You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिका में इस्कॉन मंदिर पर गोलीबारी के बाद भारत का महावाणिज्य दूतावास बोला

अमेरिका के यूटा के स्पैनिश फ़ोर्क में स्थित इस्कॉन मंदिर पर हुई गोलीबारी पर सैन फ्रांसिस्को में स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और कीर्ति रावत

  1. ओडिशा: ओएएस अधिकारी पर हमला, तीन लोग गिरफ़्तार

    भुवनेश्वर नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर साहू पर हमला करने के मामले में भुवनेश्वर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ़्तार कर लिया है.

    तीनों की पहचान जीवन राउत, रश्मी महापात्रा और देबाशीष प्रधान के रूप में हुई है. इस मामले में पुलिस ने खारवेलनगर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की है.

    भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीना ने कहा, "इस मामले में क़ानून की सख़्त धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसके बाद अब इन्हें अदालत में पेश किया जाएगा. मामले की जांच जारी है. इस घटना में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है."

    पुलिस ने बताया कि ओएएस अधिकारी और भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) के अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर साहू को सोमवार को कुछ बदमाशों ने कथित तौर पर उनके कार्यालय से खींचकर उनके साथ मारपीट की.

    इस घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घटना का वीडियो जारी करते हुए अपने एक्स पर लिखा है, "मैं इस वीडियो को देखकर पूरी तरह से स्तब्ध हूँ. आज बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर साहू को उनके कार्यालय से घसीटा गया और एक भाजपा पार्षद के सामने बेरहमी से लात-घूंसों से पीटा गया. ये कथित तौर पर भाजपा के पराजित एमएलए कैंडीडेट से जुड़े हुए थे."

    "इससे भी अधिक भयावह यह है कि यह दिनदहाड़े राजधानी भुवनेश्वर में एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ हुआ, जब वह अपने कार्यालय में लोगों की शिकायतें सुन रहे थे."

    "मैं,मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी जी से ये अपील करता हूं कि न केवल इनके ख़िलाफ़ कार्रवाई हो बल्कि इस हमले की साज़िश रचने वाले राजनीतिक नेताओं के ख़िलाफ़ भी कार्रवाई की जाए."

    पीटीआई के मुताबिक इस हमले के विरोध में ओडिशा प्रशासनिक सेवा संघ ने मंगलवार से “सामूहिक अवकाश” की घोषणा कर दी है.

  2. पीएम मोदी 2 जुलाई से करेंगे पांच देशों का दौरा, ब्रिक्स सम्मेलन में लेंगे भाग

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 जुलाई से पांच देशों का दौरा करेंगे. आठ दिवसीय इस यात्रा में वो घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राज़ील और नामीबिया जाएंगे.

    इस यात्रा के दौरान वो ब्राज़ील में होने जा रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे.पीएम मोदी अपने कार्यकाल में चौथी बार ब्राज़ील की यात्रा करने वाले हैं.

    दो जुलाई से शुरू रही इस यात्रा में वह सबसे पहले घाना पहुंचेंगे. घाना में भारत के प्रधानमंत्री का 30 साल बाद दौरा हो रहा है. पीएम मोदी यहां घाना के राष्ट्रपति से मुलाकात कर दोनों देशों के राजनीतिक और आर्थिक संबंधों पर चर्चा करेंगे.

    अपनी यात्रा के आखिरी चरण में पीएम मोदी नामीबिया पहुचेंगे. नामीबिया में पीएम मोदी की पहली यात्रा और नामीबिया के राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदी की भारत से पहली द्विपक्षीय वार्ता होगी.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.