जम्मू के कटरा में वैष्णो देवी मार्ग पर हुए भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्य में सेना के जवान जुटे हैं.
भारतीय सेना के व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने एक्स पर जानकारी
दी है, “तीन राहत टुकड़ियां कटरा और आसपास के इलाकों में
बचाव और राहत कार्यों में तेजी से जुटी हैं. एक टुकड़ी अर्धकुंवारी, कटरा में लोगों को बचाने में मदद कर रही है."
व्हाइट नाइट कॉर्प्स के मुताबिक़, "दूसरी राहत टुकड़ी कटरा से ठकरा कोट जाने वाली सड़क पर हुए भूस्खलन वाली जगह पर
पहुंच गई है. तीसरी टुकड़ी जौरियां के दक्षिण में सहायता प्रदान कर रही है.”
“लोगों की जान बचाने, ज़रूरतमंदों को मदद देने और नागरिकों को सुरक्षित
स्थानों पर पहुंचाने के प्रयास जारी हैं. नागरिक एजेंसियों के साथ नज़दीकी तालमेल
बनाया जा रहा है.”
जम्मू के संभागीय आयुक्त राकेश कुमार ने कहा, "वैष्णोदेवी यात्रा, शिवखोड़ी यात्रा भी स्थगित कर दी गई है. वहां भूस्खलन हुआ है. 8-9 घायल लोगों को बचाया गया है. वहां बचाव अभियान अभी भी जारी है."
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन से हुआ हादसा अत्यंत दुःखद है. इस सम्बन्ध में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री श्री उमर अब्दुल्ला जी और उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा जी से बात की. घायलों की मदद के लिए स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और एनडीआरएफ़ की टीम भी वहाँ पहुँच रही है."
मुख्यमंत्री उमर उब्दुल्लाह ने एक्स
पर लिखा, “माता वैष्णो देवी मार्ग
पर यात्रियों की मौत की ख़बर सुनकर बहुत दुख हुआ. मैं दिवंगतों के परिवारों के
प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति
मिले.”
एक दूसरी पोस्ट में उन्होंने कहा, “अभी-अभी मैंने केंद्रीय गृह मंत्री से फ़ोन पर बात की और उन्हें
जम्मू-कश्मीर की स्थिति, ख़ासकर
जम्मू प्रांत के हालात की जानकारी दी, जहां
लगातार भारी बारिश से काफ़ी नुकसान हुआ है और सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है. फ़ोन
और डेटा कनेक्टिविटी को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं.”
उन्होंने आगे लिखा, “जम्मू एयरपोर्ट बंद होने की वजह से
मैं और मेरे सहयोगी आज शाम जम्मू नहीं पहुंच सके. मुझे उम्मीद है कि कल सुबह की
पहली उड़ान से वहां पहुंच पाऊंगा. इस बीच मैं हालात की नज़दीक से निगरानी कर रहा
हूं और ज़मीनी स्तर पर काम कर रही टीमों के लगातार संपर्क में हूं.”
जम्मू में वैष्णो देवी रूट पर भूस्खलन के कारण पांच लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं.