पाकिस्तान सेना ने कहा- देश की सुरक्षा को ख़तरा, इमरान ख़ान को लेकर किए दावे
इमरान ख़ान का नाम लिए बिना पाकिस्तान सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ़ चौधरी ने कहा है कि सैन्य बलों और उनकी लीडरशिप पर और हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और उनसे “बिना डरे” लड़ा जाएगा.
हैदराबाद हाउस पहुंचे राष्ट्रपति पुतिन, पीएम मोदी के साथ होगी अहम बैठक
इमेज स्रोत, DDNEWS
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी के साथ रूसी राष्ट्रपति पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हैदराबाद हाउस पहुंच चुके हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने उनका यहां स्वागत किया.
भारत और रूस के बीच हैदराबाद हाउस में बहुत ही अहम बैठक होने वाली है.
इससे पहले राष्ट्रपति पुतिन राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे. जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका औपचारिक स्वागत किया. उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया.
इसके बाद वे राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की.
तस्वीरों में: राष्ट्रपति पुतिन ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गाँधी को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने फूल चढ़ाने के बाद अपना सिर भी झुकाया.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, महात्मा गांधी को श्रंद्धाजली देने के पहले पुतिन राष्ट्रपति भवन पहुंच चुके थे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका औपचारिक स्वागत किया.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति पुतिन को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया.
इंडिगो की फ्लाइट्स के रद्द होने का सिलसिला जारी, दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बीते कुछ दिनों से इंडिगो की फ्लाइट्स रद्द होने की वजह से यात्रियों को परेशानी हो रही है
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइंस में से एक इंडिगो की उड़ानों में आ रही दिक्कतों का सिलसिला थमा नहीं है. बीते दो दिनों में इसकी सैकड़ों उड़ानें रद्द हुई हैं या उनमें घंटों में विलंब हुआ है.
उड़ानों के रद्द होने की वजह से सिंगापुर के भारत में उच्चायुक्त साइमन वोंग को भी परेशानी का सामना करना पड़ा है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं भी इंडिगो की वजह से मुश्किल में फंसे हजारों यात्रियों में शामिल हो गया हूं. देवघर जाने वाली मेरी फ्लाइट रद्द हो गई. शादी में शामिल होने के लिए मेरा इंतजार कर रहे अपने युवा स्टाफ़ से मैं माफ़ी मांगता हूं."
दिल्ली एयरपोर्ट ने शुक्रवार को
यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है. इसके मुताबिक़ कुछ घरेलू उड़ानों के प्रभावित होने की वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना
पड़ सकता है.
दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा, "कुछ घरेलू सेवाओं के परिचालन में चुनौतियों के कारण कुछ उड़ानों में देरी
हो रही है, या कुछ उड़ाने रद्द हो रही हैं. हम यात्रियों को एयरपोर्ट पर
आने से पहले एयरलाइन से फ्लाइट की स्थिति के बारे में जानकारी लेने की सलाह देते
हैं."
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ दिल्ली एयरपोर्ट ने बताया है कि शुक्रवार सुबह से दिल्ली में आने जाने वाली इंडिगो की 200 से
ज़्यादा उड़ाने रद्द हुई हैं.
जबकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, शुक्रवार को इंडिगो की 500 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो सकती है.
बीते कुछ दिनों से इंडिगो की
फ्लाइट्स रद्द होने की वजह यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इमेज कैप्शन, हरभजन सिंह ने विराट कोहली के प्रदर्शन की सराहना की
भारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज हरभजन
सिंह ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही वनडे सिरीज में मोहम्मद शमी के नहीं
होने पर सवाल किया है.
हरभजन सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल 'हरभजन टर्बनेटर सिंह' पर एक
वीडियो में विराट कोहली के प्रदर्शन की तारीफ की.
हरभजन सिंह ने कहा, "विराट कोहली को लोगों ने खारिज कर दिया था. लेकिन वो कितना
अच्छा खेल रहे हैं. बैक टू बैक सेंचुरी लगाई हैं. नए दौर में भी विराट कोहली जैसा
फिट खिलाड़ी नहीं है."
"अगर आप विराट कोहली जैसे
खिलाड़ी पर सवाल उठा रहे हो, तो फिर आप क्या
कर रहे हो. विराट कोहली लेजेंड खिलाड़ी है."
हरभजन सिंह ने पूछा है कि मोहम्मद
शमी को टीम में जगह क्यों नहीं दी जा रही.
उन्होंने कहा, "मोहम्मद शमी कहां है. मुझे नहीं समझ आ रहा कि शमी क्यों नहीं
खेल रहे हैं. आपके पास जो अच्छे गेंदबाज हैं, उनको आपने साइडलाइन कर दिया है."
"बुमराह के साथ हमारा गेंदबाजी
अटैक अलग होता है. लेकिन बुमराह के बिना हमारा गेंदबाजी अटैक बिल्कुल अलग दिखाई
देता है. हमें बुमराह के बिना मैच जीतने की आदत डालनी होगी."
हरभजन सिंह ने इंग्लैंड के खिलाफ
टेस्ट सिरीज में मोहम्मद सिराज के प्रदर्शन की तारीफ की. पूर्व स्पिनर ने कहा,
"जैसे सिराज ने इंग्लैंड में बेहतरीन
प्रदर्शन किया, वैसे ही विकल्प हमें गेंदबाजी में
वनडे और टी20 में भी तलाशने होंगे."
मोहम्मद शमी आखिरी बार इस साल की शुरुआत में खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की ओर से खेलते हुए नजर आए थे.
आसिम मुनीर पाकिस्तान के पहले चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस फ़ोर्सेज नियुक्त
इमेज स्रोत, ISPR
इमेज कैप्शन, फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर पाकिस्तान के सेना प्रमुख भी हैं
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी ने फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर को देश का पहला 'चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस फ़ोर्सेज' नियुक्त
किया है.
गुरुवार शाम को प्रधानमंत्री शहबाज
शरीफ ने फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर की नियुक्ति के संबंध में राष्ट्रपति कार्यालय को
पत्र लिखा.
दोनों पदों पर आसिम मुनीर
का कार्यकाल पांच साल का होगा.
आसिम मुनीर साल 2030 तक इन दोनों पदों पर
रहेंगे.
इसके अलावा राष्ट्रपति ज़रदारी ने वायु सेना प्रमुख एयर चीफ़ मार्शल ज़हीर अहमद बाबर
सिद्धू के कार्यकाल को दो साल के लिए बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है.
ब्रिस्बेन टेस्ट: इंग्लैंड की पहली पारी इतने रन पर सिमटी, रूट ने बनाई 40वीं सेंचुरी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ब्रिस्बेन टेस्ट में जो रूट ने 138 रन की नाबाद पारी खेली
ब्रिस्बेन में खेले जा रहे एशेज
सिरीज के दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड की पहली पारी 334 रन पर सिमट गई है.
जो रूट 138 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने 75 रन देकर छह विकेट हासिल किए.
डे-नाइट टेस्ट के पहले दिन के खेल का
अंत होने तक इंग्लैंड का स्कोर 9 विकेट के नुकसान
पर 325 रन था.
लेकिन दूसरे दिन की शुरुआत में
इंग्लैंड अपने स्कोर में 9 रन का इजाफा ही
कर पाया.
हालांकि जो रूट और जोफ्रा आर्चर के
बीच आखिरी विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी
हुई. आर्चर ने 36 गेंद में 38 रन की पारी खेली.
ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट में जीत
दर्ज कर पांच मैचों की सिरीज में 1-0 से बढ़त बना रखी
है.
कांग्रेस सांसद शशि थरूर पुतिन के भारत दौरे पर बोले, 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान रूस से दोस्ती बेहद अहम साबित हुई'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, शशि थरूर ने भारत और रूस के रिश्तों को महत्वपूर्ण बताया है
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रूस के
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे पर प्रतिक्रिया दी है.
शशि थरूर ने समाचार एजेंसी एएनआई से
कहा, "ये बेहद जरूरी है. ये (भारत और रूस)
महत्वपूर्ण रिश्ता है और लंबे समय से रहा है."
"आज की अशांत दुनिया में जहां
बहुत सारे रिश्ते अनिश्चित हो गए हैं, हमारे
मौजूदा रिश्तों को मजबूत करना ज़रूरी हो जाता है. किसी को यह गलतफहमी नहीं होनी
चाहिए कि इससे दूसरे देशों के साथ हमारे रिश्ते प्रभावित होंगे, क्योंकि भारत में विभिन्न देशों के साथ स्वतंत्र संबंध रखने
की क्षमता है."
शशि थरूर ने कहा, "हाल के सालों में रूस के साथ दोस्ती महत्वपूर्ण साबित हुई है.
हमें रूस से काफी तेल और गैस मिली है."
"रूस से रक्षा आयात का महत्व
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एक बार फिर साबित हुआ जब एस-400 ने हमारे शहरों को निशाना
बनाने वाली कई पाकिस्तानी मिसाइलों से बचाया."
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
दो दिन के भारत दौरे पर हैं.
इस यात्रा के दौरान, रूसी राष्ट्रपति प्रधानमंत्री मोदी के साथ 23वें भारत-रूस
वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.
यूक्रेन-रूस यूद्ध समाप्त कराने के समझौते पर राष्ट्रपति ट्रंप ने ये दावा किया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने 8 युद्धों को सुलझाने का दावा किया है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
दावा किया है कि वो यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध समाप्त करवाने के लिए समझौते की
ओर आगे बढ़ रहे हैं.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "अमेरिका ने मजबूती के साथ वापसी की है. हम दुनिया भर में शांति ला रहे
हैं."
"हमने 8 युद्धों को सुलझा लिया
है और हम एक और युद्ध समाप्त करवाने के लिए समझौता करवाने की तरफ बढ़ रहे हैं.
उम्मीद है कि रूस और यूक्रेन के बीच भी युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता हो
जाएगा."
हालांकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर
पुतिन ने गुरुवार को भारत पहुंचने के बाद यूक्रेन के साथ समझौते को खारिज किया है.
यूक्रेन और रूस के बीच चल रही जंग के
करीब चार साल पूरे होने को हैं.
अमेरिकी शांति योजना पर चर्चा कर रहे
ट्रंप के वार्ताकारों का मानना है कि रूसी नेता "युद्ध समाप्त करना चाहते
हैं."
इमेज कैप्शन, इसराइल और लेबनान के बीच दशकों के बाद हाल में सीधी वार्ता हुई
इसराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में
हवाई हमले किए हैं. ये हवाई हमले ऐसे वक्त में किए गए
हैं जब लेबनान और इसराइल के बीच दशकों के बाद सीधी वार्ता हुई.
मजादेल, बाराचित, जबा और
महरौना कस्बों में रहने वाले लोगों को इन जगहों को खाली करने के लिए कहा है.
इसराइली सेना का आरोप है कि इन
स्थानों पर ईरान समर्थित समूह के हथियारों के गोदाम हैं.
हालांकि इसराइल के ताजा हवाई हमलों
में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
इसराइल और लेबनान के बीच नवंबर 2024
में युद्धविराम लागू होने के बाद से इसराइल ने लेबनान पर लगभग हर दिन हमले किए
हैं.
लेबनान की ओर से इसराइल के ताजा
हमलों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है. लेकिन लेबनान के नेता पहले इसराइल के
हमलों की आलोचना करते रहे हैं और इसे युद्धविराम के समझौते का उल्लंघन बताते रहे
हैं.
पुतिन ने कहा, 'यूक्रेनी सैनिकों को डोनबास से हटना ही पड़ेगा'
इमेज स्रोत, Alexander Nemenov/Pool via REUTERS
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने के समझौते को खारिज किया है
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
ने कहा है कि यूक्रेनी सैनिकों को पूर्वी यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र से पीछा
हटना होगा.
पुतिन ने कहा कि अगर यूक्रेन ऐसा
नहीं करता है तो रूस वहां कब्जा कर लेगा. पुतिन ने यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने
के किसी भी समझौते को खारिज कर दिया.
राष्ट्रपति पुतिन ने ये बात गुरुवार
रात भारत पहुंचने के बाद कही. उन्होंने इंडिया टुडे से कहा, "या तो हम इन क्षेत्रों को बलपूर्वक मुक्त कराएंगे, या
यूक्रेनी सैनिक इन क्षेत्रों को छोड़ दें."
रूस का डोनबास के करीब 85 फीसदी
हिस्से पर नियंत्रण है.
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर
ज़ेलेंस्की ने क्षेत्र छोड़ने से इनकार कर दिया है.
पुतिन की यह टिप्पणी राष्ट्रपति
डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिकी शांति
योजना पर चर्चा कर रहे उनके वार्ताकारों का मानना है कि रूसी नेता "युद्ध
समाप्त करना चाहते हैं."
रूस के राष्ट्रपति पुतिन को पीएम मोदी ने भेंट की गीता
इमेज स्रोत, X/ @NarendraModi
इमेज कैप्शन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिन के भारत दौरे पर हैं
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
के भारत पहुंचने के बाद गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें रूसी भाषा
में लिखी गई गीता की कॉपी भेंट की.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म
एक्स पर लिखा, "राष्ट्रपति पुतिन को रूसी भाषा में
लिखी गई गीता की एक प्रति भेंट की. गीता की शिक्षा दुनिया भर के लाखों लोगों को
प्रेरणा देती है."
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
गुरुवार को दो दिवसीय भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचे. उनका विमान दिल्ली के पालम
एयरपोर्ट पर उतरा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने
खुद जाकर उनका स्वागत किया.
एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत के बाद
पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन एक ही गाड़ी में बैठकर 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंचे. यह पीएम मोदी का आधिकारिक आवास है.
यूक्रेन के साथ जंग के बाद यह
राष्ट्रपति पुतिन का यह पहला भारत का दौरा है.
इस यात्रा के दौरान, रूसी राष्ट्रपति प्रधानमंत्री मोदी के साथ 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता प्रवीण अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.