You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- 'ग़ज़ा में पिछले 24 घंटों में 104 लोगों की मौत'

हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में कम से कम 104 लोगों की ग़ज़ा में मौत हो गई है और 399 लोग घायल हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. सुनामी की चेतावनी के बीच ट्रंप ने लोगों से कहा- 'मजबूत रहें, सुरक्षित रहें'

    रूस में आए भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया है कि अलास्का और अमेरिका के प्रशांत तट में सुनामी को लेकर निगरानी की जा रही है.

    ट्रंप ने एक्स पर लिखा, "प्रशांत महासागर में आए भीषण भूकंप के कारण हवाई में रहने वालों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है. अलास्का और अमेरिका के प्रशांत तट में सुनामी को लेकर निगरानी जारी है."

    उन्होंने बताया कि जापान भी निगरानी कर रहा है.

    ट्रंप ने सुनामी से जुड़ी जानकारियों के लिए लोगों से tsunami.gov पर विज़िट करने की अपील की और कहा, "मजबूत रहें, सुरक्षित रहें".

    उधर, आपदा से बचने के लिए लोग हवाई छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जा रहे हैं. हवाई के अधिकारियों ने कहा कि हवाई में कुछ ही घंटों में सुनामी का प्रभाव देखने को मिल सकता है.

  2. जापान: सुनामी की चेतावनी के बाद फ़ुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट को खाली कराया गया

    जापान की टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी (टीईपीसीओ) ने बताया है कि फ़ुकुशिमा दाइची और फ़ुकुशिमा दाइनी न्यूक्लियर प्लांट के कामगारों को सुरक्षित निकालकर ऊंचे स्थानों पर ले जाया गया है.

    साल 2011 में जापान में आए विनाशकारी 9.0 तीव्रता वाले भूकंप और सुनामी के बाद फ़ुकुशिमा दाइची प्लांट में बड़ा परमाणु हादसा हुआ था.

    टीईपीसीओ ने कहा है कि प्लांट में किसी तरह का नुक़सान नहीं हुआ है और सुनामी के जुड़ी चेतावनियों पर नज़र रखी जा रही है.

    इस हफ़्ते की शुरुआत में टीईपीसीओ ने घोषणा की थी कि ईंधन के मलबे को पूरी तरह से हटाने में 12 से 15 साल की देरी हो सकती है, जिससे कि रेडिएशन लेवल को कम करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके.

  3. अमेरिका: सुनामी को लेकर भारतीय कांसुलेट ने जारी की एडवाइज़री, भारतीयों को दी ये हिदायत

    अमेरिका के सैन फ़्रांसिस्को स्थित भारत के कांसुलेट जनरल ने कैलिफ़ोर्निया, अमेरिका के अन्य पश्चिमी तटीय राज्यों और हवाई में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है.

    कांसुलेट जनरल ने कहा है, "हम रूस के कमचटका प्रायद्वीप में हाल ही में आए 8.7 तीव्रता के भूकंप के बाद संभावित सुनामी के खतरे पर नज़र रख रहे हैं."

    "कैलिफ़ोर्निया, अमेरिका के अन्य पश्चिमी तटीय राज्यों और हवाई में रहने वाले भारतीय नागरिकों को कुछ कदम उठाने की सलाह दी जाती है.

    • स्थानीय अलर्ट का पालन करें: स्थानीय आपातकालीन प्रबंधन और अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्रों सहित अमेरिकी अधिकारियों की ओर से जारी अलर्ट पर नज़र रखें
    • अगर सुनामी की चेतावनी जारी की जाती है, तो ऊंचे स्थानों पर चले जाएं
    • तटीय इलाक़ों में जाने से बचें
    • आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहें और अपने डिवाइसेस को चार्ज रखें"

    इसके अलावा भारतीय कांसुलेट जनरल ने भारतीय नागरिकों के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर और मेल आईडी भी जारी की है.

    हेल्पलाइन नंबर: +1-415-483-6629

    मेल आईडी: enquiry.sf@mea.gov.in

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, जापान में सुनामी की लहरें पहुंची, प्रधानमंत्री इशिबा ने क्या बताया?

    जापान के स्थानीय ब्रॉडकास्टर एनएचके ने बताया है कि होक्काइडो प्रान्त के उत्तरी इलाक़े में सुनामी की लहरें पहुंच गई हैं. अनुमान लगाया गया है कि लहरों की ऊंचाई लगभग 12 इंच है.

    सुनामी ने होक्काइडो के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित बंदरगाह शहर नेमुरो को प्रभावित किया. जापान के अधिकारियों ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि सुनामी की लहरें ज़्यादा ऊंची हो सकती हैं.

    जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने कहा कि अधिकारी 'स्थिति का आकलन कर रहे हैं'. उन्होंने कहा कि किसी भी राहत बचाव कार्य में 'इंसानों को प्राथमिकता दी जाएगी'.

    अभी तक किसी भी तरह के नुक़सान की पुष्टि नहीं हुई है. प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने नागरिकों से तटों से दूर रहने और ऊंचे इलाक़ों में जाने की अपील की है.

    यह सुनामी रूस के कमचटका प्रायद्वीप में आए भूकंप के बाद आई है. यूएस जिओलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने भूकंप की तीव्रता 8.8 बताई है.

    इससे पहले इसकी तीव्रता 8.0 और फिर 8.7 बताई गई थी, जिसे बाद में संशोधित किया गया.

  5. मेघनाद देसाई का 85 साल की उम्र में निधन, पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

    जानेमाने ब्रिटिश-भारतीय अर्थशास्त्री और हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स के सदस्य लॉर्ड मेघनाद देसाई का 85 साल की उम्र में निधन हो गया है.

    लंदन में उनके परिवार के क़रीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों से उन्हें गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉर्ड देसाई को श्रद्धांजलि दी है. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, "प्रतिष्ठित विचारक, लेखक और अर्थशास्त्री मेघनाद देसाई जी के निधन से व्यथित हूं."

    उन्होंने कहा, "वह हमेशा भारत और भारतीय संस्कृति से जुड़े रहे. उन्होंने भारत-ब्रिटेन संबंधों को मज़बूत करने में भी भूमिका निभाई. हमारी चर्चाओं को हमेशा याद रखूंगा, जिनमें उन्होंने अपने बहुमूल्य विचार साझा किए थे. उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना. ओम शांति."

    लॉर्ड देसाई का जन्म गुजरात में हुआ था. उन्होंने भारत और ब्रिटेन के बीच संबंधों को मज़बूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

    पद्मश्री से सम्मानित मेघनाद देसाई ने 1965 से 2003 तक लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स में अर्थशास्त्र पढ़ाया. वह 1971 में लेबर पार्टी में शामिल हुए और जून 1991 में हाउस ऑफ लॉर्ड्स गए.

    हाउस ऑफ लॉर्ड्स में लॉर्ड देसाई के साथी रामी रेंजर ने उन्हें समुदाय का एक स्तंभ बताया. उन्होंने कहा कि देसाई ने संसद भवन में गांधी स्मारक प्रतिमा सहित कई सराहनीय कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

  6. रूस में 8.7 तीव्रता का भूकंप: अमेरिका, जापान और रूस में सुनामी की चेतावनी जारी

    यूएस जिओलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने बताया है कि बुधवार को रूस के पूर्वी तटीय क्षेत्र में 8.7 तीव्रता का भूकंप आया. इसके बाद प्रशांत महासागर में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है.

    यूएसजीएस के मुताबिक़, भूकंप का केंद्र कमचटका प्रायद्वीप में पेट्रोपावलोव्स्क से लगभग 136 किलोमीटर पूर्व, 19 किलोमीटर की गहराई में था.

    स्थानीय गवर्नर ने इसे बीते दशकों में आए भूकंपों में सबसे तेज़ बताया है. अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

    यूएसजीएस ने कहा है कि अगले तीन घंटों में रूस और जापान के तटों पर ख़तरनाक सुनामी लहरें पहुंच सकती हैं. अमेरिकी अधिकारियों ने अलास्का सहित कई क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है.

    जापान की मौसम एजेंसी ने भी अपने प्रशांत तटीय इलाकों में लगभग 3.3 फीट ऊंची सुनामी लहरें उठने की चेतावनी दी है.

    शुरुआत में भूकंप की तीव्रता 8.0 बताई गई थी, लेकिन बाद में इसे संशोधित कर 8.7 कर दिया गया.

    यूएसजीएस ने ख़तरे वाले तटीय इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.