अमेरिका से समझौते पर ईरान में आख़िरी फ़ैसला किसका होगा?

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने रविवार को कहा कि ईरान के तीसरे सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई की 'इजाज़त' के बिना 'कोई फ़ैसला' नहीं लिया जाएगा.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. त्विषा शर्मा की मौत मामले का सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान, सीजेआई की बेंच कल करेगी सुनवाई

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, MONEY SHARMA/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत की सर्वोच्च अदालत ने त्विषा शर्मा की मौत मामले पर स्वत: संज्ञान लिया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    त्विषा शर्मा की मौत का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. सर्वोच्च अदालत ने इस मामले पर शनिवार को स्वत: संज्ञान लेते हुए सुनवाई का फ़ैसला किया है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच त्विषा शर्मा की मौत के मामले पर सोमवार को सुनवाई करेगी.

    त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह पर दहेज़ के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है.

    समर्थ सिंह ने शुक्रवार को जबलपुर में सरेंडर किया था, जिसके बाद शनिवार को उन्हें 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.

    दूसरी ओर, मध्य प्रदेश पुलिस ने त्विषा की सास और समर्थ की मां गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम ज़मानत रद्द करने के लिए हाई कोर्ट का रुख़ किया है.

    त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल के घर में मृत पाई गईं थीं.

    इस मामले की जांच के लिए एम्स दिल्ली के चार वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम शनिवार शाम राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से भोपाल पहुंची.

    अधिकारियों के मुताबिक़, टीम अत्याधुनिक फॉरेंसिक उपकरण भी साथ लेकर आई है.

    त्विषा शर्मा के शव का रविवार को दोबारा पोस्टमार्टम होगा, जो उनके परिजनों की मौजूदगी में किया जाएगा. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

  2. पाकिस्तान: बलूचिस्तान के क्वेटा में रेलवे ट्रैक पर धमाका, 20 लोगों की मौत, मुहम्मद काज़िम, बीबीसी उर्दू

    ट्रेन के डिब्बे

    इमेज स्रोत, Banaras KHAN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, धमाके की वजह से ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए

    पाकिस्तान के क्वेटा शहर में चमन फाटक के पास रविवार को रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ है. इस धमाके में 20 लोगों की मौत हो गई है और 70 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

    धमाके की वजह से एक ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए.

    चश्मदीदों के अनुसार, धमाका इतना तेज़ था कि रेलवे ट्रैक के पास खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि आसपास के घरों को भी नुक़सान पहुंचा.

    सेना और पुलिस बल हादसे वाली जगह पर मौजूद हैं. अधिकारियों ने अभी तक धमाके की वजह या हताहतों की संख्या के बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है.

    रेल मंत्री मुहम्मद हनीफ़ अब्बासी ने क्वेटा में हुए धमाके की कड़ी निंदा की है.

    रेलवे प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में रेल मंत्री हनीफ़ अब्बासी ने कहा, "क्वेटा कैंट से आने वाली एक शटल ट्रेन चमन फाटक के पास धमाके की चपेट में आ गई."

    उन्होंने बताया धमाके की वजह से इंजन समेत तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए.

  3. व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी करने वाला संदिग्ध कौन, सामने आई ये जानकारी

    व्हाइट हाउस

    इमेज स्रोत, Brendan SMIALOWSKI / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, संदिग्ध को जुलाई 2025 में भी अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने गिरफ़्तार किया था

    अमेरिका के वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के बाहर हुई गोलीबारी में मारे गए संदिग्ध की पहचान हो गई है. शख़्स का नाम नासिर बेस्ट है, जिसकी उम्र 21 साल है.

    जांच कर रहे एक अधिकारी ने बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस को यह जानकारी दी है.

    सूत्र ने बताया कि इस संदिग्ध को जुलाई 2025 में भी अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने गिरफ़्तार किया था, जब उसने व्हाइट हाउस में घुसने की कोशिश की थी.

    इसके बाद उसे मानसिक स्वास्थ्य की समस्या के चलते साइकेट्रिक वार्ड भेजा गया था.

    सीक्रेट सर्विस के बयान के मुताबिक़, शनिवार शाम छह बजे 17वीं स्ट्रीट और पेंसिलवेनिया एवेन्यू के पास इस शख़्स ने अपने बैग से हथियार निकाला और फ़ायरिंग शुरू कर दी.

    इसके बाद सीक्रेट सर्विस पुलिस ने जवाबी फ़ायर किया और संदिग्ध को गोली लगी. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.

  4. सचिन तेंदुलकर ने बेटे अर्जुन के लिए लिखा- 'जिस तरह तुमने ख़ुद को संभाला...'

    अर्जुन तेंदुलकर

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अर्जुन तेंदुलकर ने चार ओवर की गेंदबाज़ी करते हुए 36 रन दिए और एक विकेट हासिल किया

    इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने आख़िरी मैच में तेज़ गेंदबाज़ अर्जुन तेंदुलकर को खेलने का मौक़ा दिया.

    अर्जुन के प्रदर्शन को देखने के बाद उनके पिता और दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा.

    दरअसल, अर्जुन तेंदुलकर ने पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ मैच में एलएसजी के लिए डेब्यू किया. अर्जुन ने चार ओवर गेंदबाज़ी करते हुए 36 रन दिए और एक विकेट हासिल किया.

    इसके बाद सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, "शाबाश, अर्जुन. इस सीज़न में जिस तरह तुमने ख़ुद को संभाला है, उस पर गर्व है. हमेशा अपनी क्षमता पर भरोसा रखा, धैर्य बनाए रखा, चुपचाप मेहनत की और आख़िरी मैच तक मौक़े का इंतज़ार करते हुए भी पॉज़िटिव बने रहे."

    उन्होंने लिखा, "क्रिकेट धैर्य और हुनर दोनों की परीक्षा लेता है, आज तुमने दोनों को बहुत अच्छे से संभाला. ज़मीन से जुड़े रहो, खेल से उसी तरह प्यार करते रहो जैसे हमेशा करते आए हो."

    उल्लेखनीय है कि इकाना स्टेडियम में पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ खेले गए आख़िरी लीग मैच में एलएसजी को हार का सामना करना पड़ा.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए एलएसजी ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुक़सान पर 196 रन बनाए. इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 18 ओवर की समाप्ति पर ही 7 विकेट से जीत हासिल कर ली.

  5. पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने ट्रंप को बधाई देते हुए क्या कहा?

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Jacquelyn Martin - Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, शहबाज़ शरीफ़ कहा कि मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द हम अगली बैठक की मेज़बानी करेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    मध्य-पूर्व में चल रहे तनाव के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 'शांति स्थापित करने की कोशिशों' पर बधाई दी है.

    शहबाज़ शरीफ़ ने यह उम्मीद भी जताई है कि पाकिस्तान बहुत जल्द अगली बैठक की मेज़बानी करेगा.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से शांति स्थापित करने के लिए की गई उनकी कोशिशों पर बधाई देता हूं."

    शरीफ़ ने लिखा, "उन्होंने (ट्रंप) आज सुबह सऊदी अरब, क़तर, तुर्की, मिस्र, यूएई, जॉर्डन और पाकिस्तान के नेताओं के साथ टेलीफ़ोन पर उपयोगी बातचीत की. पाकिस्तान की तरफ़ से फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने इस बातचीत में हिस्सा लिया. इस प्रक्रिया में उनकी ओर से निरंतर की गई मेहनत की सराहना करता हूं."

    उन्होंने आगे लिखा, "इन चर्चाओं ने मौजूदा क्षेत्रीय हालात पर विचार साझा करने और शांति स्थापित करने के प्रयासों को आगे बढ़ाने का अच्छा मौक़ा दिया. पाकिस्तान पूरी ईमानदारी से अपनी शांति कोशिशें जारी रखेगा और हमें उम्मीद है कि बहुत जल्द हम अगली बैठक की मेज़बानी करेंगे."

    गौरतलब है कि पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे थे. यहां उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से मुलाक़ात की थी.

  6. पश्चिम बंगाल: फाल्टा विधानसभा सीट पर वोटों की गिनती शुरू, चुनाव आयोग के अधिकारी ने ये बताया

    ईवीएम (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस सीट के सभी 285 बूथों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया गया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर वोटों की गिनती रविवार सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई.

    चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "वोटों की गिनती शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है. मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के पूरे इंतज़ाम किए गए हैं."

    दरअसल, इस सीट के सभी 285 बूथों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया गया था.

    इससे पहले 29 अप्रैल को दक्षिण 24 परगना ज़िले की इस सीट पर दूसरे चरण में मतदान हुआ था, लेकिन ईवीएम में गड़बड़ी और अनियमितताओं के आरोपों के बाद चुनाव रद्द कर दिया गया था.

    फाल्टा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर ख़ान पहले ही चुनाव से पीछे हट गए थे. लेकिन ईवीएम पर उनका नाम है, क्योंकि उन्होंने यह फ़ैसला नाम वापस लेने की आख़िरी तारीख़ के बाद किया था.

    यहां बीजेपी के उम्मीदवार देबांग्शु पांडा, कांग्रेस के अब्दुर रज़्ज़ाक मोल्ला और सीपीआई (एम) के संभू नाथ कुर्मी भी चुनावी मैदान में हैं.

  7. पाकिस्तान: अगवा किए गए 21 मजदूर छुड़ाए गए, कंपनी के अधिकारी ने और क्या बताया?, मुहम्मद काज़िम, बीबीसी उर्दू

    पाकिस्तान का झंडा

    इमेज स्रोत, Matt King-ICC/ICC via Getty Images

    पाकिस्तान में बलूचिस्तान के चाग़ी ज़िले और क्वेटा के बीच सफ़र करते समय अगवा किए गए 21 मज़दूर छुड़ा लिए गए हैं. जिस कंपनी के लिए मज़दूरों ने काम किया, उसके एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को इसकी पुष्टि की.

    दरअसल, इन मज़दूरों को मंगलवार को अगवा किया गया था. लेकिन अपहरण की आधिकारिक पुष्टि न होने की वजह से यह घटना मुख्यधारा के मीडिया में रिपोर्ट नहीं हुई. उस समय अगवा किए गए मज़दूरों की संख्या 17 बताई गई थी.

    शनिवार को मज़दूरों के छुड़ाए जाने की ख़बर आई तो बीबीसी ने एक कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी से फ़ोन पर बात की. उन्होंने नाम न बताने की शर्त पर पुष्टि करते हुए कहा कि अगवा किए गए मज़दूरों की असली संख्या 17 नहीं, बल्कि 21 थी.

    उन्होंने कहा कि जिन लोगों को इस कंपनी से जोड़ा जा रहा है, उनका कंपनी से सीधा संबंध नहीं था. ये मज़दूर एक ठेकेदार के तहत काम कर रहे थे, जिसका कंपनी से किया गया कॉन्ट्रैक्ट अब ख़त्म हो चुका है.

    वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक़, उन्हें यह जानकारी नहीं है कि मज़दूरों को कैसे छुड़ाया गया.

    गौरतलब है कि बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाक़ों में खनन और निर्माण कंपनियों से जुड़े मज़दूरों के अपहरण की घटनाएं सामने आती रही हैं.

  8. ईरान ने पाकिस्तान की तारीफ़ करते हुए अब क्या कहा?

    रज़ा अमीरी मुक़द्दम

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने पाकिस्तान की सरकार और सेना ने सच्ची कोशिशें की हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ईरान की यात्रा करके अपने देश लौट आए हैं.

    इसके बाद पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने बताया कि पाकिस्तान कोशिशों की वजह से हाल की बातचीत अच्छी रही है.

    रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने कहा कि अगर दूसरा पक्ष गंभीरता दिखाए, तो क्षेत्र में शांति स्थापित हो सकती है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मोहसिन नक़वी ने तेहरान से लौटने के बाद ईरानी अधिकारियों के साथ हुई बातचीत की सफलता पर मुझे बधाई दी."

    रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने लिखा, "अगर दूसरा पक्ष पूरी तरह से गंभीर रहेगा, तो एक अच्छा क़दम सामने आने वाला है. इस बातचीत में हुई तरक़्क़ी ईरान के रुख़, उसकी सेना की मज़बूती और जनता की हिम्मत का नतीजा है. साथ ही इसमें पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिशें भी शामिल हैं."

    उन्होंने आगे लिखा, "मैं उम्मीद करता हूं कि पाकिस्तान की सरकार और सेना की सच्ची कोशिशें इस क्षेत्र में स्थायी शांति लाएंगी. ख़ासकर प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़, फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर, विदेश मंत्री इसहाक़ डार और गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने ईमानदारी से कोशिश की है."

    गौरतलब है कि पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर भी शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे थे. यहां उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से मुलाक़ात की थी.

  9. अमेरिका के व्हाइट हाउस के पास फ़ायरिंग, गोलियां चलाने वाला संदिग्ध मारा गया

    व्हाइट हाउस

    इमेज स्रोत, Fatih Aktas/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे

    अमेरिका के वॉशिंगटन में शनिवार को व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी में एक शख़्स घायल हो गया, जबकि गोलियां चलाने वाला संदिग्ध मारा गया.

    घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे. दरअसल, शाम क़रीब छह बजे व्हाइट हाउस में मौजूद कई पत्रकारों ने गोलियों की आवाज़ सुनी.

    सीक्रेट सर्विस के बयान के मुताबिक़, 17वीं स्ट्रीट और पेंसिलवेनिया एवेन्यू के पास एक व्यक्ति ने अपने बैग से हथियार निकाला और फ़ायरिंग शुरू कर दी.

    सीक्रेट सर्विस पुलिस ने जवाबी फायर किया और संदिग्ध को गोली लगी. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. इस गोलीबारी में एक राहगीर को भी गोली लगी.

    दौड़ते हुए लोग

    इमेज स्रोत, Aaron Schwartz/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, गोलीबारी की इस घटना में किसी अधिकारी को चोट नहीं आई है

    अधिकारियों को कोई चोट नहीं आई. घटना के समय राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में मौजूद थे, लेकिन उनकी सुरक्षा या कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा.

    सीबीएस न्यूज़ को सूत्रों ने बताया कि 15 से 30 गोलियां चलीं. ऐसा लग रहा था कि एक शख़्स ने सीक्रेट सर्विस एजेंट्स के पास जाकर उन पर गोली चलाई, लेकिन वह कामयाब नहीं हुआ. इसके बाद एजेंट्स ने जवाबी फ़ायर किया.

    एफ़बीआई डायरेक्टर काश पटेल ने कहा कि सीक्रेट सर्विस इस घटना पर कार्रवाई कर रही है. राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ़ से अभी तक इस घटना पर कोई बयान नहीं आया है.

    गौरतलब है कि एक महीने पहले ही व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में भी गोलीबारी हुई थी. तब भी संदिग्ध हमलावर पकड़ा गया था.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.