इंडोनेशिया पर आईओसी ने लगाया बैन, इसराइली खिलाड़ियों को वीजा देने से किया था इनकार
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने इंडोनेशिया पर किसी भी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की मेज़बानी करने से प्रतिबंध लगा दिया है. उसके पहले इंडोनेशिया ने इसराइली खिलाड़ियों को वीज़ा देने से इनकार कर दिया था.
अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघों को निर्देश दिया गया है कि वे इंडोनेशिया को किसी भी खेल आयोजन की मेज़बानी न दें.
इंडोनेशियाई सरकार ने घोषणा की थी कि वह ग़ज़ा में जारी सैन्य अभियान के विरोध में जकार्ता में आयोजित विश्व आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स चैम्पियनशिप में भाग लेने वाली इसराइली टीम को वीज़ा नहीं देगी.
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) इस विवाद को सुलझाने में असफल रही.
इसके बाद इसराइली जिम्नास्टिक्स फेडरेशन (आईजीएफ़) ने कहा कि यह निर्णय “एक खतरनाक मिसाल” पेश करता है और साथ ही अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक्स महासंघ (एफ़आईजी) की भी आलोचना की.
आईओसी की कार्यकारी समिति ने इस पर कड़ा कदम उठाते हुए कहा कि वह इंडोनेशिया की राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (एनओसी) के साथ ओलंपिक, यूथ ओलंपिक या किसी भी ओलंपिक आयोजन या सम्मेलन की मेज़बानी से जुड़ी सभी बातचीत तत्काल समाप्त कर रही है.
आईओसी ने स्पष्ट किया कि यह प्रतिबंध तब तक जारी रहेगा, “जब तक इंडोनेशिया यह पर्याप्त गारंटी नहीं देता कि वह किसी भी प्रतिभागी को राष्ट्रीयता की परवाह किए बिना देश में प्रवेश और प्रतिस्पर्धा में भाग लेने की अनुमति देगा.”