You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूएई में मिला रब्बी का शव, इसराइल ने कहा- 'यहूदी विरोधी आतंकी घटना'

इसराइल ने कहा है कि संयुक्त अरब अमीरात में लापता हुए एक रब्बी की हत्या कर दी गई है.

सारांश

  • यूपी के संभल में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा, तीन लोगों की मौत
  • आईपीएल की नीलामी में भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये में लखनऊ सुपर जाइंट्स ने ख़रीदा है.
  • हेमंत सोरेन ने बताया है कि शपथ ग्रहण समारोह कब होगा. साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है
  • एनसीपी (शरद पवार) गुट के सुप्रीमो शरद पवार ने महाराष्ट्र के चुनावी नतीजे के एक दिन बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में अपनी प्रतिक्रिया दी है.
  • विराट कोहली ने 30 शतक के साथ ऑस्ट्रेलिया के ही बल्लेबाज़ सर डॉन ब्रेडमैन के टेस्ट में 29 शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अभिषेक पोद्दार

  1. संजय राउत बोले- महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों के लिए पूर्व सीजेआई चंद्रचूड़ जिम्मेदार

    शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के जो परिणाम आए हैं उसके लिए पूर्व चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ को जिम्मेदार ठहराया है.

    रविवार को संजय राउत ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "महाराष्ट्र में जो नतीजे आए हैं वो बहुत ही चौकाने वाले हैं. ऐसे नतीजे आने की उम्मीद किसी को नहीं थी."

    उन्होंने कहा, "किसी की कोई लहर नहीं थी. नरेंद्र मोदी और अमित शाह को महाराष्ट्र क्यों वोट देगा? पूरा कैंपेन उनके खिलाफ चला है. यहां से पूरे उद्योग को गुजरात ले जाया गया. महाराष्ट्र में किसानों आत्महत्या कर रहे हैं."

    संजय राउत ने कहा, "ये जो नतीजे आए हैं, उसके लिए अगर कोई जिम्मेदार होगा तो वो जस्टिस चंद्रचूड़ हैं. चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया के पद पर बैठे व्यक्ति, जिसने समय पर अपना निर्णय नहीं दिया. डिस्क्वालिफिकेशन के बार में अपना जजमेंट नहीं दिया."

    "40-40 लोगों ने बेईमानी की. जिस पार्टी से चुनकर आए थे वो पार्टी को छोड़कर दूसरी पार्टी में जाकर सत्ता में बैठे हैं. संविधान की रक्षा करना आपकी जिम्मेदारी है. आपने अगर निर्णय दिया होता तो ये हिम्मत आगे कोई नहीं करता."

    उन्होंने कहा, "आपने आज भी वो खिड़की-दरवाजे खुले रखकर रिटायर हो गए. अब कोई भी किसी भी तरह से पार्टी बदल सकता है या अपनी पार्टी को छोड़कर सरकार बना सकता है. इतिहास चंद्रचूड़ साहब को कभी माफ नहीं करेगा."

    शनिवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे आए, जिसमें बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित पवार गुट) के गठबंधन 'महायुति' को बहुमत मिला है. जबकि कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और एनसीपी (शरद पवार गुट) के गठबंधन 'महाविकास आघाडी' चुनाव हार गई है.

  2. संभल मामले पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम क्या बोले?

    उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने संभल मामले पर कहा है कि जो भी अदालत के आदेश के पालन में बाधा डालेंगे उनके खिलाफ कानून अपना काम करेगा.

    उन्होंने कहा, "न्यायालय के आदेश का पालन कराना सरकार और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है, उसे कराया जाएगा. जो न्यायालय के आदेश के पालन में बाधा डालेंगे उनके खिलाफ कानून अपना काम करेगा."

    वहीं बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने एक वीडियो जारी कर कहा, "संभल में सर्वे करने के लिए कोर्ट कमिश्नर की टीम पहुंची थी. टीम पर पथराव करना दर्शाता है कि आपका संविधान में विश्वास नहीं है, देश की न्यायपालिका में विश्वास नहीं है, कानून में विश्वास नहीं है."

    उन्होंने कहा, "ये मुगलिया सल्तनत का दौर नहीं है, जहां आप ज़ोर दबाव के आधार पर किसी प्रकार की कार्रवाई कर सकते हैं. लोकतांत्रिक तरीके से आपको न्यायपालिका पर विश्वास करके अपील करके अगर किसी प्रकार की आपत्ति है तो ऊपरी अदालत में जाना चाहिए."

    "लेकिन अगर कोई बल प्रयोग करके किसी प्रकार का कब्जा स्थापित करने का प्रयास कर रहा है तो ये स्वीकार नहीं हो सकता है."

    राकेश त्रिपाठी ने कहा, "अगर कोई कानून हाथ में लेने का प्रयास करेगा तो निश्चित तौर पर कठोरता से कार्रवाई होगी. हम लोगों से अपील करते हैं कि लोग वहां शांति व्यवस्था बनाने का काम करें और किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में लेने का काम न करें."

  3. संभल डीएम ने कहा- मस्जिद का सर्वे पूरा हुआ, शरारती तत्वों पर होगी कार्रवाई

    उत्तर प्रदेश के संभल में मस्जिद का सर्वे करने गई टीम सर्वे पूरा कर चुकी है. संभल के डीएम राजेंद्र पेन्सिया ने यह जानकारी दी.

    समाचार एजेंसी एएनआई से उन्होंने कहा, "सर्वे पूरा हो चुका है और सर्वे टीम को हमने सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया है."

    डीएम ने कहा, "बाकी जो चीजें हैं वो कंट्रोल में हैं. जो भी दंगाई हैं या जो भी शरारती तत्व हैं उनपर कठोर कार्रवाई की जाएगी. किसी को भी बक्शा नहीं जाएगा."

    मस्जिद का सर्वे करने वाली टीम के वकील विष्णु शंकर जैन ने बताया, "सुबह साढ़े सात बजे से दस बजे तक कमीशन की कार्रवाई हुई. जो फीचर्स हैं, जितनी चीजें है उसकी वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी एडवोकेट कमीशन द्वारा हो चुकी है."

    उन्होंने बताया, "ये सर्वे पूरा हो चुका है. 29 नवंबर को सर्वे की रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाएगी."

    क्या है मामला?

    संभल में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान स्थानीय लोगों का विरोध हिंसक हो गया. सर्वे का यह आदेश अदालत की तरफ से आया है.

    पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया.

    कुछ लोगों का दावा है कि जामा मस्जिद असल में हरिहर मंदिर है. इसे लेकर मंगलवार को संभल की अदालत में एक वाद दायर किया गया था, जिसके बाद अदालत ने मस्जिद परिसर के सर्वे का आदेश दिया.

    अधिवक्ता आयुक्त ने प्रशासन के साथ मंगलवार को ही मस्जिद का सर्वे किया था.

    रविवार सुबह टीम फिर से मस्जिद का सर्वे करने पहुंची थी. इस दौरान स्थानीय लोगों ने सर्वे करने पहुंची टीम का विरोध किया और इस दौरान पथराव हुआ.

  4. झारखंड चुनाव परिणाम के बाद 'घुसपैठ' के मुद्दे पर क्या बोले बाबूलाल मरांडी?

    झारखंड विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने 'घुसपैठ' को लेकर बयान दिया है.

    'घुसपैठ' के मुद्दे पर मरांडी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "ये मुद्दे रहेंगे क्योंकि ये देशव्यापी समस्या है, ये सिर्फ यहां की समस्या नहीं है. मुंबई में भी इस प्रकार की घटनाएं हुई हैं. वहां भी आबादी बढ़ी है."

    उन्होंने कहा, "यहां आदिवासियों की आबादी में कमी आई है. इस कमी के कई कारण हैं लेकिन एक बड़ा फैक्टर है कि एक वर्ग विशेष के लोगों की आबादी बढ़ी है. हम मानते हैं कि ऑर्गेनिक तरीके से आबादी नहीं बढ़ सकती है, तो निश्चित रूप से बाहर से घुसपैठ हुई है."

    बाबूलाल मरांडी ने कहा, "सरकार ने उनके राशन कार्ड बनाए, उनके आधार कार्ड बनाए, उनके वोटर कार्ड बनाए, फिर उनके नाम ज़मीन जायदाद की. ये एक जांच का विषय है."

    झारखंड के चुनाव में 'बांग्लादेशी घुसपैठ' का मुद्दा बहुत उठा था. बीजेपी इसको लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर हमलावर रही है.

    शनिवार को आए झारखंड चुनाव के नतीजों में इंडिया गठबंधन को बहुमत मिला है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को 34 सीटों पर जीत मिली और कांग्रेस 16 सीटों पर विजयी रही.

    राज्य में विपक्षी दल बीजेपी को 21 सीटों पर जीत मिली.

  5. संभलः मस्जिद का सर्वे करने गई टीम का विरोध, पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प, दिलनवाज़ पाशा, बीबीसी संवाददाता

    पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभल में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान स्थानीय लोगों का विरोध हिंसक हो गया. सर्वे का यह आदेश अदालत की तरफ से आया है.

    पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े हैं और लाठीचार्ज किया है.

    जामा मस्जिद के हरिहर मंदिर होने का दावा करते हुए मंगलवार को संभल की अदालत में एक वाद दायर किया गया था, जिसके बाद अदालत ने मस्जिद परिसर के सर्वे का आदेश दिया.

    अधिवक्ता आयुक्त ने प्रशासन के साथ मंगलवार को ही मस्जिद का सर्वे किया था.

    रविवार सुबह टीम फिर से मस्जिद का सर्वे करने पहुंची थी. इस दौरान स्थानीय लोगों ने सर्वे करने पहुंची टीम का विरोध किया और इस दौरान पथराव हुआ.

    संभल के एसपी कृष्ण कुमार ने बताया, "थाना कोतवाली संभल क्षेत्र में कोर्ट के आदेश पर सर्वे कराया जा रहा था. सर्वे शांतिपूर्वक चल रहा था, कई गलियों से निकल कर लोग आए और अचानक पुलिस बल पर पथराव किया."

    "लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया गया है. पथराव कर रहे लोगों पर आंसू गैस भी छोड़ी गई है. संभल में धारा 144 लागू है. जिन लोगों ने भीड़ को उकसाया है उनकी सीसीटीवी के माध्यम से पहचान की जाएगी और सख़्त से सख़्त क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी. ऐसी कार्रवाई होगी कि ये लोग याद रखेंगे."

    बीबीसी को ऐसे वीडियो मिले हैं जिनमें पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद भीड़ से शांति बनाए रखने की अपील करते दिख रहे हैं.

    घटनास्थल के क़रीब मौजूद एक युवक ने अपना नाम न ज़ाहिर करते हुए बीबीसी को बताया, "सुबह साढ़े आठ बजे के क़रीब हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए."

    सर्वे टीम सुबह छह बजे मस्जिद परिसर पहुंची थी. टीम के मस्जिद पहुंचने की ख़बर के बाद मस्जिद परिसर के आसपास लोग जुटने लगे थे.

    प्रशासन ने पहले से ही मस्जिद परिसर के क़रीब सुरक्षा का इंतज़ाम कर रखा था. संभल के एसपी कृष्ण कुमार ने तीन दिन पहले बीबीसी से हुई बातचीत में बताया था कि सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं.

    एक स्थानीय निवासी के मुताबिक़, इस समय हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं.

  6. अमोल खटाल कौन हैं, जिन्होंने कांग्रेस के आठ बार के विधायक बालासाहेब थोराट को हराया

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अहमदनगर जिले की संगमनेर सीट पर बड़ा झटका लगा है. यहां से शिवसेना (शिंदे गुट) प्रत्याशी अमोल खटाल ने कांग्रेस के दिग्गज नेता बालासाहेब थोराट को 10 हज़ार से अधिक वोटों से हरा दिया है.

    अमोल खटाल को एक लाख 23 हज़ार 86 वोट मिले, जबकि बालासाहेब थोराट को एक लाख एक हज़ार 26 वोट मिले. इसी के साथ अमोल खटाल ने यह चुनाव 10 हजार 560 वोटों से जीत लिया.

    बालासाहेब थोराट लगभग 40 वर्षों से संगमनेर सीट से विधायक हैं. उन्होंने इस सीट से लगातार आठ बार विधायकी का चुनाव जीता है.

    संगमनेर सीट पर साल 1962 से कांग्रेस का दबदबा रहा है. बालासाहेब थोराट से पहले उनके पिता भाऊसाहेब थोराट भी यहां से विधायक रहे हैं.

    संगमनेर में सहकारी क्षेत्र पर बालासाहेब थोराट का नियंत्रण है.

    उन्होंने सहकारी चीनी फैक्ट्री, दुग्ध उत्पादक संघ, स्कूल, कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, फार्मेसी कॉलेज जैसे संस्थानों का एक बड़ा नेटवर्क बनाया है.

    चुनाव प्रचार के दौरान इन सभी संगठनों का तंत्र थोराट के प्रचार-प्रसार में पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा था.

    बालासाहेब थोराट की हार से महाराष्ट्र का सियासी हलका हैरानी जता रहा है.

    कौन हैं अमोल खटाल

    अमोल खटाल शिवसेना में शामिल होने से पहले कांग्रेस, एनसीपी और बीजेपी में भी रह चुके हैं. खटाल बीजेपी नेता राधाकृष्ण विखे के करीबी माने जाते हैं.

    अमोल खटाल के सरनेम के कारण उनका संबंध महाराष्ट्र के पूर्व सिंचाई मंत्री बी.जे. खटाल से जोड़ा जाता है, लेकिन अमोल खटाल और पूर्व मंत्री खटाल के बीच कोई करीबी रिश्ता नहीं है.

    अमोल खटाल अपने शुरुआती राजनीतिक जीवन में संगमनेर तालुका के कांग्रेस के पदाधिकारी थे. उन्होंने बालासाहेब थोराट के कार्यकर्ता के रूप में भी काम किया है.

  7. दिल्ली: रविवार को छाया स्मॉग, 'बहुत ख़राब' श्रेणी में एक्यूआई

    दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार 'बहुत ख़राब' और 'गंभीर' श्रेणी में बना हुआ है. यही वजह है कि रविवार को राजधानी में स्मॉग छाया हुआ है.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार रविवार की सुबह 8 बजे आनंद विहार में वायु गुणवत्ता स्तर (एक्यूआई) 409 है.

    राजधानी के कई इलाकों में एक्यूआई 350 से 400 के बीच है. वहीं राजधानी के आसपास के इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर 'बहुत ख़राब' श्रेणी में है.

    उत्तर प्रदेश के नोएडा (सेक्टर 62) में एक्यूआई 356 है. हरियाणा के गुरुग्राम (ग्वाल पहाड़ी) में एक्यूआई 304 है.

    दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण से आमजन को परेशानी हो रही है. दिल्ली में रहने वाले लवली चावला ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "दिल्ली बहुत ही ख़तरनाक एरिया हो चुका है, जहां पर भी जा रहे हैं वहां दो मिनट खड़े रहना भी मुश्किल हो रहा है. बच्चों की पढ़ाई पर असर हो रहा है."

    राजधानी के ही एक अन्य व्यक्ति ने कहा, "खेल से जुड़े लोगों, साइकलिंग करने वालों और बुज़ुर्गों को सांस लेने में परेशानी हो रही है."

  8. भारत-ऑस्ट्रेलिया: पर्थ में यशस्वी जायसवाल ने लगाया शतक, मज़बूत स्थिति में भारत

    भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल ने शतक मार दिया है. मैच की दूसरी पारी में जायसवाल 101 रन बनाकर नाबाद हैं.

    जायसवाल के साथ केएल राहुल भी 74 रन बनाकर क्रीज़ पर डटे हुए हैं. दोनों के बीच 197 रनों की नाबाद पार्टनरशिप हो चुकी है.

    इससे पहले भारत ने पहली पारी में 150 रन बनाए थे, जिसके जवाब में मेजबान टीम महज़ 104 रनों पर ऑल ऑउट हो गई थी.

    दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 170 रन बनाए थे.

    आज मैच का तीसरा दिन है और ख़बर लिखे जाने तक भारत के पास 243 रनों की लीड है.

  9. लेबनान ने कहा- मध्य बेरूत में हुए इसराइली हवाई हमले में 20 लोगों की मौत, 60 से अधिक घायल

    लेबनान ने कहा है कि मध्य बेरूत में हुए ताज़ा इसराइली हवाई हमले में कम से कम 20 लोगों की मौत हुई है.

    इसराइली मीडिया के मुताबिक़ हिज़्बुल्लाह के सीनियर कमांडर को निशाना बनाने के उद्देश्य से यह हमला बिना चेतावनी दिए शनिवार को किया गया.

    इस हमले में एक आठ मंजिला की रिहायशी इमारत नष्ट हो गई. यह हमला घनी आबादी वाले बस्ता जिले में किया गया.

    लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने कहा है कि इस हमले में तथाकथित बंकर बस्टर बम का इस्तेमाल किया गया.

    इसराइल ने इस हथियार का इस्तेमाल हसन नसरल्लाह समेत हिज़्बुल्लाह के वरिष्ठ नेताओं को मारने के लिए किया था.

    इस हमले में मरने वालों की संख्या शनिवार को 15 से बढ़कर 20 हो गई. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि 60 से ज़्यादा लोग घायल हैं और पीड़ितों की संख्या और भी बढ़ सकती है.

  10. कॉप 29: विकासशील देशों को सालाना $300 बिलियन की मदद, भारत ने 'छोटी रकम' पर दर्ज की आपत्ति

    अज़रबैजान में हुए जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में विकासशील देशों को हर साल 300 बिलियन डॉलर देने पर सहमति बनी है.

    लेकिन भारत ने इस डील का विरोध किया है.

    भारत की ओर से सम्मेलन में हिस्सा ले रही चांदनी रैना ने कहा कि ये डील सही नहीं है और वे 'इस पर आपत्ति दर्ज करती हैं.'

    बैठक के दौरान अपने विचार रखते हुए रैना ने कहा कि निर्णय लेने की प्रक्रिया से कई देशों को बाहर रखा गया.

    उन्होंने 300 बिलियन डॉलर की डील को छोटी रकम बताया.

    चांदनी रैना ने कहा, "हमारे देश के सरवाइवल के लिए उठाए जाने वाले क्लाइमेट एक्शन के लिए ये सही नहीं है.'

    कॉप 29

    जलवायु परिवर्तन पर चर्चा और इससे निपटने की रणनीति पर बात करने के लिए हर साल होने वाले इस सम्मेलन को कॉन्फ्रेंस ऑफ द पार्टीज़ (कॉप) कहते हैं.

    कॉप 29 की बैठक में जारी ड्राफ्ट के तहत साल 2035 तक विकसित देश, विकासशील देशों को हर साल यह राशि देंगे.

    पिछला ड्राफ़्ट 250 बिलियन डॉलर का था, जिसे अस्वीकार कर दिया गया है.

    यह बैठक शुक्रवार, 22 नवंबर को समाप्त होने वाली थी, लेकिन समझौता न हो पाने की वजह शनिवार तक खिच गई.

    कॉप में वो देश शामिल हैं जिन्होंने 'संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क सम्मेलन' संधि पर हस्ताक्षर किए हैं.

    इस पर 1992 में क़रीब 200 देशों ने हस्ताक्षर किए थे. कॉप में शामिल देशों के प्रतिनिधि जलवायु परिवर्तन से निपटने के तरीकों को लेकर बातचीत करने के लिए हर साल बैठक करते हैं.

  11. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह दोपहर दो बजे तक आप तक बड़ी ख़बरें पहुंचाउंगा.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    -महाराष्ट्र चुनाव नतीजे: अब उद्धव ठाकरे की राजनीति का क्या होगा? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - झारखंड विधानसभा चुनाव: बीजेपी की हार की ये रहीं वजहें- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - महाराष्ट्र में बीजेपी की जीत का राष्ट्रीय राजनीति पर क्या असर होगा? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - महाराष्ट्र चुनाव: कौन बनेगा मुख्यमंत्री, एकनाथ शिंदे, फडणवीस या कोई और? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - महाराष्ट्र चुनाव: पाँच महीने में ऐसा क्या हुआ जिससे हवा का रुख़ बीजेपी के पक्ष में हो गया? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - दूसरों के लिए चुनावी रणनीति बनाने वाले प्रशांत किशोर बिहार में ख़ुद क्या कर पाए? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.