You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ ने जोकोविच को हराकर जीता विंबलडन का ख़िताब

इस मुक़ाबले में जीत हासिल करने की कोशिश में तीन चैम्पियनशिप अंक गंवाने के बाद अल्काराज़ ने तीसरे सेट के टाई ब्रेकर में जीत हासिल कर ली.

सारांश

  • राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने केपी शर्मा ओली को नेपाल का प्रधानमंत्री नियुक्त किया.
  • पेंसिल्वेनिया में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रैली में गोलीबारी, ट्रंप बोले- उनके दाएं कान पर गोली लगी.
  • एफ़बीआई के मुताबिक़, डोनाल्ड ट्रंप को मारने की कोशिश करने वाला शख़्स 20 वर्षीय थॉमस मैथ्यू क्रुक्स है जो पेंसिल्वेनिया का ही रहने वाला है.
  • पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा है कि वो अपने ‘दोस्त और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले से चिंतित हैं.’
  • लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

लाइव कवरेज

  1. स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ ने जोकोविच को हराकर जीता विंबलडन का ख़िताब

    स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ ने एक रोमांचक फ़ाइनल में नोवाक जोकोविच को हराकर विंबलडन में अपना पुरुष एकल ख़िताब बरक़रार रखा है.

    जोकोविच इस मैच में दमदार स्पेनिश खिलाड़ी के सामने असहाय नज़र आ रहे थे.

    पिछले साल की तरह यह मुक़ाबला पाँच सेटों के रोमांचक मुक़ाबले जैसा नहीं था.

    इस मुक़ाबले में जीत हासिल करने की कोशिश में तीन चैम्पियनशिप अंक गंवाने के बाद अल्काराज़ ने तीसरे सेट के टाई ब्रेकर में 6-2, 6-2. 7-6 (7-4) से जीत हासिल कर ली.

    सर्बिया के जोकोविच लगातार दूसरे साल रोजर फेडरर के आठ विंबलडन ख़िताब के रिकार्ड की बराबरी करने के लिए कोर्ट में उतरे थे.

  2. डोनाल्ड ट्रंप पर हमले के बाद पत्नी मेलानिया ने क्या कहा?

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ने कहा है कि प्यार, अलग-अलग विचारधारा, नीति और राजनीति से ऊपर है.

    शनिवार को पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक रैली में डोनाल्ड ट्रंप पर हुए जानलेवा हमले के बाद उनकी पत्नी मेलानिया ने एक बयान जारी कर देशवासियों से एकजुट रहने की अपील की है.

    अब से थोड़ी देर पहले मेलानिया ने ट्रंप के एक्स हैंडल पर दो पन्नों का एक बयान पोस्ट किया जिसमें उन्होंन लिखा, "जब मैंने देखा कि एक गोली मेरे पति डोनाल्ड ट्रंप को लगी, तो मुझे अहसास हुआ कि मेरी ज़िंदगी, हमारी ज़िंदगी एक बड़े बदलाव के मोड़ पर है."

    उन्होंने लिखा, "मैं सीक्रेट सर्विस एजेंटों और लॉ एनफोर्समेन्ट अधिकारियों की शुक्रगुज़ार हूँ जिन्होंने अपनी जान जोख़िम में डालकर मेरे पति की जान बचाई है. इस घृणित कृत्य के कारण जो मासूम लोग हताहत हुए हैं मेरी संवेदना उनके परिवारों के साथ है."

    "हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि अलग-अलग विचारधारा, नीति और राजनीति क्यों न हो, ये सब प्यार से बढ़कर नहीं है."

    "हमें ये याद रखना चाहिए कि किसी दिन जब हम वामपंथ या दक्षिणपंथ, या लाल या नीले से हटकर देखेंगे तो हम सभी ऐसे परिवारों से आए हैं जिनमें एक बेहतर ज़िंदगी के लिए लड़ने का जूनून है."

  3. भारत ने पाँचवें टी 20 में ज़िम्बाब्वे को 42 रनों से हराकर 4-1 से जीती सिरीज़

    हरारे में खेले गए पाँचवें टी20 क्रिकेट मैच में भारत ने ज़िम्बाब्वे को 42 रनों से हरा दिया है. इस तरह भारत ने 5 मैचों की सिरीज़ पर 4-1 से कब्ज़ा कर लिया है.

    रविवार को खेले गए अंतिम मैच में भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 167 रन बनाए थे.

    भारत की पारी में सबसे ज़्यादा 58 रन संजू सैमसन ने बनाए थे.

    जवाब में बल्लेबाज़ी करने उतरी ज़िम्बाब्वे की पूरी टीम 125 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.

  4. आख़िरकार खुल गया पुरी के जगन्नाथ मंदिर के 'रत्न भंडार' का दरवाज़ा, संदीप साहू, वरिष्ठ पत्रकार, भुवनेश्वर से

    पूरे 46 साल के बाद आज आख़िरकार पूरी के विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मन्दिर के रत्न भंडार में रखे गए बहुमूल्य रत्न अलंकारों की गिनती की प्रक्रिया शुरू हुई.

    पूर्व निर्धारित शुभ मुहूर्त के अनुसार आज दोपहर ठीक एक बजकर 28 मिनिट पर एक 11 सदस्यीय टीम रत्न भंडार के अंदर गई.

    इस टीम में अलंकारों की गिनती के लिए जस्टिस विश्वनाथ रथ की अध्यक्षता में राज्य सरकार द्वारा बनाई गई कमिटी के दो सदस्य, जिला, मंदिर प्रशासन और सेवायतों के प्रतिनिधियों के अलावा राष्ट्रीय प्रत्नतात्विक सर्वेक्षण यानी आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ए एस आई) के सदस्य थे.

    शाम को बाहर आने के बाद श्री जगन्नाथ मंदिर के मुख्य प्रशासक डॉ अरविंद पाढ़ी ने पत्रकारों को बताया कि आज केवल बाहरी रत्न भंडार में जमा आभूषणों को मंदिर के अंदर बने अस्थायी स्ट्रॉन्ग रूम में स्थानांतरित किया गया और उसे सील कर चाबी जिला प्रशासन को हस्तांतरित कर दिया गया.

    उन्होंने कहा, "हमने जिला ट्रेजरी में रखे गए चाबी से भीतर रत्न भंडार में लगे तीन तालों को खोलने की कोशिश की, लेकिन वे खुले नहीं. इसलिए राज्य सरकार द्वारा हमें दिए गए एस ओ पी के अनुसार हमने ताले तोड़े और अंदर प्रवेश किया."

    "अंदर हमने कई संदूकें और अलमारियां देखे, लेकिन उन्हें खोला नहीं क्योंकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और आज सारे आभूषणों को स्थानांतरण करना संभव नहीं था. कल महाप्रभु का "बाहुड़ा (वापसी) यात्रा" है, जिसे सफल रूप से संपन्न करने के लिए जिला और मंदिर प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है. इसलिए हम राज्य सरकार के साथ विचार विमर्श के बाद भीतर रत्न भंडार खोलने और वहां से सारे आभूषणों को अस्थायी स्ट्रॉन्ग रूम में स्थानांतरण के लिए एक और दिन या करेंगे."

    भीतरी रत्न भंडार से सारे आभूषणों को स्थानांतरित करने के बाद उसकी मरम्मत की जाएगी. ग़ौरतलब है की एएसआई ने 2018 में ही यह स्पष्ट कर दिया था कि रत्न भंडार की स्थिति बहुत ही नाजुक है.

    एएसआई का कहना था कि कई जगह पानी रिस रहा है और दीवारों पर छाले पड़ गए हैं, इसलिए उसकी मरम्मत की ज़रूरत है वर्ना रत्न भंडार ढह सकता है.

    2018 में राज्य सरकार ने रत्न भंडार का जायज़ा लेने के लिए एक टीम बनाई थी, लेकिन कमिटी अंदर नहीं जा पाई थी क्योंकि जिस चाबी के साथ टीम अंदर गई थी उससे रत्न भंडार में लगे ताले खुले नहीं.

    पाढ़ी ने बताया कि ए एस आई द्वारा भीतरी रत्न भंडार के बाद ही अस्थायी स्ट्रांग रूम में रखे गए आभूषणों को दोबारा अंदर लाया जाएगा और फिर उनकी गिनती होगी.

    आख़िरी बार 1978 में रत्न भंडार की इन्वेंटरी बनाई गई थी. उस समय यह प्रक्रिया पूरे 70 दिन चली थी लेकिन फिर भी पूरी तरह से संपन्न नहीं हो पाई थी क्योंकि गिनती के लिए बाहर से बुलाए गए अलंकार विशेषज्ञ भी रत्न भंडार में रखे गए कई आभूषणों का सही आकलन नहीं कर पाए थे.

    माना जाता है कि रत्न भंडार में हीरे, मोती, स्वर्ण और अन्य कई बहुमूल्य रत्न से बने बेशुमार आभूषण हैं जिनके मूल्य सैकड़ों करोड़ में है.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रंप पर हमला करने वाले थॉमस मैथ्यू क्रुक्स के बारे में और जानकारी आई सामने

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति और इस साल राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल डोनाल्ड ट्रंप पर हमला करने वाले थॉमस मैथ्यू क्रुक्स के बारे में और जानकारी सामने आई है.

    अमेरीका में बीबीसी की सहयोगी सीबीएस न्यूज़ ने 20 साल के थॉमस की तस्वीर भी साझा की है.

    ये तस्वीर उनके स्कूल के ईयरबुक से ली गई है.

    क्रुक्स पेंसिल्वेनिया में रैली की जगह से एक घंटे की दूरी पर स्थित बेथेल पार्क के रहने वाले थे.

    इससे पहले बेथेल पार्क हाई स्कूल ने पुष्टि की थी कि थॉमस क्रुक्स ने 2022 में वहां से पढ़ाई पूरी की थी.

    थॉमस क्रुक्स को सुरक्षाकर्मियों ने घटनास्थल पर ही गोली मार दी थी, उनकी मौत हो गई है.

    बेथेल पार्क में मौजूद बीबीसी संवाददाता बर्न्ड डेबुस्समान जूनियर ने कहा है कि सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने थॉमस के घर की तरफ जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया है और जांच कर रही है.

    बीबीसी को मिली जानकारी के मुताबिक़ थॉमस क्रुक्स अपने घर के पास एक स्थानीय नर्सिंग होम के किचन में काम करते थे.

    घटनास्थल से उनके पास से सुरक्षाकर्मियों को कोई पहचान पत्र नहीं मिला था. इसलिए उनकी पहचान के लिए डीएनए टेस्ट किया गया था.

    फिलहाल एफ़बीआई हमले के कारणों के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है.

  6. आरएसएस ने अपने 100 साल पूरे होने से पहले रखा ये लक्ष्य

    झारखंड के रांची में आयोजित राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक की बैठक रविवार को समाप्त हुई.

    बैठक में साल 2025 तक यानी आरएसएस के 100 साल पूरे होने तक देश में संघ कार्यालय के विस्तार की योजना बनाई गई है.

    आरएसएस के प्रमुख प्रचारक सुनील आंबेकर ने बताया कि विजयदशमी 2025 (100 साल पूरे होने पर) तक आरएसएस ने देश में संघ कार्य को ग्रामीण क्षेत्रों में सभी मंडल और शहरी क्षेत्रों में सभी बस्तियों में दैनिक शाखा के विस्तार का लक्ष्य रखा है.

    मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "लोकतंत्र में लोक सबसे ऊपर है. सभी दल अपनी-अपनी बात लेकर जाते हैं और जनता ने उसपर अपन निर्णय दिया है. उसका सभी को सम्मान करना चाहिए."

    "मतदान धोखे से, जबरन या लालच से नहीं होना चाहिए. इसे रोकने के लिए क़ानून हैं जिनका सभी को पालन करना चाहिए."

    एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "आपातकाल लगाना ग़लत था, लोकतंत्र में ऐसी बातें नही होनी चाहिए."

    आरएसएस के प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक़ मार्च 2024 तक देश में 58981 मंडलों में से 36823 मंडल में आरएसएस के प्रत्यक्ष दैनिक शाखा हैं.

    वहीं शहरी क्षेत्रों में 23649 बस्तियों में से 14645 बस्तियों में संघ कार्यालय हैं. बाकी बस्तियों में साप्ताहिक या मासिक संपर्क हैं.

  7. डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमला करने वाले थॉमस मैथ्यू क्रुक्स कौन हैं?

    पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक रैली के दौरान अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमला हुआ.

    इस घटना में ट्रंप बाल-बाल बच गए. ट्रंप के रैली में भाषण देते वक्त उन पर एक व्यक्ति ने गोली चलाई थी, लेकिन गोली उनके दाहिने कान के ऊपरी हिस्से को छूते हुए निकल गई.

    सीक्रेट सर्विस के सुरक्षाकर्मियों ने ट्रंप को मंच से वापस उतारा.

    एफबीआई ने ट्रंप पर जानलेवा हमला करने वाले व्यक्ति की पहचान थॉमस मैथ्यू क्रुक्स के तौर पर की है.

    पूर्व राष्ट्रपति पर हमला करने के कुछ देर बाद ही सीक्रेट सर्विस ने क्रुक्स को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई.

    क्रुक्स पेंसिल्वेनिया में रैली की जगह से एक घंटे की दूरी पर स्थित बेथेल पार्क के रहने वाले थे. राज्य मतदाता रिकॉर्ड के अनुसार, वह एक पंजीकृत रिपब्लिकन थे.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, जब क्रुक्स 17 वर्ष के थे, उन्होंने एक्टब्लू को 15 डॉलर का दान दिए थे. एक्टब्लू एक राजनीतिक एक्शन कमिटी है जो कि वामपंथी और डेमोक्रेटिक राजनेताओं के लिए फंड जुटाती है.

    पिट्सबर्ग ट्रिब्यून-रिव्यू के मुताबिक़ क्रुक्स ने 2022 में बेथल पार्क हाई स्कूल से पढ़ाई पूरी की.

    इसके अलावा उन्हें नेशनल मैथ और साइंस इनीशिएटिव से 500 डॉलर का स्टार अवॉर्ड भी मिल चुका था.

    हमलावर के 53 वर्षीय पिता मैथ्यू क्रूक्स ने समाचार चैनल सीएनन को बताया, वो यह पता करने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या हुआ था. उनका कहना है कि वो एजेंसियों से बात करने के बाद ही कुछ बताना चाहेंगे.

    वहीं क़ानूनी एजेंसियों ने बताया कि क्रुक्स शूटिंग वाली जगह पर बिना किसी पहचान पत्र के ही गए थे. उनकी शिनाख़्त भी दूसरे तरीकों से की गई.

    हालांकि अभी तक इस हमले के पीछे के मकसद का पता भी नहीं चल पाया है पर अधिकारी इसे हत्या का प्रयास ही बता रहे हैं.

  8. उत्तर प्रदेश: मुहर्रम को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में आयोजित बीजेपी की वर्किंग कमेटी की मीटिंग में मुहर्रम को लेकर बयान दिया है.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "याद कीजिए इसी मुहर्रम के समय में सड़कें खाली हो जाती थीं, सड़कें सूनी हो जाती थीं. इस बार मुहर्रम आयोजित हो रहा है इसका पता भी नहीं लग रहा है."

    उन्होंने कहा, "ताज़िया के नाम पर घर तोड़े जाते थे, पीपल के पेड़ काटे जाते थे, सड़कों के तार हटाए जाते थे और पुल तोड़ दिए जाते थे. अब कहा जाता है किसी गरीब की झोपड़ी नहीं हटेगी."

    उन्होंने कहा, "अब कहा जाता है कि सरकार नियम बनाएगी, पर्व और त्योहार मनाना है तो इन नियमों के अंतर्गत मनाओ और नहीं तो अपने घर में बैठ जाओ. ये मनमानापन नहीं चल सकता है."

  9. ओवरसाइट कमेटी ने किया सीक्रेट सर्विस की निदेशक किंबर्ली चीटल को समन

    अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (यूएस हाउस ऑफ रिप्रज़ेंटेटिव) की मुख्य जांच एजेंसी ओवरसाइट कमेटी ने सीक्रेट सर्विस की निदेशक किंबर्ली चीटल को समन किया है.

    ओवरसाइट एजेंसी ने 22 जुलाई को होने वाली सुनवाई में किंबर्ली चीटल को गवाही देने के लिए समन जारी किया है.

    सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में ओवरसाइट कमेटी के पैनल ने कहा, "ट्रंप पर हुए जानलेवा हमले पर जवाब की मांग कर रहे हैं."

    इससे पहले एक न्यूज़ कॉन्फ्रेंस में एफ़बीआई के स्पेशल एजेंट केविन रोजेक ने कहा, "यह हैरानी भरा है कि सीक्रेट सर्विस के हाथों मारे जाने से पहले कैसे कोई हमलावर खुलेआम स्टेज पर गोली चलाने में कामयाब रहा?"

    हालांकि जब उनसे यह पूछा गया कि क्या सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई थी उन्होंने कहा, "बिना सही जांच के वे इस पर कोई भी आकलन पेश नहीं कर सकते."

    न्यूज़ कॉन्फ्रेंस के दौरान सीक्रेट सर्विस मौजूद नहीं थी. वहीं एफबीआई ट्रंप पर हुए जानलेवा हमले की जांच कर रही है.

    लेकिन फिलहाल सीक्रेट सर्विस पर ही सबसे ज़्यादा उंगलियां उठ रही हैं.

    सीक्रेट सर्विस को लेकर कहा जा रहा है, उनका केवल एक ही काम है अमेरिका के वर्तमान और पूर्व राष्ट्रपतियों की सुरक्षा करना और कल रात वे इसमें बुरी तरह विफल रहे.

    ट्रंप पर हुए हमले से लगभग 43 साल पहले तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन की हत्या का प्रयास भी किया गया था. उस वक्त रीगन के फेफड़े में गोली लगी थी लेकिन वे बच गए.

    आज अमेरिकी राजनेता और जनता यह जानना चाह रही है कि एक संभावित हत्यारा राइफल से लैस होकर छत पर कैसे चढ़ गया और कैसे उसने मंच की तरफ़ चार गोलियां दाग दीं.

    पहले से चल रही जांच में एफबीआई, सीक्रेट सर्विस और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग शामिल हैं.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, केपी शर्मा ओली होंगे नेपाल के नए प्रधानमंत्री

    सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली को चौथी बार नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किया गया है.

    उनके प्रेस सलाहकार ने बीबीसी नेपाली सेवा को बताया कि ओली को रविवार की शाम राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने प्रधानमंत्री नियुक्त किया.

    राष्ट्रपति कार्यालय का कहना है कि नए प्रधानमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार सुबह 11 बजे होगा.

    केपी शर्मा ओली 12 अक्टूबर 2015 को पहली बार नेपाल के प्रधानमंत्री बने थे.

    दो दिन पहले ही केपी ओली ने सबसे बड़ी नेपाली कांग्रेस पार्टी के समर्थन से बहुमत के दावे के साथ सरकार बनाने का दावा पेश किया था.

    केपी शर्मा ओली 2015 में 10 महीने, 2018 में 40 महीने और 2021 में 3 महीने प्रधानमंत्री रहे. अब तक वो कुल साढ़े चार साल तक प्रधानमंत्री पद पर रहे हैं.

    कैसे गिरी 'प्रचंड' की सरकार?

    इससे पहले यहां राजनीतिक समीकरण बदलने से मौजूदा प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल प्रचंड की कुर्सी ख़तरे में पड़ गई थी.

    प्रचंड की सरकार केपी शर्मा ओली की पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ नेपाल एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी (सीपीएन-यूएमएल) के समर्थन से चल रही थी.

    लेकिन कम्युनिस्ट पार्टी ने प्रचंड की सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया, और नेपाली कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लिया. इससे प्रचंड सरकार के पास ज़रूरी बहुमत नहीं रहा.

    बीते दिनों प्रचंड ने प्रतिनिधि सभा में विश्वास हासिल करने की कोशिश की, लेकिन इनमें नाकाम रहने के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया.

    लेकिन कम्युनिस्ट पार्टी और नेपाली कांग्रेस- एक-दूसरे के विरोधी रहे हैं, ऐसे में इस गठबंधन पर सभी की नज़र है.

  11. डोनाल्ड ट्रंप की रैली में हमला: कब, क्या हुआ?

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक रैली को संबोधित कर रहे थे.

    उसी वक्त उनकी हत्या की कोशिश हुई और उन पर एक बंदूकधारी ने गोली चलाई.

    इस घटना में ट्रंप को मामूली चोटें आई हैं लेकिन रैली में आए एक शख़्स की मौत हो गई है और दो घायल हैं. वहीं सीक्रेट सर्विसेस के अधिकारियों ने हमलावर को गोली मार दी है.

    ऐसे में यह जान लेते हैं कि इस दौरान कब, क्या हुआ.

    शाम 5 बजे: ट्रंप को रैली को संबोधित करना था.

    शाम 6 बजकर 3 मिनट: ट्रंप ली हेज़लवुड के गीत 'गॉड ब्लेस द यूएसए' के साथ स्टेज़ पर पहुंचे.

    शाम 6 बजकर 11 मिनट: ट्रंप का चुनावी भाषण शुरू होने के कुछ देर बाद गोली चली.

    शाम 6 बजकर 12 मिनट:गोली चलते ही सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने पूर्व राष्ट्रपति को घेर लिया और उनको सुरक्षित मंच से उतार लिया. इस दौरान ट्रंप के कान के पास और उनके चेहरे पर खून लगा हुआ देखा गया.

    शाम 6 बजकर 14 मिनट: ट्रंप का काफ़िला रैली स्थल से रवाना हो गया.

    शाम 6 बजकर 42 मिनट: सीक्रेट सर्विस ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि ट्रंप सुरक्षित हैं और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है.

    शाम 7 बजकर 3 मिनट: ट्रंप के चुनावी अभियान के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि ट्रंप की सुरक्षित हैं.

    शाम 7 बजकर 45 मिनट: कानूनी एजेंसियों ने यह पुष्टि की कि संदिग्ध व्यक्ति और रैली में आए एक दर्शक की मौत हुई है.

    शाम 8 बजकर 13 मिनट: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने हमले की निंदा की और कहा कि वे जल्द ही ट्रंप से फ़ोन पर बात करेंगे.

    शाम 8 बजकर 42 मिनट: ट्रंप ने घटना पर अपना पहला बयान जारी किया. उन्होंने बताया कि गोली उनके दाहिने कान के ऊपरी हिस्से में लगी थी.

    रात 9 बजकर 33 मिनट: अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसी एफ़बीआई पिट्सबर्ग ने बताया कि वो बतौर क़ानूनी एजेंसी इस पूरे मामले की जांच की अगुवाई करेगी.

  12. क्या राष्ट्रपति अभियान के तहत आगे रैलियां करते रहेंगे ट्रंप?

    डोनाल्ड ट्रंप के अभियान के एक वरिष्ठ सलाहकार ने सीक्रेट सर्विस की तैयारियों पर सवाल खड़े किये हैं.

    स्टीफन मूर का कहना है कि इस बात पर सवाल हैं कि सीक्रेट सर्विस कितनी तैयार थी?

    बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के कार्यक्रम 'वीकेंड' में बात करते हुए स्टीफन मूर ने ट्रंप के साथ हुई घटना को डरावना बताया. उन्होंने कहा, "इससे हम सब सदमे में हैं."

    मूर ने कहा, "मुझे अपने सहयोगी से यह संदेश मिला कि ट्रंप को गोली मार दी गई है. यह ख़बर सुनकर मेरा दिल बैठ गया. मैं यह पूछने से भी डर रहा था कि क्या वे ठीक हो जाएंगे."

    मूर ने ट्रंप पर हुए हमले को लेकर कहा, "वीडियो से ऐसा लग रहा था कि गोली केवल उन्हें छूकर निकली है. लेकिन डरावनी बात ये है कि अगर गोली एक इंच भी उनके सिर की तरफ़ लगती तो यह एक हत्या होती."

    मूर कहते हैं कि निश्चित रूप से ट्रंप को और भी ज़्यादा सुरक्षा की ज़रूरत है. अब इस बारे में बहुत पूछताछ हो रही है कि क्या सीक्रेट सर्विस पूरी तरह से तैयार थी.

    क्या आगे रैलियां करते रहेंगे ट्रंप?

    ब्रिटेन के सुधारवादी नेता और लंबे समय तक डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी रहे निजेल फ़राज से पूछा गया कि इस घटना का राष्ट्रपति पद की रेस पर क्या असर पड़ेगा?

    उन्होंने कहा, "ट्रंप बड़ी रैलियों के ज़रिये ही जीते हैं और सांस लेते हैं. कभी-कभी वे यह कहते भी हैं कि उनकी रैलियों में कभी 10 हज़ार की भीड़ आती है तो कभी 50 हज़ार लोग शामिल होते हैं."

    "यह वो ऊर्जा है जो लोगों में फ़ैलती है और इससे ट्रंप को वोट मिलता है."

    जब फ़राज से पूछा गया कि क्या ट्रंप आगे भी रैलियां करते रहेंगे? उन्होंने कहा, "जितना मैं जानता हूं, ट्रंप बिना किसी परवाह के आगे बढ़ते रहेंगे."

    इससे पहले फ़राज ने ट्रंप को लेकर बयान दिया था कि वे उनपर हुए हमले से चिंतित ज़रूर हैं लेकिन हैरान नहीं है.

  13. टी20: सिरीज़ के आख़िरी में ज़िम्बॉब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया

    टी20 सिरीज़ के पांचवें और आख़िरी मैच में ज़िम्बॉब्वे ने टॉस जीत कर गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    ज़िम्बॉब्वे के हरारे में खेले जा रहे टी20 सिरीज़ में भारतीय टीम ने तीन मैच जीतकर पहले ही सिरीज़ अपने नाम कर लिया है.

    ज़िम्बॉब्वे ने सिर्फ़ एक मैच जीता है.

    शनिवार को चौथे टी20 मैच में भारत ने ज़िम्बॉब्वे को 10 विकेट से हराकर मैच अपने नाम कर लिया था. इस मैच में भारत की ओर से सबसे ज़्यादा 93 रन यशस्वी जायसवाल ने बनाए थे.

    भारतीय टीम आखि़री मैच जीतती है तो वो इस सिरीज़ को 4-1 से अपने नाम कर लेगी.

  14. पुरी जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार को 46 साल बाद फिर से खोला गया

    ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार को 46 सालों बाद फिर से खोला गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अधिकारियों ने बताया, "पुरी में 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर के ख़जाने रत्न भंडार को क़ीमती सामानों की सूची और उनकी मरम्मत के लिए 46 साल बाद रविवार को फिर से खोला दिया गया."

    उन्होंने बताया कि इस उद्देश्य के लिए राज्य सरकार द्वारा गठित एक समिति के सदस्यों ने दोपहर 12 बजे के आसपास मंदिर में प्रवेश किया और अनुष्ठान करने के बाद ख़जाना को खोल दिया.

    राज्य में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान रत्न भंडार को फिर से खोलना एक प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बन गया था. बीजेपी ने इसे खोलने का वादा किया था.

  15. डोनाल्ड ट्रंप के परिवार ने हमले के बाद क्या प्रतिक्रिया दी?

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए पिता पर हुए हमले पर अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है.

    इवांका ने अपनी पोस्ट में लिखा, "आज पेंसिल्वेनिया के बटलर में हुई बेवजह हिंसा में मेरे पिता और अन्य पीड़ितों के लिए आपके प्यार और प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद."

    इवांका ने अपनी पोस्ट में लिखा, "मैं सीक्रेट सर्विस और अन्य सभी क़ानून प्रवर्तन अधिकारियों का उनके त्वरित ऐक्शन के लिए आभारी हूं."

    "मैं अपने देश के लिए लगातार प्रार्थना करती रहूंगी. मैं आपसे प्यार करती हूं पापा, आज और हमेशा."

    वहीं ट्रंप के बेटे, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने भी पिता पर हुए हमले को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के ज़रिए अपनी प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने अपने एक्स अकाउंट से हमले के बाद की एक तस्वीर साझा की. इस तस्वीर में ट्रंप के चेहरे पर ख़ून दिखाई दे रहा है और उनकी मुट्ठी हवा में है.

    जूनियर ने इसे कैप्शन देते हुए लिखा कि वे अमेरिका को बचाने के लिए लड़ना कभी बंद नहीं करेंगे.

    इसके अलावा ट्रंप की बेटी, टिफ़नी एरियाना ट्रंप ने भी अपने पिता के जीवित रहने के लिए भगवान को धन्यवाद दिया.

    टिफ़नी ने कहा, "राजनीतिक हिंसा कभी भी किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकती."

    "जैसा कि आपने आज देखा, मेरे पिता एक योद्धा हैं और वे आपके और अमेरिका के लिए लड़ते रहेंगे."

  16. डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले पर राष्ट्रपति बाइडन ने क्या कहा?

    राष्ट्रपति जो बाइडन ने डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश की निंदा की है.

    पेंसिल्वेनिया के बटलर में ट्रंप पर हुए हमले के बाद बाइडन ने सभी अमेरिकियों से एकजुट होकर इस तरह की हिंसा की निंदा करने की अपील की है.

    हमले के एक घंटे के अंदर जारी एक बयान में, बाइडन ने कहा, "हिंसा के लिए अमेरिका में कोई जगह नहीं है. हमें इसकी निंदा करने के लिए एक राष्ट्र के रूप में एकजुट होना चाहिए. यह बहुत ग़लत है."

    उन्होंने कहा, "हम ऐसा होने की इजाज़त नहीं दे सकते. हम इसे माफ़ नहीं कर सकते."

    बाइडन ने कहा कि, "यह सुनकर आभारी हूं कि वह (ट्रंप) सुरक्षित और स्वस्थ हैं. मैं उनके, उनके परिवार और रैली में मौजूद सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं. जिल (बाइडन की पत्नी) और मैं उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सीक्रेट सर्विस के भी आभारी हैं."

  17. भारत बना वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का विजेता, फ़ाइनल में पाकिस्तान को हराया

    वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स टूर्नामेंट के फ़ाइनल मुक़ाबले में इंडिया चैंपियन ने पाकिस्तान चैंपियन को पांच विकेट से हराकर ख़िताब अपने नाम कर लिया.

    शनिवार को फ़ाइनल मुक़ाबले में पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुक़सान पर 156 रनों का स्कोर खड़ा किया.

    लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने पांच विकेट खोकर 159 रन बनाए और जीत दर्ज़ की.

    भारत के लिए सबसे ज़्यादा रन अंबाती रायडू ने बनाए. रायडू ने 30 गेदों पर 50 रनों की पारी खेली.

    गुरकीरत सिंह मान ने 34 और यूसुफ़ पठान ने 30 रनों की पारी खेली. भारत की ओर से अनुरीत सिंह ने सबसे ज़्यादा तीन विकेट लिए.

    वहीं पाकिस्तान की ओर से आमेर यामीन 2 विकेट के साथ सबसे सफल बॉलर रहे. अंबाती रायडू को प्लेयर ऑफ़ द मैच और यूसुफ़ पठान को प्लेयर ऑफ़ द सिरीज़ चुना गया.

  18. लोकसभा में कांग्रेस ने इस सांसद को उपनेता नियुक्त किया

    कांग्रेस के नेता और असम की कलियाबोर सीट से सांसद गौरव गोगोई को लोकसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त किया है.

    कांग्रेस पार्टी के महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने अपने एक एक्स पोस्ट के ज़रिए इसकी जानकारी दी.

    वेणुगोपाल ने अपनी पोस्ट में लिखा, "कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के लिए उपनेता, मुख्य सचेतक (चीफ़ व्हिप) और दो सचेतकों (व्हिप) के बारे में सूचित किया है."

    केरल से सांसद कोडिकुन्निल सुरेश को चीफ़ व्हिप नियुक्त किया गया है.

    इसके अलावा मणिकम टैगोर बी और बिहार के किशनगंज के सांसद डॉ. एमडी जावेद को व्हिप नियुक्त किया गया है.

    वेणुगोपाल ने नए नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा, "सदन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की पार्टियां लोकसभा में लोगों के मुद्दे को पूरी ऊर्जा के साथ उठाएंगी."

  19. ट्रंप पर हमले के बाद सीक्रेट सर्विस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठ रहे सवाल, ब्रजेश उपाध्याय, बीबीसी न्यूज़ वॉशिंगटन

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पेंसिल्वेनिया की रैली में गोलीबारी की घटना के बाद अब सीक्रेट सर्विस पर भी उंगलियां उठ रही हैं.

    ट्रंप पर हुए इस हमले को सुरक्षा में हुई स्पष्ट चूक बताया जा रहा है. हालांकि पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप ने ख़ुद सीक्रेट सर्विस को गोलीबारी की घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए शुक्रिया कहा.

    लेकिन इसके बाद भी सीक्रेट सर्विस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किये जा रहे हैं. कुछ लोग इस घटना को सीक्रेट सर्विस की नाकामी भी बता रहे हैं.

    वहीं अमेरिकी संसद के स्पीकर माइक जॉनसन ने वादा किया है कि सदन घटना की पूरी जांच करेगा.

    स्पीकर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "अमेरिकी लोगों को सच्चाई जानने का पूरा हक़ है."

    "हम सीक्रेट सर्विस डायरेक्टर किम्बर्ली चीटल, डीएचएस और एफ़बीआई के दूसरे अधिकारियों को जल्द से जल्द हमारी समितियों के सामने सुनवाई के लिए पेश करेंगे."

    वहीं एक प्रवक्ता ने द हिल को बताया कि सीक्रेट सर्विस ने हमले के बारे में सदन की निगरानी समिति को जानकारी देने पर सहमति जताई है.

    रिटायर्ड सीक्रेट सर्विस सुपरवाइज़र बॉबी मैकडोनाल्ड ने रॉयटर्स को बताया कि, "ट्रंप के साथ हमेशा मज़बूत सुरक्षा व्यवस्था रहती है, लेकिन हो सकता है कि उन्हें सभी उपलब्ध संसाधनों तक पहुंच न हो."

    उनका मानना ​​है कि घटना के कुछ पहलुओं की जांच की जाएगी.

    बॉबी ने आगे कहा कि, "सीक्रेट सर्विस अब देखेगी कि क्या हुआ और कैसे वे फिर से अपने सुरक्षात्मक तरीक़ों को और बेहतर बना सकते हैं ताकि यह तय किया जा सके कि भविष्य में ऐसी घटनाएं ना हों."

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, डोनाल्ड ट्रंप पर गोली चलाने वाले हमलावर की पहचान एफ़बीआई ने सार्वजनिक की

    अमेरिका की संघीय जांच ब्यूरो (एफ़बीआई) के मुताबिक़, डोनाल्ड ट्रंप को मारने की कोशिश करने वाला शख्स 20 वर्षीय थॉमस मैथ्यू क्रुक्स है.

    एफ़बीआई का कहना है कि उसकी पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए और बायोमेट्रिक्स टेस्ट कराया जाएगा.

    एफ़बीआई का कहना है कि क्रुक्स पेंसिल्वेनिया के बेथेल पार्क का रहने वाला था. यह उस जगह से 70 किलोमीटर दूर है जहां ट्रंप की हत्या करने की कोशिश की गई है.

    एफ़बीआई के बयान में कहा गया है, "अभी जांच चल रही है, जिस किसी के पास भी जांच से संबंधित कोई जानकारी है जो जांच में सहायता कर सकती है वो उसकी तस्वीरें या वीडियो ऑनलाइन सबमिट कर सकता है."