You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

एप्सटीन फ़ाइल्स में 'मेलानिया' के निर्देशक ब्रेट रैटनर की तस्वीर आई सामने

अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप पर बनी नई डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक की तस्वीरें अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार को जारी की हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और इफ़्तेख़ार अली

  1. वित्त मंत्री के बजट भाषण पर क्या बोले कांग्रेस सांसद शशि थरूर

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण से ज़्यादा जानकारी नहीं मिली है.

    वित्त मंत्री का बजट भाषण ख़त्म होने के बाद जब शशि थरूर से उनकी प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने कहा कि भाषण से बहुत कम डिटेल्स मिले हैं, हो सकता है कि बजट डॉक्यूमेंट में ज़्यादा जानकारी हो.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "बड़े स्तर के मुद्दों पर देखें तो इसमें न तो मिडिल क्लास के लिए कुछ था और न ही लोअर मिडिल क्लास के लिए. राज्यों के लिए भी इसमें कुछ नहीं था."

    "हक़ीक़त यह है कि वित्तीय विकेंद्रीकरण 41 प्रतिशत पर ही बना हुआ है और कई राज्यों के पास अपने नागरिकों और मतदाताओं के प्रति ज़िम्मेदारियां निभाने के लिए पर्याप्त पैसा नहीं है. यह अब एक वास्तविक चिंता बन चुकी है."

    "इसमें इस बात का भी बहुत कम ब्योरा था कि क्या चीज़ कहां होगी. उदाहरण के लिए, केरल में हम करीब 15 साल से एक एम्स का इंतजार कर रहे हैं. इस पर कोई घोषणा नहीं हुई. अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित किए जाने का ज़िक्र ज़रूर था, लेकिन यह नहीं बताया गया कि वे कहां होंगे."

  2. बजट 2026-27: इनकम टैक्स स्लैब पर क्या हुआ?

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करते हुए कहा कि आयकर रिटर्न (आईटीआर) की फ़ाइलिंग से जुड़ी समयसीमा और नियमों में बदलाव किए गए हैं.

    आईटीआर-1 और आईटीआर‑2 दाख़िल करने वाले अब 31 जुलाई तक अपना रिटर्न फ़ाइल कर सकेंगे. हालांकि, इस बार इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं किए गए हैं.

    वित्त मंत्री ने कहा कि इनकम टैक्स नियमों को और आसान बनाया जाएगा, जिन्हें जल्द नोटिफ़ाई किया जाएगा. इनकम टैक्स फ़ॉर्म को आसान बनाया जाएगा.

    दरअसल, पिछले साल आई नई टैक्स रिज़ीम में सालाना 12 लाख तक की आमदनी पर कोई इनकम टैक्स नहीं है. सैलरी क्लास के लिए स्टैंडर्ड डिडक्शन 75 हज़ार रुपये है, इस लिहाज़ से सैलरी क्लास की 12 लाख 75 हज़ार रुपये तक की इनकम टैक्स फ़्री होगी.

  3. केंद्रीय बजट 2026 लाइव: वित्त मंत्री की इस घोषणा के बाद गिरा शेयर बाज़ार

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपना नौवां बजट पेश कर रही हैं. बजट भाषण में वित्त मंत्री ने वायदा कारोबार पर सिक्योरिटी ट्रांज़ेक्शन टैक्स (एसटीटी) बढ़ाए जाने की घोषणा की है.

    उन्होंने फ़्यूचर एंड ऑप्शन में एसटीटी 0.02% से बढ़ाकर 0.05% करने का प्रस्ताव दिया है. वित्त मंत्री की इस घोषणा के बाद शेयर बाज़ार में भारी गिरावट देखी गई.

    केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि नया इनकम टैक्स क़ानून एक अप्रैल, 2026 से लागू होगा.

    वित्त मंत्री ने कहा कि इनकम टैक्स नियमों को और आसान बनाया जाएगा, जिन्हें जल्द नोटिफ़ाई किया जाएगा

    - इनकम टैक्स फ़ॉर्म को आसान बनाया जाएगा

    - रिवाइज़ रिटर्न मामूली फ़ीस के साथ 31 मार्च तक जमा हो सकेगा

    ऑरेंज इकोनॉमी के लिए वित्त मंत्री की घोषणा-

    वित्त मंत्री ने कहा, "भारत का एनिमेशन, विज़ुअल इफ़ेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (एवीजीसी) सेक्टर एक ग्रोइंग इंडस्ट्री है, जिसमें 2030 तक 20 लाख पेशेवर लोगों की ज़रूरत होगी."

    वित्त मंत्री ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज़, मुंबई को 15 हज़ार सेकेंड्री स्कूलों और 500 कॉलेजों में एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करने में मदद करने का प्रस्ताव दिया है.

    ऑरेंज इकोनॉमी या क्रिएटिव इकोनॉमी, उन सेक्टर्स को कहते हैं जो व्यक्तिगत क्रिएटिविटी, स्किल और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी पर आधारित होते हैं, जिसमें कला, डिज़ाइन, फ़ैशन, फ़िल्म, संगीत और डिजिटल कंटेंट शामिल हैं.

    वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में और भी कई घोषणाएं की हैं-

    - तीन अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान बनेंगे

    - जामनगर में आयुर्वेद रिसर्च सेंटर

    - हर ज़िले में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने का प्रस्ताव

    - कृषि क्षेत्र में आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल होगा

    - भारत विस्ता नाम से अलग-अलग भाषाओं में होगा ये टूल

    यहां देखिए बजट भाषण का सीधा प्रसारण-

  4. केंद्रीय बजट 2026 लाइव: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट भाषण

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपना बजट भाषण शुरू कर दिया है. निर्मला सीतारमण लगातार अपना नौवां बजट पेश कर रही हैं.

    वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार का ज़ोर औद्योगिक विकास को बढ़ाना है और पिछले साल 15 अगस्त के बाद से 350 से अधिक आर्थिक सुधार किए गए.

    वित्त मंत्री ने कहा, "आर्थिक विकास को तेज़ करने और बनाए रखने के लिए मैं छह क्षेत्रों में सुधार करने का प्रस्ताव करती हूं - सात रणनीतिक क्षेत्रों में मैन्युफ़ैक्चरिंग को बढ़ाना; पुराने औद्योगिक क्षेत्रों को फ़िर से नया करना; चैंपियन एमएसएमई बनाना; इंफ़्रा को बढ़ावा देना; लंबी अवधि की सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करना; शहरी आर्थिक क्षेत्रों का विकास करना."

    उन्होंने बताया कि बजट 2026-27 में अगले 5 वर्षों में बायोफ़ार्मा में 10 हज़ार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है.

    रेयर अर्थ के लिए वित्त मंत्री ने की बड़ी घोषणा

    - ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में रेयर अर्थ के लिए स्पेशल कॉरिडोर

    - इस कॉरिडोर का नाम होगा रेयर अर्थ मैग्नेट कॉरिडोर

    - इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग के लिए 40 हज़ार करोड़ रुपये का प्रस्ताव

    - कंटेनर मैन्युफ़ैक्चरिंग के लिए 10 हज़ार करोड़ रुपये का प्रस्ताव

    - एसएमई सेक्टर के लिए 10 हज़ार करोड़ रुपये का ग्रोथ फ़ंड

    - माइक्रो एंटरप्राइज़ेज के लिए 2 हज़ार करोड़ रुपये दिए जाएंगे

    - अगले 5 साल में 100 नए वाटर-वे

    - युवाओं के प्रशिक्षण के लिए कई केंद्र बनाने का भी प्रस्ताव

    - 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जाने का प्रस्ताव

    यहां देखिए बजट भाषण का सीधा प्रसारण-

    इससे पहले केंद्रीय कैबिनेट ने यूनियन बजट 2026-2027 को मंज़ूरी दी.

    केंद्र सरकार के तमाम मंत्रियों ने एक अच्छे बजट की उम्मीद जताई है. वहीं विपक्ष ने कहा है कि उन्हें बजट से ज़्यादा उम्मीद नहीं है.

    केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने कहा, "मुझे विश्वास है कि बजट अच्छा ही होगा."

    वहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी बोलीं, "मुझे ज़्यादा उम्मीदें नहीं हैं, लेकिन देखते हैं."

  5. अखिलेश यादव बोले- जिस सरकार से कोई उम्मीद नहीं है, उसके बजट से क्या उम्मीद होगी?

    केंद्रीय बजट के लिए संसदीय कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए समाजवादी पार्टी (एसपी) प्रमुख अखिलेश यादव रविवार को दिल्ली पहुंचे.

    इस बार के बजट से उनकी उम्मीदों के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश यादव ने कहा, "जिस सरकार से कोई उम्मीद नहीं है, उसके बजट से क्या उम्मीद होगी?"

    "पिछले तमाम बजटों में देखने को मिला है कि बजट 5 प्रतिशत लोगों के लिए बनता है. आज सरकार को ये सोचना चाहिए कि उसने अपने घोषणा पत्र में जो वादे किए थे, क्या उस पर खरे वे उतरे हैं?"

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कुछ ही देर में केंद्रीय बजट पेश करने वाली हैं.

    केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "यह एक ऐतिहासिक बजट होगा. पीएम की 'रिफ़ॉर्म एक्सप्रेस' विकसित भारत की ओर तेज़ी से आगे बढ़ेगी."

  6. ट्रंप का दावा- भारत अमेरिका से वेनेज़ुएला का तेल ख़रीदेगा

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि भारत ने ईरान से तेल खरीदने की बजाए वेनेज़ुएला से तेल खरीदने का समझौता किया है.

    वेनेज़ुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने के बाद अमेरिका वेनेज़ुएला के तेल उद्योग पर अपने नियंत्रण की योजना बना रहा है. ट्रंप यह भी घोषणा कर चुके हैं कि वेनेज़ुएला अब अमेरिका को बड़ी मात्रा में तेल देने के लिए तैयार है.

    शनिवार को एयरफ़ोर्स वन पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप से सवाल किया गया कि क्या चीन तेल के लिए वेनेज़ुएला को दिए पैसे वापस लेगा.

    इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, "मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता. लेकिन मैं आपको बताता हूं, चीन का स्वागत है और वे तेल पर एक बहुत अच्छी डील कर सकते हैं. हम चीन का स्वागत करते हैं."

    ट्रंप ने कहा, "हमने पहले ही एक डील कर ली है...भारत ईरान से खरीदने की बजाए वेनेज़ुएला से तेल खरीदेगा. हमने वह डील पहले ही कर ली है."

    ट्रंप ने कहा कि वेनेज़ुएला का तेल खरीदने के लिए 'चीन का भी स्वागत है, वे आकर तेल खरीद' सकते हैं.

    ट्रंप के इस दावे पर फिलहाल भारत की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्रंप के दावे पर मोदी सरकार पर निशाना साधा है.

    जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, "उन्होंने (ट्रंप ने) हमें बताया कि ऑपरेशन सिंदूर रोक दिया गया है. उन्होंने हमें बताया कि भारत ने रूसी तेल खरीदना बंद कर दिया है. और अब यह (भारत वेनेज़ुएला से तेल ख़रीदेगा)."

    "राष्ट्रपति ट्रंप हमें लगातार यह जानकारी दे रहे हैं कि हमारी अपनी सरकार ने क्या किया है या क्या करने वाली है."

  7. संसद में बजट कुछ देर में पेश होगा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बनाएंगी ये रिकॉर्ड

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज रविवार को केंद्रीय बजट पेश करने वाली हैं. इससे पहले निर्मला सीतारमण और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी वित्त मंत्रालय पहुंचे हैं.

    बजट 2026 को लेकर पंकज चौधरी ने कहा, "पिछले 11 सालों से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो बजट पेश हुए, वे देश की जनता की आकांक्षाओं पर और देश को आगे बढ़ाने वाले बजट थे. आज का बजट जो पेश होगा, वो 2047 के विकसित भारत को ध्यान में रखकर आएगा."

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार नौवां बजट पेश कर देश के संसदीय इतिहास में एक नया रिकॉर्ड दर्ज करेंगी. इसके साथ ही, सीतारमण पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के 10 बजट के रिकॉर्ड के करीब पहुंच जाएंगी.

    हालांकि, देसाई ने अपने अलग-अलग कार्यकाल में वित्त मंत्रालय का कार्यभार संभालने के दौरान 10 बजट पेश किए थे. वहीं सीतारमण लगातार बजट पेश करने के मामले में सबसे आगे रहेंगी.

  8. राजस्थान: जयपुर में ऑक्सीजन सिलेंडर प्लांट में धमाका, दो लोगों की मौत

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ जयपुर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम को एक ऑक्सीजन सिलेंडर प्लांट में धमाके से दो व्यक्तियों की मौत हो गई.

    विश्वकर्मा पुलिस स्टेशन के एसएचओ रविंद्र नरुका ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "हमें (शनिवार) शाम करीब 7:50 बजे एक ऑक्सीजन बॉटलिंग प्लांट में धमाके की जानकारी मिली थी. हम तुरंत मौक़े पर पहुंचे."

    "वहां काम करने वाले दो व्यक्ति घायल थे, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई. एक व्यक्ति की मौक़े पर ही मौत हो गई थी."

    एसएचओ ने बताया कि एफ़एसएल टीमें हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं.

  9. नवजोत कौर सिद्धू ने छोड़ी कांग्रेस, कहा- 'यहां किसी भी भरोसेमंद नेता की बात नहीं सुनी जाती'

    कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू ने शनिवार को पार्टी छोड़ने की घोषणा की.

    उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर इसकी जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि 'कांग्रेस में किसी भी भरोसेमंद नेता की बात नहीं सुनी जाती'.

    उन्होंने कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर भी निशाना साधते हुए उन पर पार्टी संगठन को 'नुकसान पहुंचाने' का आरोप लगाया है.

    नवजोत कौर सिद्धू ने वडिंग को 'अब तक का सबसे नाकाब़िल और भ्रष्ट अध्यक्ष' बताते हुए एक्स पर पोस्ट किया, "मेरे पास आपके (अमरिंदर सिंह राजा वडिंग) ख़िलाफ़ काफ़ी सबूत हैं, लेकिन मुझे इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है क्योंकि मैंने खु़द कांग्रेस छोड़ दी है जहां किसी भी भरोसे वाले नेता की बात नहीं सुनी जाती."

    इसके बाद किए एक पोस्ट में उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ़ करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा.

    वहीं एक और पोस्ट में नवजोत कौर सिद्धू ने लिखा, "मैं शायद उन बहुत कम लोगों में से एक हूं जो राजनीतिक कारणों से किसी बीजेपी या आम आदमी पार्टी या किसी दूसरी पार्टी के नेता से नहीं मिली हूं और न ही किसी पार्टी के किसी व्यक्ति ने मुझसे संपर्क किया है."

    "मैं बस पंजाब के लोगों की सेवा करना चाहती हूं, जो मैं एक एनजीओ बनाकर कर सकती हूं."

  10. ग़ज़ा के स्थानीय प्रशासन ने कहा- इसराइली हवाई हमलों में कम से कम 32 लोगों की मौत, सोफ़िया फ़रेरा सैंटोस, बीबीसी न्यूज़

    ग़ज़ा पट्टी में शनिवार को इसराइली हवाई हमलों में कम से कम 32 लोगों की मौत हुई है. ग़ज़ा के स्थानीय प्रशासन ने इसकी जानकारी दी है.

    हमास की सिविल डिफ़ेंस एजेंसी का कहना है कि मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. एजेंसी ने ये भी कहा है कि ख़ान यूनिस के दक्षिणी इलाके में विस्थापित लोगों के टेंट पर हेलिकॉप्टर से हमला किया गया.

    फ़लस्तीनियों ने इन हमलों को संघर्ष विराम का दूसरा चरण लागू होने के बाद से सबसे भारी हमला बताया है, जो इस महीने की शुरुआत में लागू हुआ था.

    इसराइली सेना ने इस बात की पुष्टि की है कि शुक्रवार को 'हमास की ओर से संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन' किए जाने के जवाब में कई हमले किए गए हैं.

    इसराइल और हमास दोनों ने एक-दूसरे पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का आरोप लगाया है.

    इसराइल और हमास के बीच संघर्ष की शुरुआत सात अक्तूबर 2023 को हुई, जब हमास के लड़ाकों ने इसराइल में हमला किया था. इन हमलों में करीब 1200 लोग मारे गए थे और हमास ने 251 लोगों को बंधक बना लिया था.

    हमास के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उसके बाद से ग़ज़ा में इसराइल की ओर से चलाए गए सैन्य अभियान में 71,660 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.

    हमास के स्वास्थ्य विभाग का ये भी कहना है कि 10 अक्तूबर 2025 को संघर्ष विराम लागू होने के बाद से कम से कम 509 फ़लस्तीनी मारे गए हैं. वहीं चार इसराइली सैनिकों की भी मौत हुई है.

  11. जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी नई फ़ाइल्स के बाद ब्रिटेन के पीएम स्टार्मर ने पूर्व प्रिंस एंड्रयू के लिए क्या कहा, जेमी व्हाइटहेड, बीबीसी न्यूज़

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है कि एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को दोषी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन के साथ अपने संबंधों के बारे में अमेरिकी कांग्रेस के सामने गवाही देनी चाहिए.

    उन्होंने पत्रकारों से कहा, "गवाही देने के मामले में, मैंने हमेशा कहा है कि जिसके पास भी जानकारी है, उसे वह जानकारी देने के लिए तैयार रहना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "अगर आप ऐसा करने के लिए तैयार नहीं हैं, तो आप सर्वाइवर्स पर ध्यान नहीं दे सकते. एपस्टीन के सर्वाइवर्स को पहली प्राथमिकता देनी होगी."

    पीएम की यह टिप्पणी एपस्टीन से जुड़ी नई फ़ाइलें जारी होने के बाद आई है, जिसमें ऐसी तस्वीरें शामिल हैं जिनमें माउंटबेटन-विंडसर ज़मीन पर लेटी एक महिला के ऊपर घुटनों के बल बैठे दिख रहे हैं.

    अमेरिकी कांग्रेस में डेमोक्रेट्स ने नवंबर में एपस्टीन जांच के हिस्से के तौर पर माउंटबेटन-विंडसर से सवालों के जवाब देने के लिए कहा था. उस समय, स्टार्मर ने इसे माउंटबेटन-विंडसर के लिए "व्यक्तिगत रूप से" विचार करने का मामला बताया था.

    बीबीसी न्यूज़ ने टिप्पणी के लिए पूर्व प्रिंस से संपर्क किया है. उन्होंने बार-बार किसी भी ग़लत काम से इनकार किया है.

  12. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.