You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दक्षिण कोरिया राष्ट्रपति चुनाव: विपक्ष के ली जे-म्यांग की जीत निश्चित, प्रसारकों का अनुमान

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति चुनाव में डाले गए मतों की 60 फ़ीसदी गिनती हो गई है.

सारांश

  • यूक्रेन ने रूस को क्राइमिया से जोड़ने वाले पुल को उड़ाने का किया दावा
  • आईपीएल फ़ाइनल: पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर लिया पहले गेंदबाजी का फै़सला
  • राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में आरएसएस- बीजेपी पर किया तंज़
  • सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने लंदन में यूके सरकार के मंत्रियों से हुई मुलाक़ात पर लंदन के भारतीय उच्चायोग को पत्र लिखा

लाइव कवरेज

दीपक मंडल और कीर्ति रावत

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. दक्षिण कोरिया राष्ट्रपति चुनाव: विपक्ष के ली जे-म्यांग की जीत निश्चित, प्रसारकों का अनुमान

    दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति चुनाव में डाले गए मतों की 60 फ़ीसदी गिनती हो गई है.

    अभी तक हुए मतदानों की गिनती के मुताबिक़, ली जे-म्यांग को 48.8 फ़ीसदी वोट और किम मून-सू को 42.8 फ़ीसदी मिले हैं.

    वोटों की गिनती आगे बढ़ने के साथ दोनों नेताओं के बीच वोटों का अंतर पिछले एक घंटे में और बढ़ गया है.

    पिछले साल दिसंबर में पूर्व राष्ट्रपति यून सुक-योल के मार्शल लॉ लगाए जाने के बाद से अब तक दक्षिण कोरिया राजनीतिक उथल-पुथल से जूझ रहा है. इसके बाद महाभियोग की प्रक्रिया शुरू हुई और उन्हें पद से हटा दिया गया.

    बाद में अधिकारियों ने 3 जून को चुनाव कराने की घोषणा की.

  3. यूक्रेन का दावा- रूस को क्राइमिया से जोड़ने वाले पुल को उड़ाया

    यूक्रेन की सुरक्षा सेवा का कहना है कि उन्होंने तड़के एक ऑपरेशन में उस पुल को नुक़सान पहुंचाया है, जो रूस को क़ब्जे़ वाले क्राइमिया से जोड़ता है.

    यूक्रेन ने कहा कि कई महीनों तक तैयारी करने के बाद पुल के नीचे पानी में क़रीब 1100 किलोग्राम विस्फोटक लगाया गया था, जिसे मंगलवार सुबह 5 बजे रिमोट से उड़ाया गया.

    यूक्रेन ने दावा किया है कि इस धमाके में पुल के खंभों को नुक़सान पहुंचा है. केर्च जलडमरूमध्य पर आवाजाही दो बार तीन-तीन घंटे के लिए रोकी गई, लेकिन अब फिर से शुरू हो चुकी है.

    यह पुल रूस की सेना के लिए यूक्रेन में सामान और हथियार पहुंचाने का एक अहम रास्ता है. जिसे युद्ध शुरू होने के बाद इस घटना से पहले दो बार और निशाना बनाया जा चुका है.

    रविवार को यूक्रेन ने रूस के चार एयरबेस पर बड़ा ड्रोन हमला किया था. अनुमान लगाया जा रहा है कि इस हमले में रूस के एक-तिहाई रणनीतिक बम वाले विमान नष्ट हो गए.

  4. बीजेपी ने राहुल गांधी पर पीएम मोदी के ख़िलाफ़ 'अभद्र' टिप्पणी करने का आरोप लगाया

    भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ 'अभद्र' टिप्पणी करने का आरोप लगाया है.

    बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, "राहुल गांधी के शब्द उनके संस्कारों को दर्शाते हैं. वह देश के प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ ऐसी अभद्र टिप्पणी करते हैं. लेकिन राहुल से यही उम्मीद की जा सकती है जिनका दिल पाकिस्तान के लिए धड़कता है."

    इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीजेपी-आरएसएस पर तंज़ कसा था.

    उन्होंने कहा, "अब मैं बीजेपी-आरएसएस वालों को अच्छी तरह से जानता हूं. इन पर थोड़ा-सा दबाव डालो तो ये लोग डर के भाग जाते हैं."

    राहुल गांधी ने आगे कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने 'आत्मसमर्पण' कर दिया.

  5. कर्नाटक: कन्नड़ भाषा पर कमल हासन के विवादित बयान के बाद उनकी फ़िल्म 'ठग लाइफ़' की रिलीज़ टली, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    तमिल फ़िल्म 'ठग लाइफ़' की कर्नाटक में रिलीज़ एक हफ़्ते के लिए टाल दी गई है. अभिनेता कमल हासन पर आरोप है कि फ़िल्म के प्रमोशनल इवेंट में उन्होंने कन्नड़ भाषा को कमतर बताया था. इस पर काफ़ी विवाद हुआ लेकिन उन्होंने माफ़ी मांगने से इनकार कर दिया.

    राजकमल प्रोडक्शन ने फ़िल्म की रिलीज़ टालने की घोषणा कर्नाटक हाई कोर्ट में की.

    कमल हासन की ओर से कर्नाटक फ़िल्म चैंबर ऑफ़ कॉमर्स (केएफ़सीसी) को भेजे गए पत्र में कन्नड़ भाषा के लिए सम्मान तो व्यक्त किया गया, लेकिन कोई खेद नहीं जताया.

    फिल्म के निर्माता और याचिकाकर्ता राजकमल प्रोडक्शन ने केएफ़सीसी से बातचीत करने के लिए एक हफ़्ते का समय मांगा है.

    कमल हासन ने फ़िल्म के ऑडियो रिलीज के दौरान एक प्रमोशनल इवेंट मे कहा था, "कन्नड़ भाषा तमिल से निकली है."

    इसके जवाब में कर्नाटक फ़िल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कहा कि जब तक कमल हासन उनकी माफ़ी की मांग पूरी नहीं करते, फ़िल्म रिलीज़ नहीं हो सकती.

    इस मामले की सुनवाई के दौरान जज एम. नागप्रसन्ना ने कमल हासन को सलाह दी कि वह अपने बयान के लिए माफ़ी मांगें, क्योंकि इससे कर्नाटक के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं.

    उन्होंने मंगलवार दोपहर को इस मामले में हुई सुनवाई में भी यही बात दोहराई.

    अपने फ़ैसले में जस्टिस नागप्रसन्ना ने कहा कि कमल हासन ने कर्नाटक फ़िल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स को एक पत्र लिखा है, "लेकिन उस पत्र में माफ़ी शब्द कहीं नहीं है."

    इस मामले की अगली सुनवाई 10 जून को होगी.

  6. शर्मिष्ठा पनोली को अंतरिम राहत देने से हाई कोर्ट का इनकार, कहा, "भावनाएं आहत हुई हैं"

    कलकत्ता हाई कोर्ट ने 22 साल की लॉ स्टूडेंट और इंस्टाग्राम इन्फ़्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली के मामले में 'एक समुदाय के ऊपर की गई उनकी टिप्पणियों' पर आपत्ति जताई है.

    बार एंड बेंच के मुताबिक़, 'जस्टिस पार्थ सारथी चटर्जी ने कहा कि उनकी (शर्मिष्ठा पनोली) टिप्पणियों से एक समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और भारत एक विविधतापूर्ण देश है, इसलिए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरुपयोग करके इसका इस्तेमाल दूसरों को आहत करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए.'

    जस्टिस चटर्जी पनोली की तरफ़ से दायर याचिका पर सुनवाई कर रहे थे, जिसमें पनोली ने अपने ख़िलाफ़ दर्ज मामले को रद्द करने और वीडियो पर अलग-अलग प्राथमिकी (एफ़आईआर) को एक करने की मांग की है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, कलकत्ता हाई कोर्ट ने शर्मिष्ठा पनोली को अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है.

    अब मामले की अगली सुनवाई पांच जून को की जाएगी.

    30 मई को कोलकाता के गार्डनरीच थाने की पुलिस ने शर्मिष्ठा पनोली को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है. इसके बाद कोलकाता की स्थानीय अदालत ने एक समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कथित अपमानजनक वीडियो के मामले में पनोली को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.

    हालांकि, गिरफ़्तारी से कुछ दिन पहले उन्होंने वीडियो हटा दिया और एक्स पर सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगी थी.

    शर्मिष्ठा पनोली से जुड़ा पूरा मामला पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

  7. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मानसी दाश और अदिति से..

  8. आगरा में नदी में डूबने से चार लड़कियों की मौत और दो की हालत गंभीर, नसीम अहमद, आगरा से, बीबीसी हिंदी के लिए

    आगरा के थाना सिकंदरा के बाईंपुर के नगला स्वामी में चार लड़कियों की यमुना में नहाने के दौरान मौत हो गई और दो लड़कियों की हालत गंभीर हैं.

    इन लड़कियों की उम्र 10 से 16 वर्ष के बीच है और ये सभी लड़कियां एक ही परिवार से ताल्लुक रखती हैं.

    मृत लड़कियों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और दो लड़कियों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कालेज में रेफ़र किया गया है.

    मौके पर जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी समेत पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए थे.

    वहीं अपर पुलिस कमिश्नर राम बदन सिंह ने बताया कि पैर फिसलने के कारण लड़कियां गहरे पानी में चली गई थीं.

    इस घटना के बाद लड़कियों का रील बनाते हुए वीडियो भी सामने आया है. जिसमें सभी लड़कियां यमुना में रील बनाती हुई नज़र आ रही है.

  9. आईपीएल फ़ाइनल: पंजाब किंग्स ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का फै़सला

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 18वें सीजन के फ़ाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फै़सला किया है.

    फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने क्वालिफायर वन में पंजाब किंग्स को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई.

    वहीं पंजाब किंग्स क्वालीफायर टू में मुंबई इंडियंस को मात देकर फ़ाइनल में पहुंचने में कामयाब रही.

    आरसीबी और पंजाब किंग्स अभी तक आईपीएल का ख़िताब एक बार भी नहीं जीत पाई हैं.

    पंजाब किंग्स प्लेइंग इलेवन: प्रियांश आर्य, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, अर्शदीप सिंह, काइल जेमिसन, विजयकुमार वैशाक, युजवेंद्र चहल.

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्लेइंग इलेवन: फिल साल्ट, विराट कोहली, मयंक अग्रवाल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हेज़लवुड.

  10. पंजाब किंग्स और रॉयज चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अहमदाबाद में आज खेला जाएगा आईपीएल 2025 का फ़ाइनल मुक़ाबला.

    अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाहर कैसा है हाल और क्या कह रहे हैं क्रिकेट फैंस, ज़्यादा जानकारी दे रहे हैं बीबीसी संवाददाता तेजस वैद्य.

  11. राहुल गांधी बोले, "बीजेपी-आरएसएस वालों पर ज़रा सा दबाव डालो तो ये डर कर भाग जाते हैं"

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया.

    इस संबोधन में उन्होंने भारत-पाकिस्तान संघर्षविराम पर बात करते हुए बीजेपी- आरएसएस पर तंज़ किया.

    उन्होंने कहा, "अब मैं बीजेपी- आरएसएस वालों को अच्छी तरह से जानता हूं. इन पर थोड़ा-सा दबाव डालो तो ये लोग डर के भाग जाते हैं."

    राहुल गांधी ने आगे कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप का एक फोन आते ही, नरेंद्र मोदी जी ने ट्रंप के इशारे का पालन किया.

    उन्होंने भारत -पाकिस्तान की साल 1971 की लड़ाई पर बात करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तारीफ़ की.

    राहुल गांधी ने कहा, "1971 की लड़ाई में सातवां बेड़ा, हथियार और एयरक्राफ्ट कैरियर आया था. इंदिरा गांधी जी ने कहा मुझे जो करना है, मैं वो करूंगी. ये फ़र्क है."

    उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस पार्टी सरेंडर नहीं होती है. महात्मा गांधी जी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल ये सरेंडर वाले लोग नहीं हैं, बल्कि सुपरपावर से लड़ने वाले लोग हैं."

  12. दलित बच्ची का बलात्कार और मौत का मामला: पटना और मुज़फ़्फ़रपुर के दो अस्पतालों के बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर में दस साल की दलित बच्ची की बलात्कार के बाद मौत हो गई थी.

    बच्ची के इलाज में लापरवाही के आरोप में राज्य सरकार ने मुज़फ़्फ़रपुर के एसकेएमसीएच की अधीक्षक को निलंबित कर दिया है और पटना के पीएमसीएच के उपाधीक्षक को पद मुक्त कर दिया है.

    स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है, "मुज़फ़्फ़रपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की अधीक्षक कुमारी विभा ने रेफ़रल पॉलिसी का पालन नहीं किया और पीड़िता के इलाज में घोर संवेदनहीनता बरती."

    "वहीं पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के उपाधीक्षक अभिजीत सिंह ने भी अपनी ज़िम्मेदारियों का ठीक से पालन नहीं किया."

    इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने एक उच्च स्तरीय जांच टीम का गठन किया था.

    स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था, "मैं सोमवार रात पटना लौटा और आज मैंने तीन निदेशकों की एक टीम का गठन किया जो एसकेएमसीएच और पीएमसीएच जाकर फैक्ट फ़ाइंडिंग करेगी."

    26 मई को बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर में दस साल की दलित बच्ची से बलात्कार का मामला सामने आया था.

    बच्ची का इलाज पहले एसकेएमसीएच में हुआ था लेकिन बाद में श्वासनली की रीकंस्ट्रक्शन सर्जरी के लिए उसे पीएमसीएच रेफर किया गया था.

    31 मई को बच्ची पटना के पीएमसीएच पहुंची लेकिन परिजनों के आरोप के मुताबिक़ उसे कई घंटों तक भर्ती नहीं किया गया. जिसके बाद एक जून की सुबह बच्ची की मौत हो गई.

    मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मुज़फ़्फ़रपुर बच्ची के परिवार से मिलने पहुंचे.

    पीएमसीएच के अधीक्षक आई एस ठाकुर ने सोमवार को बीबीसी को बताया था, "अस्पताल प्रशासन को एसकेएमसीएच ने बच्ची को रेफ़र करने की सूचना नहीं दी थी."

  13. यूएन मानवाधिकार एजेंसी के प्रमुख ने कहा, 'ग़ज़ा में आम नागरिकों पर हमला एक युद्ध अपराध है'

    संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार एजेंसी के प्रमुख वोल्कर तुर्क ने कहा है कि, "आम नागरिकों पर हमला एक युद्ध अपराध है और हाल के दिनों में ग़ज़ा में सहायता वितरण केंद्र के पास हुई हत्याओं की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए."

    वोल्कर तुर्क ने कहा कि लगातार तीन दिनों से अमेरिकी-इसराइली समर्थित खाद्य वितरण केंद्र के पास लोगों की हत्या हुई है और इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए.

    उन्होंने बयान में कहा, "ग़ज़ा में लोगों पर उस समय हमला करना जब वो मदद के लिए भेजे गए खाने को लेने की कोशिश कर रहे हैं, बिल्कुल गलत और अमानवीय है.आम लोगों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय क़ानून का गंभीर उल्लंघन है और इसे युद्ध अपराध माना जाता है."

    "फ़लस्तीनी लोगों के पास अब सिर्फ़ दो ही विकल्प हैं, या तो भूख से मर जाएं या फिर थोड़ा खाना पाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालें, क्योंकि यह खाना इसराइली सेना की निगरानी में बेहद सीमित मात्रा में पहुंचाया जा रहा है."

    उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी भी तरह से जानबूझकर राहत सामग्री पहुंचने से रोकी जा रही है, तो यह भी युद्ध अपराध हो सकता है.

    वोल्कर तुर्क ने आगे कहा, "भूख का ख़तरा, पिछले 20 महीनों से आम नागरिकों की हत्या, बड़े पैमाने पर तबाही, बार-बार जबरन विस्थापन, असहनीय और अमानवीय बयानबाज़ी और ग़ज़ा पट्टी को पूरी तरह खाली करने की इसराइली नेताओं की धमकियां, ये सब अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत सबसे गंभीर अपराधों की श्रेणी में आते हैं."

  14. ब्रिटेन पहुंचा भारत का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल, किन मुद्दों पर हुई बातचीत?

    भारतीय सांसदों के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने लंदन में ब्रिटेन सरकार के मंत्रियों से हुई मुलाक़ात पर लंदन के भारतीय उच्चायोग को पत्र लिखा है.

    इस पत्र में उन्होंने लंदन में ब्रिटिश मंत्रियों से हुई मुलाक़ात को सफल बताया है.

    पत्र में लिखा गया, "भारत से आए सभी पार्टियों के सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने लंदन में अपने दौरे का सफल समापन किया. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ब्रितानी सरकार के मंत्रियों, सांसदों, राजनीतिक दलों के नेताओं और भारत के समर्थन में काम करने वाले समूहों से मुलाक़ात की."

    लंदन के इस दौरे में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने ब्रिटेन की आप्रवासन मामलों की मंत्री सीमा मल्होत्रा से भी मुलाकात की.

    इस पत्र में दोनों देशों के नेताओं के बीच हुई बातचीत का भी ज़िक्र है.

    पत्र के मुताबिक़, "इस बातचीत का मुख्य विषय भारत-ब्रिटेन के बीच सीमा पार आतंकवाद के ख़िलाफ़ मिलकर काम करना था. इसमें 'ऑपरेशन सिंदूर' को आतंकवाद से निपटने की दिशा में एक नया और सशक्त क़दम बताया गया."

    पत्र में आगे लिखा गया, "प्रतिनिधिमंडल को इन बैठकों में भरपूर समर्थन मिला. दोनों देशों ने वैश्विक सुरक्षा, न्याय और मज़बूत रणनीतिक साझेदारी के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई."

  15. लंदन में क़ुरान जलाने वाले शख़्स को दोषी करार दिया गया

    लंदन में तुर्की दूतावास के बाहर क़ुरान जलाने वाले 50 साल के हामित चोश्कुन को कोर्ट ने धार्मिक नफ़रत फैलाने और शांति भंग करने का दोषी करार दिया है.

    हामित चोश्कुन ने 13 फ़रवरी को लंदन के नाइट्सब्रिज में रटलैंड गार्डन्स में क़ुरान जलाते समय इस्लाम के ख़िलाफ़ अपमानजनक टिप्पणियां की थीं.

    सोमवार को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उन्हें दोषी करार देते हुए 240 पाउंड का जुर्माना लगाया.

    आरोप के मुताबिक, चोश्कुन तुर्की में पैदा हुए थे. वे इंग्लैंड के डर्बी शहर से लंदन आए थे.

    जज जॉन मैकगर्वा ने कहा कि चोश्कुन का व्यवहार जानबूझकर उकसाने वाला था और चोश्कुन की नफ़रत उनके और उनके परिवार के तुर्की में हुए अनुभवों से जुड़ी है.

    उन्होंने आगे कहा कि चोश्कुन की बातें सिर्फ़ धर्म (इस्लाम) के ख़िलाफ़ नहीं थीं, बल्कि उसके अनुयायियों के प्रति भी नफ़रत भरी थीं.

    चोश्कुन ने अपनी सज़ा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह फै़सला 'अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमला है' और इससे लोग अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने से डरेंगे.

  16. कराची की मलीर जेल से फ़रार 216 क़ैदियों में से अब तक 78 को पकड़ा गया, रोहान अहमद, बीबीसी उर्दू

    कराची की मलीर जेल के पुलिस अधीक्षक अरशद शाह ने बीबीसी को बताया कि पिछली रात जेल से फ़रार हुए 216 क़ैदियों में से 78 को फ़िर से गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    घटना के दौरान की गई फ़ायरिंग में एक क़ैदी की मौत हो गई और कुल तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं.

    बीती रात कराची में भूकंप के कई झटके महसूस किए गए थे, जिसके बाद स्थानीय और सोशल मीडिया पर यह ख़बरें आईं कि मलीर जेल की दीवार गिरने के बाद कई क़ैदी फ़रार हो गए हैं.

    लेकिन अरशद शाह ने कहा, "जेल की दीवार नहीं टूटी थी लेकिन भूकंप के झटकों की वजह से क़ैदियों में दहशत फैल गई थी."

    "जिसके बाद 1,000 से 1,500 कै़दी जेल के गेट पर जमा हो गए और इतनी बड़ी संख्या में कै़दियों को संभालना मुश्किल हो गया."

    उन्होंने बताया कि फ़रार क़ैदियों को पकड़ने की मुहिम जारी है और जल्द ही सभी क़ैदियों को ग़िरफ़्तार कर लिया जाएगा.

    सिंध के जेल मंत्री अली हसन ज़रदारी ने घटना का संज्ञान लिया है और जेल के आईजी और डीआईजी से तुरंत रिपोर्ट मांगी है.

    उन्होंने निर्देश दिए कि अगर किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई होगी.

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक ख़बरें पहुंचा रही थें.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. हमास का दावा, मदद लेने पहुंचे लोगों पर इसराइली गोलीबारी में 27 की मौत

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि दक्षिणी ग़ज़ा में सहायता सामग्री लेने के लिए पहुंचे लोगों में 27 लोगों की मौत हो गई है और 90 घायल हो गए हैं. कुछ घायलों की ‘स्थिति गंभीर’ है.

    ये घटना दक्षिणी रफाह में हुई है जहां एक सहायता सामग्री वितरण केंद्र में कुछ विवाद के बाद उन पर गोलियां चलाई गईं. रविवार को भी ऐसी ही घटना हुई थी.

    इससे पहले ग़ज़ा की सिविल डिफेंस एजेंसी ने कहा था कि सहायता सामग्री वितरण केंद्र में 31 लोगों की मौत हो गई है. एजेंसी ने कहा है कि इसराइली सेना मदद लेने आए लोगों पर गोलियां चला रही है.

    इंटरनेशनल कमेटी ऑफ द रेड क्रॉस ने कहा है कि रफाह में उसके अस्पताल में रविवार को बड़ी तादाद में घायल लोगों को लाया गया. इनमें से 21 लोगों की मौत हो चुकी थी.

    दूसरी ओर इसराइली डिफेंस फोर्सेज ने कहा है कि शुरुआती जांच से पता चला है कि सेना ने उन लोगों पर गोलियां नहीं चलाई है जो मदद लेने पहुंचे थे या पहुंच रहे थे.

  19. पाकिस्तान में टिकटॉकर की हत्या: 'हत्यारे ने पहले घर की तलाशी ली, फिर उस पर गोलियां चला दी'

    पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 17 वर्षीय टिकटॉकर सना यूसुफ़ की हत्या के मामले में उनकी मां की शिकायत पर मामला दर्ज़ किया गया है.

    सना यूसुफ़ की सोमवार को इस्लामाबाद स्थित उनके घर में हत्या कर दी गई थी, जहां वह अपने परिवार के साथ रह रहीं थीं.

    मामले के अनुसार, सना यूसुफ़ की सोमवार शाम को उनके घर में एक अज्ञात व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर दी.

    इस्लामाबाद के संबल पुलिस स्टेशन में दर्ज एफ़आईआर में कहा गया है, "कल एक आदमी अचानक हमारे घर में घुस आया और मेरी बेटी सना यूसुफ़ पर सीधे गोली चला दी, जिसमें से दो गोलियां उसकी छाती में लगीं."

    उनकी मां की ओर दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, "अज्ञात व्यक्ति सीढ़ियों से नीचे भाग गया और जब हमने आवाज़ लगाई तो स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए. मैंने अपनी बेटी को पड़ोसी की कार में बिठाया और उसे अस्पताल ले गई, लेकिन मेरी बेटी पहले ही दम तोड़ चुकी थी."

    सना की मां की दर्ज कराई गई प्राथमिकी में यह भी कहा गया है कि घटना के समय उनके पति घर पर मौजूद नहीं थे, बल्कि केवल वह, उनका देवर और उनकी बेटी सना यूसुफ़ ही घर पर थे.

    बीबीसी ने सना के माता-पिता से संपर्क कर घटना पर उनकी स्थिति जानने की कोशिश की है, लेकिन अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है.

    गौरतलब है कि पाकिस्तान में महिला टिकटॉकर की हत्या का यह पहला मामला नहीं है.

    पुलिस के मुताबिक़ पिछले साल के अंत में पंजाब के खुशाब ज़िले में टिकटॉकर इकरा आज़म की उनके ही रिश्तेदार ने कथित तौर पर हत्या कर दी थी.

    इस मामले की जांच टीम में शामिल सब-इंस्पेक्टर मनसबदार ने बीबीसी को बताया कि पीड़िता के शव का पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और परिजन शव को लेकर चित्राल के लिए रवाना हो गए.

    सना यूसुफ़ की हत्या की जांच कर रही टीम में शामिल सब-इंस्पेक्टर मनसबदार ने बीबीसी को बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी हासिल कर ली है.

    'संदिग्ध घर में घुसा और सीधे सना के कमरे में चला गया'

    पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि इस घटना में शामिल अभियुक्तों के बारे में काफी सबूत मिल चुके हैं और अभियुक्तों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

    उन्होंने बताया कि उपलब्ध सबूतों के अलावा पुलिस हत्या की घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.

    जांच टीम में शामिल एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि अभियुक्त ने सना यूसुफ़ की हत्या करने से पहले उस घर की तलाशी ली थी, जहां पीड़िता रहती थी.

    जब उसने (अभियुक्त ने) देखा कि सना के माता-पिता घर पर नहीं हैं, तो वह घर में घुसा और पिस्तौल निकालकर सना यूसुफ़ पर दो गोलियां चला दी.

    जांच दल में शामिल एक अन्य अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति घर में घुसा, सीधे सना यूसुफ़ के कमरे में गया और बाहर निकलते ही उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी.

    पुलिस अधिकारी के अनुसार, गोली से घायल सना यूसुफ के गिरते ही संदिग्ध व्यक्ति घटनास्थल से भाग गया. सना यूसुफ कौन थीं? सना यूसुफ़ सिर्फ़ 17 साल की थीं.

    वह ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत के चित्राल ज़िले की रहने वाली थीं, लेकिन उनका परिवार कुछ समय से इस्लामाबाद में रह रहा था.

    उनके टिकटॉक अकाउंट पर करीब 81 हजार फॉलोअर्स हैं. कल सना यूसुफ़ के जन्मदिन का एक वीडियो भी उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया गया, जिसमें वह अपने दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाती नजर आ रही हैं.

  20. असम में 1200 से अधिक गांव बाढ़ में डूबे, अब तक 12 लोगों की मौत, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    असम में बाढ़ की स्थिति बिगड़ती जा रही है.

    असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक़ इस समय राज्य के 22 जिलों में 1254 गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं.

    बाढ़ से सबसे ज्यादा नुक़सान श्रीभूमि (पहले करीमगंज), कछार, हैलाकांडी, लखीमपुर और नगांव जिले में हुआ है.

    आपदा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बीते 24 घंटों में बाढ़ में डूबने से दो और लोगों की मौत हुई है.

    इस तरह पिछले चार दिनों में राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 12 हो गई है.

    राज्य में बाढ़ की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से फोन पर बात की और स्थिति का जायजा लिया.

    पीएम मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से राज्य को पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया है. मुख्यमंत्री सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "थोड़ी देर पहले, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने मुझे असम में मौजूदा बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन किया."

    बाढ़ की मौजूदा स्थिति को लेकर आपदा विभाग की तरफ से 2 जून की देर शाम जारी की गई रिपोर्ट में बताया गया है कि राज्य में इस समय दो लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए है. जबकि ऐसे करीब 32 हजार लोग है जिनका घर-बार पूरी तरह पानी में डूब गया है. इन लोगों के लिए प्रशासन ने अलग-अलग जगह 322 राहत शिविर स्थापित किए है.

    जोरहाट के निमातीघाट समेत तेजपुर, गोलाघाट में ब्रह्मपुत्र तथा इसकी सहायक नदियों का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है. कई जगह नदी तटबंध टूट जाने से दर्जनों गांव का संपर्क टूट गया है.

    गोलाघाट जिले के भीमपारा गांव के अरुण ने बीबीसी से कहा, "पिछले तीन दिनों से हमारा गांव बाढ़ के पानी में डूबा हुआ है, लेकिन अभी तक हमारी मदद के लिए कोई नहीं आया है. हम अपने छोटे बच्चों के साथ फिलहाल घर में ही एक ऊंची जगह बनाकर रुके हुए है लेकिन अगर पानी ज्यादा बढ़ा तो हमें यहां से भागना पड़ेगा."

    पिछले पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश के भारत के कई उत्तर पूर्वी राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन की कई घटनाएं सामने आई हैं.

    असम के अलावा सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं, जहां अब तक कई लोगों की मौत हुई है.

    सड़कें बह गई हैं और घर ध्वस्त हो गए है. विस्थापित हुए लोगों के लिए कई राहत शिविर खोले गए हैं. मिजोरम की राजधानी आइजोल में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए जिले के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है.