इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू ने हूती विद्रोहियों को दी चेतावनी, क्या है पूरा मामला

इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने यमन के हूती विद्रोहियों को चेतावनी दी है कि उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.

सारांश

  • अरविंद केजरीवाल का बड़ा एलान, दो से तीन दिनों के अंदर देंगे सीएम पद से इस्तीफ़ा
  • छत्तीसगढ़ में जादू टोने के शक में पांच लोगों की हुई हत्या, आरोपियों ने लाठी डंडों के साथ किया सरेंडर
  • ऑपरेशन सद्भाव के तहत यागी तूफान से प्रभावित देशों को भारत ने भेजी राहत सामग्री
  • फ्रांस और इग्लैंड के बीच समुद्र पार करने की कोशिश में आठ लोगों की हुई मौत
  • अंतरिक्ष में पांच दिन बिताने के बाद स्पेसएक्स का पोलारिस डॉन मिशन धरती पर वापस लौट आया है

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सौरभ यादव

  1. पीएम मोदी के बछिया पालने पर राकेश टिकैत ने कहा, पहले वे सड़क के पशुओं के बारे में सोच लें

    राकेश टिकैत (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राकेश टिकैत (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बछिया पालने पर किसान आंदोलन से जुड़े नेता राकेश टिकैत ने निशाना साधा है.

    उन्होंने प्रधानमंत्री की आलोचना करते हुए कहा, “जो छुट्टा (खुले) पशु सड़क पर घूम रहे हैं उनको भी देख लें.”

    टिकैत ने कहा, “जिस गाय और गंगा के नाम पर ये सरकार में आए हैं ज़रा उनके भी हालात देख लें. सौ-डेढ़ सौ रुपये में उनके लिए भूंसा (चारा) आ जाएगा, वो भी नहीं आता, वो भी काग़ज़ों में ही आ रहा है.”

    गोशालाओं पर राकेश टिकैत ने कहा, “एक किस्म से गोशालाएं जेल हैं. कुछ जगहों पर ही वे सही से चल रही हैं. लेकिन अधिकतर जगहों पर वो जेल है और वहां जानवरों की मौत ही हो रही है.”

    इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पोस्ट में एक वीडियो और कुछ तस्वीरें अपलोड की थीं. इनमें वे एक बछिया के साथ नज़र आ रहे थे, जिसका नाम उन्होंने दीपज्योति रखा है.

  2. वेनेज़ुएला में तीन अमेरिकी समेत स्पेन और चेक रिपब्लिक के नागरिक गिरफ़्तार

    वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो

    वेनेज़ुएला की पुलिस ने कहा है कि उसने तीन अमेरिकी नागरिकों को गिरफ़्तार किया है.

    इसके अलावा तीन स्पेन और एक चेक रिपब्लिक के नागरिक को भी गिफ़्तार किया गया है.

    पुलिस के मुताबिक़, इन सभी को देश में अस्थिरता फैलाने के आरोप में पकड़ा गया है.

    वेनेज़ुएला के आंतरिक मामलों के मंत्री दिओसदादो कैबेलो ने कहा कि सैकड़ों हथियारों को सीज़ भी किया गया है.

    उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए विदेशी नागरिक वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और दूसरे शीर्ष अधिकारियों के हत्या की साज़िश रच रहे थे.

    यह गिरफ़्तारी अमेरिका के वेनेज़ुएला के 16 अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाने के दो दिन बाद हुई है. ये 16 अधिकारी राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के क़रीबी माने जाते हैं.

    वहीं वेनेज़ुएला सरकार का कहना है कि हिरासत में लिए गए स्पेन के नागरिक स्पेन के ख़ुफ़िया केंद्र सीएनआई से जुड़े हुए हैं.

  3. मेरठ में तीन मंज़िला इमारत ढही, प्रशासन ने सात मौतों की पुष्टि की, शहबाज़ अनवर, मेरठ से, बीबीसी हिंदी के लिए

    मेरठ में हुए हादसे के बाद मौक़े पर मौजूद स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन

    इमेज स्रोत, Shahbaaz Anwar

    इमेज कैप्शन, मेरठ में हुए हादसे के बाद मौक़े पर मौजूद स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन

    उत्तर प्रदेश के मेरठ में शनिवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक तीन मंज़िला इमारत के अचानक गिर जाने के कारण उसमें दबकर सात लोगों की मौत हो गई.

    प्रशासन के मुताबिक़ पांच लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है जबकि तीन और लोग इमारत के मलबे में फंसे हैं.

    डीएम मेरठ दीपक मीणा ने बीबीसी से कहा, "मेरठ के लोहिया नगर क्षेत्र की ज़ाकिर कॉलोनी में शनिवार शाम लगभग साढ़े चार बजे एक इमारत के भरभराकर गिरने की सूचना मिली. मौक़े पर तुरंत ही पुलिस प्रशासन की टीम के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी लगाया गया."

    सात मौतों की हुई पुष्टि

    बताया जा रहा है कि ज़ाकिर कॉलोनी में नफ़ो उर्फ़ नफ़ीसा नाम की महिला और उनके परिवार के लगभग 15 लोग भवन की अलग-अलग मंज़िलों में रहते थे.

    डीएम दीपक मीणा ने कहा, "सूचना के मुताबिक़ 15 लोग इस इमारत में दबे थे जिनमें पांच लोगों को ज़िंदा निकाल लिया गया है जबकि 7 लोगों के शव देर रात तक निकाले गए हैं. मलबे में तीन और लोग अभी फंसे हुए हैं. उन्हें रविवार सुबह भी निकाले जाने की कोशिशें जारी हैं." मृतकों में बच्चों सहित पांच महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं.

    रेस्क्यू में जुटे मेरठ के सिटी मजिस्ट्रेट अनिल कुमार ने बीबीसी से कहा, "अभी रेस्क्यू जारी है. हम लोग मौक़े पर ही मौजूद हैं, तीन लोगों के और फंसे होने की सूचना है जिनमें दो लोग हमें मलबे में फंसे दिखाई दे रहे हैं."

    'हादसे की वजह पुरानी बिल्डिंग'

    ये हादसा जहां हुआ है वहां संकरी गलियों के कारण रेस्क्यू में परेशानी आ रही है. प्रशासन का मानना है कि दो दिन से लगातार बारिश और जर्जर इमारत की वजह से ये हादसा हुआ है.

    दीपक मीणा ने बीबीसी से कहा, "सभी मृतक एक ही परिवार के हैं. कई पशु भी मलबे में दबे हैं. दो तीन दिन से जारी बारिश के कारण ये पुराना भवन ढह गया."

  4. आरजी कर हॉस्पिटल रेप और हत्या मामले में पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष और थाना प्रभारी गिरफ़्तार, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    संदीप घोष को ले जाती सीबीआई की टीम

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, संदीप घोष को ले जाती सीबीआई की टीम

    कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक डॉक्टर के साथ रेप के बाद उसकी हत्या के मामले में सीबीआई ने पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष और टाला थाने के ऑफिसर इंचार्ज अभिजीत मंडल को गिरफ़्तार कर लिया है.

    सीबीआई ने उन्हें सुबूतों के साथ छेड़छाड़, उनको ग़ायब करने और देरी से एफ़आईआर दर्ज करने के आरोप में शनिवार देर रात को गिरफ़्तार किया है.

    अब इन दोनों ही अभियुक्तों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा. सीबीआई के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है.

    आर्थिक घोटाले के एक मामले में संदीप घोष पहले से ही सीबीआई की हिरासत में हैं. फ़िलहाल उनको 23 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में प्रेसीडेंसी जेल में रखा गया है. अब सीबीआई नए मामले में उनको रिमांड पर लेने की कोशिश कर सकती है.

    संदीप घोष और कोलकाता पुलिस के ख़िलाफ़ पहले दिन से ही इस मामले की लीपापोती और सुबूतों के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप लग रहे थे.

    इसी तरह पहले अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया था. घटना की एफ़आईआर शव के पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार के बाद दर्ज की गई थी.

    संजय राय नामक एक सिविक वालंटियर को इस मामले में पहले ही गिरफ़्तार किया जा चुका है. वो फ़िलहाल सीबीआई की हिरासत में है. अब इस मामले में अभी तक कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया जा चुका है.

    जिस इलाक़े में यह घटना हुई थी वह टाला थाने के तहत है. उसके ओसी अभिजीत मंडल बीते पांच सितंबर को बीमारी के नाम पर एक निजी अस्पताल में दाखिल हो गए थे.

    उनको पूछताछ के लिए शनिवार को सीबीआई दफ़्तर में बुलाया गया था. सीबीआई सूत्रों ने बताया कि बयान में विसंगतियों के आधार पर उनको देर रात गिरफ़्तार किया गया.

    दूसरी ओर, इन गिरफ़्तारियों पर आंदोलनकारी जूनियर डॉक्टरों ने संतोष जताया है. उन्होंने इसे न्याय की दिशा में बढ़ने वाला एक ठोस कदम बताया है.

  5. ममता बनर्जी के साथ मीटिंग करने गए डॉक्टर ने बताया क्यों नहीं बन पाई बात?

    ममता बनर्जी के साथ बात करने वाले डॉक्टरों में से एक डॉ. अक़ीब

    इमेज स्रोत, @ANI

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी के साथ बात करने वाले डॉक्टरों में से एक डॉ. अक़ीब

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में डॉक्टरों का प्रदर्शन अब भी जारी है.

    शनिवार को ममता बनर्जी ने कोलकाता में विरोध प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टरों से प्रदर्शन स्थल पर जाकर मुलाक़ात की थी, जिसके बाद डॉक्टर उनके साथ बातचीत के लिए राज़ी हो गए.

    शाम छह बजे का वक्त तय हुआ और डॉक्टरों का दल मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचा लेकिन फिर भी ये कोशिश बेनतीजा रही.

    अब ममता से बातचीत करने पहुंचे डॉक्टरों के समूह में से एक डॉक्टर अक़ीब का कहना है कि जब सीएम हमारे बीच आई थीं, तब हमें खुशी हुई थी कि बात-चीत का सिलसिला शुरू हुआ.

    डॉ. अक़ीब ने कहा कि "हम आधिकारिक बातचीत के लिए काली घाट भी गए थे. लेकिन हमारी डिमांड थी कि इस मीटिंग की लाइव स्ट्रीमिंग या वीडियो रिकॉर्डिंग की जाए. लेकिन इस पर बात नहीं बनी. सीएम ने हमसे चाय-पानी के लिए कहा लेकिन हमने मना कर दिया."

    अक़ीब ने बताया कि "हम बारिश में इस इंतज़ार में खड़े रहे कि दोबारा हम कोशिश करते रहें और किसी तरह से मीटिंग हो जाए. लेकिन बाद में हमसे ये कह दिया गया कि अब बहुत देर हो गई है अब मीटिंग नहीं हो सकती. हमें वापस लौटना पड़ा. हम चाहते थे कि इस मीटिंग का कोई नतीजा निकले और इस आंदोलन को इंसाफ़ मिले."

    आरजी कर के पूर्व प्रिसिंपल संदीप घोष पर उन्होंने कहा, “आज 35वें दिन संदीप घोष जेल के अंदर है. यह बताता है कि हमारी मांगे सही थीं.”

    अक़ीब ने कहा कि "हमारी मांगे हैं कि जो भी इसमें शामिल है उसको गिरफ़्तार किया जाए और हमें इंसाफ़ मिले. हमारा आंदोलन तब तक चलेगा जब तक हमें इसाफ़ नहीं मिल जाता. हम यहां अभया के लिए आए हैं."

  6. नितिन गडकरी ने क्यों कहा- 'प्रधानमंत्री बनना मेरा लक्ष्य नहीं'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नितिन गडकरी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नितिन गडकरी (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शनिवार को कहा कि 'प्रधानमंत्री बनना मेरे जीवन का लक्ष्य नहीं है.'

    नितिन गडकरी महाराष्ट्र के नागपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. जहां उन्होंने कहा, “मैं किसी का नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन एक व्यक्ति ने मुझसे कहा कि अगर आप प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, तो हम आपका समर्थन करेंगे. मैंने कहा कि आप मेरा समर्थन क्यों करें और मैं आपका समर्थन क्यों लूं.”

    अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री बनना मेरे जीवन का लक्ष्य नहीं है. मैं अपने विश्वास और संगठन के प्रति वफ़ादार हूं और मैं किसी भी पद के लिए समझौता नहीं करने जा रहा हूं, क्योंकि मेरा विश्वास मेरे लिए सबसे ज़रूरी है.”

    नितिन गडकरी ने कहा कि 'मुझे लगता है कि विश्नास ही भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है.'

    नितिन गडकरी को भाजपा के सबसे ताकतवर नेताओं में से एक माना जाता है. साथ ही उनकी संघ परिवार से भी बेहद नज़दीकी रिश्ते रहे हैं.

    ऐसे में पार्टी के अंदर गडकरी के समर्थक कई बार ऐसे दावे कर चुके हैं कि भविष्य में वे प्रधानमंत्री पद के लिए एक बेहतर उम्मीदवार हो सकते हैं.

  7. नीरज चोपड़ा डायमंड ट्रॉफ़ी से चूके, सिल्वर मेडल हासिल किया

    नीरज चोपड़ा (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नीरज चोपड़ा (फ़ाइल फ़ोटो)

    नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक के बाद एक और खेल प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल हासिल किया है.

    शनिवार को ब्रसल्स में हुए डायमंड लीग की जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता में नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल जीता.

    हालांकि नीरज डायमंड ट्रॉफ़ी के दावेदार माने जा रहे थे, पर वे इसे हासिल करने से केवल एक सेंटीमीटर दूर रह गए. नीरज ने 87.86 मीटर का थ्रो किया था.

    वहीं ग्रेनाडा एंडरसन ने 87.87 मीटर का थ्रो करते हुए डायमंड ट्रॉफ़ी प्रतियोगिता में जेवलिन थ्रो का गोल्ड मेडल हासिल किया.

    जबकि जर्मनी के जूलियन वेबर ने 85.97 मीटर का थ्रो करते हुए ब्रॉन्ज़ मेडल जीता.

  8. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें लेकर हाज़िर हूं.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    पश्चिम बंगाल के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में डॉक्टरों का प्रदर्शन अब भी जारी है. शनिवार को ममता बनर्जी ने भी डॉक्टरों से बातचीत की, लेकिन प्रदर्शन रोकने पर सहमति नहीं बन पाई. पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर ज़िले के हिंदू बहुल भरतिया कॉलोनी में एक मुसलमान व्यक्ति के घर ख़रीदने पर विवाद हो रहा है. पूरे मामले के बारे में जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    मध्य प्रदेश के इंदौर के महू में सेना के दो युवा अधिकारियों के साथ मारपीट, लूट और उनकी महिला मित्र के साथ कथित बलात्कार की घटना के मामले में सभी छह अभियुक्त गिरफ़्तार कर लिए गए हैं. पूरी ख़बर के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    शनिवार के लाइव पेज पर मौजूद ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें.