पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बीच आरबीआई ने अर्थव्यवस्था को लेकर क्या कहा

इमेज स्रोत, Getty Images
देश में पेट्रोल-डीजल क़ीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ने की आशंका के बीच भारतीय रिज़र्व बैंक ने कहा है मौजूदा दिक्क़तों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहेगी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ शुक्रवार को जारी अपनी सालाना रिपोर्ट में आरबीआई ने कहा कि महंगे ईंधन, सप्लाई चेन की दिक्कतों और वैश्विक बाजारों से आने वाली चुनौतियों के बावजूद चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास यात्रा मजबूत बनी रहेगी.
रिपोर्ट में कहा गया है कि मजबूत मैक्रोइकोनॉमिक फंडामेंटल्स अर्थव्यवस्था को सहारा देंगे.
रिपोर्ट के मुताबिक़, कॉरपोरेट और बैंकिंग क्षेत्र की मजबूत बैलेंस शीट और सरकार की ओर से पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) पर लगातार दिया जा रहा जोर भारत की मजबूत विकास दर के लिए सकारात्मक संकेत हैं.
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 में जियोपॉलिटिकल रिस्क एक बार फिर वैश्विक आर्थिक वृद्धि पर सबसे बड़ा दबाव बनकर उभरा है.
इसमें यह भी कहा गया कि फरवरी 2026 के अंत में मध्यपूर्व में संघर्ष भड़कने का नकारात्मक असर वैश्विक आर्थिक वृद्धि और महंगाई के अनुमानों में दिखाई दे रहा है.









