अजीत डोभाल और ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि के बीच क्या हुई बात ?

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव और ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि, डॉक्टर अली अकबर अहमदियान से टेलीफ़ोन पर बातचीत की है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और कीर्ति रावत

  1. किस देश जाएगा कौन सा प्रतिनिधिमंडल? शशि थरूर को मिली इन देशों की ज़िम्मेदारी

    शशि थरूर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सात प्रतिनिधिमंडलों में एक की अगुवाई कांग्रेस सांसद शशि थरूर करेंगे जबकि एक दल में असदुद्दीन ओवैसी भी शामिल हैं

    'ऑपरेशन सिंदूर' और 'सीमापार आतंकवाद के ख़िलाफ़ भारत की निरंतर लड़ाई के संदर्भ में' दुनिया के कई देशों को जानकारी देने के लिए 7 प्रतिनिधिमंडल जल्द ही विदेश के दौरे पर रवाना होंगे.

    संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर देशों का दौरा करने वाले नेताओं की पूरी लिस्ट जारी की है

    किरेन रिजिजू की ओर से जारी की गई लिस्ट के मुताबिक़, इसमें बीजेपी, कांग्रेस समेत कई पार्टियों के नेता शामिल हैं.

    कौन कहां जाएगा?

    ग्रुप-1: बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे, एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी समेत 5 अन्य लोग सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन, अल्जीरिया जाएंगे.

    ग्रुप-2: बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद, शिव सेना (यूबीटी) से प्रियंका चतुर्वेदी समेत 6 अन्य लोग यूके, फ्रांस, जर्मनी, यूरोपीय संघ, इटली, डेनमार्क जाएंगे.

    ग्रुप-3: जनता दल यूनाइटेड सांसद संजय कुमार झा, तृणमूल कांग्रेस सांसद यूसुफ़ पठान समेत 7 अन्य लोग इंडोनेशिया, मलेशिया, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, जापान, सिंगापुर जाएंगे.

    ग्रुप-4: शिव सेना सांसद श्रीकांत शिंदे, बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज समेत 6 अन्य लोग यूएई, लाइबेरिया, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, सिएरा लियोन जाएंगे.

    ग्रुप-5: कांग्रेस सांसद शशि थरूर, बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या समेत 7 अन्य लोग अमेरिका, पनामा, गुयाना, ब्राज़ील, कोलंबिया जाएंगे.

    ग्रुप-6: डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि समेत 7 अन्य लोग स्पेन, स्लोवेनिया, ग्रीस, लातविया, रूस जाएंगे.

    ग्रुप-7: एनसीपी (एससीपी) सांसद सुप्रिया सुले, बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर समेत 7 अन्य लोग मिस्र, क़तर, इथियोपिया, दक्षिण अफ्रीका जाएंगे.

    इन सातों प्रतिनिधिमंडल का मक़सद भारत के प्रमुख साझेदार देशों और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों का दौरा करना है जहां वो चरमपंथ को लेकर भारत का रुख़ स्पष्ट करेंगे.

  2. क़तर में युद्धविराम के लिए नई बातचीत के बाद हमास ने इसराइल के सामने रखी ये पेशकश

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Abed Rahim Khatib/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बचावकर्मियों का कहना है कि ग़ज़ा में गुरुवार से अब तक कम से कम 300 लोग मारे गए हैं

    इसराइल और हमास के बीच शनिवार को ग़ज़ा में युद्धविराम के लिए नई बातचीत शुरू हुई. इस वार्ता के बाद हमास ने नए युद्धविराम समझौते के तहत ज़्यादा इसराइली बंधकों को छोड़ने की पेशकश की है.

    दोनों के बीच यह बातचीत इसराइली सेना की ओर से ग़ज़ा पट्टी में एक बड़े नए हमले की शुरुआत के कुछ घंटों बाद शुरू हुई.

    एक फ़लस्तीनी अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि हमास ने 60 दिन के युद्धविराम और इसराइल की ओर से फ़लस्तीनी क़ैदियों को रिहा करने के बदले में नौ इसराइली बंधकों को रिहा करने पर सहमति जताई है.

    अधिकारी ने ये भी कहा कि इस नए समझौते के तहत हर रोज़ ग़ज़ा में 400 राहत सामग्री से भरे ट्रक की एंट्री और ग़ज़ा से बीमार लोगों को निकालने की इजाज़त भी होगी.

    इसके बदले इसराइल ने मांग की है कि बचे सभी बंधकों के ज़िंदा होने का सबूत और उनके बारे में हर एक जानकारी दी जाए.

    युद्धविराम वार्ताओं का यह दौर क़तर और अमेरिका के मध्यस्थों के ज़रिए दोहा में हो रहा है. ये बातचीत शनिवार दोपहर को शुरू हुई.

    इसराइल ने अभी तक इस प्रस्तावित समझौते पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन बातचीत से पहले उसने कहा था कि वह ग़ज़ा से अपनी सेना नहीं हटाएगा और न ही युद्ध को ख़त्म करने का कोई वादा करेगा.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.