अमेरिका ने परमाणु ऊर्जा से जुड़े भारत के नये शांति बिल पर क्या कहा?
अमेरिका ने भारत के नये सस्टेनेबल हार्नेसिंग एंड एडवांसमेंट ऑफ़ न्यूक्लियर एनर्जी फ़ॉर ट्रांसफ़ॉर्मिंग इंडिया बिल, 2025 यानी शांति विधेयक का स्वागत किया है.
सारांश
अमेरिका ने भारत के नये सस्टेनेबल हार्नेसिंग एंड एडवांसमेंट ऑफ़ न्यूक्लियर एनर्जी फ़ॉर ट्रांसफ़ॉर्मिंग इंडिया बिल, 2025 यानी शांति विधेयक का स्वागत किया
दिल्ली में नहीं कम हो रहा प्रदूषण, कई इलाक़ों का एक्यूआई अब भी 400 पार
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली में कई दिनों से एक्यूआई 400 पार चल रहा है
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार 'गंभीर' बना हुआ है. सोमवार को भी राजधानी के कई इलाक़ों का एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 400 पार रहा.
400 पार एक्यूआई को 'सीवियर' यान गंभीर श्रेणी का माना जाता है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक़, सोमवार सुबह आठ बजे आनंद विहार इलाक़े का एक्यूआई 404 रहा. वहीं आईटीओ में एक्यूआई 370, चांदनी चौक में 375, रोहिणी में 402 और वज़ीरपुर में 405 दर्ज किया गया.
सुबह आठ बजे दिल्ली के अन्य इलाक़ों का एक्यूआई:
अशोक विहार - 392
बवाना - 408
बुराड़ी - 341
द्वारका सेक्टर 8 - 387
जहांगीरपुरी - 403
नरेला - 418
ओखला फेज़ 2 - 386
शादीपुर - 306
सोनिया विहार - 370
विवेक विहार - 388
इसराइल ने कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में 19 नई बस्तियों को मंजूरी दी, शाइमा ख़लील और मैलोरी मोन्च
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, बेज़लेल स्मोट्रिच ख़ुद भी वेस्ट बैंक के सेटलर हैं
इसराइल की सुरक्षा कैबिनेट ने कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में 19 नई बस्तियों को मान्यता देने का फ़ैसला किया है.
अति-दक्षिणपंथी नेता और वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच ने रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ के साथ मिलकर यह प्रस्ताव रखा था. स्मोट्रिच ने कहा कि यह फ़ैसला फ़लस्तीनी राज्य की स्थापना को रोकने से जुड़ा है.
बेज़लेल स्मोट्रिच ख़ुद एक सेटलर यानी बस्ती में रहने वाले हैं.
कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में इसराइली बस्तियों को अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत अवैध माना जाता है.
सऊदी अरब ने इस क़दम की निंदा की है. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि इसराइल की ओर से बस्तियों का लगातार विस्तार तनाव को बढ़ा रहा है, फ़लस्तीनियों की ज़मीन तक पहुंच सीमित कर रहा है और एक संप्रभु फ़लस्तीनी राज्य की संभावना को ख़तरे में डाल रहा है.
अक्तूबर 2023 में ग़ज़ा में युद्ध शुरू होने के बाद से कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में हिंसा तेज़ हुई है. इससे यह आशंका और बढ़ गई है कि बस्तियों का विस्तार इसराइल के कब्ज़े को और मज़बूत कर सकता है और टू-नेशन थ्योरी को कमज़ोर कर सकता है.
इससे पहले मई में इसराइल ने कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में 22 नई बस्तियों को मंजूरी दी थी. इसे दशकों में सबसे बड़ा विस्तार माना गया था.
'कांग्रेस मुंबई में टूरिस्ट', बीएमसी चुनाव में अलग लड़ने के एलान पर शिवसेना (उद्धव गुट) नेता का तंज
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आनंद दुबे का कहना है कि बिहार और हरियाणा के चुनाव की तरह कांग्रेस मुंबई में भी हारेगी
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव में कांग्रेस के महाविकास अघाड़ी से अलग होकर चुनाव लड़ने के एलान पर गठबंधन के सहयोगी दल शिवसेना (उद्धव गुट) की ओर से प्रतिक्रिया आई है.
शिवसेना (उद्धव गुट) नेता आनंद दुबे ने तंज कसते हुए कहा कि 'कांग्रेस पार्टी मुंबई में एक टूरिस्ट की तरह है', जो आती है घूमती है और चुनाव हारकर चली जाती है.
आनंद दुबे ने कहा, "मुंबई में कांग्रेस को गंभीरता से लेने की कोई आवश्यकता नहीं है. पिछले 30 वर्षों से कांग्रेस लगातार मुंबई महानगर पालिका चुनाव हारकर विपक्ष में बैठ रही है, तो 2026 में कौन-सा तीर मार लेगी?"
उन्होंने तंज कसा, "कांग्रेस पार्टी मुंबई में एक टूरिस्ट की तरह है. आइए, घूमिए, फिरिए, होर्डिंग लगाइए, बैनर लगाइए, प्रचार करिए और चुनाव हारकर अपने घर बैठिए."
उनका कहना है कि बीएमसी के चुनाव में भी कांग्रेस का वही हाल होगा जो बिहार और हरियाणा चुनाव में हुआ.
शिवसेना (उद्धव गुट) नेता ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने महाराष्ट्र में कांग्रेस को आगे बढ़ने में मदद की.
आनंद दुबे ने कहा, "कांग्रेस पार्टी तो 2019 में हमारी नाव में बैठ गई थी, जिससे वह थोड़ी किनारे पर आ गई. हमने उनकी मदद की तो किनारे आ गई. अब उन्हें लगता है वे बहुत आत्मविश्वास में हैं तो फिर अपनी नाव में बैठकर जाइए. बीच मझधार में डूब जाएंगे या बच जाएंगे, वो कांग्रेस जाने."
उन्होंने कहा, "लेकिन मुंबई कांग्रेस के जो नेता हैं, उनका जो बड़बोलेपन है और जो रमेश चेन्नितला जी ने कहा है कि अकेले लड़ेंगे, तो लड़ लीजिए. आप लड़िए, हारिए और चिंतन कीजिए."
महाराष्ट्र में कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्नितला ने शनिवार को एलान किया कि कांग्रेस बीएमसी का चुनाव अलग होकर लड़ेगी. उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी अकेले चुनाव लड़ रही है. हमें पूरा भरोसा है कि बीएमसी चुनाव में कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहेगा."
भारत ने पहले टी20 मैच में श्रीलंका को आठ विकेट से हराया, जेमिमा ने बनाए 69 रन
इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty
इमेज कैप्शन, जेमिमा ने अपनी पारी के दौरान 10 चौके जड़े
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहले टी20 मैच में श्रीलंका को आठ विकेट से हरा दिया है. इस मैच में भारत की गेंदबाज़ी और बल्लेबाज़ी दोनों ही बेहतरीन रही.
भारत ने टॉस जीतकर श्रीलंकाई टीम को पहले बल्लेबाज़ी का मौक़ा दिया. श्रीलंकाई टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 121 रन ही बना सकी.
122 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 14.4 ओवरों में भी मैच को अपने नाम कर लिया. इस दौरा भारत ने दो विकेट खोए.
भारत की ओर से जेमिमा रॉड्रिग्स ने सबसे ज़्यादा 44 गेदों में 69 रन बनाए. इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया. वहीं स्मृति मंधाना ने 25 रन की पारी खेली.
गेंदबाज़ी क्रम में क्रांति गौड़, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने एक-एक विकेट हासिल किए.
इस जीत के साथ ही पांच मैचों की इस टी20 सिरीज़ में भारत 1-0 से आगे हो गया है.
'ग़ुस्से में हाथ उठ गया', ऑटो-रिक्शा चालक को थप्पड़ मारने वाले बीजेपी विधायक बोले
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पराग शाह मुंबई के घाटकोपर पूर्व से विधायक हैं
मुंबई में एक ऑटो-रिक्शा चालक को थप्पड़ मारकर चर्चा में आए बीजेपी विधायक पराग शाह ने इस पर सफाई दी है. उन्होंने कहा कि 'ग़ुस्से में उनका हाथ रिक्शा चालक पर उठ गया'.
पराग शाह मुंबई के घाटकोपर पूर्व से विधायक हैं. ऑटो-रिक्शा चालक को थप्पड़ मारने का एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.
पराग शाह ने बताया कि दो दिन पहले घाटकोपर में एक आंदोलन निकाला गया था. घाटकोपर में फेरी वाले, स्कूटर वाले और ऑटो-रिक्शा की वजह से समस्याएं हो रही हैं और महिला, बुज़ुर्ग और बच्चों को सड़क पर निकलने में दिक्कत हो रही है.
बीजेपी विधायक का कहना है कि वह आम लोगों को ट्रैफ़िक को लेकर समझा रहे थे. इसी दौरान एक रिक्शा रॉन्ग साइड से आ रहा था, उसे इशारे से रोकने के लिए भी कहा, लेकिन वह रुकने को तैयार नहीं था.
उन्होंने बताया, "रिक्शा की स्पीड एक्सप्रेसवे पर रेसिंग कार चलाने जैसी थी. उस रिक्शे को सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर रोका. रिक्शा में बैठी हुईं महिला यात्री ने कहा कि उन्होंने भी रिक्शा धीरे चलाने को कहा, ग़लत साइड से चलाने पर भी रोका, लेकिन ड्राइवर ने नहीं सुना."
पराग शाह के मुताबिक़, "रिक्शा चालक को समझाने के बाद भी उसे अपनी ग़लती का कोई अहसास नहीं था. हां, उसे मारना नहीं चाहिए था, ये मैं भी मानता हूं. ग़ुस्से में एक हाथ उठ गया."
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो दिखाया जा रहा वह 'मॉर्फ़्ड' है. उस वक्त पुलिस भी मौजूद थी.
इमेज स्रोत, Social Media
इमेज कैप्शन, पराग शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वह ऑटो-रिक्शा चालक को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं
इस मामले में विपक्ष हमलावर है.
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि इस मामले में मीडिया ने 'बहुत कम' दिखाया है. उनका कहना है कि अगर किसी दूसरे पक्ष का यह मामला होता तो उसे 'बढ़ा-चढ़ाकर' दिखाया जाता.
उन्होंने कहा, "किसी पर भी हाथ उठाना गुनाह है. खुद की सरकार होते हुए भी इतना फ्रस्टेशन हो, तो यही दिखाता है कि इनकी सरकार कुछ काम नहीं कर रही."
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए आप हमारे कल के लाइव पेज को भी फ़ॉलो कर सकते हैं.
अभी हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.