तमिलनाडु में दो ट्रेनों के बीच टक्कर के बाद लगी आग, राहत बचाव कार्य जारी

तमिलनाडु के कावरपेट्टई में एक्सप्रेस ट्रेन की एक खड़ी ट्रेन से टक्कर हुई है.

सारांश

  • तमिलनाडु में दो ट्रेनों के बीच टक्कर के बाद लगी आग, राहत बचाव कार्य जारी.
  • भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद सिराज ने तेलंगाना पुलिस में डीएसपी का चार्ज लिया है.
  • महाराष्ट्र के नासिक आर्टिलरी सेंटर में फ़ायरिंग अभ्यास के दौरान धमाका होने से भारतीय सेना के दो अग्निवीरों की मौत हो गई है.
  • नोएल टाटा होंगे टाटा ट्रस्ट के नए चेयरमैन.
  • जापान में हुए हिरोशिमा और नागासाकी के परमाणु धमाकों में बचने वाले लोगों के समूह निहोन हिदानक्यो को मिला शांति का नोबेल पुरस्कार.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सौरभ यादव

  1. आईएमए ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लिखी चिट्ठी, क्या मांग रखी

    ममता बनर्जी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने पश्चिम बंगाल में जूनियर डॉक्टरों की भूख हड़ताल को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक पत्र लिखा है.

    आईएमए ने अपने पत्र में लिखा है,'' पश्चिम बंगाल के युवा डॉक्टरों को आमरण अनशन करते हुए एक हफ़्ते से भी ज़्यादा का वक़्त बीत गया है. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन उनकी जायज़ मांगों का पूरी तरह से समर्थन करता है.''

    आईएमए ने अपने पत्र में लिखा कि राज्य के जूनियर डॉक्टर आपके तत्काल ध्यान दिए जाने के हक़दार हैं. पश्चिम बंगाल की सरकार इन डॉक्टरों की सभी मांगों को पूरा करने में सक्षम है.

    आईएमए ने कहा कि शांतिपूर्ण माहौल और सुरक्षा की मांग कोई बहुत बड़ी मांग नहीं है. बल्कि यह ज़रूरी है.

    आईएमए ने सीएम ममता बनर्जी से अपील करते हुए कहा,'' हम आपसे सरकार का मुखिया होने के नाते इन युवा डॉक्टरों की बातें सुनने और उनके मुद्दे सुलझाने की अपील करते हैं. भारत के पूरे चिकित्सा समुदाय चिंता में है और हमें यह भरोसा है कि आप उनकी जान को बचाएंगीं.''

    ''इंडियन मेडिकल एसोसिएशन इस कदम में आपकी हर संभव मदद करने को तैयार है.''

    कोलकाता के आरजी कर अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या मामले में अभी भी कुछ जूनियर डॉक्टर्स भूख हड़ताल पर बैठे हैं.

    हालांकि इससे पहले सीएम ममता बनर्जी ने जूनियर डॉक्टरों से मुलाकात की थी और उनकी कुछ मांगों को माना भी था. जिसके तहत उन्होंने कोलकाता के पुलिस कमिश्नर को हटाने की बात को मान लिया था.

    लेकिन ममता बनर्जी ने स्वास्थ्य विभाग के मुख्य सचिव नारायण स्वरूप निगम को हटाने से इनकार कर दिया था.

  2. हूती लड़ाकों ने अमेरिका के जहाज़ को बनाया निशाना

    ‘हूती लड़ाकों’ ने दो जहाज़ों को बनाया अपना निशाना

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, ‘हूती लड़ाकों ने दो जहाज़ों को बनाया अपना निशाना

    लेबनान की राजधानी बेरूत के पास स्थित यमन के हूती लड़ाकों का कहना है कि उन्होंने रॉकेटों और मिसाइलों के ज़रिए दो जहाज़ों को निशाना बनाया है.

    जिन दो जहाज़ों को हूती लड़ाकों ने निशाना बनाया है उनमें से एक जहाज़ की पहचान अमेरिका के ऑयल टैंकर के तौर पर की गई है. इसका नाम ‘ओलंपिक स्पिरिट’ है.

    जिस वक़्त हूती लड़ाकों ने अमेरिकी जहाज़ ‘ओलंपिक स्पिरिट’ को निशाना बनाया उस वक़्त वह लाल सागर में तैनात था.

    वहीं दूसरा जहाज ‘सेंट जॉन’ था जिसे हूती लड़ाकों ने हिंद महासागर में अपना निशाना बनाया.

    नवंबर 2023 से अभी तक हूती लड़ाकों ने कुल 100 जहाज़ों को अपना निशाना बना चुके हैं. इनमें से दो जहाज़ डूब भी गए हैं.

    वहीं इन हमलों के पीछे हूती लड़ाकों का यह कहना है कि यह ग़ज़ा में इसराइल के सैन्य अभियान का बदला लेने के लिए किया गया है.

    'हूती विद्रोही'

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, 'हूती विद्रोही'

    कौन हैं ‘हूती लड़ाके’

    'हूती लड़ाकों' का यमन के एक बड़े हिस्से पर नियंत्रण है. ये लाल सागर से होकर जाने वाले जहाज़ों को अक्सर ही अपना निशाना बनाते रहते हैं.

    हमास और इसराइल की लड़ाई शुरू होने के बाद से ही 'हूती लड़ाकों' ने इसराइल की ओर कई बार मिसाइलों और ड्रोन्स को छोड़ा है.

    'हूती' यमन के अल्पसंख्य शिया ‘ज़ैदी’ समुदाय का एक हथियारबंद समूह है.

    इस समुदाय ने 1990 के दशक में तत्कालीन राष्ट्रपति अली अब्दुल्लाह सालेह के कथित भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए इस समूह का गठन किया था.

    उनका नाम उनके अभियान के संस्थापक हुसैन अल हूती के नाम पर पड़ा है. वे ख़ुद को 'अंसार अल्लाह' यानी ईश्वर के साथी भी कहते हैं.

  3. पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कमला हैरिस के लिए मांगे वोट

    बराक ओबामा (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बराक ओबामा (फ़ाइल फ़ोटो)

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पेंसिल्वेनिया के पिट्सबर्ग में लोगों से डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रपति उम्मीदवार कमला हैरिस के लिए वोट करने की अपील की.

    बराक ओबामा ने लोगों से अपील करते हुए कहा, “बाहर निकलें और कमला हैरिस के लिए वोट करें.”

    साथ ही ओबामा ने यह भी कहा कि रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस के बीच कड़ा मुक़ाबला होने वाला है.

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने संबोधन के दौरान लोगों से कहा कि, कमला हैरिस को केवल उनकी नीतियों के लिए ही वोट ना करें बल्कि उनके मूल्यों और सिद्धांतों को लेकर भी वोट करें.

    आखिर में पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि इसीलिए अपना फ़ोन नीचे रखें और अपने दोस्तों और परिवार के साथ वोट देने जाएं.

    कमला हैरिस के लिए समर्थन जुटाने के अलावा बराक ओबामा ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना भी की.

    उन्होंने अर्थव्यवस्था और गर्भपात सहित कई सारे मुद्दों पर ट्रंप को घेरा. इसके अलावा उन्होंने 10 सितंबर को हुए राष्ट्रपति बहस को लेकर भी ट्रंप की आलोचना की.

    उन्होंने कहा कि ट्रंप के पास स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कोई भी ठोस योजना नहीं है. लेकिन हैरिस के पास अमेरिका के लिए ‘वास्तविक योजनाएं’ हैं.

  4. अमेरिका में मिल्टन तूफ़ान की वजह से अभी तक हुई कुल 16 मौतें

    अमेरिका में मिल्टन तूफ़ान से भारी तबाही

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका में मिल्टन तूफ़ान से भारी तबाही

    अमेरिकी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मिल्टन तूफ़ान की वजह से अभी तक कुल 16 लोगों की मौत हो गई है.

    अधिकारियों ने आने वाले दिनों में मौत के आंकड़ों में बढ़ोतरी की आशंका भी जताई है.

    फ्लोरिडा के कानून प्रवर्तन विभाग ने बीबीसी के यूएस न्यूज पार्टनर सीबीएस न्यूज़ को मृतकों की संख्या की पुष्टि की है.

    वहीं फ़्लोरिडा के एक अपार्टमेंट परिसर से क़रीब 400 लोगों को रेस्क्यू किया गया है. अपार्टमेंट में लगभग 2000 लोग रहते थे.

    बुधवार को मिल्टन तूफ़ान अमेरिका के फ़्लोरिडा से टकराया था. जिसके बाद कई सारे इलाकों में पानी भर चुका है.

    इसके अलावा 30 लाख से भी ज़्यादा घरों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है. फ्लोरिडा के सेंट पीटर्सबर्ग में पीने का पानी नहीं आ रहा है.

    अधिकारियों को मिल्टन तूफ़ान से मची तबाही के बाद पानी की सप्लाई को रोकना पड़ा है.

    अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ये तूफ़ान जानलेवा साबित हो सकता है और तेज़ हवाओं के साथ अचानक बाढ़ आ सकती है.

    यूएस नेशनल हरिकेन सेंटर के अनुसार हालिया सालों में उत्तरी अटलांटिक में ये सबसे शक्तिशाली तूफ़ान है.

  5. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं. साथ ही गुरुवार यानी कल के लाइव पेज पर जाने के लिए आप इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

    नीचे हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरें दी गई हैं, जिन्हें आप उनके लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    जम्मू-कश्मीर: 29 साल की शगुन परिहार बीजेपी की एकमात्र महिला विधायक, कैसे एनसी पर पड़ीं भारी- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    जम्मू-कश्मीरः अनुच्छेद 370 पर उमर अब्दुल्लाह के इस रुख़ के क्या संकेत हैं?- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    भारत की जेलों में जातिगत भेदभाव के ख़िलाफ़ जंग लड़ने वाली ये लड़कियां, सुप्रीम कोर्ट ने भी दी शाबाशी- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    रतन टाटा के वो पाँच फ़ैसले, जिनका असर भारतीयों पर सीधा पड़ा- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.