You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच हुए युद्ध विराम पर क्या बोला भारत?

इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच हुए युद्ध विराम समझौते का भारत ने भी स्वागत किया है.

सारांश

  • एकनाथ शिंदे ने कहा- सरकार बनाने को लेकर पीएम मोदी, अमित शाह और बीजेपी का फ़ैसला उनको मंज़ूर होगा.
  • कांग्रेस ने एक बार फिर से बीजेपी पर भारतीय अरबपति कारोबारी गौतम अदानी को बचाने का आरोप लगाया है.
  • मध्य प्रदेश के शिवपुरी ज़िले में एक दलित युवक की बोरवेल से पानी लेने के विवाद में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई.
  • इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच युद्धविराम समझौता लागू होने के बाद लोग अपने घर लौटने लगे हैं.
  • संसद में गौतम अदानी पर बहस की मांग, हंगामे के बीच दोनों सदन कल के लिए स्थगित.

लाइव कवरेज

संदीप राय और अभिषेक पोद्दार

  1. तमिलनाडु में भारी बारिश की आशंका, चेन्नई और आसपास के ज़िलों में स्कूल बंद

    तमिलनाडु में भारी बारिश की आशंका के चलते कई ज़िलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है.

    प्रशासन ने चेन्नई और आस पास के ज़िलों में स्कूल बंद करने के आदेश दे दिये हैं.

    भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में दक्षिण पश्चिम में बना दबाव गहरा गया है, जिसके चलते फेंगल तूफ़ान बनने की आशंका है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, बुधवार को यह दबाव उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ेगा और चक्रवात का रूप ले सकता है.

    मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु और आस पास बारिश गुरुवार तक जारी रह सकती है. फ़िलहाल चेन्नई में लगातार बारिश हो रही है.

    बीबीसी तमिल के अनुसार, प्रशासन ने मछुआरों को समंदर में जाने से मना किया है.

    कम से कम दो ज़िलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है.

    मौसम विभाग ने कहा है कि बारिश अगले शुक्रवार तक जारी रह सकती है.

  2. इस्लामाबाद में इमरान समर्थकों के ख़िलाफ़ रात भर चले पुलिस ऑपरेशन में 500 गिरफ़्तार

    पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि मंगलवार को इस्लमाबाद के डी चौक पर इकट्ठा हुए पीटीआई समर्थकों पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने व्यापक कार्रवाई की है.

    पुलिस के अनुसार इमरान ख़ान की पार्टी से जुड़े लगभग 500 प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार किया गया है.

    उधर इमरान ख़ान की पत्नी बुशरा बीबी के लापता होने की ख़बरों के बीच पता चला है कि वह ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत में हैं.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) पेशावर के अध्यक्ष अरबाब नसीम ने कहा है कि वो जल्द ही प्रेस कांफ़्रेंस करेंगी. उधर पीटीआई ने अपना प्रदर्शन स्थगित करने का एलान किया है.

    इससे पहले पीटीआई ने प्रदर्शन स्थल इस्लामाबाद के डी चौक से बुशरा बीबी के अगवा किए जाने का दावा किया था.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक, पीटीआई ने आरोप लगाए हैं कि पुलिस ने अंधाधुंध फ़ायरिंग की और आंसू गैस के गोले दागे.

    सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी घायल दिख रहे हैं और कुछ लोगों के मरने की भी बात कही जा रही है.

    रात भरे चले रेंजर्स और पुलिस के ऑपरेशन की पीटीआई ने निंदा की है.

    पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी के समर्थकों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के दौरान इमरान ख़ान की पत्नी बुशरा बीबी गायब हो गई थीं.

    जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की रिहाई के लिए उनकी पार्टी पीटीआई ने मंगलवार को इस्लामाबाद में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया था.

  3. जय भट्टाचार्य को ट्रंप ने दी बड़ी ज़िम्मेदारी, कोविड के दौरान लॉकडाउन के थे विरोधी

    अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी टीम में भारतीय मूल के जय भट्टाचार्य को शीर्ष प्रशासनिक पद पर नियुक्त करने की घोषणा की है.

    जय भट्टाचार्य कोविड के दौरान लगाए गए लॉकडाउन के विरोधी थे. ट्रंप ने उन्हें अमेरिका के मुख्य सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी के अगले डायरेक्टर पद के लिए लिए नामित किया है.

    ट्रंप ने कहा कि उन्होंने स्टैनफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी से प्रशिक्षित फ़िजीशियन और अर्थशास्त्री को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ हेल्थ (एनआईएच) की ज़िम्मेदारी के लिए चुना है.

    एनआईएच, सरकारी फ़ंड पर चलने वाली दुनिया की सबसे बड़ी बायोमेडिकल रिसर्च संस्था है.

    भट्टाचार्य उस समय सुर्खियों में आए थे जब कोविड-19 के दौरान बड़े पैमाने लॉकडाउन लगाए जाने का उन्होंने खुल कर विरोध किया.

    ट्रंप अगले साल 20 जनवरी को अगले राष्ट्रपति का कार्यभार ग्रहण करेंगे.

    इस महीने की शुरुआत में ट्रंप ने अमेरिकी स्वास्थ्य विभाग की ज़िम्मेदारी अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी रॉबर्ड एफ़ कैनेडी जूनियर को सौंपी.

    कैनेडी कोविड वैक्सीन के सख़्त आलोचक रहे हैं, जिससे मेडिकल जगत से जुड़े लोगों ने उनके नाम पर आपत्ति जताई थी.

  4. यूक्रेन ने रूस पर दागी अमेरिकी मिसाइल, एयर डिफ़ेंस सिस्टम ध्वस्त

    रूस ने पहली बार माना है कि यूक्रेन की ओर से किए गए अमेरिकी मिसाइल के हमले में उनके एयर डिफ़ेंस सिस्टम के ठिकाने को नुकसान पहुँचा है. इसके अलावा कुर्स्क क्षेत्र में एक सैन्य अड्डे को भी नुकसान पहुंचा है.

    अमेरिका के पैट्रियट डिफ़ेंस सिस्टम जैसी क्षमता वाले एस-400 एयर डिफ़ेंस सिस्टम को निशाना बनाया गया है.

    हाल ही में अमेरिका ने यूक्रेन को रूस के ख़िलाफ़ लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल को लेकर हरी झंडी दे दी थी.

    यूक्रेन ने कहा था कि उसने कुर्स्क क्षेत्र में कुछ ठिकानों को निशाना बनाया है. इसके बाद रूस के रक्षा मंत्रालय की ओर से बयान आया, जिसमें जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

    इस बीच यूक्रेन की एयर फ़ोर्स ने कहा कि सोमवार रात को रूस ने 188 ड्रोन से हमला किया जिससे कुछ बुनियादी आधारभूत ढांचे क्षतिग्रस्त हुए हैं.

    यूक्रेन और रूस के बीच तनाव तभी से चरम पर है.

    पिछले हफ़्ते अमेरिका ने यूक्रेन को रूस के भीतर लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों के इस्तेमाल करने का अनुमति दे दी थी.

    माना जा रहा है कि 1000 दिनों से भी ज़्यादा वक़्त से चल रही इस जंग में ये पहला मौक़ा है जब इतने ताक़तवर हथियारों का इस्तेमाल हो रहा है.

  5. बजरंग पुनिया को राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी ने चार साल के लिए किया निलंबित, बताया ये कारण

    राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने ओलंपियन पहलवान बजरंग पुनिया को चार साल के लिए निलंबित कर दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बजरंग पुनिया ने डोप टेस्ट के लिए सैंपल देने से मार्च महीने में मना कर दिया था. निलंबन 23 अप्रैल 2024 से माना जाएगा.

    नाडा ने उन्हें 23 अप्रैल 2024 को निलंबित किया था जिसके ख़िलाफ़ उन्होंने अपील की थी. इसके बाद नाडा के अनुशासनात्मक डोपिंग पैनल ने 31 मई को आरोप का नोटिस भेजे जाने तक इस फैसले को रद्द कर दिया था.

    बीते 23 जून को नाडा ने पुनिया को नोटिस भेजा. इसे भी पुनिया ने चुनौती दी. इस मामले की सुनवाई नाडा का डोपिंग पैनल कर रहा था.

    यौन उत्पीड़न के ख़िलाफ़ महिला पहलवानों के प्रदर्शन में उनका साथ देने को लेकर पुनिया सुर्खियों में रहे.

    बीते सितम्बर में, हरियाणा चुनाव से पहले वो पहलवान विनेश फोगाट के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए थे. उन्हें ऑल इंडिया किसान कांग्रेस की ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी.

    बजरंग पुनिया टोक्यो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक विजेता थे.

  6. युद्धविराम शुरू होने से ठीक पहले तक इसराइल और हिज़्बुल्लाह ने जारी रखे एक दूसरे पर हमले

    मंगलवार को हिज़्बुल्लाह और इसराइल के बीच युद्धविराम के कुछ घंटे पहले तक हिज़्बुल्लाह और इसराइल की ओर से एक दूसरे पर हमले किए गए.

    हिज़्बुल्लाह ने कहा कि 'मंगलवार की रात उसने तेल अवीव के कुछ संवेदनशील सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं. इसराइली सेना ने इसकी पुष्टि की है.'

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक, हिज़्बुल्लाह ने कहा कि “राजधानी बेरूत को निशाना बनाने और नागरिकों पर इसराइली सेना के जनसंहार के ख़िलाफ़ हिज़्बुल्लाह ने तेल अवीव के कुछ संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाया है.”

    वहीं इसराइल ने बेरूत के कुछ इलाक़ों में निवासियों से घर खाली करने के निर्देश दिए और कहा कि इसराइली सेना हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बना सकती है.

    इससे पहले इसराइल ने कहा कि सोमवार को हिज़्बुल्लाह ने 250 रॉकेट दागे.

    मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने ह्वाइट हाउस में पत्रकारों को जानकारी दी कि फ़्रांस और अमेरिका की मध्यस्थता में लेबनान और इसराइल की सरकारों ने युद्धविराम पर रज़ामंदी दे दी है.

    इस समझौते के मुताबिक इसराइली सेना चरणबद्ध तरीके से अगले 60 दिनों में दक्षिणी लेबनान को खाली करेगी.

    हालांकि हिज़्बुल्लाह की ओर से युद्धविराम उल्लंघन पर इसराइल को आत्मरक्षा के तौर पर कार्रवाई करने की आज़ादी रहेगी.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय दोपहर दो बजे तक आप तक बड़ी ख़बरें पहुंचाउंगा.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    बरेली: अधूरे पुल से कार गिरने का मामला, मैप्स को लेकर गूगल ने दिया ये जवाब. पूरी रिपोर्ट को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    पाकिस्तान में पीटीआई कार्यकर्ताओं के डी चौक पहुंचने के बाद क्या हुआ, अब कैसे हैं हालात. पूरी रिपोर्ट को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बांग्लादेश में इस्कॉन से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास कौन हैं, जिन्हें देशद्रोह के आरोप में जेल भेजा गया. पूरी रिपोर्ट को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    संभलः हिंसा में जो लोग मारे गए वो कौन थे, अब कैसा है माहौल? - ग्राउंड रिपोर्ट. पूरी रिपोर्ट को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    महाराष्ट्र में बीजेपी गठबंधन की जीत के बाद भी एकनाथ शिंदे के भविष्य पर सवाल. इस ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.