श्रीलंका के ख़िलाफ़ निर्णायक टी20 में भारत की बड़ी जीत, दीप्ति शर्मा ने बनाया इतिहास

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ चल रही टी20 सिरीज़ के तीसरे और निर्णायक मुक़ाबले में शानदार जीत दर्ज की.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और इफ़्तेख़ार अली

  1. नमस्कार

    बीबीसी हिन्दी के आज के लाइव पन्ने को यही रोकने का समय आ गया है. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को इजाज़त दीजिए.

    कल सुबह में हम फिर से एक नए लाइव पन्ने के साथ हाज़िर होंगे और आप तक देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. श्रीलंका के ख़िलाफ़ निर्णायक टी20 में भारत की बड़ी जीत, दीप्ति शर्मा ने बनाया इतिहास

    दीप्ति शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दीप्ति शर्मा के टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेटों की संख्या 151 हो गई है

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ चल रही टी20 सिरीज़ के तीसरे और निर्णायक मुक़ाबले में शानदार जीत दर्ज की.

    इस जीत के साथ ही भारत ने इस सिरीज़ में 3-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली.

    इस मैच की ख़ास बात रही ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा की विशेष उपलब्धि. उन्होंने अपनी गेंदबाज़ी से न सिर्फ़ श्रीलंका के बल्लेबाज़ी क्रम को ध्वस्त किया, बल्कि क्रिकेट इतिहास में भी अपना नाम दर्ज करा लिया.

    दीप्ति शर्मा वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय, दोनों फ़ॉर्मेट में 150 विकेट लेने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रीलंका ने भारत को 112 रनों का लक्ष्य दिया था.

    लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने इसे 6.4 ओवर शेष रहते हासिल कर लिया.

    दीप्ति शर्मा के अलावा भारतीय टीम की गेंदबाज़ रेणुका सिंह ने भी अपने स्पेल में 4 विकेट लिए.

    दीप्ति शर्मा ने कौन सा रिकॉर्ड बनाया?

    टी20 अंतरराष्ट्रीय में दुनिया की नंबर एक गेंदबाज़ दीप्ति शर्मा ने तिरुवनंतपुरम में खेले गए भारत बनाम श्रीलंका तीसरे टी20 मुक़ाबले में 18 रन देकर 3 विकेट लिए. इसके साथ ही उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेटों की संख्या 151 हो गई.

    29 वर्षीय दीप्ति अब महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज़ों की सूची में ऑस्ट्रेलिया की मेगन शुट के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गई हैं.

    दीप्ति शर्मा के नाम अब 128 पारियों में 151 विकेट दर्ज हैं. उनका औसत 18.74 और इकॉनमी रेट 6.1 है.

    वहीं वनडे क्रिकेट में दीप्ति ने 120 पारियों में 162 विकेट लिए हैं.

  3. कनाडा में भारतीय छात्र की हत्या मामले में भारत ने क्या बताया?

    शिवांक अवस्थी

    इमेज स्रोत, Toronto Police

    इमेज कैप्शन, शिवांक अवस्थी

    कनाडा के टोरंटो में भारतीय मूल के छात्र शिवांक अवस्थी की मौत पर भारत ने प्रतिक्रिया दी है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, "हम उनके (शिवांक अवस्थी) परिवार के लगातार संपर्क में हैं और यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है."

    उन्होंने कहा, "हम अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और मौत से जुड़ी परिस्थितियों को समझने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं. हमारा वाणिज्य दूतावास परिवार को हर संभव मदद प्रदान कर रहा है."

    इससे पहले टोरंटो पुलिस ने बताया था कि उसे मंगलवार को एक शख्स के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौक़े पर जाकर देखा तो उस शख़्स को गोली लगी थी.

    इस मामले के संदिग्ध हमलावर पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो चुके थे.

    पुलिस ने बताया था कि गोलीबारी का शिकार हुए शख़्स का नाम शिवांक अवस्थी था, जिसकी उम्र 20 साल थी.

  4. अरावली को लेकर बीजेपी का कांग्रेस पर निशाना, क्या कहा?

    राजस्थान सरकार में मंत्री जवाहर सिंह बेधम

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राजस्थान सरकार में मंत्री जवाहर सिंह बेधम ने अरावली को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है

    अरावली पहाड़ियों की 'नई परिभाषा' के ख़िलाफ़ हो रहे प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधा है.

    राजस्थान सरकार में मंत्री जवाहर सिंह बेधम ने आरोप लगाया कि जो लोग प्रदर्शन में शामिल हैं वो 'कांग्रेस के ही लोग' हैं.

    उन्होंने शुक्रवार को न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "अरावली पर्वतमाला पर जितने खनन पट्टे जारी हुए हैं, उनमें से 70 फ़ीसदी से ज़्यादा खनन पट्टे अशोक गहलोत जी की सरकार में जारी हुए थे."

    उन्होंने राजस्थान की पिछली कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, " जो लोग प्रदर्शन कर रहे हैं वे अशोक गहलोत की सरकार में शामिल थे."

    जवाहर सिंह बेधम ने कहा, "अपनी ख़ुद की ग़लती छुपाने के लिए और जनता का ध्यान मोड़ने के लिए कांग्रेस प्रयास कर रही है. अरावली को नष्ट करने की आधारशिला कांग्रेस ने रखी थी."

    उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि हम अरावली का संरक्षण करेंगे. भारत सरकार ने स्पष्ट आदेश जारी कर दिए हैं कि हम अरावली पर खनन प्रतिबंधित करेंगे"

    वहीं इससे पहले कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने जयपुर में एनएसयूआई राजस्थान के 'सेव द अरावली' मार्च में हिस्सा लिया और सरकार के ख़िलाफ़ तीखी प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने कहा था, "सरकार या तो विवश है या मजबूर है. अभी तक इस मामले को सुलझाने के लिए सरकार सुप्रीम कोर्ट नहीं गई है."

    "ये डबल इंजन नहीं बल्कि चार इंजन वाली सरकार है और ये चारों इंजन दौड़ रहे हैं कि कैसे अरावली पर्वत को नष्ट किया जाए"

  5. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर: सुनिए मानसी दाश और सुमिरन प्रीत कौर से

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  6. जानिए अब तक की 5 बड़ी ख़बरें, बस एक क्लिक में

    क्या आप अभी-अभी बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज से जुड़े हैं?

    अगर हाँ, तो देश-दुनिया की हलचल से अपडेट होने के लिए बस एक क्लिक करें.

    नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें और जानें आज सुबह से अब तक की 5 बड़ी ख़बरें.

  7. सीरिया की मस्जिद में धमाका, आठ लोगों की मौत, 20 घायल

    सीरिया के एक मस्जिद में धमाका

    इमेज स्रोत, Omar HAJ KADOUR / AFP via Getty Images

    सीरिया की एक मस्जिद में धमाका हुआ है, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है और क़रीब 20 लोग घायल हुए हैं.

    शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के दौरान सीरिया के होम्स प्रांत के एक मस्जिद में लोग नमाज़ पढ़ने के लिए इकट्ठा हुए थे, तभी ये धमाका हुआ.

    यह विस्फोट अलावी समुदाय के बहुलता वाले अल-दहाब इलाके़ में हुआ.

    वहां के सरकारी मीडिया का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि धमाका मस्जिद के अंदर रखे गए एक विस्फोटक डिवाइस के कारण हुआ.

    हाल के हफ़्तों में होम्स में हत्याओं और हिंसक घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है. स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत करने की मांग कर रहे हैं.

    गौरतलब है कि सीरिया में पिछले साल विद्रोही हमले के बाद लंबे समय से सत्ता में रहे राष्ट्रपति बशर अल-असद को हटाए जाने के बाद से कई बार सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं. बशर अल-असद अलावी समुदाय से आते हैं.

  8. विजय माल्या-ललित मोदी के वायरल वीडियो पर भारत ने कहा- 'भगोड़ों को वापस लाने के लिए...'

    विजय माल्या और ललित मोदी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विजय माल्या और ललित मोदी (फ़ाइल फ़ोटो)

    शराब कारोबारी विजय माल्या और आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी के हालिया वायरल वीडियो पर भारत सरकार ने कहा है कि वह उन्हें देश वापस लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "भारत सरकार उन सभी भगोड़ों को वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है जो देश से फरार होकर कानून से बचते रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "इस संबंध में कई देशों के साथ बातचीत चल रही है और मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम उन्हें भारत वापस लाने के लिए पूरी तरह से दृढ़ और प्रतिबद्ध हैं."

    उन्होंने यह बयान ललित मोदी और विजय माल्या के हालिया वायरल वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर दिया.

    क्या है मामला?

    ललित मोदी ने लंदन में विजय माल्या के 70वें जन्मदिन की पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था.

    वीडियो में ललित मोदी ने खुद और विजय माल्या को भारत के 'दो सबसे बड़े भगोड़े' बताया था.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, वीडियो में ललित मोदी यह कहते हुए सुने जा सकते हैं, "हम दो भगोड़े हैं, भारत के सबसे बड़े भगोड़े."

  9. उन्नाव रेप केस में हाई कोर्ट के बाहर महिलाओं का प्रदर्शन

    उन्नाव रेप केस
  10. बांग्लादेश में होने वाले चुनाव और तारिक़ रहमान पर भारत ने क्या कहा?

    तारिक़ रहमान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तारिक़ रहमान 17 साल बाद 25 दिसंबर को ढाका लौटे हैं

    बांग्लादेश में अगले साल होने वाले चुनाव पर भारत सरकार ने प्रतिक्रिया दी. भारत की ओर से यह बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ा है.

    मीडिया के सवालों के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बांग्लादेश की राजनीति से जुड़े इस घटनाक्रम पर भारत का रुख़ साफ़ किया.

    रणधीर जायसवाल ने कहा, "भारत बांग्लादेश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों का समर्थन करता है और इस घटनाक्रम को उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए."

    उन्होंने यह टिप्पणी चुनावों से पहले 17 साल बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक़ रहमान की बांग्लादेश वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर की.

    बांग्लादेश में अगले साल 12 फ़रवरी को आम चुनाव हैं. चुनाव से पहले तारिक़ रहमान की वापसी मायने रखती है.

    इस चुनाव में बांग्लादेश अवामी लीग को चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित कर दिया गया है.

    ये भी पढ़ें:

  11. वैभव सूर्यवंशी को शानदार बल्लेबाज़ी के लिए मिला यह पुरस्कार

    वैभव सूर्यवंशी

    इमेज स्रोत, Vaibhav Suryavanshi/X

    इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने पुरस्कार के लिए सभी का शुक्रिया किया है

    भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ से सम्मानित किया.

    वैभव सूर्यवंशी को यह सम्मान आयु-वर्ग क्रिकेट में टीम इंडिया के लिए और इंडियन प्रीमियर लीग में शानदार बल्लेबाज़ी के लिए दिया गया.

    14 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी के कारण पूरे देश में चर्चा का विषय बन गए हैं.

    वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल इतिहास रचते हुए आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था.

    आईपीएल में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के ख़िलाफ़ डेब्यू किया. टीम के कप्तान संजू सैमसन के चोटिल होने के कारण उन्हें मौका मिला था. वैभव ने अपनी पहली ही गेंद पर, जिसे शार्दुल ठाकुर ने फेंका था, ज़ोरदार छक्का जड़ा और 20 गेंदों में 34 रन बनाए.

    अपने पहले आईपीएल सीज़न में सिर्फ सात पारियों में उन्होंने 252 रन बनाए. उनका औसत 36 रहा और स्ट्राइक रेट 206 से ज्यादा का था. इस दौरान उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया.

    गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ लगाया गया उनका शतक टी20 क्रिकेट इतिहास का सबसे कम उम्र में लगा शतक बना. वैभव ने यह शतक सिर्फ़ 35 गेंदों में पूरा किया था.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर भारत ने जताई चिंता, ये कहा

    भारतीय विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, Randhir Jaiswal/X

    इमेज कैप्शन, भारत ने बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर प्रतिक्रिया दी है

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मैमनसिंह में दीपू चंद्र दास की हत्या का ज़िक्र करते हुए इसकी निंदा की.

    रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, "भारत ने बांग्लादेश में फैलाए जा रहे झूठे भारत-विरोधी नैरेटिव को ख़ारिज किया है और दोहराया है कि क़ानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखना बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की ज़िम्मेदारी है."

    उन्होंने कहा, "भारत बांग्लादेश में हालात पर नज़र बनाए हुए है और वहां हिंदुओं, ईसाइयों और बौद्धों सहित अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ जारी शत्रुता पर गंभीर चिंता जताई है."

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने मैमनसिंह में एक हिंदू युवक की हालिया हत्या की निंदा करते हुए कहा कि भारत को उम्मीद है कि इस अपराध के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा.

    रणधीर जायसवाल ने यह भी कहा कि अंतरिम सरकार के कार्यकाल के दौरान अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ हिंसा की 2,900 से ज़्यादा घटनाएं अलग-अलग सोर्सों की ओर से दर्ज की गई हैं.

    उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को केवल मीडिया की बढ़ा-चढ़ाकर की गई रिपोर्टिंग बताकर या राजनीतिक हिंसा कहकर नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता.

    ये भी पढ़ें:

  13. सचिन पायलट ने कहा, 'अरावली पर्वत न हों तो रेगिस्तान दिल्ली तक पहुंच सकता है'

    सचिन पायलट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सचिन पायलट ने अरावली पहाड़ियों की 'नई परिभाषा' को लेकर केंद्र सरकार पर तंज कसा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने जयपुर में एनएसयूआई राजस्थान के 'सेव द अरावली' मार्च में हिस्सा लिया और सरकार पर तीखी प्रतिक्रिया दी.

    कांग्रेस अरावली पहाड़ियों की 'नई परिभाषा' के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रही है. ये लोग अरावली को सुरक्षा देने की मांग कर रहे हैं.

    कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दावा किया कि अगर अरावली पहाड़िया न हों तो रेगिस्तान दिल्ली तक पहुंच सकता है.

    उन्होंने कहा, "राजस्थान में रेगिस्तान का जो फैलाव है वह अरावली पर्वतमाला की वजह से रुका हुआ है. अगर वह कुछ सालों बाद नष्ट हो जाएगा, तो दिल्ली तक रेगिस्तान पहुंच सकता है."

    केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "सरकार या तो विवश है या मजबूर है. अभी तक इस मामले को सुलझाने के लिए सरकार सुप्रीम कोर्ट नहीं गई है."

    "ये डबल इंजन नहीं बल्कि चार इंजन वाली सरकार है और ये चारों इंजन दौड़ रहे हैं कि कैसे अरावली पर्वत को नष्ट किया जाए"

    क्या है मामला?

    अरावली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्र सरकार की सिफ़ारिशों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अरावली की जिस परिभाषा को स्वीकार किया है, उसके अनुसार आसपास की ज़मीन से कम से कम 100 मीटर (328 फीट) ऊँचे ज़मीन के हिस्से को ही अरावली पहाड़ी माना जाएगा.

    दो या उससे ज़्यादा ऐसी पहाड़ियाँ, जो 500 मीटर के दायरे के अंदर हों और उनके बीच ज़मीन भी मौजूद हो, तब उन्हें अरावली शृंखला का हिस्सा माना जाएगा.

    पर्यावरणविदों का कहना है कि सिर्फ़ ऊँचाई के आधार पर अरावली को परिभाषित करने से कई ऐसी पहाड़ियों पर खनन और निर्माण के लिए दरवाज़ा खुल जाने का ख़तरा पैदा हो जाएगा, जो 100 मीटर से छोटी हैं, झाड़ियों से ढँकी हैं और पर्यावरण के लिए ज़रूरी हैं.

    अरावली पहाड़ियों की 'नई परिभाषा' पर हो रहे विरोध के बीच पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है.

    बयान के मुताबिक़, केंद्र सरकार ने राज्यों को निर्देश जारी कर अरावली क्षेत्र में किसी भी नई माइनिंग लीज़ को देने पर पूरी तरह रोक लगा दी है. यह प्रतिबंध पूरी अरावली पर समान रूप से लागू होगा.

  14. पश्चिम बंगाल: 'किसी बांग्लादेशी को सिलीगुड़ी के होटलों में नहीं मिलेगी जगह'

    बांग्लादेश

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ग्रेटर सिलीगुड़ी हॉटलियर वेलफ़ेयर एसोसिएशन के जाइंट सेक्रेटरी उज्ज्वल घोष

    ग्रेटर सिलीगुड़ी हॉटलियर वेलफ़ेयर एसोसिएशन के जाइंट सेक्रेटरी उज्ज्वल घोष का कहना है कि बांग्लादेशी पर्यटक को सिलीगुड़ी के किसी भी होटल में जगह नहीं दी जाएगी.

    उन्होंने कहा, "बांग्लादेश में पिछले साल से जो हालात शुरू हुए उसके हिसाब से हम लोगों ने एक फ़ैसला लिया था कि दिसंबर महीने की 9 तारीख़ से किसी बांग्लादेशी पर्यटक को हम सिलीगुड़ी के किसी भी होटल में जगह नहीं देंगे."

    उज्ज्वल घोष ने कहा, "इसके बाद मानवीय आधार पर हमने केवल ये किया था कि जो पर्यटक मेडिकल या स्टूडेंट वीज़ा में आते हैं, उन्हें हम जगह दे रहे थे. लेकिन सिलीगुड़ी कॉरिडोर और नॉर्थ ईस्ट के सेवन सिस्टर्स को लेकर वहाँ के छोटे-छोटे नेता जो कुछ कह रहे हैं, इसका हम लोग विरोध कर रहे हैं."

    "इसलिए हमने तय किया है कि हम किसी भी बांग्लादेशी को रूम नहीं देंगे, चाहे वो मेडिकल वीज़ा पर आते हैं या स्टूडेंट वीज़ा पर."

  15. त्रिपुरा विधानसभा अध्यक्ष का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुःख

    पीएम मोदी के साथ बिस्व बंधु सेन

    इमेज स्रोत, @narendramodi/X

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी के साथ बिस्व बंधु सेन (फ़ाइल फ़ोटो)

    त्रिपुरा विधानसभा के स्पीकर बिस्व बंधु सेन का निधन हो गया है. उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुःख जताया है.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, “त्रिपुरा विधानसभा के स्पीकर श्री बिस्व बंधु सेन जी के निधन से बहुत दु:ख हुआ. त्रिपुरा की प्रगति को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों और कई सामाजिक कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए उन्हें याद किया जाएगा.”

    “इस दु:ख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और चाहने वालों के साथ हैं.”

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बिस्व बंधु सेन का शुक्रवार को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया, वह 72 वर्ष के थे.

  16. ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड टेस्ट: एक दिन में गिरे 20 विकेट, बना ये रिकॉर्ड

    स्टीव स्मिथ

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, स्टीव स्मिथ ने मैच से पहले बल्लेबाज़ों के लिए चुनौती की बात कही थी

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ एशेज़ सिरीज़ में इंग्लैंड एक बार फिर मुश्किल में नज़र आ रहा है. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे चौथे टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड की टीम सिर्फ़ 110 रन पर ऑलआउट हो गई.

    मैच के पहले दिन कुल 20 विकेट गिरे. पिछले 116 साल में एशेज सिरीज़ के पहले दिन इतने ज़्यादा विकेट नहीं गिरे. इससे पहले इसी सिरीज़ के पर्थ टेस्ट के पहले दिन 19 विकेट गिरे थे.

    ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने मैच से पहले कहा था कि पिच पर मौजूद 10 मिलीमीटर लंबी घास बल्लेबाज़ों के लिए चुनौती होगी और उन्हें बेहद सतर्क रहना पड़ेगा. स्मिथ की बात सही साबित हुई.

    ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 45.2 ओवर में 152 रनों पर ऑल आउट हो गई, इसके बाद बल्लेबाज़ी करने उतरी इंग्लैंड की टीम भी संभल नहीं पाई.

    इंग्लैंड की टीम सिर्फ़ 29.5 ओवर में 110 रनों पर ही ऑल आउट हो गई.

    टेस्ट इतिहास में यह केवल तीसरी बार हुआ है जब किसी मैच की तीसरी पारी पहले ही दिन शुरू हुई हो.

  17. चौमूं मस्जिद मामला: जयपुर में पत्थरबाज़ी के आरोप में कई लोग हिरासत में

    चौमूं जयपुर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पत्थरबाज़ी के आरोप में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है

    राजस्थान में जयपुर के चौमूं में पुलिस वालों के ख़िलाफ़ पत्थरबाज़ी के आरोप में सुरक्षाबलों ने कई लोगों को हिरासत में लिया है.

    इस इलाक़े में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से जारी एक वीडियो में कुछ लोग यह कहते सुने जा सकते हैं कि वो बाहर से आकर इलाक़े में व्यवसाय करते हैं. ये लोग दावा कर रहे हैं कि उनका इस घटना से कोई संबंध नहीं है.

    इससे पहले चौमूं में एक मस्जिद के बाहर अतिक्रमण के ख़िलाफ़ कार्रवाई के दौरान इलाक़े में तनाव पैदा हो गया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ यहाँ गुरुवार रात दो गुटों के बीच झड़प भी हुई थी.

    डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद मीणा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद मीणा के मुताबिक़ इलाक़े में फ़िलहाल शांति है

    जयपुर के डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया है, “यहाँ कलंगिरी मस्जिद है. उसपर अतिक्रमण को लेकर काफ़ी समय से कुछ विवाद चला आ रहा था. एक पक्ष ने अतिक्रमण को अपनी मर्जी से हटा दिया, लेकिन कुछ लोगों ने वहाँ एंगल वगैरह लगाकर स्थायी रूप से अतिक्रमण करने की कोशिश की थी."

    "हम इसे लोगों की सहमति से हटा रहे थे, लेकिन इसी दौरान कुछ शरारती तत्वों ने पुलिस पर पथराव किया, इसमें हमारे कुछ जवानों को भी चोट आई है. जो भी लोग इसमें शामिल हैं हम उनके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करेंगे. फ़िलहाल यहाँ पूरी तरह शांति है."

  18. नमस्कार!

    अब बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.

    अब से रात 10 बजे तक इस लाइव पेज के ज़रिए बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  19. कनाडा के टोरंटो में भारतीय छात्र की हत्या पर कांसुलेट जनरल ऑफ़ इंडिया ने ये बताया

    शिवांक अवस्थी

    इमेज स्रोत, Toronto Police

    इमेज कैप्शन, पीएचडी के छात्र शिवांक अवस्थी की गोली लगने से मौत हुई है

    कनाडा के टोरंटो में कांसुलेट जनरल ऑफ़ इंडिया ने भारतीय मूल के छात्र शिवांक अवस्थी की मौत पर शोक जताया है.

    कांसुलेट ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “हम टोरंटो स्कारबोरो कैंपस यूनिवर्सिटी के पास एक गोलीबारी की घटना में एक युवा भारतीय पीएचडी छात्र शिवांक अवस्थी की मौत पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हैं.”

    “दूतावास इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवार के संपर्क में है, और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर सभी ज़रूरी मदद पहुँचा रहा है.”

    इससे पहले टोरंटो पुलिस ने बताया था कि उसे मंगलवार को एक शख्स के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौक़े पर जाकर देखा तो उस शख़्स को गोली लगी थी.

    इस मामले के संदिग्ध हमलावर पुलिस के पहुँचने से पहले फरार हो चुके थे.

    पुलिस ने बताया था कि गोलीबारी का शिकार हुए शख़्स का नाम शिवांक अवस्थी था, जिसकी उम्र 20 साल थी.

  20. उन्नाव रेप केस: दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर महिलाओं का प्रदर्शन, पुलिस ने दी चेतावनी

    दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कुलदीप सेंगर के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ महिलाओं का प्रदर्शन

    पूर्व बीजेपी विधायक और उन्नाव रेप केस में दोषी ठहराए गए कुलदीप सेंगर के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ महिलाओं ने प्रदर्शन किया है.

    शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर महिलाओं ने हाथ में नारे लिखे पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया और कोर्ट के फ़ैसले का विरोध किया.

    हालाँकि पुलिस ने उन्हें फ़ौरन अपना प्रदर्शन ख़त्म करने की चेतावनी दी.

    दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार 23 दिसंबर को पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सज़ा निलंबित करते हुए उन्हें ज़मानत दे दी थी.

    दिल्ली पुलिस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली पुलिस ने महिलाओं को पाँच मिनट के अंदर अपना प्रदर्शन ख़त्म करने की चेतावनी दी

    एक नाबालिग़ लड़की के साथ बलात्कार के मामले में साल 2019 में कुलदीप सेंगर को उम्र क़ैद की सज़ा हुई थी. उत्तर प्रदेश के उन्नाव में साल 2017 की यह घटना देश भर में सुर्खियों में रही थी.

    मंगलवार के दिल्ली हाई कोर्ट के फ़ैसले के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है.

    बलात्‍कार के ख़‍िलाफ़ आवाज उठाने वाली वह लड़की, उनकी माँ, सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ विपक्ष के कई नेताओं ने इस फ़ैसले का विरोध किया है.