़ से इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है लेकिन कुछ नेताओं ने इस पर प्रतिक्रिया दी है.

    हेरिटेज मिनिस्टर अमिचाय इलियाहू ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि हनिया की मौत से दुनिया के बेहतर जगह बनेगी.

    अमिचाय इलियाहू ने सोशल मीडिया पर लिखा है. दुनिया से इस तरह की गंदगी साफ़ करने का यही सही तरीक़ा है.

    इसराइली डिफेंस फोर्सेस (आईडीएफ़) ने इस पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है.

    आईडीएफ़ ने सीएनएन और फ्रांस की एक न्यूज़ एजेंसी से कहा है कि विदेशी मीडिया से आ रही हनिया की मौत की ख़बरों पर वह कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे.

  4. वायनाड में हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या हुई 144, इमरान कुरैशी, बीबीसी हिंदी के लिए

    वायनाड में भूस्खलन के बाद जारी बचाव कार्य

    इमेज स्रोत, Army Southern Command/twitter

    इमेज कैप्शन, वायनाड में भूस्खलन के बाद जारी बचाव कार्य

    वायनाड में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात हुए भूस्खलन में अब तक 144 लोगों को की मौत हो चुकी है.

    मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि अब तक मेप्पडी में 90 लोगों की और निलांबुर में 32 लोगों की मौत हो चुकी है.

    घायल हुए 192 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है. गंभीर रूप से प्रभावित हुए क्षेत्रों में बचाव दल के ना पहुंच पाने के कारण लापता लोगों की संख्या 98 बनी हुई है.

    चाइल्ड वेलफेयर कमिटी के सदस्य बिपिन चेम्बथकारा ने बीबीसी को बताया कि हमें नहीं मालूम कि मेप्पीड के चाय बागानों में कितने लोग रह रहे थे. मेप्पडी में अन्य राज्यों से आए कई लोग भी काम करते हैं. हमें लगता है कि इस हादसे से पर्यटक भी प्रभावित हुए हैं.

    उन्होंने कहा कि मेप्पडी में एक शिविर में 150 बच्चों को अन्य लोगों के साथ रखा गया है. बच्चों को मनोवैज्ञानिक सहायता भी दी जा रही है.

    इस बीच हादसे के बाद हालत को लेकर बुधवार सुबह केरल कैबिनेट बैठक कर रही है. इसके बाद मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन बचाव कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक भी करेंगे.

    सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात एक से चार बजे के बीच तीन भूस्खलनों ने वायनाड के चूरालमाला, मुंडाक्कई जैसे इलाकों में भारी तबाही मचाई थी.

    मंगलवार रात को राहत एवं बचाव कार्यों को रोक दिया गया था. एनडीआरएफ़ के टीम कमांडर एसआई संजय सोनी ने बताया था कि बचाव अभियान बुधवार सुबह 7 बजे से शुरू होगा.

    वायनाड में हुई भूस्खलन घटना के बाद राज्य में दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया गया है.

  5. टिकटॉक मुख्यालय में फूड प्वॉइजनिंग के कारण 50 से ज़्यादा कर्मचारी बीमार

    टिक टॉक की पैरेंट कंपनी बाइट डांस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, टिक टॉक की पैरेंट कंपनी बाइट डांस

    टिकटॉक की पैरेंट कंपनी बाइट डांस के सिंगापुर स्थित मुख्यालय में क़रीब 60 कर्मचारी फूड प्वॉइजनिंग के कारण बीमार हो गए हैं.

    स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं. मंगलवार को 60 लोगों में पेट से जुड़ी समस्याएं पाई गईं थी. इनमें से 57 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    बाइट डांस कंपनी का कहना है कि वो कर्मियों के बीमार पड़ने की मामले की जांच कर रही है.

    बाइट डांस के कार्यालयों में कोई भी खाना बनाया नहीं जाता है. बाइट डांस अपनी खाद्य आपूर्ति के लिए तीसरे पक्ष पर निर्भर रहता है.

    स्थानीय मीडिया के मुताबिक़ घायलों का इलाज करने के लिए 17 एंबुलेंसों को भेजा गया था.

    बाइट के प्रवक्ता ने बीबीसी से बताया कि हम अपने कर्मियों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को बहुत ही गंभीरता से लेते हैं और हमने प्रभावित कर्मियों की सहायता के तत्काल कदम उठाए हैं.

    उन्होंने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम रहे हैं.

  6. राजेंद्र नगर में हुए हादसे को लेकर विकास दिव्यकीर्ति ने रखा अपना पक्ष

    विकास दिव्यकीर्ति

    इमेज स्रोत, ani/twitter

    इमेज कैप्शन, विकास दिव्यकीर्ति

    दृष्टि आईएएस कोचिंग के संस्थापक और शिक्षक विकास दिव्यकीर्ति ने राजेंद्र नगर में हुए हादसे को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा है कि “यह कह सकते हैं कि हमसे चूक हुई है कि लेकिन वो चूक ऐसी नहीं थी है कि हमारी नियत ख़राब थी”.

    दिल्ली के राजेंद्र नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में शनिवार शाम को पानी भरने से तीन छात्रों की मौत हो गई थी. बेसमेंट में कोचिंग संस्थान की तरफ़ से लाइब्रेरी का संचालन किया जा रहा था.

    इस घटना में दो लड़की और एक लड़के की मौत हो गई थी. जिसके बाद से ही सिविल सेवाओं की तैयारी करने वाले छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं.

    छात्र दृष्टि आईएएस कोचिंग और उसके संस्थापक विकास दिव्यकीर्ति के घर के बाहर भी प्रदर्शन कर रहे थे. सोशल मीडिया पर इसको लेकर मुहीम भी चलाई जा रही थी.

    दृष्टि आईएएस कोचिंग के संस्थापक विकास दिव्यकीर्ति ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अपना पक्ष रखा है.

    उन्होंने कहा है कि “हमसे चूक हुई है लेकिन यह चूक ऐसी नहीं थी कि हमारी नियत ख़राब थी, लेकिन नियमों के स्तर पर हमसे चूक हुई है.”

    उन्होंने कहा कि अगर हम दिल्ली की बात करें तो यहां पर हजार से ज्यादा कोचिंग संस्थान हैं. किसी भी एक कोचिंग संस्थान के पास शिक्षण संस्थाओं के लिए जारी की जाने वाली फायर एनओसी नहीं है.

    उन्होंने कहा है कि जहां तक बात हमारे बेसमेंट की है, करोल बाग स्थित हमारी चार पांच बिल्डिंगों में से एक इमारत का बेसमेंट सील हुआ है.

    उन्होंने कहा कि करोल बाग स्थित हमारे बेसमेंट को लेकर हमारे पास कमर्शियल अनुमति है. एनओसी में लिखा हुआ है कि उसमें ऑफिस चलाया जा सकता है और उसमें ऑफिस ही चलाया जा रहा था.

    विकास दिव्यकीर्ति ने कहा है कि मैं एमसीडी का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने सील करने की कार्रवाई की है.

    उन्होंने कहा है कि मैं चाहूंगा पूरे दिल्ली में जहां भी असुरक्षित तरीके से क्लास चलती हो चाहे वो हमारी ही बिल्डिंग क्यों ना हो उस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. लेकिन सरकार की तरफ से एक पॉलिसी बननी चाहिए और पारदर्शिता होनी चाहिए.

    इससे पहले दृष्टि आईएएस ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपना पक्ष रखा था.

  7. इसराइल ने क्यों दी ऐसी धमकी, सद्दाम हुसैन को लेकर क्या था अर्दोआन का रुख़

  8. रिंकू और सूर्यकुमार का गेंदबाज़ी में कमाल, भारत यूं हारते-हारते श्रीलंका से जीता

    रिंकू सिंह और सूर्य कुमार यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रिंकू सिंह और सूर्य कुमार यादव

    भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए टी20 सिरीज के आख़िरी मुक़ाबले में भारत ने श्रीलंका को सुपर ओवर में हराकर सिरीज़ अपने नाम कर लिया है.

    दोनों देशों के बीच खेले गए इस लो स्कोरिंग रोमांचक मैच में भारत ने जीत हासिल की है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 137 रन बनाए और श्रीलंका को जीत के लिए 138 रनों का लक्ष्य दिया.

    जबाव में श्रीलंका की टीम ने शानदार शुरुआत की. 15 ओवर का खेल ख़त्म होने तक श्रीलंका का स्कोर एक विकेट के नुक़सान पर 110 रन था.

    ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम की हार लगभग तय है लेकिन 15वें ओवर के बाद खेल ने अपना रुख़ बदल लिया.

    श्रीलंका की टीम बचे हुए ओवरों सिर्फ़ 27 रन ही बना सकी और सात विकेट गवां दिए.

    सूर्यकुमार यादव ने धीमी पिच को देखते हुए 19वां ओवर रिंकू सिंह को दिया.

    रिंकू ने 19वें ओवर में सिर्फ़ तीन रन देकर दो विकेट झटक लिए. 20वां ओवर ख़ुद कप्तान सूर्य गेंदबाज़ी करने आए, जिन्होंने पाँच रन देकर दो विकेट झटके.

    नतीज़ा यह रहा है कि दोनों देश के बीच खेला जा रहा यह मैच टाई हो गया.

    सुपर ओवर में बैटिंग करने उतरी श्रीलंका की टीम महज़ दो रन ही बना पाई. जवाब में बैटिंग करने उतरे भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली ही बॉल पर चौका मारकर मैच जीता दिया.

  9. इसराइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के टॉप कमांडर को मारने का किया दावा

    इसराइल ने बेरूत में किया हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने बेरूत में किया हमला

    इसराइल का कहना है कि उसने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाक़े में किए एक हमले में चरमपंथी संगठन हिज़्बुल्लाह के टॉप कमांडर को मार दिया है.

    लेबनान के सशस्त्र बलों के गढ़ दहियाह में किए गए हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई है और कई लोग ज़ख़्मी हुए हैं.

    इसराइली सेना का कहना है कि ख़ुफ़िया सूचना के आधार पर हिज़्बुल्लाह के शीर्ष कमांडर फौद शुक्र को निशाना बनाकर फाइटर जेट्स से हमला किया था.

    इसराइली अधिकारियों का कहना है कि शनिवार को इसराइली नियंत्रण वाले गोलान हाइट्स पर हुए हमले का फौद शुक्र ही ज़िम्मेदार था.

    शनिवार को हुए हमले में 12 लोगों की मौत हो गई थी. मरने वालों में ज्यादातर बच्चे थे. हिज़्बुल्लाह ने हमले से इनकार किया था.

    लेबनान के प्रधानमंत्री ने नजीब मिकाती ने इसराइल के इस आक्रमकता की निंदा की है.

    उन्होंने कहा है कि यह अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का स्पष्ट तौर उल्लंघन है और इसे अपराधिक कृत्य क़रार दिया है.

    हमलों के बाद इसराइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि हिज़्बुल्लाह ने हदें पर कर दी हैं.

    अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमलों में फौद शुक्र की मौत हुई है या नहीं. बेरूत में सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि हमले के वक़्त फौद शुक्र इमारत में मौजूद नहीं था.

    इसको लेकर हिज़्बुल्लाह की ओर से अभी कोई बयान नहीं जारी किया गया है.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    30 जुलाई की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.