अब्बास अराग़ची बोले- अमेरिका के साथ समझौता बहुत करीब, पाकिस्तानी पीएम क्या बोले

मेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर अब्बास अराग़ची के बयान का स्क्रीनशॉट शेयर किया.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • ट्रंप
  • अमेरिका-चीन की द्विपक्षीय बैठक
  • ट्रंप
  • सुष्मिता देव
  • अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री से इस्तीफ़े की मांग की
  • यूक्रेनी स्टूडेंट
  • फ़िलीपींस में भूकंप

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, अरशद मिसाल

  1. अमेरिकी हमले में भारतीय नाविकों की मौत पर कांग्रेस ने उठाए ये सवाल

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (सांकेतिक तस्वीर)

    ओमान कोस्ट के पास अमेरिका के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत पर कांग्रेस पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

    एक बयान में कांग्रेस ने कहा, "भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ओमान के तट पर तीन भारतीय नाविकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करती है. हम उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़े हैं.''

    कांग्रेस ने आगे कहा, ''अमेरिका की उन लापरवाह सैन्य कार्रवाइयों की भी कड़ी निंदा करते हैं, जिन्होंने इस क्षेत्र में आम नागरिकों के जहाज़ों और समुद्री कर्मियों की सुरक्षा को ख़तरे में डाल दिया है. प्रधानमंत्री ने बार-बार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को एक कूटनीतिक उपलब्धि के तौर पर पेश किया है.''

    ''वे अपनी ज़िम्मेदारी से तब पीछे नहीं हट सकते जब वही संबंध भारतीयों की जान और हितों की रक्षा करने में नाकाम साबित हों.''

    बुधवार यानी 10 जून को एमटी सेटेबेलो जहाज़ पर हमला हुआ था, इसमें 24 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार थे. इस हमले में तीन भारतीय नाविक मारे गए. बाकी 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया.

    अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बीते चार दिनों में भारतीय क्रू मेंबर्स वाले कम से कम तीन जहाज़ों पर हमला हुआ है.

    8 जून को एमटी मारिवेक्स जहाज़ पर हमला हुआ था, जिसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे. हालांकि, बाद में इन्हें सुरक्षित बचा लिया गया. ओमान स्थित भारत के दूतावास ने इसकी पुष्टि की थी.

    एमटी जलवीर जहाज़ पर 11 जून को हमला होने की सूचना सामने आई. इस पर 20 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे. हालांकि हमले में कोई घायल नहीं हुआ है.

  2. अमेरिकी हमले में भारतीय नाविकों की मौत पर असदुद्दीन ओवैसी ने की ये टिप्पणी

    असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय नाविकों के मारे जाने पर हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    हैदराबाद से लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों के मारे जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    ओवैसी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर क्षेत्र को अस्थिर करने और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग को ख़तरे में डालने का आरोप लगाया है.

    इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए ओवैसी ने कहा, “ट्रंप बेकाबू हो गए हैं. उनकी वजह से पूरी दुनिया परेशान है. मैं जहाज़ पर हुए हमले की निंदा करता हूँ. क्या सेंटकॉम को यह नहीं पता कि वहाँ कितने जहाज़ चल रहे हैं? पूरे इलाक़े में उथल-पुथल है.वे हमारे जहाज़ों पर हमला कर रहे हैं. ज़रा सोचिए, हमारे कितने लोग मारे जा रहे हैं.”

    एमटी सेटेबेलो जहाज़ पर बुधवार यानी 10 जून को हमला हुआ, इसमें भी 24 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार थे. इस हमले में तीन भारतीय नाविक मारे गए. बाकी 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया था.

    इसके साथ ही खाड़ी क्षेत्र में गुरुवार 11 जून को एमटी जलवीर पर हमला हुआ है. इस जहाज़ पर 20 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे.

    इससे पहले एमटी मेरीवेक्स जहाज़ पर सोमवार, 8 जून को हमला हुआ था, जिसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे.

  3. अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत को लेकर ईरान ने की ये मांग

    सेटेबेलो जहाज़

    इमेज स्रोत, @FSUIINDIA

    इमेज कैप्शन, सेटेबेलो जहाज़ पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविक मारे गए

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने खाड़ी क्षेत्र में भारत के कमर्शियल जहाज़ों पर हुए हमले को लेकर अमेरिका पर निशाना साधा है.

    एक सोशल मीडिया पोस्ट में बकाई ने लिखा, ''भारतीय कमर्शियल जहाज़ों पर अमेरिका के हमलों में कम से कम तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई है. ये हमले अमेरिका की हथियारबंद लूट और समुद्री डकैती की नीति का स्पष्ट सबूत हैं.''

    उन्होंने कहा, ''हम मारे गए भारतीय नाविकों के परिवारों और मित्रों के प्रति सहानुभूति जताते हैं और भारत के लोगों और सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं.''

    उन्होंने मांग की, "अंतराष्ट्रीय समुदाय को अमेरिका के गैरकानूनी व्यवहार के लिए उसे जवाबदेह ठहराना चाहिए, क्योंकि यह वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए ख़तरा बना हुआ है और साथ ही अमेरिकी कार्रवाई समुद्री आवाजाही की आज़ादी को भी ख़तरे में डाल रहा है."

    अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बीते चार दिनों में भारतीय क्रू मेंबर्स वाले इन जहाज़ों पर हमला हुआ है-

    एमटी मारिवेक्स: इस जहाज़ पर सोमवार यानी 8 जून को हमला हुआ था, जिसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे. हालांकि, बाद में इन्हें सुरक्षित बचा लिया गया. ओमान स्थित भारत के दूतावास ने इसकी पुष्टि की थी.

    एमटी सेटेबेलो: इस जहाज़ पर बुधवार यानी 10 जून को हमला हुआ, इसमें भी 24 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार थे. इस हमले में तीन भारतीय नाविक मारे गए. बाकी 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया.

    एमटी जलवीर: इस जहाज़ पर 11 जून को हमला होने की सूचना सामने आई. इस पर 20 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे. अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है.

  4. ट्रंप ने ईरान पर हमला रोका, समझौते को लेकर किया ये दावा

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप पहले भी ईरान से जल्द समझौते का दावा कर चुके हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ युद्ध ख़त्म करने के लिए एक शुरुआती समझौता जल्द ही होने वाला है. उन्होंने कहा है कि इस वजह से ईरान पर हमले रोक दिए गए हैं.

    गुरुवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "हमने ईरान के साथ युद्ध को लेकर एक शानदार समझौता किया है."

    पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "हमारे समझौते के मुताबिक़ ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे, और इसी मक़सद को हासिल करने के लिए हमें इतनी मशक्कत करनी पड़ी. इसलिए, यह बहुत बड़ी बात है."

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने सरकारी टीवी पर कहा कि समझौते की ख़बरें "सिर्फ अटकलें" हैं और "अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है."

    ट्रंप पहले भी ऐसे दावे कर चुके हैं कि दोनों देश विवाद ख़त्म करने के लिए समझौते के क़रीब हैं. इस घोषणा से कुछ घंटे पहले ही ट्रंप ने कहा था कि वे ईरान पर "बहुत ज़ोरदार" हमला करेंगे.

    अमेरिका और इसराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले किए थे. इसके जवाब में ईरान ने इसराइल और खाड़ी में अमेरिका के सहयोगी देशों पर हमले किए और होर्मुज़ स्ट्रेट को बंद कर दिया.

    होर्मुज़ स्ट्रेट दुनियाभर में तेल और गैस की सप्लाई के लिए एक अहम समुद्री रास्ता है.

    अप्रैल में युद्धविराम पर सहमत होने के बावजूद, अमेरिका और ईरान के बीच बीते कुछ दिनों में कई हमले हुए हैं.

    इसके साथ ही ट्रंप ने ईरान के साथ समझौते की संभावनाओं के बारे में भी बार-बार बात की है.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.