ईरानी हमले के बाद इसराइल में सभी स्कूल बंद, अब ऑनलाइन होगी पढ़ाई

इमेज स्रोत, Getty Images
इसराइल के शिक्षा मंत्री ने बताया है कि डिमोना और अरद में हुए ईरानी हमलों के बाद उन्होंने होम फ्रंट कमांड के मेजर जनरल से सलाह-मशविरा किया है.
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “मैंने यह फ़ैसला किया है कि रविवार और सोमवार को सभी तरह की छूट समाप्त हो जाएंगी और कोई भी फ़िजिकल क्लास की अनुमति नहीं होगी.
शिक्षा मंत्री योआव कीश ने बताया है कि इस दौरान विशेष शिक्षा के लिए दी गई छूट भी रद्द रहेगी और पूरे देश में दूरस्थ शिक्षा रिमोट लर्निंग (ऑनलाइन क्लास) ही होगी. उन्होंने कहा है कि इस दौरान यलो एरिया (बच्चों के लिए) भी बंद रहेंगे.
शिक्षा मंत्री ने बताया है कि मंगलवार से पहले हालात का फिर से आकलन करने बाद ही आगे का फ़ैसला लिया जाएगा.
इसराइल में इमरजेंसी सेवाओं का कहना है कि दक्षिणी शहर अरद में हुए ईरानी मिसाइल हमले में काफ़ी नुक़सान हुआ है. इस हमले में 88 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है, घायलों में कई की हालत गंभीर है.
प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इन हमलों को 'बहुत ही मुश्किल शाम' कहा है.

