श्रीलंका के ख़िलाफ़ निर्णायक टी20 में भारत की बड़ी जीत, दीप्ति शर्मा ने बनाया इतिहास

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ चल रही टी20 सिरीज़ के तीसरे और निर्णायक मुक़ाबले में शानदार जीत दर्ज की.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और इफ़्तेख़ार अली

  1. बिहार: उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी में टूट की ख़बरों पर विधायक ने ये कहा, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता, पटना

    उपेंद्र कुशवाहा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के हालिया फ़ैसलों से पार्टी में कई लोग नाराज़ बताए जाते हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायकों में ‘टूट की ख़बरों’ को पार्टी विधायक रामेश्वर कुमार महतो ने ख़ारिज़ किया है.

    उन्होंने बीबीसी हिन्दी से बातचीत में कहा, “ये सब बेकार की बाते हैं. हम लोग पार्टी में थे और पार्टी में उपेंद्र कुशवाहा जी के साथ रहेंगे. नितिन नबीन से मेरा व्यक्तिगत संबंध है जिसके चलते उनसे मुलाक़ात हुई और उपेंद्र जी की लिट्टी पार्टी के वक़्त मैं पटना में नहीं था, क्योंकि बच्चों ने क्रिसमस की पार्टी रखी थी.”

    दरअसल, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 4 विधायकों में से तीन विधायकों की बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ एक तस्वीर सार्वजनिक हुई.

    कुशवाहा की पार्टी में विधायकों की नाराज़गी की ख़बर तब आनी शुरू हुई जब बाजपट्टी से विधायक रामेश्वर कुमार महतो, दिनारा विधायक आलोक सिंह और मधुबनी विधायक माधव आनंद बुधवार को उपेंद्र कुशवाहा की लिट्टी पार्टी में शामिल नहीं हुए.

    रालोमो के इन्हीं तीन विधायकों की नितिन नबीन के साथ तस्वीर चर्चा में है.

    इससे पहले रामेश्वर कुमार महतो सोशल मीडिया पर अपने अकाउंट से उपेंद्र कुशवाहा के फ़ैसलों पर नाराज़गी जता चुके थे. ये नाराज़गी उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री और पत्नी स्नेहलता को मुख्य सचेतक बनाने को लेकर थी.

    रामेश्वर कुमार महतो ने बीबीसी से कहा, “ ये सच है कि उपेंद्र कुशवाहा जी के इन फ़ैसलों से मैं नाराज़ हूं और इस नाराज़गी को मैं किसी न किसी तरह ज़ाहिर करूंगा. मेरा मानना है कि पार्टी और कार्यकर्ताओं के हित को देखकर ही फ़ैसले लिए जाने चाहिए लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि हम उपेंद्र कुशवाहा को छोड़कर चले जाएंगे.”

    नई सरकार के गठन के बाद पार्टी के कई नेता परिवारवाद का आरोप लगाते हुए रालोमो छोड़कर जा चुके हैं.

    इस मामले में बीबीसी ने उपेंद्र कुशवाहा से बात करने की कोशिश की लेकिन उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है.

  2. विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी: कोहली की हाफ़ सेंचुरी, जानिए रोहित शर्मा ने कितने रन बनाए

    रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा घरेलू टूर्नामेंट विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी में खेल रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    जयपुर में विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी के एक मैच में बल्लेबाज़ रोहित शर्मा मुंबई टीम की तरफ से ओपनिंग करने के लिए उतरे. यह मैच उत्तराखंड के ख़िलाफ़ खेला जा रहा है.

    हालाँकि रोहित इस मैच में कोई कमाल नहीं दिखा सके और पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए.

    इस मैच में शार्दुल ठाकुर मुंबई टीम की कप्तानी कर रहे हैं.

    वहीं इस ट्रॉफ़ी के एक अन्य मैच में दिल्ली की टीम से खेलते हुए विराट कोहली ने 61 गेंदों पर 77 रन बनाए हैं. गुजरात के ख़िलाफ़ यह मैच बेंगलुरु में खेला जा रहा है.

    भारत के घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट विजय हज़ारे ट्राफ़ी में हाल में कुछ बल्लेबाज़ों ने धुआंधार बल्लेबाज़ी की है, जिसकी काफ़ी चर्चा हुई.

    बीते दिनों विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की टीम ने 50 ओवर में 574 रन बनाए थे.

  3. असम: स्कूल में क्रिसमस की सजावट को तोड़ने वाले वीएचपी-बजरंग दल के चार सदस्य गिरफ़्तार, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    तोड़फ़ोड़ के आरोप में गिरफ़्तार लोग

    इमेज स्रोत, Nalbari District Administration

    असम पुलिस ने नलबाड़ी ज़िले के एक स्कूल में क्रिसमस की सजावट में तोड़फोड़ करने और सामान में आग लगाने के आरोप में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े चार लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    नलबाड़ी ज़िला प्रशासन ने एक बयान जारी कर बताया, "बेलसोर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में स्थित सेंट मैरीज़ इंग्लिश स्कूल के प्रिंसिपल फादर बैजू सेबेस्टियन ने बुधवार को एक शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में कहा गया कि 24 दिसबंर को दोपहर क़रीब ढाई बजे कुछ अज्ञात बदमाशों ने बिना इजाज़त स्कूल परिसर में आकर तोड़फोड़ की.”

    इस शिकायत के मुताबिक़ तोड़फोड़ से बाहरी सजावट, सीरियल लाइट, गमलों और अन्य सामान को नुक़सान हुआ. बाद में उन लोगों ने सामान में आग भी लगा दी, जिससे संपत्ति का नुक़सान हुआ.

    ज़िला प्रशासन ने बताया है, "पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ़्तार किया है, ये लोग विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का सदस्य है."

    इस तोड़फोड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया था जिसमें कई युवकों को स्कूल परिसर के भीतर क्रिसमस की सजावट में आग लगाते और "जय श्री राम" के नारे लगाते हुए देखा गया.

    वीडियो में ये युवक स्कूल को क्रिसमस सेलिब्रेशन न करने की चेतावनी देते हुए भी दिखाई दे रहे है.

    इस मामले में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने फेसबुक पर लिखा, "नलबाड़ी ज़िले के बेलसर पुलिस स्टेशन के तहत पानिगांव में स्थित सेंट मैरी इंग्लिश स्कूल में क्रिसमस सेलिब्रेशन के सामान फेंकने की घटना में शामिल बदमाशों के ख़िलाफ़ असम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है.."

  4. अगर आप हमारे लाइव पेज से अभी जुड़ रहे हैं तो अब तक की अहम ख़बरें जानिए

    - मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ के अपने प्रोफ़ाइल से 'हुर्रियत चेयरमैन' का पद हटा लिया है. यहाँ पढ़िए पूरी ख़बर

    - हिमाचल मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (एचएमओए) ने शुक्रवार, 26 दिसंबर को सामूहिक छुट्टी पर जाने की घोषणा की है. जानिए क्या है वजह

    - रेलवे में शुक्रवार से कई श्रेणियों के मुसाफ़िरों के लिए नया किराया लागू हो गया है. इस बदलाव की घोषणा हाल ही में की गई थी. यहाँ जानिए क्या है बढ़ा हुआ किराया

    - यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस-यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने के तरीके पर अमेरिकी दूतों के साथ हुई बातचीत के बाद सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. जानिए क्या कहा

    - अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में भारी बारिश और बाढ़ से क्रिसमस की रात तक तीन लोगों की मौत हो गई. यहाँ पढ़ें पूरी ख़बर

  5. कश्मीर: अलगाववादी नेता मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल में किया ये बदलाव

    मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़

    इमेज स्रोत, @mirwaizmanzil

    इमेज कैप्शन, मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़

    मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ के अपने प्रोफ़ाइल से 'हुर्रियत चेयरमैन' का पद हटा लिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ कश्मीर घाटी के मुख्य धर्मगुरु और नरमपंथी अलगाववादी नेता मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने गुरुवार शाम को अपने वेरिफ़ाइड एक्स प्रोफ़ाइल से 'ऑल पार्टीज़ हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के चेयरमैन' का पद हटा दिया है.

    मीरवाइज़ के एक्स हैंडल पर दिख रहे नए बायो में सिर्फ़ उनका नाम और बेसिक लोकेशन की जानकारी है. एक्स पर उनके दो लाख से ज़्यादा फ़ॉलोअर्स हैं.

    मीरवाइज़, जिनके संगठन ‘अवामी एक्शन कमेटी’ पर केंद्र सरकार ने आतंकवाद विरोधी कानून के तहत प्रतिबंध लगा दिया है.

  6. हिमाचल प्रदेश में आज डॉक्टर सामूहिक छुट्टी पर, जानिए क्या है वजह

    डॉक्टर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डॉक्टरों ने हालिया घटना के ख़िलाफ़ पहले ही सामूहिक छुट्टी की चेतावनी दी थी (सांकेतिक तस्वीर)

    हिमाचल मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (एचएमओए) ने आईजीएमसी शिमला में हाल की घटना के बाद शुक्रवार, 26 दिसंबर को सामूहिक छुट्टी पर जाने की घोषणा की है.

    हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हाल ही में डॉक्टर और मरीज के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसे सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शेयर किया था.

    इस घटना के बाद हिमाचल प्रदेश के डायरेक्टोरेट ऑफ़ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (DMER) ने संबंधित डॉक्टर के ख़िलाफ़ कार्रवाई की थी और उन्हें टर्मिनेट (बर्खास्त) कर दिया था.

    इसी के ख़िलाफ़ एचएमओए ने सामूहिक छुट्टी पर जाने का एलान किया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ एसोसिएशन एक रेजिडेंट डॉक्टर की बर्खास्तगी को रद्द करने की मांग कर रही है.

    इससे पहले एचएमओए ने ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई करने और अस्पताल की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी और कहा था कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे सामूहिक छुट्टी पर चले जाएंगे.

  7. ट्रेन में आज से लागू हो रहा है नया किराया, कई क्लास की यात्रा अब होगी महंगी

    ट्रेन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रेलवे का नया किराया आज (26 दिसंबर) से लागू हो रहा है

    रेलवे में शुक्रवार से कई श्रेणियों के मुसाफ़िरों के लिए नया किराया लागू हो रहा है. रेलवे ने हाल ही में यात्री किराये में बदलाव की घोषणा की थी.

    जनरल क्लास के किराये में 215 किलोमीटर से ज़्यादा की यात्रा करने पर अब हर एक किलोमीटर की यात्रा के किराये में 1 पैसे की बढ़ोतरी कर दी गई है.

    यानी अब अगर आप 300 किलोमीटर की यात्रा करेंगे तो 85 किलोमीटर के लिए आपको नए रेट से किराया देना होगा.

    अब स्लीपर क्लास के किराये में 1 पैसे प्रति किमी की बढ़ोतरी लागू हो गई है.

    इसके साथ ही मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में नॉन एसी क्लास के किराये में भी 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है.

    यानी इस क्लास में अगर अब आप दिल्ली से पटना की यात्रा करते हैं तो आपको नया किराया देना होगा.

    हालाँकि रेलवे ने बताया है कि नॉन एसी क्लास में 500 किलोमीटर या इससे ज़्यादा दूरी के सफर में किराये में अधिकतम 10 रुपये की बढ़ोतरी ही लागू होगी.

    अब एसी क्लास के यात्रियों को भी 2 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से ज़्यादा किराया देना होगा.

    रेलवे ने बताया है कि किराये में इस बढ़ोतरी से उसे क़रीब 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई होगी.

    हालाँकि रेलवे ने बताया है कि सबअर्बन ट्रेनों और सीज़न टिकटों के किराये में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसके अलावा जिन लोगों ने पहले से ही टिकट बुक किया है, उनके कोई अतिरिक्त किराया नहीं लिया जाएगा.

  8. रूस-यूक्रेन युद्ध: ज़ेलेंस्की ने अमेरिका के 'नए पीस प्लान' पर ये कहा

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की (फ़ाइल फोटो)

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस-यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने के तरीके पर अमेरिकी दूतों के साथ हुई बातचीत के बाद सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है.

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के साथ गुरुवार को क़रीब एक घंटे तक हुई बातचीत में शांति स्थापित करने के मुद्दे पर “नए विचार" सामने आए हैं.

    उन्होंने फ्लोरिडा में अमेरिकी और यूक्रेनी दूतों की सहमति से बनाई गई 20 सूत्रीय शांति योजना के नए विवरण आने के एक दिन बाद यह बात कही.

    इस 20 सूत्रीय शांति योजना को कई हफ़्ते पहले विटकॉफ के तैयार किए गए शुरुआती ड्राफ्ट का अपडेट माना जा रहा है.

    रूसी राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन ने कहा कि वह अमेरिका से लाए गए प्रस्तावों का विश्लेषण कर रहा है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और उनके दूत यूक्रेन और रूस दोनों के साथ बातचीत कर रहे हैं ताकि युद्ध ख़त्म करने के लिए कोई समझौता हो सके. यह युद्ध फरवरी 2022 में रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद शुरू हुआ था.

    पिछले कुछ दिनों में संभावित शांति समझौते को लेकर प्रगति दिख रही है. ज़ेलेंस्की ने कहा कि उनके देश की डिप्लोमेसी के लिए यह एक " व्यस्त दिन" था, क्योंकि उन्होंने अमेरिकी दूतों के साथ विस्तार में बात की.

  9. कैलिफ़ोर्निया में भारी बारिश ने मचाई तबाही, तीन लोगों की मौत

    कैलिफ़ोर्निया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कैलिफ़ोर्निया में बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुँचाया गया है

    अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में भारी बारिश और बाढ़ से क्रिसमस की रात तक तीन लोगों की मौत हो गई.

    स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, कैलिफ़ोर्निया के बड़े हिस्से में भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन हुआ है.

    तूफ़ान और बारिश का दौर शुक्रवार तक जारी रहने का पहले ही अनुमान जताया गया था. लॉस एंजिल्स काउंटी के कुछ हिस्सों में 27 सेंटीमीटर तक बारिश हुई है, जिसकी वजह से लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाना पड़ा और इलाक़े की मुख्य सड़कें बंद हो गईं.

    यहाँ आपातकालीन बचाव दल को इससे निपटने के लिए कई बचाव अभियान चलाने पड़े.

    इस दौरान बाढ़ के पानी में अटकी गाड़ियों में फंसे लोगों को भी बचाया गया. कैलिफ़ोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूज़ोम ने बुधवार को लॉस एंजिल्स और दक्षिणी कैलिफ़ोर्निया के अन्य काउंटियों में इमरजेंसी की घोषणा की है.

    राज्य में लगभग एक लाख लोगों को बिजली के बिना ही रहना पड़ रहा है.

  10. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.