अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के किस बयान पर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल

इमेज स्रोत, ANI
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गुरुवार को कहा कि अगले हफ़्ते वेनेज़ुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज़ भारत की यात्रा पर आएंगी.
उनके इस बयान पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सवाल उठाया है.
उन्होंने कहा, "10 मई, 2025 की शाम 5:37 बजे, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ऑपरेशन सिंदूर को रोकने की घोषणा करने वाले पहले व्यक्ति थे. कल उन्होंने सबसे पहले घोषणा की कि वेनेज़ुएला की अंतरिम राष्ट्रपति भारत दौरे पर आएंगी. यह भारत और वेनेज़ुएला की ओर से इस ख़बर का कोई संकेत या पुष्टि होने से भी पहले हुआ."
कांग्रेस महासचिव ने कहा, "बाद में पता चला कि वेनेज़ुएला की राष्ट्रपति अगले हफ़्ते नई दिल्ली में होने जा रहे इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने वाली थीं. हालांकि, अफ़्रीका में इबोला वायरस फैलने के कारण इस कार्यक्रम को फ़िलहाल टाल दिया गया है."
जयराम रमेश ने सवाल उठाया कि 'अमेरिकी विदेश मंत्री को भारत की विदेश नीति के बारे में और क्या पता है?'
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो इसी हफ़्ते भारत दौरे पर आने वाले हैं. इससे पहले उन्होंने भारत को अमेरिका का 'एक अहम सहयोगी और साझेदार' बताया है.
उन्होंने कहा कि भारत के साथ 'कई मुद्दों पर काम किया जाना है'.









