You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ ने जोकोविच को हराकर जीता विंबलडन का ख़िताब

इस मुक़ाबले में जीत हासिल करने की कोशिश में तीन चैम्पियनशिप अंक गंवाने के बाद अल्काराज़ ने तीसरे सेट के टाई ब्रेकर में जीत हासिल कर ली.

सारांश

  • राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने केपी शर्मा ओली को नेपाल का प्रधानमंत्री नियुक्त किया.
  • पेंसिल्वेनिया में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रैली में गोलीबारी, ट्रंप बोले- उनके दाएं कान पर गोली लगी.
  • एफ़बीआई के मुताबिक़, डोनाल्ड ट्रंप को मारने की कोशिश करने वाला शख़्स 20 वर्षीय थॉमस मैथ्यू क्रुक्स है जो पेंसिल्वेनिया का ही रहने वाला है.
  • पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा है कि वो अपने ‘दोस्त और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले से चिंतित हैं.’
  • लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

लाइव कवरेज

  1. एफ़बीआई बोली- पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या का प्रयास किया गया

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर पेंसिल्वेनिया की एक रैली में गोली चलने के बाद पुलिस और एफ़बीआई की ओर से आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज़्यादा जानकारी दी गई.

    एफ़बीआई के फ़ील्ड ऑफ़िसर केविन रोजेक ने पुष्टि करके हुए कहा था कि इस घटना को जानलेवा हमले की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

    उन्होंने कहा, “आज शाम हमारे पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप की हत्या का प्रयास किया गया.”

    वहीं, पुलिस ने बताया है कि एक शूटर की पहचान ‘कमोबेश’ कर ली गई है.

    पुलिस ने कहा है कि वो अगले कुछ घंटों में संदिग्ध शूटर का नाम जारी कर सकती है.

    पुलिस ने बताया कि गोली चलने की घटना में एक पुरुष की मौत हो गई और दो अन्य घायल हैं.

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के लोग नहीं थे. एफ़बीआई के स्पेशल एजेंट केविन रोजेक ने कहा कि सीक्रेट सर्विस के लोग इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं आ पाए हैं.

  2. ट्रंप ने नहीं बदला प्लान, इस सम्मेलन में होने जा रहे शामिल

    पेंसिल्वेनिया की एक चुनावी रैली में कान पर गोली लगने के बाद बाल-बाल बचे अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. बीबीसी के अमेरिका में न्यूज़ पार्टनर सीबीएस न्यूज़ को दो सूत्रों ने इसके बारे में बताया है.

    ये अभी तक साफ़ नहीं है कि ट्रंप कहां गए हैं, लेकिन चुनावी रैली के बाद उनकी योजना न्यू जर्सी में अपने घर जाने की थी.

    इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति की योजना रविवार को विस्कॉन्सिन के मिलवौकी में होने वाले रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन में भी जाने की थी.

    उनके चुनावी अभियान ने पुष्टि की है कि वो योजना के अनुसार, मिलवौकी जाएंगे.

    उनको कन्वेंशन में रिपब्लिकन पार्टी का राष्ट्रपति पद के लिए आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया जाना है.

    सोमवार से शुरू हो रहे इस कन्वेंशन में ट्रंप की योजना अपने उप-राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को चुनने की भी है.

    ट्रंप के चुनावी अभियान कार्यालय ने बताया है कि ट्रंप ‘बेहतर महसूस कर रहे हैं’ और हमले के बाद ‘क़ानूनी एजेंसियों और इस पर पहली प्रतिक्रिया देने वालों के शुक्रगुज़ार हैं.’

  3. राहुल गांधी बोले- ‘पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के प्रयास से बहुत चिंतित हूं’

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक चुनावी रैली में गोलीबारी की घटना में घायल हुए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

    उन्होंने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर लिखा, “मैं पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के प्रयास से बहुत चिंतित हूं. इस तरह की हरकतों की कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए. उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”

    पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान कई बारी गोलियों की आवाज़ सुनी गई जिसके बाद डोनाल्ड ट्रंप को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया.

    इस घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने बयान जारी कर बताया है कि गोली उनके दाएं कान के ऊपरी हिस्से को छेदते हुए निकली है.

  4. पीएम मोदी बोले- ‘मेरे दोस्त डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले से बेहद चिंतित हूं’

    अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक रैली के दौरान गोलीबारी की भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निंदा की है.

    पीएम मोदी ने कहा है कि वो ‘पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले से चिंतित हैं.’

    उन्होंने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर लिखा, “मेरे दोस्त और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले से बेहदचिंतित हूं. घटना की कड़ी निंदा करता हूं."

    "राजनीति और लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है. उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. हमारी प्रार्थनाएं मृतकों के परिवार, घायलों और सभी अमेरिकी लोगों के साथ हैं.”

  5. ट्रंप की रैली पर गोलियां चलाने वाले हमलावर के बारे में सीक्रेट सर्विस ने क्या बताया

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक चुनावी रैली में गोलीबारी पर सीक्रेट सर्विस ने एक बयान जारी किया है.

    इस बयान में बताया गया है कि हमलावर ने "रैली की जगह से बाहर एक ऊंची जगह से" मंच की ओर कई राउंड फ़ायर किए.

    बयान में कहा गया है कि उन्होंने (संदिग्ध हमलावर) दर्शकों में से एक व्यक्ति को मार दिया और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. एजेंटों ने हमलावर को घटनास्थल पर ही मार दिया.

    पूरा बयान कुछ इस तरह से जारी किया गया है.

    “पेंसिल्वेनिया के बटलर में पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप की चुनावी अभियान रैली के दौरान, 13 जुलाई की शाम लगभग 6:15 बजे, एक संदिग्ध शूटर ने रैली की जगह से बाहर एक ऊंची जगह से से मंच की ओर कई गोलियां चलाईं.”

    “अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के कर्मियों ने हमलावर को नाकाम कर दिया है जो अब मारा जा चुका है. यूएस सीक्रेट सर्विस ने सुरक्षात्मक उपायों के साथ तुरंत प्रतिक्रिया दी और पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित हैं.”

    “एक दर्शक की मौत हो गई, और दो दर्शक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. फ़िलहाल इस घटना की जांच की जा रही है, और सीक्रेट सर्विस ने एफ़बीआई को सूचित कर दिया है.”

  6. ट्रंप ने रैली में गोलियां चलने पर दी प्रतिक्रिया, कान से ख़ून निकलने पर भी बोले

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पेंसिल्वेनिया की अपनी रैली में गोलीबारी की घटना के बाद कहा है कि उनके दाएं कान के ऊपरी हिस्से पर गोली लगने से वो घायल हुए हैं.

    पूर्व राष्ट्रपति ने अपने ट्रूथ सोशल अकाउंट पर कहा, “एक सरसराहट की आवाज़, और गोलियों की आवाज़ सुनकर मैं तुरंत समझ गया था कि कुछ ग़लत हुआ है और तुरंत गोली मेरी त्वचा को छूकर निकल गई.”

    “बहुत सारा ख़ून निकल गया था तो मुझे एहसास हुआ कि क्या कुछ हो रहा है.”

    इस घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए पूर्व राष्ट्रपति ने सीक्रेट सर्विस और दूसरी क़ानूनी एजेंसियों का शुक्रिया कहा है.

    उन्होंने पोस्ट में लिखा, “सबसे ख़ास बात यह है कि मैं रैली में मारे गए व्यक्ति के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं और बुरी तरह घायल हुए एक अन्य व्यक्ति के परिवार के प्रति भी संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं.”

    उन्होंने कहा, “यह अविश्वसनीय है कि हमारे देश में इस तरह की हरकतें हो सकती हैं. शूटर के बारे में इस समय कुछ भी पता नहीं है, जो अब मर चुका है.

    उन्होंने अपनी पोस्ट के आख़िर में लिखा, "गॉड ब्लेस अमेरिका!"

  7. नमस्कार!

    बीबीसी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. 13 जुलाई के लाइव को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.