You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बोंडी बीच हमला: अब किस हाल में हैं हमलावर से बंदूक छीनने वाले अहमद अल अहमद

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बोंडी बीच पर हुए हमले के दौरान एक हमलावर से बंदूक छीनने वाले अहमद अल अहमद की हालत स्थिर है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और सुरभि गुप्ता

  1. दिल्ली की हवा 'बेहद ख़राब', कई जगहों पर एक्यूआई 500 तक पहुंचा

    राजधानी दिल्ली की हवा लगातार ख़राब होती जा रही है. सोमवार की सुबह राजधानी एक घने धुंध की चादर में लिपटी नज़र आई.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक़, कई जगहों पर हवा की गुणवत्ता का स्तर यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) क़रीब 500 दर्ज किया गया.

    401 से 500 के बीच के एक्यूआई को 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है.

    दिल्ली के रोहिणी में सोमवार सुबह 9 बजे एक्यूआई 500 दर्ज किया गया. वहीं वज़ीरपुर इलाक़े में 499 एक्यूआई रहा.

    अगर आनंद विहार की बात करें तो वहां का एक्यूआई 493 दर्ज किया गया.

    वहीं शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी सीवियर (गंभीर) होने के बाद यहाँ ग्रैप-4 (ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान) लागू कर दिया गया है.

    ग्रैप का स्टेज-4 क्या होता है?

    • दिल्ली में सभी ट्रकों की एंट्री पर पाबंदी (ज़रूरी सामान लाने वाले ट्रकों को छोड़कर). लेकिन एलएनजी, सीएनजी, इलेक्ट्रिक और बीएस-6 डीज़ल गाड़ियों के दिल्ली में प्रवेश की अनुमति होती है.
    • ज़रूरी सामान लाने वाली गाड़ियों को छोड़कर डीज़ल पर चलने वाली बीएस-4 मीडियम गुड्स व्हीकल और हैवी गुड्स व्हीकल को निश्चित समय के लिए दिल्ली में प्रवेश की अनुमति.
    • बीएस-3 और इससे नीचे के स्टैंडर्ड की दिल्ली से बाहर की गाड़ियों के लिए दिल्ली में प्रवेश पर पाबंदी.
    • ग्रैप स्टेज-3 में बताए गए सभी तरह के निर्माण कार्यों, मरम्मत कार्यों पर रोक.
    • राज्य सरकार कक्षा छह से 9 और कक्षा 11 के छात्रों के लिए स्कूल बंद करने और ऑनलाइन क्लासेस कराने को लेकर फ़ैसला ले सकती है.
    • इसके साथ ही ग्रैप-3 में बताए गए प्रावधान के मुताबिक़ राज्य सरकार कक्षा पांच तक के छात्रों के लिए स्कूल बंद करने और ऑनलाइन क्लासेस कराने को लेकर फ़ैसला ले सकती है.
  2. ऑस्ट्रेलिया: बोंडी बीच हमले के बारे में पुलिस ने क्या जानकारी दी?

    ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बोंडी बीच हमले को लेकर न्यू साउथ वेल्स के पुलिस कमिश्नर माल लैन्यन ने ताज़ा जानकारी दी है.

    पुलिस कमिश्नर माल लैन्यन ने कहा है कि वह ज़्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकते. हालांकि उन्होंने बताया कि पिता और बेटे की जोड़ी का ऑस्ट्रेलिया से काफ़ी समय से संबंध रहा है और पिता के पास साल 2015 से हथियार रखने का लाइसेंस था.

    दरअसल दोनों हमलावर पिता और बेटा थे. पिता की उम्र 50 साल और बेटे की उम्र 24 साल बताई गई है.

    बोंडी बीच पर गोलीबारी की घटना में 10 साल की एक बच्ची समेत 15 लोगों की मौत हो गई है.

    लैन्यन ने कहा कि पुलिस अभी दोनों लोगों के बारे में जांच कर रही है. इस समय उनके बारे में बहुत कम जानकारी है.

    जब उनसे पूछा गया कि क्या दोनों हमलावर ऑस्ट्रेलियाई नागरिक हैं, तो उन्होंने कहा कि वह इस पर टिप्पणी करने के लिए तैयार नहीं हैं.

    एनएसडब्ल्यू पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 50 वर्षीय हमलावर के पास शिकार करने के लिए हथियार रखने का लाइसेंस था.

    उन्होंने कहा कि वह एक गन क्लब के सदस्य थे और हथियार क़ानून के तहत उन्हें लाइसेंस दिया गया था. उनके पास 'कैटेगरी एबी' का लाइसेंस था, जिसके तहत लंबे हथियार रखने की अनुमति होती है.

    उन्होंने कहा कि पुलिस जांच अभी जारी है और इस मामले में सीमित जानकारी ही साझा की जाएगी.

  3. मेसी ने ऐसे बिताई मुंबई में शाम, सचिन ने गिफ़्ट की 2011 विश्व कप की जर्सी

    मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को अर्जेंटीना के स्टार फ़ुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी पहुंचे. इस दौरान बड़ी संख्या में उनके फ़ैंस उन्हें देखने के लिए पहुंचे.

    चार शहरों के अपने जीओएटी इंडिया टूर के दूसरे दिन लियोनेल मेसी ने वानखेड़े स्टेडियम में क़रीब एक घंटा बिताया. उनके साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी नज़र आए.

    इस दौरान उन्होंने युवा फुटबॉल खिलाड़ियों, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री और फ़िल्मी दुनिया से जुड़ी हस्तियों से बातचीत की.

  4. मेसी को लेकर पश्चिम बंगाल में मची अफ़रा-तफ़री के बाद दिल्ली में कैसी तैयारी?

    अर्जेंटीना के स्टार फ़ुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी भारत के दौरे पर हैं. मेसी से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल में मची अफ़रा-तफ़री को देखते हुए दिल्ली पुलिस सुरक्षा को लेकर अलर्ट है.

    दिल्ली में सोमवार को होने वाले कार्यक्रम के लिए दिल्ली पुलिस ने अरुण जेटली स्टेडियम और उसके आसपास मल्टी लेयर्ड सुरक्षा व्यवस्था की है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अधिकारियों ने रविवार को बताया कि यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा.

    शनिवार को मेसी जब कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे तो दर्शकों में उनको लेकर ज़बरदस्त उत्साह था.

    हालांकि ये उत्साह कुछ ही समय बाद ग़ुस्से में बदल गया जब लियोनेल मेसी वहां से जल्दी निकल गए. इस दौरान स्टेडियम में कुर्सियां और बोतलें फेंकते दर्शकों की तस्वीरें भी सामने आईं.

  5. ऑस्ट्रेलिया: बोंडी बीच हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हुई, अब तक क्या हुआ?

    ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने पुष्टि की है कि बोंडी बीच पर गोलीबारी की घटना में 10 साल की एक बच्ची समेत 15 लोगों की मौत हो गई है.

    साथ ही उन्होंने बताया कि हमलावरों में से भी एक की मौत हो गई है.

    पुलिस कमिश्नर माल लैन्यन ने कहा है कि दोनों हमलावर पिता और बेटा थे. पिता की उम्र 50 साल और बेटे की उम्र 24 साल बताई गई है.

    पुलिस के मुताबिक़ 50 वर्षीय हमलावर को पुलिस ने गोली मार दी थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. वहीं 24 वर्षीय युवक की हालत गंभीर बनी हुई है.

    इस घटना के बाद 42 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है. इनमें वे पुलिसकर्मी भी शामिल हैं जो मौके पर ड्यूटी पर मौजूद थे.

    पुलिस ने बताया है कि 50 वर्षीय व्यक्ति के पास हथियार रखने का लाइसेंस था. उसके नाम पर छह हथियार रजिस्टर्ड थे और बोंडी बीच से भी छह हथियार बरामद किए गए हैं.

    मौके़ से दो विस्फोटक भी मिले थे जिन्हें पुलिस ने निष्क्रिय कर दिया है.

    ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने कहा है कि भविष्य में इस तरह के हमलों से निपटने के लिए हर ज़रूरी संसाधन लगाए जाएंगे. उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई समाज में 'यहूदी विरोधी भावना' को पूरी तरह ख़त्म करने का भी संकल्प जताया है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.