हनी ट्रैप को लेकर कर्नाटक के मंत्री केएन राजन्ना ने किया बड़ा दावा

कर्नाटक सरकार के एक मंत्री ने विधानसभा में एक सनसनीखेज खुलासा किया है कि सिर्फ उनका ही नहीं, बल्कि उनके अलावा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अन्य 48 मंत्रियों को भी हनी ट्रैप की कोशिश की गई है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और कीर्ति रावत

  1. दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने बढ़ाई फ़ीस, विदेशी भाषाओं में पढ़ाई हुई महंगी

    जामिया मिल्लिया इस्लामिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, (फ़ाइल फोटो)

    जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई) ने कई कोर्सो के लिए फ़ीस बढ़ाने की घोषणा की है.

    जेएमआई ने शैक्षणिक वर्ष 2025-2026 के लिए कई कोर्सो में 16 से 41 फ़ीसदी तक फीस बढ़ाई है.

    नए साल के प्रॉस्पेक्टस की तुलना पिछले साल के प्रॉस्पेक्टस से करने पर ट्यूशन फीस में भारी वृद्धि दिखती है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ फ़ारसी विभाग में सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी देखी गई है, जहां फीस 41.41 फ़ीसदी बढ़कर 6,700 रुपये से 9,475 रुपये प्रति वर्ष हो गई है.

    वहीं अरबी विभाग में 37.15 फ़ीसदी की बढ़ोतरी के साथ दूसरे नंबर पर है, जहां फीस 7,200 रुपये से बढ़कर 9,875 रुपये प्रति वर्ष हो गई है.

    इसी तरह, तुर्की और अन्य भाषाओं में बीए (ऑनर्स) सहित विदेशी कार्यक्रमों में भी 37.15 फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई है.

  2. किसानों पर एक्शन के बाद कांग्रेस ने कहा- 'साफ़ तौर से आम आदमी पार्टी की तानाशाही'

    शंभू और खनौरी बॉर्डर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आंदोलन के कई और अहम नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है.

    बुधवार की रात पंजाब पुलिस ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की क़ानूनी गारंटी समेत कई अन्य मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे किसानों के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंढेर को हिरासत में ले लिया है.

    इसके साथ ही पंजाब पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर पर बुलडोज़र कार्रवाई की है.

    कांग्रेस ने पंजाब पुलिस के इस क़दम पर आम आदमी पार्टी को निशाना बनाते हुए कहा कि सत्ता के नशे में चूर आम आदमी पार्टी ने किसानों के ख़िलाफ़ ही मोर्चा खोल दिया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कांग्रेस ने लिखा, "पूरे पंजाब में किसान नेताओं को पकड़ा और गिरफ़्तार किया जा रहा है. भूख हड़ताल कर रहे किसान जगजीत सिंह डल्लेवाल को भी पंजाब पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है. किसानों को हर तरह से प्रताड़ित किया जा रहा है."

    पोस्ट में कहा गया, "ये साफ़ तौर से आम आदमी पार्टी की तानाशाही है. किसानों पर की जा रही ये कार्रवाई सरासर गलत है इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है.

    साथ ही कांग्रेस ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी आड़े हाथ लिया है. कांग्रेस ने कहा मुख्यमंत्री भगवंत मान के सत्ता के नशे को जनता ही उतारेगी.अब वक़्त आ गया है.

  3. ग़ज़ा: हवाई हमलों के बाद इसराइल ने ग्राउंड ऑपरेशन तेज़ किया, किस इलाके पर किया कब्ज़ा

    इसराइल रक्षा बल

    इमेज स्रोत, Israel Defense Forces

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में इसराइल ने ग्राउंड ऑपरेशन को बढ़ा दिया है.

    इसराइल ने हवाई हमलों के बाद ग़ज़ा में ज़मीनी अभियान तेज़ कर दिया है.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि दो दिनों में इसराइली हमलों में 430 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.

    इसराइल रक्षा बल (आईडीएफ़) ने कहा कि उनकी सेना नेत्ज़ारिम कॉरिडोर तक पहुंच गई है, जो ग़ज़ा पट्टी को उत्तर और पश्चिम में बांटती है.

    ग़ज़ा में नए हमलों से इसराइल और हमास के बीच जनवरी से लागू युद्धविराम समझौते की समाप्ति का संकेत मिलता है.

    इससे पहले संयुक्त राष्ट्र ने कहा था कि डेर अल-बलाह स्थित उसके परिसर में विस्फोट में दो लोग मारे गए है, जिसमें एक संयुक्त राष्ट्र का कर्मचारी भी शामिल था.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि जांच शुरू की जाएगी, लेकिन उन्होंने इस बात से इनकार किया कि इसके लिए इसराइल ज़िम्मेदार है.

    बुधवार को एक वीडियो संदेश में इसराइली रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने फ़लस्तीनी क्षेत्र को "अंतिम चेतावनी" दी और वहां बंदी बनाए गए बाकी बंधकों को लौटाने की मांग की.

    इसराइल का कहना है कि हमास ने अभी भी 59 लोगों को बंधक बना रखा है, जिनमें से 24 के जिंदा होने की संभावना है.

    मंगलवार को इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा था कि इसराइल ने ग़ज़ा पट्टी में हमास के ख़िलाफ़ पूरी ताक़त के साथ दोबारा लड़ाई शुरू कर दी है.

    उन्होंने एक वीडिया जारी करके चेतावनी दी थी कि यह बस शुरुआत है.

  4. ट्रंप के साथ हुई लंबी बातचीत के बाद ज़ेलेंस्की ने क्या कहा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने फोन पर करीब एक घंटा बातचीत की है

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से बुधवार को फोन पर लंबी बातचीत की.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि इस बातचीत का मक़सद यूक्रेन और रूस को "उनके अनुरोधों और ज़रूरतों के मुताबिक" एकजुट करना है, साथ ही उन्होंने कहा कि युद्धविराम की कोशिश सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं.

    ज़ेलेंस्की ने अपनी ट्रंप के साथ बातचीत को 'सकारात्मक', 'खुली', और 'बहुत गहरी' बताया है.

    ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "हमारा मानना है कि अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप के साथ इस साल स्थायी शांति हासिल की जा सकती है."

    बुधवार को एक ऑनलाइन ब्रीफिंग के दौरान बोलते हुए ज़ेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने और ट्रंप ने रूस के कब्जे़ वाले ज़ापोरिज्जिया पावर प्लांट के संभावित अमेरिकी स्वामित्व पर चर्चा की थी.

    साथ ही ज़ेलेंस्की ने चेतावनी दी कि अगर रूस युद्ध विराम की शर्तों का उल्लंघन करता है तो यूक्रेन जवाबी कार्रवाई करेगा.

    उन्होंने ड्रोन और मिसाइलों का ज़िक्र करते हुए कहा, "मैं समझता हूं कि जब तक हम (रूस के साथ) सहमत नहीं हो जाते, जब तक आंशिक युद्धविराम पर भी कोई दस्तावेज नहीं आ जाता, तब तक मुझे लगता है कि सब कुछ चलता रहेगा."

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पेज की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.