You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिकी शांति प्रस्ताव के बीच ग़ज़ा में इसराइल के हमले जारी

इसराइल ने एक तरफ़ अपने हमले तेज कर दिए हैं, जबकि हमास अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई शांति योजना पर विचार कर रहा है, जो युद्ध समाप्त करने से जुड़ा प्रस्ताव है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और चंदन कुमार जजवाड़े

  1. फ़िलिपींस: सेबू में जानलेवा भूकंप में 60 लोगों की मौत, 600 से अधिक आफ़्टरशॉक्स से दहशत

    मंगलवार रात आए 6.9 तीव्रता के घातक भूकंप में 60 लोगों की मौत हो गई और सैंकड़ों लोग घायल हैं. भूकंप के बाद फ़िलिपींस के सेबू प्रांत में लगातार झटके महसूस हो रहे हैं.

    नागरिक सुरक्षा कार्यालय के उप प्रशासक राफेलिटो एलेजांद्रो का कहना है कि जमीनी स्तर पर स्थिति बहुत ख़राब है. एलेजांद्रो ने कहा कि ओसीडी को "60 से अधिक व्यक्तियों की मृत्यु की रिपोर्ट" मिल रही है.

    बोगो शहर के अधिकारियों ने कहा कि "भूकंप से बहुत नुकसान हुआ है" और "हमारे प्रयासों के बावजूद हताहतों की संख्या बढ़ती जा रही है."

    फ़िलिपींस इंस्टीट्यूट ऑफ़ वॉल्केनोलॉजी एंड सिस्मोलॉजी के मुताबिक़, भूकंप के बाद से इस क्षेत्र में कम से कम 611 झटके महसूस किए गए हैं.

    सेबू की सरकार ने पूरे प्रांत में इमरजेंसी की घोषणा कर दी है.

    राष्ट्रपति मार्कोस की अपील

    फ़िलिपींस के राष्ट्रपति फ़र्डिनांड मार्कोस जूनियर ने बयान जारी कर लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की.

    उन्होंने बताया कि बिजली बहाल करने का काम जारी है और अस्पतालों में अतिरिक्त स्टाफ़ भेजा जा रहा है.

    मार्कोस ने कहा, "मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है. मेरी दुआएं घायलों और सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं."

    भूकंप से पेजेंट भी प्रभावित

    झटकों का असर सेबू में चल रहे मिस एशिया पैसिफ़िक इंटरनेशनल ब्यूटी पेजेंट पर भी पड़ा.

    सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रतियोगी ऊंची हील्स और पारंपरिक फिलिपिन्याना परिधानों में मंच से भागती नज़र आईं.

  2. अमेरिका में सरकारी कामकाज ठप होने की कगार पर, 'शटडाउन' का ख़तरा

    अमेरिकी सीनेट में सरकार को फंड उपलब्ध कराने के लिए डेमोक्रेट्स का प्रस्ताव खारिज हो गया. मतदान में यह बिल 47 बनाम 53 से पास नहीं हो पाया.

    यह प्रस्ताव सरकार को शटडाउन से बचाने की कोशिश थी, लेकिन 100 सदस्यीय सदन में इसे आवश्यक 60 मतों का समर्थन नहीं मिल सका. इसके बाद रिपब्लिकन का फंडिंग बिल भी 55-45 से खारिज हो गया.

    इसके बाद व्हाइट हाउस की वेबसाइट पर शटडाउन का काउंटडाउन क्लॉक लगाया गया. पेज पर इसे “डेमोक्रेट शटडाउन” बताते हुए लिखा गया कि “लोग डेमोक्रेट्स से सहमत नहीं हैं.”

    क्या है शटडाउन?

    अमेरिकी सरकार को चलाने के लिए हर साल बजट पास करना ज़रूरी होता है. अगर सीनेट और हाउस किसी वजह से सहमत नहीं होते और फंडिंग बिल पास नहीं होता, तो सरकारी एजेंसियों को वेतन नहीं मिल पाता.

    नतीजतन, "नॉन-एसेंशियल" (ग़ैर-जरूरी) सेवाएं और दफ़्तर बंद हो जाते हैं. इसे ही शटडाउन कहा जाता है.

    व्हाइट हाउस ने क्या कहा

    व्हाइट हाउस के प्रबंधन एवं बजट कार्यालय ने भी ज्ञापन जारी कर पुष्टि की है कि सरकार मंगलवार मध्यरात्रि से बंद हो जाएगी. इस ज्ञापन पर निदेशक रसेल वॉट के हस्ताक्षर हैं.

    इस बीच डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन एक-दूसरे पर शटडाउन की जिम्मेदारी डाल रहे हैं. रिपब्लिकन के पास कांग्रेस का नियंत्रण है, लेकिन सीनेट में खर्च से जुड़े किसी भी बिल को पास करने के लिए 60 वोटों की ज़रूरत होती है, जो उनके पास नहीं हैं.

    शटडाउन का असर व्यापक होगा. नेशनल पार्क बंद हो गए हैं और लेबर डिपार्टमेंट के तहत काम करने वाला ब्यूरो ऑफ लेबर स्टैटिस्टिक्स भी बंद रहेगा.

    इसका मतलब है कि शुक्रवार को आने वाली मासिक जॉब रिपोर्ट जारी नहीं होगी. हाल के महीनों में भर्तियों में गिरावट के कारण इस रिपोर्ट का बेसब्री से इंतज़ार था.

    विशेषज्ञों का कहना है कि रिपोर्ट न आने से अमेरिकी अर्थव्यवस्था की तस्वीर और धुंधली हो जाएगी और पहले से मौजूद अनिश्चितता और बढ़ जाएगी.

    हज़ारों फ़ेडरल कर्मचारी प्रभावित होंगे और कई एजेंसियों का कामकाज ठप हो जाएगा, हालांकि सेना, एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल और सोशल सिक्योरिटी जैसी आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी.

  3. वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सुमित अंतिल और संदीप सारगर ने जीते गोल्ड

    नई दिल्ली में जारी 2025 वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने मंगलवार को दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल अपने नाम किया.

    पुरुषों की एफ़64 जैवलिन थ्रो में पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल ने पांचवें प्रयास में 71.37 मीटर का थ्रो कर गोल्ड मेडल जीता. यह उनका तीसरा वर्ल्ड चैंपियनशिप गोल्ड है.

    इससे पहले उन्होंने पेरिस 2023 (70.83 मीटर, विश्व रिकॉर्ड) और कोबे 2024 (69.50 मीटर) में स्वर्ण पदक जीते थे.

    पुरुषों की एफ़44 जैवलिन थ्रो में संदीप सिंह सारगर ने 62.82 मीटर के साथ गोल्ड हासिल किया, जबकि उनके साथी संदीप 62.67 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर पर रहे.

    ब्राजील के एडेनिलसन रोबर्टो ने 62.36 मीटर की दूरी के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता. इसी दिन भारत के योगेश कठुनिया ने पुरुषों की एफ़56 डिस्कस थ्रो में 42.49 मीटर के थ्रो से सिल्वर मेडल जीता.

    गोल्ड ब्राजील के क्लॉडिनी बैटिस्टा (45.67 मीटर) और ब्रॉन्ज ग्रीस के कॉन्स्टेंटिनोस ज़ौनीस (39.97 मीटर) को मिला. इन नतीजों के बाद भारत के कुल पदक 4 गोल्ड, 4 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज हो गए हैं और वह मेडल तालिका में चौथे स्थान पर है.

    सोमवार को पुरुषों की एफ़46 जैवलिन थ्रो में रिंकू हुड्डा ने गोल्ड और सुंदर सिंह गुर्जर ने सिल्वर मेडल जीते थे.

    पांच अक्तूबर तक चलने वाली वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के 12वें संस्करण में 104 देशों के 2000 से अधिक एथलीट 186 इवेंट्स में हिस्सा ले रहे हैं.

    भारत की ओर से 73 सदस्यीय दल उतरा है, जिसमें 54 पुरुष और 19 महिला खिलाड़ी शामिल हैं.

  4. भारत ने जीत के साथ किया आईसीसी महिला विश्व कप का आगाज़

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को आईसीसी महिला विश्व कप में अपना सफ़र जीत से शुरू किया. पहले मैच में भारत ने श्रीलंका को 59 रनों से हराया.

    बारिश के कारण डकवर्थ लुईस नियम से मैच 50 की बजाय 47 ओवर का कर दिया गया.

    पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम 124/6 की मुश्किल स्थिति में पहुंच गई. श्रीलंका की स्पिनर इनोका राणावीरा ने 46 रन देकर चार विकेट झटके.

    हालांकि अमनजोत कौर (56 गेंदों पर 57 रन) और दीप्ति शर्मा (53 गेंदों पर 53 रन) ने सातवें विकेट के लिए 103 रनों की साझेदारी की और टीम को संभाला. भारत ने निर्धारित 47 ओवर में 8 विकेट पर 269 रन बनाए.

    लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका 45.4 ओवर में 211 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. कप्तान चामारी अटापट्टू (43) और निलाक्षिका सिल्वा (35) ने अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन भारतीय गेंदबाज़ों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर वापसी की.

    दीप्ति शर्मा ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 54 रन देकर 3 विकेट लिया. वहीं स्नेह राणा (2/32) और श्री चरणी (2/37) ने भी दो-दो विकेट चटकाए.

  5. फ़िलिपींस में 6.9 तीव्रता का भूकंप, 26 की मौत

    मंगलवार रात फ़िलिपींस में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया. इस भूकंप से कई इमारतें ढह गईं और कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई है और 147 लोग घायल हैं.

    अधिकारियों का कहना है कि मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.

    अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र सेबू प्रांत के बोगो शहर से करीब 19 किलोमीटर उत्तर-पूर्व और गहराई लगभग 10 किलोमीटर थी.

    शुरू में सुनामी की चेतावनी दी गई थी, लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया गया.

    राहत और बचाव दल प्रभावित इलाकों में तैनात हैं और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

    सेबू की गवर्नर पामेला बारिकुआत्रो मंगलवार को बोगो शहर पहुंचीं हैं और वहां राहत केंद्र बनाने का काम शुरू किया गया है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.