You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बीबीसी से बोले ट्रंप, "दूसरा पक्ष समझौते के लिए बेताब है"

नेटो पर ट्रंप ने कहा, "ईरान के साथ युद्ध में अमेरिका को उनकी बिल्कुल ज़रूरत नहीं थी, लेकिन उन्हें वहां होना चाहिए था."

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, रौनक भैड़ा

  1. तमिलनाडु में 234 सीटों पर वोटिंग जारी, 9 बजे तक 17.69% मतदान हुआ

    तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे वोटिंग शुरू हो गई. सुबह 9 बजे तक 17.69% मतदान दर्ज किया गया है.

    तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में वोट डाले जा रहे हैं. यहां कुल 5.73 करोड़ मतदाता हैं. मतदाताओं में 2.93 करोड़ महिलाएं, 2.83 करोड़ पुरुष और 7,728 थर्ड जेंडर के लोग शामिल हैं.

    पीटीआई के मुताबिक़, 33,133 जगहों पर बने 75,064 मतदान केंद्रों में वोट डाले जा रहे हैं. चुनावी मैदान में कुल 4,023 उम्मीदवार उतरे हैं.

    टीवीके के नेता विजय ने नीलंकरई में अपना वोट डाला. अभिनेता रजनीकांत ने चेन्नई के स्टेला मेरिस कॉलेज में मतदान किया.

    अभिनेता अजित ने सुबह 7 बजे से पहले चेन्नई के तिरुवन्मियूर विधानसभा क्षेत्र में वोट डाला.

    नेता और अभिनेता कमल हासन ने चेन्नई के तेय्नाम्पेट में मतदान किया.

  2. व्हाइट हाउस ने युद्धविराम की डेडलाइन को लेकर क्या कहा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्धविराम को आगे बढ़ा दिया. लेकिन डेडलाइन को लेकर उन्होंने कुछ स्पष्ट नहीं किया. अब व्हाइट हाउस ने इस पर प्रतिक्रिया दी है.

    व्हाइट हाउस ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से युद्ध ख़त्म करने के लिए प्रस्ताव देने की कोई समयसीमा तय नहीं की है.

    व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलाइन लेविट ने पत्रकारों से कहा, "राष्ट्रपति ने ईरान से प्रस्ताव पाने के लिए कोई समयसीमा तय नहीं की है, जैसा कि आज कुछ रिपोर्टों में कहा गया. आख़िरकार समयसीमा तय करने का अधिकार कमांडर-इन-चीफ़ के पास है."

    अमेरिका ईरान से बातचीत करना चाहता था, दूसरे दौर की वार्ता के लिए इस्लामाबाद में तैयारियां भी शुरू हो गई थीं. लेकिन ईरान ने बातचीत में शामिल होने के संकेत नहीं दिए.

    इसके बाद ट्रंप ने युद्धविराम की सीमा बढ़ा दी और अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया.

  3. ईरान से तनाव के बीच अमेरिकी नौसेना प्रमुख 'तुरंत प्रभाव' से छोड़ेंगे अपना पद, सरीन हबेशियन

    अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के दौरान अमेरिकी नौसेना के प्रमुख जॉन फ़ेलन 'तत्काल प्रभाव' से अपना पद छोड़ रहे हैं.

    पेंटागन प्रवक्ता सीन पर्नेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी जानकारी दी. साथ ही कहा कि नौसेना के अंडरसेक्रेटरी हंग काओ अब कार्यवाहक सचिव होंगे.

    फ़ेलन का नाम उन बड़े सैन्य अधिकारियों में जुड़ गया है, जिन्होंने हाल के महीनों में अपना पद छोड़ा है. कुछ हफ़्ते पहले ही अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने आर्मी चीफ़ ऑफ़ स्टाफ रैंडी जॉर्ज से पद छोड़ने को कहा था.

    दो अन्य आर्मी अधिकारी, जनरल डेविड हॉडने और मेजर जनरल विलियम ग्रीन को भी हाल ही में उनके पदों से हटाया गया है.

    पेंटागन में आने के बाद से हेगसेथ ने दर्जन से ज़्यादा वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को हटाया है, जिनमें नौसेना संचालन प्रमुख और एयरफ़ोर्स के उप प्रमुख भी शामिल हैं.

    फ़ेलन पहले कभी सेना में नहीं रहे थे, वो मार्च 2025 में नौसेना प्रमुख बने थे. उन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2024 में नामित किया था.

    उनके पद पर आने वाले काओ अक्तूबर 2025 में अंडरसेक्रेटरी बने थे और वे नौसेना में 25 साल सर्विस कर चुके हैं.

  4. पश्चिम बंगाल: पहले चरण की 152 सीटों पर वोटिंग शुरू, मैदान में इतने उम्मीदवार

    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर आज यानी गुरुवार को वोटिंग है, जो सुबह 7 बजे से शुरू हो गई. इन सीटों के लिए कुल 1478 उम्मीदवार मैदान में हैं.

    पहला चरण राज्य की कुल 294 सीटों में से आधी से ज़्यादा सीटों को कवर करता है. चुनाव आयोग के मुताबिक़ इस चरण में कुल मतदाताओं की संख्या 3.60 करोड़ से ज़्यादा है. इनमें क़रीब 1.85 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं.

    पीटीआई के मुताबिक़, राज्य में 2.5 लाख जवानों वाली केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 2,450 कंपनियां तैनात की गई हैं. 8,000 से ज़्यादा मतदान केंद्रों को बेहद संवेदनशील माना गया है.

    पहला चरण राजनीतिक रूप से अहम है क्योंकि इसमें उत्तर बंगाल की सभी 54 सीटें आती हैं. यही इलाका 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी की मज़बूती का कारण बना था और 2021 के विधानसभा चुनाव में भी वो टीएमसी को चुनौती दे पाई थी.

    पहले फ़ेज़ की इन 152 सीटों में 2021 में बीजेपी ने 59 और टीएमसी ने 93 सीटें जीती थीं.

    दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी. वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी.

  5. ट्रंप ने महिला प्रदर्शनकारियों की फांसी 'रद्द' करने के लिए ईरान की सराहना की, ईरान क्या बोला

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जिन आठ ईरानी महिला प्रदर्शनकारियों को फ़ांसी दी जानी थी, अब उन्हें फ़ांसी नहीं दी जाएगी. हालांकि, ईरान ने साफ़ किया कि इन महिलाओं को फ़ांसी देने का कोई इरादा ही नहीं था.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल प्लेटफ़ॉर्म पर लिखा,"बहुत अच्छी ख़बर आ रही है. मुझे बताया गया कि इन सभी आठ महिला प्रदर्शनकारियों को नहीं मारा जाएगा. चार को तो फ़ौरन रिहा कर दिया जाएगा और बाक़ी चार को एक महीने तक जेल में रहना होगा. मैं ईरान और उसके नेताओं की इस बात के लिए सराहना करता हूं कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति होने के नाते मेरी अपील मानकर इन महिलाओं की फांसी की सज़ा रद्द कर दी."

    ट्रंप ने मंगलवार को ईरानी शासन से इन महिलाओं के बारे में पूछा था और लिखा था कि उनकी रिहाई 'हमारी बातचीत की अच्छी शुरुआत होगी.'

    ऐसा तब हुआ जब ख़बरें आ रही थीं कि जनवरी में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में शामिल इन महिलाओं को ईरान में फांसी दी जाने वाली है.

    बीबीसी अरबी के मुताबिक़, ईरानी न्यायपालिका से जुड़ी मिज़ान न्यूज़ एजेंसी ने बताया, "ट्रंप को झूठी ख़बरों ने गुमराह किया, जो विरोधी मीडिया चैनलों ने फैलाई थीं. कुछ महिलाएं पहले ही रिहा हो चुकी हैं और बाक़ी पर ऐसे आरोप हैं जिनमें मौत की सज़ा नहीं बनती."

    युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने बारह से ज़्यादा लोगों को फ़ांसी दी है. इनमें से कुछ पर इसराइल के लिए जासूसी करने का आरोप था और कुछ इस साल की शुरुआत में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में शामिल थे.

  6. ईरान के राष्ट्रपति ने अमेरिका से बातचीत को लेकर अब क्या कहा?

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि ईरान बातचीत का स्वागत करता है, लेकिन इसमें धमकियां रुकावट बन रही हैं.

    मसूद पेज़ेश्कियान ने यह बात ऐसे समय में कही है, जब अमेरिका दूसरे दौर की वार्ता चाहता है.

    ईरानी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ईरान बातचीत और समझौते का स्वागत करता है और आगे भी करता रहेगा. वादों का तोड़ना, रोक लगाना और धमकियाँ बातचीत में सबसे बड़ी रुकावट हैं."

    उन्होंने लिखा, "दुनिया आपकी (अमेरिका) कभी न खत्म होने वाली दोहरी बातें, दावे और कामों के बीच का फ़र्क देख रही है."

    गौरतलब है कि इस्लामाबाद में होने वाली बातचीत रद्द हो गई थी, क्योंकि ईरान ने इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई थी.

  7. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पन्ने पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ें-