You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ इन मुद्दों पर सहमति का किया एलान, 'अंतिम फ़ैसले' पर यह कहा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान को यह मानना होगा कि उसके पास 'कभी भी परमाणु हथियार या बम नहीं होगा'.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, सुमंत सिंह

  1. पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बीच आरबीआई ने अर्थव्यवस्था को लेकर क्या कहा

    देश में पेट्रोल-डीजल क़ीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ने की आशंका के बीच भारतीय रिज़र्व बैंक ने कहा है मौजूदा दिक्क़तों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहेगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ शुक्रवार को जारी अपनी सालाना रिपोर्ट में आरबीआई ने कहा कि महंगे ईंधन, सप्लाई चेन की दिक्कतों और वैश्विक बाजारों से आने वाली चुनौतियों के बावजूद चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास यात्रा मजबूत बनी रहेगी.

    रिपोर्ट में कहा गया है कि मजबूत मैक्रोइकोनॉमिक फंडामेंटल्स अर्थव्यवस्था को सहारा देंगे.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, कॉरपोरेट और बैंकिंग क्षेत्र की मजबूत बैलेंस शीट और सरकार की ओर से पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) पर लगातार दिया जा रहा जोर भारत की मजबूत विकास दर के लिए सकारात्मक संकेत हैं.

    रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 में जियोपॉलिटिकल रिस्क एक बार फिर वैश्विक आर्थिक वृद्धि पर सबसे बड़ा दबाव बनकर उभरा है.

    इसमें यह भी कहा गया कि फरवरी 2026 के अंत में मध्यपूर्व में संघर्ष भड़कने का नकारात्मक असर वैश्विक आर्थिक वृद्धि और महंगाई के अनुमानों में दिखाई दे रहा है.

  2. सुप्रीम कोर्ट ने देश के सभी हाई कोर्ट को दिया ये अहम निर्देश

    सुप्रीम कोर्ट ने मुक़दमों के निपटारे में देरी पर चिंता जताते हुए देश के सभी हाई कोर्ट को निर्देश दिया है कि किसी मामले में आदेश सुरक्षित रखने की तारीख़ से तीन महीने के भीतर फ़ैसला सुना दिया जाए.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि फ़ैसलों में देरी से अदालत में न्याय के लिए आने वाले लोगों को को अपूरणीय क्षति होती है. इससे न्याय मिलने की प्रक्रिया प्रभावित होती है.

    क़ानूनी ख़बरों और विश्लेषण की वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिक़ चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की बेंच ने शुक्रवार को कहा कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़े मामलों में और अधिक तेजी से फै़सला लिया जाना चाहिए.

    बेंच ने कहा कि जमानत याचिकाओं पर आदेश यथासंभव उसी दिन सुनाया जाए.

    अगर आदेश सुरक्षित रखा जाता है, तो उसे अगले दिन तक सुनाकर अपलोड किया जाए.

    जमानत या सजा-स्थगन का आदेश सुनाए जाने के तुरंत बाद उसकी सूचना जेल प्रशासन को भेजी जाए.

    विचाराधीन कैदी या दोषी व्यक्ति को संभव हो तो उसी दिन या अधिकतम अगले दिन रिहा किया जाए.

  3. सिद्धारमैया ने राहुल गांधी से की मुलाक़ात, क्या है इरादा?

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के बाद कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने शुक्रवार सुबह अपने बेटे यतींद्र सिद्धारमैया के साथ 10, जनपथ स्थित आवास पर राहुल गांधी से मुलाक़ात की.

    इस मुलाक़ात को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि सिद्धारमैया राज्यसभा की सीट की पेशकश पहले ही ठुकरा चुके हैं.

    सिद्धारमैया कांग्रेस नेतृत्व के साथ अपनी आगे की राजनीतिक भूमिका पर चर्चा करेंगे.

    सिद्धारमैया यह भी कह चुके हैं कि वह कर्नाटक में ही रहना चाहते हैं और पार्टी आलाकमान की ओर से सुझाई गई किसी केंद्रीय जिम्मेदारी में उनकी ख़ास दिलचस्पी नहीं है.

  4. यूपी: हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरा, छह मजदूरों की मौत, गौरव गुलमोहर, बीबीसी हिन्दी के लिए

    उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार देर रात निर्माणाधीन पुल गिरने से छह मजदूरों की मौत हो गई है. जबकि मलबे में दबे तीन मजदूरों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेज दिया गया है.

    स्थानीय प्रशासन के मुताबिक यह हादसा गुरुवार देर रात हुआ, जब पुल का निर्माण कार्य चल रहा था. अचानक निर्माणाधीन ढांचा गिर गया और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए.

    मृत मजदूरों में दो हमीरपुर और चार बांदा जिले के रहने वाले थे.

    एडिशनल एसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "पुल गिरने से छह मजदूरों की मौत हो चुकी है. मलबे में दबे तीन मजदूरों को रेस्क्यू कर लिया गया है. जब हादसा हुआ तब मजदूर काम कर रहे थे."

    क्या हादसा देर रात आये अंधी-तूफान के कारण हुआ? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "अभी हम घटनास्थल पर मौजूद हैं जांच के बाद ही कारणों का पता चल सकता है लेकिन जो दोषी होंगे निश्चित ही उनपर कार्रवाई होगी."

    अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव कार्य रातभर जारी रहा.

    जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मज़दूरों को बाहर निकाला गया.

    घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

    हादसे के बाद पुल निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

    जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं.

    अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

    जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसा केवल खराब मौसम की वजह से हुआ या निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही भी थी.

    गुरुवार देर रात उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं.

    मौसम विभाग ने पहले ही खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की थी.

  5. कर्नाटक के राज्यपाल ने सिद्धारमैया का इस्तीफ़ा मंज़ूर किया, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए

    कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है और उनसे कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम जारी रखने को कहा है.

    राज्यपाल गहलोत बुधवार रात फैमिली इमरजेंसी के कारण इंदौर चले गए थे.

    इसके बाद सिद्धारमैया गुरुवार दोपहर राजभवन पहुंचे और अपना इस्तीफ़ा राज्यपाल के विशेष सचिव को सौंप दिया.

    कर्नाटक के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी मुख्यमंत्री का इस्तीफ़ा राज्यपाल की अनुपस्थिति में उनके विशेष सचिव को सौंपा गया.

    सिद्धारमैया का इस्तीफ़ा स्वीकार होने के बाद अब कांग्रेस पार्टी कल या रविवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाने की घोषणा कर सकती है.

    सिद्धारमैया और उनके संभावित उत्तराधिकारी डीके शिवकुमार नई मंत्रिपरिषद के गठन पर पार्टी नेतृत्व से चर्चा करने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं.

    एक वरिष्ठ मंत्री ने नाम न छापने की शर्त पर बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, ‘’राहुल गांधी ने मंगलवार को सिद्धारमैया से मुलाक़ात के दौरान कहा था कि नई मंत्रिपरिषद में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) दलितों और अल्पसंख्यकों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए."

    सिद्धारमैया ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि वह सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाक़ात कर उनका धन्यवाद करने के लिए दिल्ली जा रहे हैं.

    सिद्धारमैया के एक क़रीबी सहयोगी ने इस संवाददाता को बताया, "वह अपने समर्थक नेताओं की एक सूची भी साथ लेकर गए हैं, जिन्हें नई मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की सिफारिश की जाएगी."

  6. गुजरात के गिर जंगलों में दो शेरों की मौत, ख़तरनाक बेबेसिया संक्रमण फैलने का ख़तरा

    गुजरात के गिर के जंगलों में दो शेरों की मौत हो गई है. आशंका है कि बेबेसिया संक्रमण से इन शेरों की मौत हुई है.

    बीबीसी गुजराती की ख़बर के मुताबिक़ वन विभाग ने एहतियात के तौर पर संक्रमण के लक्षणों वाले 17 शेरों को अलग कर दिया है. आशंका है कि अन्य शेरों को भी बेबेसिया हो सकता है. उन्हें दूसरे शेरों से अलग (क्वारंटीन) रखा जा रहा है.

    इससे पहले 2020 में, इस महामारी के कारण 20 से अधिक एशियाई शेरों की मौत हो गई थी.

    बेबेसिया या बेबेसिओसिस पैरासाइट की वजह से होने वाली बीमारी है. ये लाल रक्त कोशिकाओं को नष्ट कर देती है. इससे मलेरिया जैसे लक्षण पैदा होते हैं जैसे कि तेज बुख़ार, थकान और खू़न की कमी.

    हालांकि, गुजरात के वन और पर्यावरण मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने कहा है "वन विभाग'' की ओर से एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं और वर्तमान स्थिति चिंताजनक नहीं है.

    2018 में, कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (सीडीवी) से शेरों में एक संक्रामक बीमारी फैल गई थी, जिससे लगभग 30 शेरों की मौत हो गई थी,

    वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उस समय शेरों को सीडीवी संक्रमण के साथ-साथ बेबेसिया भी हो गया था.

  7. अमेरिकी वित्त मंत्री ने ईरान के ख़िलाफ़ प्रतिबंधों में ढील को लेकर क्या कहा

    अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि ईरान को बातचीत की मेज पर लाने में दो चीज़ों ने अहम भूमिका निभाई है. पहली सैन्य कार्रवाई और दूसरा आर्थिक दबाव.

    उन्होंने कहा कि ईरान पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने या उसकी फ़्रीज की गई संपत्तियों को जारी करने की प्रक्रिया बहुत धीमी गति से आगे बढ़ेगी.

    बेसेंट ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगियों की ओर से उठाए गए सैन्य कदमों के साथ-साथ कड़े आर्थिक प्रतिबंधों ने ईरान पर इतना दबाव बनाया कि वह बातचीत के लिए तैयार हुआ.

    यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर बातचीत जारी है.

    बेसेंट ने संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच किसी समझौते की संभावनाएं बन रही हैं, हालांकि अंतिम फ़ैसला अमेरिकी राष्ट्रपति के हाथ में होगा.

  8. नेतन्याहू ने गज़ा के 70 फ़ीसदी हिस्से पर कब्ज़ा करने का आदेश दिया

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने सेना को गज़ा के और हिस्सों पर कब्ज़ा करने का निर्देश दिया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने ख़बर दी है कि नेतन्याहू ने कहा कि शुरुआत में लक्ष्य फ़लस्तीन क्षेत्र के 70 फ़ीसदी हिस्से पर नियंत्रण हासिल करना है.

    यह कदम अक्तूबर 2025 में इसराइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम समझौते की शर्तों के उलट माना जा रहा है.

    गज़ा की आबादी पहले से ही समुद्र तट के किनारे एक बेहद छोटे इलाके में सिमटकर रह गई है.

    अनुमान है कि इसराइल ने पहले से ही गज़ा पट्टी के लगभग 64 फ़ीसदी हिस्से पर अपना प्रभावी नियंत्रण हासिल कर लिया है.

    2023 में दक्षिणी इसराइल पर हमास के हमले के बाद शुरू हुए इसराइल के दो साल लंबे सैन्य अभियान में इस छोटे से तटीय क्षेत्र का बड़ा हिस्सा खंडहर में बदल चुका है.

  9. अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम 60 दिन बढ़ाने पर सहमति की ख़बर, जेडी वेंस क्या बोले

    अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर सहमति की ख़बर है.

    बताया जा रहा है कि इस समझौते में युद्धविराम को 60 दिनों के लिए बढ़ाना और ईरान के परमाणु कार्यक्रम के भविष्य पर बातचीत शुरू करना शामिल है.

    हालांकि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि युद्ध को लेकर किसी समझौते पर पहुंचने से पहले अमेरिका और ईरान को अभी कई लंबित मुद्दों को सुलझाना होगा.

    लेकिन बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़ ईरान की अर्द्धसरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने ख़बर दी है कि समझौता अभी अंतिम रूप नहीं ले पाया है और इसकी पुष्टि भी नहीं हुई है.

    बीबीसी ने सवाल किया क्या राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समझौते पर हस्ताक्षर करने के करीब हैं. इस पर वेंस ने कहा कि यह टिप्पणी करना अभी जल्दबाज़ी होगी कि दोनों पक्ष अंतिम समझौते तक "कब या क्या" पहुंच पाएंगे.

    इससे पहले गुरुवार को अमेरिकी अधिकारियों ने बीबीसी को बताया था कि दोनों देशों के बीच समझौते के ढांचे पर सहमति बन गई है, लेकिन इसे अभी डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी नेतृत्व की मंज़ूरी मिलनी बाकी है.

    इस बीच, अमेरिकी सेना ने ईरान पर नाजुक युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया.

    यह बयान तब आया जब कुवैत ने बताया कि उस पर हमला किया गया है.

  10. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    "उजाले अपनी यादों के…", उर्दू शायरी को महफ़िलों से निकालकर अवाम तक पहुँचाने वाले बशीर बद्र नहीं रहे

    'सत्ता छीननी पड़ती है': 'कांग्रेस के संकटमोचक' डीके शिवकुमार कैसे पहुँचे सीएम की कुर्सी तक

    त्विषा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह को सीबीआई ने किया गिरफ़्तार

    सीबीएसई की कॉपी रीचेकिंग को लेकर विवाद क्या है और स्टूडेंट क्यों उठा रहे हैं सवाल?