You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ओआईसी ने इसराइल के ‘सोमालीलैंड’ को देश के रूप में मान्यता देने की निंदा की

ऑर्गनाइजे़शन ऑफ़ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) ने ‘सोमालीलैंड’ को एक देश के रूप में मान्यता देने के इसराइल के क़दम की निंदा की है.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और सौरभ यादव

  1. एशेज़ सिरीज़: चौथे टेस्ट में दूसरे दिन ही इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराया

    ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चल रहे एशेज़ सिरीज़ के चौथे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीत दर्ज कर ली है.

    इंग्लैंड को मैच के दूसरे दिन जीत के लिए 175 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 6 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया.

    इंग्लैंड की तरफ से दूसरी पारी में सबसे ज़्यादा 40 रन जैकब बेथल ने बनाए जबकि ओपनर जैक क्रावली ने 37 रनों का योगदान दिया.

    इस मैच के पहले दिन कुल 20 विकेट गिर गए थे जबकि दूसरे दिन 16 विकेट गिरे.

    मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे चौथे टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 152 रन बनाए. जबकि इंग्लैंड की टीम पहली पारी में सिर्फ़ 110 रन पर ऑलआउट हो गई थी.

    इसके बाद मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम दूसरी पारी में 132 रन पर ऑल आउट हो गई. इस तरह से इंग्लैंड को जीत के लिए 175 रनों का लक्ष्य मिला था.

    ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में ट्रेविस हेड ने सबसे ज़्यादा 46 रन बनाए. इस पारी में इंग्लैंड के ब्राइडन ने सबसे ज़्यादा चार ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों को आउट किया.

    इस सिरीज़ में ऑस्ट्रेलिया 3-1 से आगे है. एशेज़ सिरीज़ का पांचवां और अंतिम मैच 4 जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा.

  2. अगर आप हमारे लाइव पेज से अभी जुड़ रहे हैं तो अब तक की अहम ख़बरें जानिए

    - कश्मीर के अलगाववादी नेता मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ के अपने प्रोफ़ाइल से 'हुर्रियत चेयरमैन' का पद हटाने के पीछे की वजह बताई है. यहाँ पढ़ें पूरी ख़बर

    - बीते कुछ दिनों से चल रहे संघर्ष के बाद थाईलैंड और कंबोडिया के बीच एक बार फिर से युद्धविराम समझौता हो गया है. यहाँ विवाद से प्रभावित इलाके़ में हिंदू देवी-देवताओं की मूर्ति भी तोड़ दी गई थी. पढ़ें पूरी ख़बर

    - गुरु गोबिंद सिंह की जयंती पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष ने लोगों को शुभकामनाएं दी हैं. जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए ख़ास घोषणा की है. जानिए विस्तार से

    - ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज़ सिरीज़ का चौथा टेस्ट मैच दूसरे दिन ही नतीजे के क़रीब पहुँच गया है. विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

    - न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को एक ऐतिहासिक डील बताया है. उनके मुताबिक़ इससे ज़्यादा नौकरियाँ, ज़्यादा इनकम और कारोबार में बढ़ोतरी होगी. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

  3. कश्मीर: मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने बताया, 'प्रोफ़ाइल' से 'हुर्रियत चेयरमैन' का पद क्यों हटाया

    कश्मीर के अलगाववादी नेता मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ के अपने प्रोफ़ाइल से 'हुर्रियत चेयरमैन' का पद हटाने के पीछे की वजह बताई है.

    उन्होंने एक्स पर अपने एक पोस्ट में लिखा, "कुछ समय से अधिकारी मुझ पर हुर्रियत चेयरमैन के तौर पर मेरे एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल में बदलाव के लिए दबाव डाल रहे थे.

    "हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के सभी घटक, जिसमें अवामी एक्शन कमेटी भी शामिल है, जिसका मैं प्रमुख हूँ, वे यूएपीए के तहत प्रतिबंधित कर दिए गए हैं, जिससे हुर्रियत एक प्रतिबंधित संगठन बन गया है. ऐसा न करने पर वे मेरा हैंडल बंद कर देते."

    उन्होंने लिखा, “ऐसे समय में जब सार्वजनिक जगह और बातचीत के रास्ते बहुत सीमित हो गए हैं, यह प्लेटफॉर्म मेरे लिए लोगों तक पहुँचने और हमारे मुद्दों पर अपने विचार दुनिया के साथ साझा करने के बहुत कम बचे हुए तरीक़ों में से एक है. ऐसे में मेरे पास कोई अन्य रास्ता नहीं था."

    मीरवाइज़ के एक्स हैंडल पर दिख रहे नए बायो में सिर्फ़ उनका नाम और बेसिक लोकेशन की जानकारी है. एक्स पर उनके दो लाख से ज़्यादा फ़ॉलोअर्स हैं.

    मीरवाइज़ के संगठन ‘अवामी एक्शन कमेटी’ पर केंद्र सरकार ने आतंकवाद विरोधी कानून के तहत प्रतिबंध लगा दिया है.

  4. कंबोडिया और थाईलैंड के बीच हुआ युद्धविराम समझौता

    बीते कुछ दिनों से चल रहे संघर्ष के बाद थाईलैंड और कंबोडिया के बीच एक बार फिर से युद्धविराम समझौता हो गया है.

    हालिया संघर्ष के दौरान कम से कम पांच लोग मारे गए थे. थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद से प्रभावित इलाके़ में हिंदू देवी-देवताओं की मूर्ति भी तोड़ दी गई थी, जिस पर भारत ने चिंता जताई थी.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ दोनों देशों ने सीज़फ़ायर पर हस्ताक्षर किया है और कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने इस समझौते की घोषणा की है.

    थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जुलाई महीने में युद्धविराम पर सहमति के बाद से दोनों देशों के बीच हाल में फिर से टकराव बढ़ गया था.

    इस दौरान दोनों देशों ने एक-दूसरे पर हिंसा शुरू करने का आरोप लगाया है.

    इस साल मई से अब तक दोनों पड़ोसियों के बीच बढ़ते तनाव के कारण 40 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.

    संघर्ष शुरू होने के बाद से ही दोनों देशों में आपसी व्यापार बंद है. साथ ही यात्रा करने पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं.

    सोमवार को थाई सेना ने कहा कि उसके सैनिकों ने थाईलैंड के उबोन रात्चाथानी प्रांत में कंबोडियाई गोलीबारी का जवाब दिया है. इसमें विवादित सीमा पर हवाई हमले भी शामिल थे.

    उधर कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि कंबोडिया के प्रेह विहियर प्रांत में पहला हमला थाई सेना ने किया है.

    दोनों पक्षों के अधिकारियों के अनुसार, सोमवार की लड़ाई के बाद कम से कम एक थाई सैनिक और चार कंबोडियाई नागरिक मारे गए हैं. झड़पों में लगभग एक दर्जन लोग घायल भी हुए हैं.

  5. गुरु गोबिंद सिंह की जयंती पर राष्ट्रपति और पीएम ने दी शुभकामना, ममता बनर्जी ने किया ये एलान

    गुरु गोबिंद सिंह की जयंती पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष ने लोगों को शुभकामनाएं दी हैं. वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए ख़ास घोषणा की है.

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, “श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के पवित्र अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ. उन्होंने अदम्य साहस और असाधारण समझदारी से लोगों को सही रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया.."

    जबकि पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र प्रकाश उत्सव पर, हम उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं.. उनका जीवन और शिक्षाएं हमें सच्चाई, न्याय, धर्म के लिए खड़े होने और मानवीय गरिमा की रक्षा करने के लिए प्रेरित करती हैं.."

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, "..सिख धर्म के दसवें गुरु और खालसा पंथ के संस्थापक, धन धन श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ. उन्होंने सम्पूर्ण मानवता को शांति, प्रेम, एकता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया.."

    वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल. श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती के शुभ अवसर पर, उनकी वीरता और बलिदान की शिक्षाएं हम सभी को प्रेरित करती रहें."

    "यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारी सरकार ने इस शुभ दिन पर राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए 'सेक्शनल' छुट्टी (आधे दिन की छुट्टी) की घोषणा की है."

  6. न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री ने भारत के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के बारे में ये बताया

    न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को एक ऐतिहासिक डील बताया है. उनके मुताबिक़ इससे ज़्यादा नौकरियाँ, ज़्यादा इनकम और कारोबार में बढ़ोतरी होगी.

    प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, “हमने कहा था कि हम अपने पहले कार्यकाल में भारत के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट करेंगे और हमने यह कर दिखाया है. इस ऐतिहासिक डील का मतलब है ज़्यादा नौकरियाँ, ज़्यादा इनकम और 1.4 अरब भारतीय उपभोक्ताओं के लिए दरवाज़ा खोलकर ज़्यादा एक्सपोर्ट करना.

    उन्होंने मुताबिक़ इस समझौते का मक़सद बुनियादी चीज़ों को ठीक करना और भविष्य का निर्माण करना है.

    22 दिसंबर को भारत और न्यूज़ीलैंड ने एक व्यापक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (मुक्त व्यापार समझौता) किया है.

  7. एशेज़ टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ इंग्लैंड को मिला 175 रनों का टारगेट

    ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज़ सिरीज़ का चौथा मैच रोमांचक मोड़ पर पहुँच गया है. पहली पारी में दोनों टीमों के जल्दी आउट होने के बाद अब ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी भी काफ़ी कम स्कोर पर सिमट गई है.

    ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम दूसरी पारी में 132 रन पर ऑल आउट हो गई. इस तरह से इंग्लैंड को जीत के लिए 175 रनों का लक्ष्य मिला है. ख़ास बात यह है कि अभी इस टेस्ट मैच का दूसरा दिन ही चल रहा है.

    ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में ट्रेविस हेड ने सबसे ज़्यादा 46 रन बनाए. इस पारी में इंग्लैंड के ब्राइडन ने सबसे ज़्यादा चार ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों को आउट किया.

    इससे पहले मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे चौथे टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड की टीम सिर्फ़ 110 रन पर ऑलआउट हो गई, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 152 रन बनाए थे.

    इस तरह से मैच के पहले ही दिन कुल 20 विकेट गिर गए थे. टेस्ट इतिहास में यह केवल तीसरी बार हुआ है जब किसी मैच की तीसरी पारी पहले ही दिन शुरू हुई हो.

  8. एक हमले में दो इसराइलियों की मौत, पुलिस ने क्या बताया, रैफ़ी बर्ग, बीबीसी न्यूज़

    इसराइली पुलिस के मुताबिक़ उत्तरी इसराइल में एक "आतंकवादी हमले" में दो लोगों की मौत हो गई है.

    पुलिस के मुताबिक़ हमलावर ने पूर्वी शहर बीट शीआन में एक पैदल चल रहे एक शख़्स को गाड़ी से कुचल दिया, फिर क़रीब 12 किलोमीटर दूर जाकर ऐन हारोड के पास एक महिला को चाकू मार दिया.

    पुलिस ने बताया है कि इस संदिग्ध को आख़िरकार अफुला शहर के बाहर एक आम नागरिक ने गोली मारकर घायल कर दिया.

    इसराइली रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने कहा कि हमले का संदिग्ध उत्तरी कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक के कबातिया गांव का रहने वाला था.

    इस घटना के बाद, इसराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ़) ने कहा कि वह कबातिया इलाक़े में एक ऑपरेशन करने की तैयारी में है.

    काट्ज़ ने कहा कि उन्होंने आईडीएफ़ को "बड़ी और फ़ौरन" कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.

    आईडीएफ़ ने कहा कि संदिग्ध हमलावर "कुछ दिन पहले इसराइली इलाक़े में घुसपैठ कर के आया था."

  9. अमेरिकी विदेश मंत्री ने यमन को लेकर सऊदी और यूएई पर क्या कहा?

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने यमन के ताज़ा हालात पर चिंता जताई और सभी पक्षों से शांति के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी रखने की अपील की है.

    मार्को रुबियो ने अपनी एक एक्स पोस्ट में कहा, “अमेरिका दक्षिण-पूर्वी यमन में हाल की घटनाओं से चिंतित है. हम वहाँ संयम बरतने और स्थायी समाधान तक पहुँचने के लिए लगातार कूटनीति जारी रखने का आग्रह करते हैं.”

    “हम अपने साझेदारों, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के राजनयिक नेतृत्व के लिए आभारी हैं और अपने साझा सुरक्षा हितों को आगे बढ़ाने के सभी प्रयासों का समर्थन करते रहेंगे.”

    यमन में बीते कुछ दिनों से भीषण जंग छिड़ी हुई है. यमन के मुद्दे पर सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात एक-दूसरे के विरोध में खड़े हैं.

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) समर्थित समूह 'सदर्न ट्रांज़िशनल काउंसिल' (एसटीसी) ने पिछले हफ़्ते यमन के दक्षिण-पूर्वी इलाक़े में महत्वपूर्ण शहरों और तेल भंडारों पर दोबारा क़ब्ज़ा कर लिया है.

    ये इलाक़े सऊदी समर्थित सेनाओं के पीछे हटने के बाद से यमन में अलगाववादी गुटों के कंट्रोल में थे.

    एसटीसी की तरफ़ से यह कार्रवाई एक ऐसे समय में हुई है, जब 2022 में संघर्ष विराम समझौते के बाद से इस मोर्चे पर शांति थी.

    इस घटनाक्रम ने मध्य-पूर्व के दो प्रमुख देशों सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के बीच यमन को लेकर चली आ रही कड़वाहट को एक बार फिर से ताज़ा कर दिया है.

  10. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.