महिला वर्ल्ड कप: न्यूज़ीलैंड को 53 रन से हराकर भारत ने सेमीफ़ाइनल में बनाई जगह

इस जीत के साथ हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बाद सेमीफ़ाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी, सुमंत सिंह

  1. इंडोनेशिया पर आईओसी ने लगाया बैन, इसराइली खिलाड़ियों को वीजा देने से किया था इनकार

    जिम्नास्टिक्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली खिलाड़ी आर्टेम डोल्गोप्यात दो बार के ओलंपिक फ्लोर जिम्नास्टिक्स पदक विजेता हैं.

    अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने इंडोनेशिया पर किसी भी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की मेज़बानी करने से प्रतिबंध लगा दिया है. उसके पहले इंडोनेशिया ने इसराइली खिलाड़ियों को वीज़ा देने से इनकार कर दिया था.

    अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघों को निर्देश दिया गया है कि वे इंडोनेशिया को किसी भी खेल आयोजन की मेज़बानी न दें.

    इंडोनेशियाई सरकार ने घोषणा की थी कि वह ग़ज़ा में जारी सैन्य अभियान के विरोध में जकार्ता में आयोजित विश्व आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स चैम्पियनशिप में भाग लेने वाली इसराइली टीम को वीज़ा नहीं देगी.

    अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) इस विवाद को सुलझाने में असफल रही.

    इसके बाद इसराइली जिम्नास्टिक्स फेडरेशन (आईजीएफ़) ने कहा कि यह निर्णय “एक खतरनाक मिसाल” पेश करता है और साथ ही अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक्स महासंघ (एफ़आईजी) की भी आलोचना की.

    आईओसी की कार्यकारी समिति ने इस पर कड़ा कदम उठाते हुए कहा कि वह इंडोनेशिया की राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (एनओसी) के साथ ओलंपिक, यूथ ओलंपिक या किसी भी ओलंपिक आयोजन या सम्मेलन की मेज़बानी से जुड़ी सभी बातचीत तत्काल समाप्त कर रही है.

    आईओसी ने स्पष्ट किया कि यह प्रतिबंध तब तक जारी रहेगा, “जब तक इंडोनेशिया यह पर्याप्त गारंटी नहीं देता कि वह किसी भी प्रतिभागी को राष्ट्रीयता की परवाह किए बिना देश में प्रवेश और प्रतिस्पर्धा में भाग लेने की अनुमति देगा.”

  2. टेस्ला का मुनाफ़ा घटा, शेयरों में गिरावट

    शंघाई, चीन में एक शोरूम में रखी सिल्वर रंग की टेस्ला मॉडल वाई एल इलेक्ट्रिक कार को देखते दो लोग

    इमेज स्रोत, Future Publishing via Getty Images

    अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला ने रिकॉर्ड तिमाही राजस्व दर्ज किया है, लेकिन इसके बावजूद कंपनी का शुद्ध मुनाफ़ा 37 प्रतिशत घट गया है.

    कंपनी ने कहा कि यह गिरावट शुल्क और अनुसंधान व विकास से जुड़ी अतिरिक्त लागतों की वजह से हुई है.

    सितंबर तिमाही में टेस्ला का राजस्व 28 अरब डॉलर तक पहुंचा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 12 प्रतिशत अधिक है.

    कंपनी ने बताया कि यह बढ़ोतरी अमेरिकी ग्राहकों के टैक्स क्रेडिट की समय सीमा समाप्त होने से पहले की गई भारी खरीदारी के कारण हुई.

    कंपनी के शेयरधारक नवंबर में सीईओ एलन मस्क के नए वेतन पैकेज पर मतदान करेंगे, जिसकी संभावित कीमत 1 ट्रिलियन डॉलर तक हो सकती है.

    हालांकि, परिणामों की घोषणा के बाद टेस्ला के शेयरों में 3.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.

  3. न्यूज़ीलैंड में तेज़ हवाओं से हालात गंभीर, सौ उड़ानें रद्द

    तेज़ हवाओं के बीच सड़क पार करने की कोशिश करता एक व्यक्ति, जिसने काली जैकेट और जींस पहन रखी है और हाथ में कॉफी कप है.

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड में तेज़ हवाओं के बीच प्रशासन ने लोगों से घरों में ही रहने की अपील की है.

    न्यूज़ीलैंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में 155 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से चली तेज़ हवाओं ने व्यापक तबाही मचा दी है.

    करीब 90 हज़ार घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जबकि 100 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं.

    राष्ट्रीय मौसम सेवा ने बताया कि कैंटरबरी, वेलिंगटन, नेल्सन और मार्लबोरो क्षेत्रों में हवाओं का सबसे ज़्यादा असर देखा गया.

    कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, सड़कें बंद हो गईं और रेल सेवाएं बाधित रहीं.

    सरकार ने प्रभावित इलाकों में ‘रेड विंड वॉर्निंग’ जारी की है. जो न्यूज़ीलैंड की सबसे गंभीर मौसम चेतावनी श्रेणी है.

    दक्षिणी द्वीप के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका जताई गई है.

    आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने नागरिकों से घर में रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और आपात किट तैयार रखने की सलाह दी है.

    वेलिंगटन की मेयर टोरी व्हानोउ ने कहा, “हम ऐसी हवाएं देख रहे हैं जो दशकों में एक बार आती हैं.हमारी टीमें सड़कों और बिजली लाइनों को साफ़ करने में जुटी हैं, लेकिन इसमें समय लगेगा.”

  4. ब्रिटेन में पाकिस्तानी मूल का किशोर सहपाठी की हत्या का दोषी, उम्रकैद की सज़ा

    साउथ यॉर्कशायर पुलिस

    इमेज स्रोत, Ed Sykes/Sportsphoto/Allstar via Getty Images

    ब्रिटेन में पाकिस्तानी मूल के एक किशोर को अपने स्कूल के सहपाठी की हत्या का दोषी क़रार देते हुए उम्रकैद की सज़ा सुनाई गई है.

    यह घटना इंग्लैंड के उत्तरी शहर शेफ़ील्ड में पिछले वर्ष हुई थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मोहम्मद उमर खान ने एक शिकारी चाकू (हंटिंग नाइफ़) से अपने हमउम्र सहपाठी पर हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई.

    साउथ यॉर्कशायर पुलिस के अनुसार, अदालत ने दोषी की पहचान “जनहित” को देखते हुए सार्वजनिक करने की अनुमति दी.

    शेफ़ील्ड क्राउन कोर्ट में सुनवाई के दौरान जस्टिस नाओमी एलेनबोगन ने फैसला सुनाते हुए कहा कि खान को कम से कम 16 वर्ष जेल में रहना होगा, उसके बाद ही पैरोल पर रिहाई पर विचार किया जा सकेगा.

    न्यायाधीश ने टिप्पणी की, “यह एक निर्दयी हमला था, जिसने न सिर्फ़ एक जीवन छीना बल्कि एक पूरे समुदाय को हिला दिया. हथियारों के प्रति आपकी दीवानगी और उन्हें ‘कूल’ मानने की सोच बेहद खतरनाक है.”

    क्या था मामला?

    घटना के समय दोनों छात्र शेफ़ील्ड के एक माध्यमिक स्कूल में साथ पढ़ते थे.

    पुलिस जांच में पाया गया कि खान लंबे समय से सोशल मीडिया पर चाकुओं की तस्वीरें साझा कर रहा था और अपने साथियों को प्रभावित करने की कोशिश करता था.

    साउथ यॉर्कशायर पुलिस ने सज़ा के बाद बयान जारी कर कहा, “यह सज़ा उस समुदाय के लिए राहत है जिसने अपने एक बच्चे को हिंसा में खोया. किशोरों में हथियार रखने की प्रवृत्ति को लेकर अब समाज को गंभीरता से सोचना होगा.”

  5. दिल्ली-एनसीआर की हवा ‘बहुत खराब’, एक्यूआई 362

    धुंध से ढका अक्षरधाम मंदिर क्षेत्र

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, धुंध से ढका अक्षरधाम मंदिर क्षेत्र, वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंची.

    दिवाली के बाद राजधानी दिल्ली और एनसीआर की हवा एक बार फिर ‘बहुत खराब’ हो गई है.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, गुरुवार सुबह 6 बजे तक दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 362 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है.

    दिल्ली के आरके पुरम (362), पटपड़गंज (361) और इंडिया गेट (353) जैसे इलाकों में प्रदूषण का स्तर ज़्यादा दर्ज हुआ, जबकि आनंद विहार में एक्यूआई 428 तक पहुंच गया, जिसे सीपीसीबी ने ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा है.

    सीपीसीबी के नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार शाम 4 बजे तक राजधानी का औसत एक्यूआई 351 था, जो 24 घंटे में और बढ़ गया है. एम्स (342) और अक्षरधाम मंदिर (350) के आसपास हवा की गुणवत्ता भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही.

    हरियाणा के कई हिस्सों में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ और ‘बहुत खराब’ श्रेणियों में दर्ज की गई, जबकि पड़ोसी राज्य पंजाब में हवा की स्थिति ‘खराब’ रही.

    सीपीसीबी के अनुसार, सुबह 10 बजे हरियाणा के रेवाड़ी ज़िले के धारूहेड़ा में वायु गुणवत्ता सूचकांक 338 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है.

    इसके अलावा, जींद और रोहतक में भी वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ रही, जहां क्रमशः वायु गुणवत्ता सूचकांक 305 और 302 दर्ज किया गया.

    पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि पटाखों का धुआं और हवाओं के अभाव के कारण वायु प्रदूषण का स्तर तेज़ी से बढ़ा है.

    मौसम विभाग के अनुसार, हवा की गति में सुधार और हल्की बारिश से अगले कुछ दिनों में स्थिति में हल्का सुधार हो सकता है.

  6. विराट कोहली लगातार दूसरे वनडे में ज़ीरो पर आउट

    विराट कोहली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ एडिलेड वनडे में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. शुभमन गिल नौ और विराट कोहली शून्य पर आउट हो गए हैं.

    ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग का फ़ैसला किया है.

    इससे पहले पर्थ वनडे में भी विराट ज़ीरो पर आउट हो गए थे.

    भारत को अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे में तीन वनडे और पांच टी-20 मैच खेलने हैं. पर्थ वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट से जीत हासिल की थी और सिरीज़ में 1-0 से आगे है.

  7. ग़ज़ा में मानवीय सहायता पहुंचाना इसराइल की ज़िम्मेदारी: अंतरराष्ट्रीय न्यायालय

    ग़ज़ा में सहायता सामग्री का डिब्बा उठाए एक फ़लस्तीनी व्यक्ति

    इमेज स्रोत, Reuters

    अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) ने कहा है कि इसराइल पर कानूनी दायित्व है कि वह संयुक्त राष्ट्र और उसकी एजेंसियों को ग़ज़ा में मानवीय सहायता पहुंचाने की अनुमति दे.

    अदालत ने अपनी एडवाइज़री में कहा कि ग़ज़ा के फ़लस्तीनी नागरिकों को भोजन, पानी, दवा और आश्रय जैसी बुनियादी ज़रूरतें मुहैया कराना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत इसराइल की ज़िम्मेदारी है.

    आईसीजे ने यह भी कहा कि इसराइल अपने आरोप को साबित नहीं कर पाया कि फ़लस्तीनी शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) निष्पक्ष नहीं है या उसके कर्मचारी हमास जैसे सशस्त्र समूहों से जुड़े हुए हैं.

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अदालत के फैसले को “बहुत महत्वपूर्ण” बताया और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इसराइल इस राय का सम्मान करेगा और मानवीय सहायता में लगाए गए अवरोधों को हटाएगा.

    हालांकि, इसराइल ने आईसीजे की राय को “राजनीतिक और पक्षपातपूर्ण” बताते हुए खारिज कर दिया.

    इसराइली सरकार ने दोहराया कि वह संयुक्त राष्ट्र एजेंसी यूएनआरडब्ल्यूए के साथ सहयोग नहीं करेगी, जिसे जनवरी 2024 में यह आरोप लगाते हुए उसने प्रतिबंधित किया था कि उसके कुछ कर्मचारी “7 अक्तूबर 2023 के हमलों में शामिल” थे.

  8. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: एडिलेड वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता, पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला

    भारत और ऑस्ट्रेलिया

    इमेज स्रोत, CA/Cricket Australia via Getty Images

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में खेले जा रहे दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया है.

    भारत के इस ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेले जाएंगे. इस सिरीज़ का पहला मैच 19 अक्तूबर को पर्थ में हुआ था जिसे ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट से जीत लिया था.

    भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं.

    एलेक्स कैरी को जॉश फिलिप की जगह शामिल किया गया है और जेवियर बार्टलेट को नाथन एलिस के स्थान पर मौका मिला है.

  9. चीन और भारत के रूस से तेल ख़रीदने पर क्या बोले ट्रंप?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि भारत ने रूस से तेल आयात को धीरे-धीरे घटाने और साल के अंत तक इसे “लगभग खत्म” करने का भरोसा दिया है.

    व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, “भारत ने मुझे बताया है कि वे रूस से तेल ख़रीदना बंद करने जा रहे हैं.”

    “यह एक प्रक्रिया है, जिसे तुरंत नहीं रोका जा सकता, लेकिन साल के अंत तक वे क़रीब 40 प्रतिशत स्तर पर आ जाएंगे. कल ही मेरी प्रधानमंत्री मोदी से बात हुई.”

    राष्ट्रपति ने आगे चीन का ज़िक्र करते हुए कहा कि “चीन का मामला थोड़ा अलग है.”

    उन्होंने कहा, “रूस और चीन का रिश्ता ऐतिहासिक रूप से कभी अच्छा नहीं रहा, लेकिन बाइडन और ओबामा की नीतियों ने उन्हें क़रीब ला दिया.”

    “उन्हें कभी इतना नज़दीक नहीं आना चाहिए था. वे दोस्त नहीं हो सकते, मैं चाहता हूं कि वे दोस्त हों, लेकिन वे नहीं हो सकते.”

    ट्रंप ने बताया कि वे अलगी मुलाक़ात में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग दोनों के साथ “ऊर्जा और युद्ध समाप्ति” के मुद्दे पर चर्चा करेंगे.

    ट्रंप ने कहा, “मैं शी जिनपिंग से बात करूंगा कि यह युद्ध कैसे ख़त्म किया जा सकता है—चाहे तेल के ज़रिए हो या ऊर्जा के किसी अन्य माध्यम से. मुझे लगता है कि वे इस पर सकारात्मक रुख़ दिखाएंगे.”

  10. स्पेसएक्स ने म्यांमार में क्यों बंद किए स्टारलिंक के 2,500 सैटेलाइट टर्मिनल्स

    छतों पर स्टारलिंक सैटेलाइट के टर्मिनल्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, थाई-म्यांमार सीमा के पास स्थित एक ठगी केंद्र के परिसर की छतों पर दिखाई दे रहे स्टारलिंक सैटेलाइट के टर्मिनल्स

    एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने म्यांमार में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से जुड़े कैंपों में इस्तेमाल किए जा रहे 2,500 से अधिक स्टारलिंक सैटेलाइट टर्मिनल्स को बंद कर दिया है.

    रिपोर्टों के मुताबिक, थाई-म्यांमार सीमा क्षेत्र में करीब 30 से अधिक ठगी केंद्र सक्रिय हैं, जहां दुनिया भर से लोगों को अवैध रूप से लाकर ऑनलाइन धोखाधड़ी के कार्यों में लगाया जाता है.

    इन अभियानों से हर साल अरबों डॉलर का अवैध कारोबार होता है.

    स्पेसएक्स की हेड ऑफ़ स्टारलिंक बिज़नेस ऑपरेशंस, लॉरेन ड्रेयर, ने कहा, “हम बहुत कम मौकों पर सेवाएं बंद करते हैं, लेकिन जब भी किसी उल्लंघन या दुरुपयोग की पहचान होती है, हम तुरंत कदम उठाते हैं.”

    कंपनी की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब सोमवार को म्यांमार सेना ने ‘केके पार्क’ नामक एक बड़े ठगी केंद्र पर नियंत्रण किया है.

    यह उन इलाकों में से एक है जिन्हें सैन्य जुंटा ने पिछले दो वर्षों में विद्रोही समूहों से दोबारा अपने कब्ज़े में लिया है.

  11. चीन की मदद से म्यांमार सेना ने फिर हासिल किए खोए इलाके, जोनाथन हेड, दक्षिण पूर्व एशिया संवाददाता

    शोक मनाती महिलाएं

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, म्यांमार सेना की बमबारी में मारे गए लोगों के अंतिम संस्कार के दौरान शोक मनाती महिलाएं

    म्यांमार की सेना ने चीन की सहायता और तीव्र हवाई हमलों के ज़रिए देश के उत्तरी हिस्से के कई इलाकों पर दोबारा नियंत्रण स्थापित कर लिया है.

    पिछले वर्ष तआंग नेशनल लिबरेशन आर्मी (टीएनएलए) ने क्याउकमे शहर पर कब्ज़ा कर लिया था. यह शहर चीन सीमा से म्यांमार को जोड़ने वाले प्रमुख व्यापारिक मार्ग “एशियन हाईवे 14” पर स्थित है, जिसे द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान “बर्मा रोड” के नाम से जाना जाता था.

    उस समय इसे सैन्य जुंटा के खिलाफ विपक्ष की बड़ी जीत माना गया था.

    लेकिन केवल तीन हफ़्तों की आक्रामक कार्रवाई में सेना ने शहर को फिर अपने नियंत्रण में ले लिया, जो इस बात का संकेत है कि सैन्य संतुलन एक बार फिर जुंटा के पक्ष में झुक रहा है.

    सेना ने टीएनएलए के कब्ज़े वाले इलाकों पर लगातार हवाई और ड्रोन हमले किए. रिपोर्टों के अनुसार, 500 पाउंड तक के बम गिराए गए और तोपखाने से विद्रोही ठिकानों को निशाना बनाया गया.

    शहर का अधिकांश हिस्सा तबाह हो गया है और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पलायन कर चुके हैं.

    टीएनएलए के प्रवक्ता तार पान ला ने बीबीसी से कहा था, “क्याउकमे और हिस्पॉ में हर दिन भीषण लड़ाई चल रही है. सेना के पास ज़्यादा सैनिक, भारी हथियार और वायुशक्ति है.”

    उनके बयान के कुछ दिनों बाद सेना ने हिस्पॉ शहर पर भी कब्ज़ा कर लिया, जो टीएनएलए के नियंत्रण वाला आख़िरी बड़ा शहरी इलाका था.

    इस तरह म्यांमार की सैन्य जुंटा ने अब चीन सीमा तक जाने वाले पूरे मार्ग पर फिर से नियंत्रण प्राप्त कर लिया है.

  12. अमेरिका के इस क़दम की अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों ने की तीखी आलोचना

    विरोधी प्रदर्शनों के दौरान बल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी विदेश विभाग ने वह ऑनलाइन पोर्टल हटा दिया है, जिसके माध्यम से विदेशी सैन्य बलों के कथित मानवाधिकार उल्लंघनों की रिपोर्ट दर्ज कराई जा सकती थी.

    यह पोर्टल ह्यूमन राइट्स रिपोर्टिंग गेटवे (एचआरजी) अमेरिकी सरकार के लिए एक औपचारिक “टिप लाइन” के रूप में काम करता था.

    इसके माध्यम से व्यक्ति या संगठन अमेरिकी हथियारों से लैस विदेशी सेनाओं के किए गए गंभीर उल्लंघनों की सूचना सीधे अमेरिका को दे सकते थे.

    इस पोर्टल को बंद करने के फैसले की मानवाधिकार संगठनों और संसदीय सहयोगियों ने आलोचना की है.

    आलोचकों का कहना है कि इससे विदेशी सेनाओं की जवाबदेही कमजोर होगी, विशेष रूप से उन देशों की जिन्हें अमेरिका से सैन्य सहायता मिलती है.

    विदेश विभाग ने अपने बयान में कहा कि अमेरिका “अब भी लीही लॉ और अन्य सभी प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों का पालन कर रहा है, और यह कि मानवाधिकार शिकायतें अब वैकल्पिक माध्यमों से स्वीकार की जाएंगी."

  13. संदिग्ध ड्रग बोट पर अमेरिकी सुरक्षा बलों का हमला, दो लोगों की मौत

    संदिग्ध ड्रग बोट

    इमेज स्रोत, Pete Hegseth on X

    अमेरिकी रक्षा विभाग ने पुष्टि की है कि अमेरिकी बलों ने प्रशांत महासागर में एक संदिग्ध ड्रग बोट पर हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हुई है.

    रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अमेरिकी बलों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.

    हेगसेथ के अनुसार, यह नाव अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की निगरानी में थी और माना जा रहा था कि वह अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में मादक पदार्थों की खेप लेकर जा रही थी.

    यह कार्रवाई 2 सितंबर से अब तक संदिग्ध ड्रग बोट्स पर अमेरिकी बलों की आठवीं कार्रवाई है, लेकिन प्रशांत क्षेत्र में इस तरह का यह पहला हमला है.

  14. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.