ज़ेलेंस्की बोले- अमेरिका और बाक़ी देशों की चुप्पी से पुतिन को मिलता है बढ़ावा
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका और बाक़ी देशों की चुप्पी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन पर हमला जारी रखने के लिए बढ़ावा देती है.
सारांश
महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि वो अभी इंडियन प्रीमियर लीग से रिटायर नहीं हो रहे हैं
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका और बाक़ी देशों की चुप्पी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन पर हमला जारी रखने के लिए बढ़ावा देती है
बीजेपी ने आरजेडी के नेता तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से निकालने के फै़सले को लेकर आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधा है
लाइव कवरेज
आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.
कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.
फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ज़ेलेंस्की बोले- अमेरिका और बाक़ी देशों की चुप्पी से पुतिन को मिलता है बढ़ावा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, साल 2022 में 24 फ़रवरी को रूस ने यूक्रेन के ख़िलाफ़ जंग की शुरुआत की थी
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका और बाक़ी देशों की चुप्पी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन पर हमला जारी रखने के लिए बढ़ावा देती है.
ज़ेलेंस्की ने यह बात तब कही जब युद्ध का अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला हुआ, जिसमें रूस ने क़रीब 400 मिसाइलें और ड्रोन दागे. इस हमले में कम से कम 12 आम लोग मारे गए हैं.
जेलेंस्की ने कहा कि इस तरह की क्रूरता को तब तक नहीं रोका जा सकता जब तक रूस पर सख्त दबाव न डाला जाए.
यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास ने कहा कि रात के हमले यह दिखाते हैं कि रूस यूक्रेन को पूरी तरह से खत्म करने पर तुला है. उन्होंने भी रूस पर और ज़्यादा अंतरराष्ट्रीय दबाव डालने की मांग की है.
वहीं रूस और यूक्रेन के बीच अब तक की सबसे बड़ी युद्धबंदियों की अदला-बदली पूरी हो चुकी है.
रविवार सुबह दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को तीन सौ से थोड़े ज़्यादा सैनिक लौटाए. पिछले तीन दिनों में कुल दो हज़ार बंदी छोड़े जा चुके हैं.
यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि रूस की कै़द से लौटे ज़्यादातर लोगों को प्रताड़ित किया गया था, उन्हें खाना नहीं दिया गया और उन्हें ब्रेनवॉश किया गया था.
ब्रेकिंग न्यूज़, हैदराबाद की तूफानी बल्लेबाज़ी, क्लासेन ने 37 गेंदों पर जड़ा शतक
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, क्लासेन ने 37 गेंद में शतक जड़ा
सनराइज़र्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स के ख़िलाफ़ 279 रनों का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया है.
सनराइज़र्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच रविवार को दिल्ली में इंडियन प्रीमियर लीग का 68वां मैच खेला जा रहा है.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 278 रन बनाए हैं.
हैदराबाद की ओर से सबसे ज़्यादा हेनरिक क्लासेन ने 39 गेंदों पर 9 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 105 रन बनाए.
सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने 32 और ट्रेविस हेड ने 76 रन बनाए.
कोलकाता की ओर से गेंदबाज़ी में सुनील नारायण ने दो विकेट लिए. लेकिन उन्होंने चार ओवर में 42 रन खर्च किए.
सनराइज़र्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स दोनों ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुके हैं.
धोनी रिटायर होने के सवाल पर क्या बोले?
इमेज स्रोत, ANI
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि वो अभी इंडियन प्रीमियर लीग से रिटायर नहीं हो रहे हैं.
एमएस धोनी के नेतृत्व वाली टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार को गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ आईपीएल के इस सीज़न का आख़िरी लीग मुक़ाबला खेला. सीएसके पहले ही आईपीएल के इस सीज़न से एलिमिनेट हो चुकी है.
मैच के बाद धोनी ने कहा, "हमारा सीज़न अच्छा नहीं गया, लेकिन यह एक परफ़ेक्ट प्रदर्शन में से एक था. इस सीज़न हमारी फ़ील्डिंग अच्छी नहीं रही, लेकिन आज हमने कई अच्छे कैच लिए."
रिटायर होने के सवाल पर धोनी ने कहा, "मेरे पास फ़ैसला लेने के लिए 4-5 महीने हैं, कोई जल्दबाज़ी नहीं है. शरीर को फ़िट रखना ज़रूरी है."
"अगर क्रिकेटर अपने प्रदर्शन के आधार पर संन्यास लेने लगे तो उनमें से कुछ 22 साल की उम्र में ही संन्यास ले लेंगे. अब रांची जाऊंगा, थोड़ी बाइक राइड्स का लुत्फ़ उठाऊंगा."
उन्होंने कहा, "मैं ये नहीं कह रहा कि मैं अब रिटायर हो रहा हूं और ये भी नहीं कह रहा कि मैं वापस आ रहा हूं. मेरे पास काफ़ी समय है. इस पर सोचूंगा और फिर फ़ैसला लूंगा."
इमेज स्रोत, ANI
राजस्थान: जेसीबी मशीन से उल्टा लटका कर शख़्स की पिटाई का वीडियो वायरल, क्या है पूरा मामला?, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena
इमेज कैप्शन, अभियुक्त की रविवार को पुलिस ने परेड निकाली है
राजस्थान के ब्यावर ज़िले में एक शख़्स को जेसीबी से उल्टा लटका कर उसकी पिटाई का एक वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.
यह घटना सात अप्रैल की बताई जा रही है जिसका वीडियो अब सामने आया है. वीडियो के आधार पर चिन्हित कर ब्यावर पुलिस ने कार्रवाई की है. यह घटना ब्यावर ज़िले के रायपुर थाना इलाक़े की है
ब्यावर ज़िले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्याम सिंह ने बीबीसी हिन्दी से कहा, "घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद पीड़ित से संपर्क कर उससे एफआईआर दर्ज करवाई है. मुख्य अभियुक्त तेजपाल को गिरफ़्तार कर लिया है. फरार चल रहे तीन अभियुक्तों की तलाश की जा रही है."
पुलिस ने करवाई करते हुए घटना के वीडियो में दिखाई दे रही जेसीबी और फॉर्च्यूनर गाड़ी को भी जब्त किया है.
एसपी श्याम सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए कहा, "अभियुक्त तेजपाल का मिनी सीमेंट प्लांट है और उसके ही एक डंपर पर पीड़ित ड्राइवर की नौकरी करता है. डीजल चोरी के आरोप में पीड़ित याकूब की तेजपाल ने पिटाई की. यह घटना सात अप्रैल की है."
उन्होंने कहा, "याकूब ने इस घटना का ज़िक्र अपने परिवार से भी नहीं किया था."
घटना के वीडियो को सोशल मीडिया (एक्स) पर शेयर करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.
उन्होंने लिखा, 'राजस्थान में यह माफिया राज आखिर कब तक चलता रहेगा? जनता पूछ रही है कि पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत से चल रहा ये डरावना खेल कब रुकेगा?"
तेज प्रताप यादव को पार्टी से निष्कासित किए जाने पर बीजेपी नेता ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल
भारतीय जनता पार्टी के नेता ने राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से निकालने के फै़सले को लेकर आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधा है.
बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा, "लालू जी ने अपने पुत्र को तो बेदखल कर दिया, लेकिन वह उन आरोपों से कब बेदखल होंगे जो आरोप चारा घोटाला और इस प्रकार के अन्य आरोपों से लगे हैं."
"लालू परिवार के ऊपर आरोपों की एक लंबी श्रृंखला है."
उन्होंने कहा, "दूसरों को ज्ञान देना बहुत आसान है. खुद पर अनुशासन रखना उतना ही मुश्किल है. और यही काम लालू जी कर रहे हैं."
आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने रविवार को अपने बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है.
साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पार्टी और परिवार में तेज प्रताप की किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी.
तेज प्रताप को पार्टी, परिवार से निकाले जाने पर बहन रोहिणी आचार्य ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनकी बेटी रोहिणी आचार्य
राष्ट्रीय जनता दल नेता तेज प्रताप यादव को लेकर आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के फ़ैसले पर उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है.
उन्होंने लिखा, "जो अपना विवेक त्याग कर मर्यादित आचरण और परिवार की प्रतिष्ठा की सीमा को बारम्बार लांघने की ग़लती, धृष्टता करते हैं, वो खुद को आलोचना का पात्र खुद ही बनाते हैं."
इसके आगे उन्होंने लिखा कि इस फ़ैसले में वो अपने पिता के साथ हैं.
उन्होंने लिखा, "हमारे लिए पापा देवतुल्य हैं. परिवार हमारा मंदिर और गौरव. पापा के अथक प्रयासों, संघर्षों से खड़ी की गई पार्टी और सामाजिक न्याय की अवधारणा हमारी पूजा. इन तीनों की प्रतिष्ठा पर किसी की वजह से कोई आंच आए ये हमें कदापि स्वीकार्य नहीं."
रविवार को लालू यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा कि उनके बड़े बेटे (तेज प्रताप) की "गतिविधि, लोक आचरण और गै़र ज़िम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है."
इससे पहले शनिवार को तेज प्रताप यादव के फे़सबुक अकाउंट से एक तस्वीर पोस्ट की गई थी. हालांकि कुछ ही घंटों बाद उस तस्वीर को डिलीट कर दिया गया.
इसके बाद तेज प्रताप यादव ने 10 बजकर 56 मिनट पर एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उनके सोशल मीडिया हैंडल को हैक कर लिया गया है और उन्हें बदनाम और परेशान करने की कोशिश की जा रही है.
तेज प्रताप को पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद प्रशांत किशोर ने कही ये बात
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रविवार को लालू यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अब से पार्टी और परिवार में तेज प्रताप की किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी.
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से निकालने के फै़सले को लेकर आरजेडी पर निशाना साधा है.
प्रशांत किशोर ने कहा है कि लालू यादव को अगर यादवों की चिंता है तो यादव समाज के किसी आदमी को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर दें, जन सुराज उनके समर्थन में खड़ा हो जाएगा.
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "लालू यादव किसे परिवार से निकाल रहे हैं और किसे रख रहे हैं, इससे बिहार का क्या लेना-देना है."
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि लालू यादव आज भी यही चाहते हैं कि तेजस्वी यादव ही बिहार के नेता बनें.
आरजेडी पर तंज कसते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "ये जाति की राजनीति नहीं बल्कि अपने परिवार की राजनीति कर रहे हैं. इन्हें किसी की चिंता नहीं है."
तेज प्रताप यादव को पार्टी से निष्कासित किए जाने को जेडीयू नेता ने बताया 'दिखावा'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जनता दल यूनाइटेड नेता राजीव रंजन प्रसाद
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से निकालने के फै़सले को जनता दल यूनाइटेड ने दिखावा बताया है.
जनता दल यूनाइटेड प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा, "लालू जी लोगों को मूर्ख बनाने का काम कर रहे हैं."
उन्होंने कहा, "तेज प्रताप ने स्वीकार कर लिया कि 12 सालों से वह रिलेशनशिप में हैं."
राजीव रंजन ने दावा किया कि बिहार चुनाव में इस पूरे प्रकरण का आरजेडी को भारी नुक़सान उठाना पड़ सकता था.
उन्होंने कहा, "इसलिए चुनाव तक के लिए ये दिखावा और पाखंड है."
आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने रविवार को अपने बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है.
साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पार्टी और परिवार में तेज प्रताप की किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी.
ब्रेकिंग न्यूज़, तेज प्रताप को पार्टी, परिवार से निकालने पर तेजस्वी बोले - 'ये सब चीज़ें हम बर्दाश्त नहीं करते'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लालू प्रसाद यादव ने अपने बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से निकालने के फै़सले पर बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी है.
आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने रविवार को अपने बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है. साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पार्टी और परिवार में तेज प्रताप की किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी.
अपने बड़े भाई तेज प्रताप को पार्टी से निष्कासित किए जाने के फ़ैसले पर पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा, "हमें ये सब चीज़ें नहीं अच्छा लगता है न हम इसे बर्दाश्त करते हैं."
उन्होंने कहा, "हम अपना काम कर रहे हैं, बिहार के प्रति हम समर्पित हैं. हम जनता के दुख-सुख में भाग ले रहे हैं और जनता के मुद्दे को उठा रहे हैं."
बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "जहां तक मेरे बड़े भाई की बात है, राजनीतिक जीवन और निजी जीवन अलग होता है. क्योंकि वह बड़े हैं, निजी जीवन के निर्णय लेने का उनको अधिकार है. क्या सही होगा और क्या नुक़सान होगा ये निर्णय वह खुद लें."
तेजस्वी यादव ने कहा, "राष्ट्रीय अध्यक्ष (लालू प्रसाद यादव) दल के नेता ने अपने ट्वीट के माध्यम से अपनी भावनाएं स्पष्ट कर दी हैं. हम ऐसी चीज़ों को पसंद नहीं करते हैं और न हम बर्दाश्त कर सकते हैं."
इससे पहले आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव के फे़सबुक अकाउंट से एक पोस्ट किया गया था, जिसे लेकर विपक्ष ने आरजेडी पर निशाना साधा था.
इसके बाद तेज प्रताप यादव ने एक्स पर एक पोस्ट कर कहा कि उनका सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हैक कर लिया गया है और उनकी तस्वीरों को ग़लत तरीके से एडिट किया गया है.
ब्रेकिंग न्यूज़, लालू प्रसाद यादव ने बेटे तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से निकाला, कही ये बात
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है.
लालू यादव ने ये जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर देते हुए लिखा है कि अब से पार्टी और परिवार में तेज प्रताप की किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमज़ोर करता है. ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण और गै़र ज़िम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है."
लालू यादव ने लिखा, "इसलिए उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूँ. अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी. उसे पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया जाता है."
उन्होंने लिखा, "अपने निजी जीवन का भला -बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम हैं. उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें."
इससे पहले आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट किया गया था, जिसे लेकर विपक्ष ने आरजेडी पर निशाना साधा था.
इसके बाद तेज प्रताप यादव ने एक्स पर एक पोस्ट कर बताया कि उनका सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हैक कर लिया गया है और उनकी तस्वीरों को ग़लत तरीके से एडिट किया गया है.
भारत के दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के दावे पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पवन खेड़ा ने नीति आयोग की रिपोर्ट को लेकर सरकार पर तंज कसा है
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बीवीआर सुब्रह्मण्यम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.
बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने कहा था कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के आंकड़ों का हवाला देते हुए ये बयान दिया था.
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इस रिपोर्ट पर तंज कसते हुए समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "प्रति व्यक्ति आय पर बात कर लें, अमीर और ग़रीब के बीच बढ़ती खाई के बारे में बात करें."
कांग्रेस नेता ने मध्य वर्ग का हवाला देते हुए कहा, "जो ईएमआई देने के संघर्ष से जूझ रहा है उसके बारे में बात कर लें, एमएसएमई सेक्टर की बात करें."
उन्होंने कहा, "45 साल का जो बेरोज़गारी का रिकॉर्ड टूटा है उसके बारे में बात कर लें, तो फिर हमें समझ में आएगा कि आपके चमक-दमक वाले आंकड़ों का प्रभाव आम आदमी पर भी पड़ रहा है."
पवन खेड़ा ने कहा, "यह कहना तो ठीक है कि हम इस देश से या उस देश से आगे बढ़ गए, लेकिन देशवासियों से तो पूछिए कि वे कितना आगे हैं और कितना पीछे हैं."
वहीं नीति आयोग के सीईओ के इस दावे पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने पत्रकारों से कहा, "जिस दूरदर्शिता के साथ भारत पिछले 11 वर्षों से एक विकास यात्रा पर निकला है, यह उसी का नतीजा है."
अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थें.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ग़ज़ा में शांति के लिए स्पेन में बैठक, सऊदी अरब और तुर्की समेत ये देश होंगे शामिल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में इन दिनों खाने की बेहद कमी है
ग़ज़ा में शांति और द्वि-राष्ट्र समाधान के मुद्दे पर रविवार को स्पेन में कई अरब और यूरोपीय देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक होने जा रही है.
इस बैठक में सऊदी अरब, मिस्र और तुर्की के अलावा कई देश शामिल होंगे.
स्पेन ने इस बैठक को ग़ज़ा में हो रही "मानवीय तबाही" को समाप्त करने के लिए बातचीत को प्रोत्साहित करने की एक कोशिश बताया है.
इस सम्मेलन का उद्देश्य क्षेत्र में युद्धविराम लाने में मदद करना है. इसमें मानवीय सहायता को ग़ज़ा पहुंचाने की अनुमति देना और इसराइल के बंधकों की वापसी शामिल है.
स्पेन लंबे समय से इसराइल का कड़ा आलोचक रहा है.
केरल के तट के नज़दीक डूबा लाइबेरिया का जहाज़, 24 लोग बचाए गए
इमेज स्रोत, @IndiaCoastGuard
इमेज कैप्शन, जहाज़ के चालक दल के सभी 24 सदस्यों को बचा लिया गया है
लाइबेरिया का एक मालवाहक जहाज़ केरल के तट के नज़दीक डूब गया है. भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना ने एक संयुक्त अभियान में जहाज़ के चालक दल के सभी 24 सदस्यों को बचा लिया है.
तटरक्षक बल ने रविवार को एक्स पर अपनी पोस्ट में बताया है, "इस जहाज़ पर 640 कंटेनर लदे हुए थे, जिनमें से 13 कंटेनरों में ख़तरनाक सामान और 12 कंटेनरों में कैल्शियम कार्बाइड भरा हुआ था."
बयान में आगे बताया गया है कि इसके अलावा जहाज़ के टैंकों में 84.44 मीट्रिक टन डीज़ल और 367.1 मीट्रिक टन फ़र्नेस ऑयल था. इसके कारण अब पर्यावरण को नुक़सान पहुंचने की आशंका है.
इस अभियान में चालक दल के 21 सदस्यों को भारतीय तटरक्षक बल ने और तीन सदस्यों को आईएनएस सुजाता ने बचाया है.
हमास की क़ैद से छूटी महिला ने बताया- इसराइली हमलों से लगता था डर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल के हमलों में ग़ज़ा में अब तक 50 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है
हमास की क़ैद से छूटकर इसराइल पहुंचीं महिला नामा लेवी ने बताया है कि इसराइली बंधकों को जल्द छुड़ाना होगा, उन्हें वहां जान का ख़तरा है.
तेल अवीव में भीड़ को संबोधित करते हुए लेवी ने कहा, "ग़ज़ा में क़ैद के दौरान उन्हें सबसे ज़्यादा इसराइली हवाई हमलों से ही डर लगता था. जब भी कोई विस्फोट होता था तो लगता था कि अब वह मर जाएंगी."
उन्होंने बताया कि वह सिर्फ़ इसलिए बच गईं क्योंकि वह जिस कमरे में कै़द थीं, उसकी दीवार नहीं गिरी.
इसराइली सेना ने कहा कि वह उन रिपोर्टों की समीक्षा कर रही है, जिसमें कहा जा रहा है उसके हवाई हमले में एक ही परिवार के नौ बच्चों की मौत हो गई है.
इसराइली सेना ने कहा कि उसका एक विमान घटना के समय उस क्षेत्र में संदिग्धों को निशाना बना रहा था.
रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों में यूक्रेन में 12 लोगों की मौत, 30 घायल
इमेज स्रोत, Kyiv Regional Military Administration
इमेज कैप्शन, रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद कीएव में कई घरों में आग लग गई
यूक्रेन में रातभर हुए रूसी ड्रोन और मिसाइल हमलों में 12 लोगों की मौत हुई है. यूक्रेन के क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया है कि इन हमलों में 30 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं.
इस हमले में यूक्रेन के पश्चिमी खमेलनित्सकी क्षेत्र में चार मौतें हुई हैं. वहीं कीएव क्षेत्र में तीन और दक्षिणी शहर मायकोलाइव में एक मौत की सूचना है.
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वायु रक्षा प्रणालियों ने शनिवार रात चार घंटे के दौरान मॉस्को सहित कई रूसी क्षेत्रों में 95 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया.
हालांकि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
यूक्रेन के ड्रोन हमलों के कारण मॉस्को के हवाई अड्डों पर सभी उड़ानों को कुछ समय के लिए रोक दिया गया.
नीति आयोग के सीईओ ने कहा- दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बना भारत
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने कहा है कि भारत से आगे अब सिर्फ़ अमेरिका, चीन और जर्मनी हैं
भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के आंकड़ों का हवाला देते हुए इसकी पुष्टि की है.
नीति आयोग के गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक के संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुब्रह्मण्यम ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के आंकड़े तक पहुंच गई है.
बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने कहा, "मैं जब बोल रहा हूं, तब हम चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं. मैं जब बोल रहा हूं, तब हम 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था हैं और यह मेरा डेटा नहीं है. यह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष का आंकड़ा है."
उन्होंने कहा, "आज भारत जापान से बड़ा है. केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी ही उससे बड़े हैं और योजना के अनुसार हम आग बढ़ते रहे तो अगले ढाई से तीन सालों में हम विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे."
सुब्रह्मण्यम ने कहा, "भारत एक ऐसे चरण में है, जहां यह बहुत तेज़ी से विकास कर सकता है. जैसा कि पहले कई देशों ने किया है."
चुनाव आयोग ने चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पांच विधानसभा सीटों पर 19 जून को वोट डाले जाएंगे
भारत के निर्वाचन आयोग ने रविवार को चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है.
आयोग की जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गुजरात की कडी और विसावदर, केरल के निलंबूर विधानसभा, पंजाब के लुधियाना पश्चिम और पश्चिम बंगाल के कालीगंज विधानसभा में चुनाव कराया जाएगा.
निर्वाचन आयोग ने बताया कि 26 मई को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी और इसके साथ ही चुनावी प्रकिया शुरू हो जाएगी. चुनाव में नामांकन की अंतिम तारीख़ 2 जून तय की गई है.
इसके बाद 3 जून को नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी और 5 जून तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा. आयोग ने बताया है कि 19 जून को वोट डाले जाएंगे और 23 जून को वोटों की गिनती की जाएगी.
ताइवान ने कहा उसकी सीमा में घुसे चीनी लड़ाकू विमान और युद्धपोत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ताइवान ने चीन पर कई बार सीमा उल्लंघन का आरोप लगाया है (सांकेतिक तस्वीर)
ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि रविवार को चीन के विमानों और उनके युद्धपोतों ने सीमा का उल्लंघन किया है. इन्हें ताइवान के आसपास मंडराते हुए देखा गया है.
सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने लिखा है, "रविवार सुबह छह बजे ताइवान के आसपास पीपुल्स लिबेरशन आर्मी के एक फ़ाइटर विमान ने मध्य रेखा पार की और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी नेवी के आठ युद्धपोतों ने सीमा का उल्लंघन किया."
राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि 'हमने स्थिति पर नज़र बनाए रखी है और उसके अनुसार प्रतिक्रिया भी दी है.'
राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि इससे पहले शनिवार को भी चीन के आठ विमानों, 13 युद्धपोतों और दो आधिकारिक जहाज़ों को ताइवान के आसपास देखा गया था.