You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नीरज चोपड़ा ने विनेश फोगाट को लेकर क्या कहा?

नीरज चोपड़ा ने महिला पहलवान विनेश फोगाट के मामले पर टिप्पणी की. साथ ही ये भी बताया कि दो देशों के रिश्तों के लिए खेल कितना ज़रूरी है.

सारांश

  • बांग्लादेश के मुख्य न्यायाधीश ओबैदुल हसन ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
  • योगी ने दावा किया कि बांग्लादेश में जो हिंदू हैं उनमें से 90 फ़ीसदी दलित समुदाय से हैं.
  • ग़ाज़ियाबाद में बांग्लादेशी बताकर मुसलमानों की झुग्गी-झोपड़ियों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने हिंदूवादी संगठनों पर दर्ज़ की एफ़आईआर
  • कोलकाता के एक अस्पताल में जूनियर महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार के बाद उनकी हत्या के बाद सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.
  • जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में भारतीय सेना और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ की एक और घटना हुई है.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार

  1. एससी-एसटी आरक्षण को लेकर रेल मंत्री ने रखा सरकार का पक्ष

    सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक फ़ैसले में कहा था कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति में सब-कैटेगरी को भी आरक्षण दिया जा सकता है.

    इस फ़ैसले के बाद राज्य अनुसूचित जाति और जनजातियों के आरक्षण में आंकड़ों के आधार पर सब-क्लासिफिकेशन यानी वर्गीकरण कर सकते हैं.

    सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय के बाद देश में राजनीतिक पारा बढ़ गया था. शुक्रवार को एससी एसटी वर्ग के सांसदों ने पीएम मोदी से मुलाक़ात कर ज्ञापन सौंपा था.

    एससी-एसटी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सरकार की ओर से पक्ष रखा है.

    रेल मंत्री ने कहा है कि अभी हाल ही में माननीय सुप्रीम कोर्ट ने आरक्षण के विषय में एक निर्णय दिया है. इस फै़सले में सुप्रीम कोर्ट ने एससी और एसटी के आरक्षण के विषय में कुछ सुझाव दिए हैं.

    अश्विनी वैष्णव ने कहा, "आज प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट में इस विषय पर विस्तृत चर्चा हुई है और कैबिनेट का सुविचारित मत है कि एनडीए सरकार बाबा साहब के बनाए हुए संविधान के प्रावधानों के प्रति प्रतिबद्ध और संकल्पबद्ध है."

    रेल मंत्री ने कहा, "बाबा साहेब के बनाए हुए संविधान के अनुसार एससी और एसटी के आरक्षण में क्रीमी लेयर का कोई प्रावधान नहीं है."

    उन्होंने कहा, "कैबिनेट का सुविचारित मत है संविधान के अनुसार ही एससी और एसटी के आरक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए."

  2. राहुल गांधी ने किस बात को लेकर पीएम मोदी को कहा शुक्रिया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वायनाड दौरे को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उनका शुक्रिया अदा किया है.

    नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है.

    राहुल गांधी ने लिखा है, "वायनाड में हुई त्रासदी का व्यक्तिगत रूप से जायज़ा लेने के लिए धन्यवाद मोदी जी. यह एक अच्छा फैसला है."

    राहुल गांधी ने लिखा है, "मुझे विश्वास है कि वायनाड में हुई तबाही को देखने के बाद प्रधानमंत्री इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित कर देंगे."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अधिकारियों ने बताया है कि प्रधानमंत्री शनिवार सुबह 11 बजे कुन्नूर पहुंचेंगे. उसके बाद वायनाड में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे.

    30 जुलाई की सुबह केरल राज्य के वायनाड ज़िले के मुंडक्कई और चूरलमाला इलाक़ों में भूस्खलन की घटना हुई थी.

    वायनाड में हुए भूस्खलन में 200 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है. कई लोग लापता बताए जा रहे हैं.

    इससे पहले वायनाड से सांसद रहे राहुल गांधी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी वायनाड का दौरा कर हालात का जायज़ा लिया था.

  3. बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को लेकर क्या बोला अमेरिका

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के इस्तीफ़ा देकर देश छोड़ने के बाद बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का गठन कर दिया गया है.

    नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री मोहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार का मुख्य सलाहकार बनाया गया है.

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को लेकर अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने मोहम्मद यूनुस का स्वागत किया है.

    एंटनी ब्लिंकन ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए मोहम्मद यूनुस के शपथ लेने का मैं स्वागत करता हूं.

    उन्होंने कहा, अमेरिका उनकी शांति के लिए की गई अपील का समर्थन करता है.

    ब्लिंकन ने कहा, “बांग्लादेश के लोगों के लोकतांत्रिक और समृद्ध भविष्य के लिए अमेरिका बांग्लादेश के साथ काम करने लिए प्रतिबद्ध है.”

    प्रोफ़ेसर यूनुस को अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में नामित करने का फ़ैसला राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन, सैन्य नेताओं और छात्र नेताओं के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया था.

  4. अमन के ताऊ ने कहा- यह मेडल अमन के माता-पिता को श्रद्धांजलि है

    अमन सहरावत ने पेरिस ओलंपिक के कुश्ती इवेंट के 57 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीत लिया है.

    कांस्य पदक के लिए ज़रूरी मुक़ाबले में उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी प्यूर्टो रिको के डेरियन टोई क्रूज़ को 13-5 से हराया.

    अमन के कांस्य के पदक जीतने पर उनके ताऊ सुधीर ने कहा है कि मन में तो हमारे यही था कि गोल्ड मेडल लेकर आएगा, उसमें थोड़ी चूक हो गई.

    उन्होंने कहा है कि अमन देश के लिए मेडल लेकर आया है. हम यह दुआ करते हैं कि अगली बार गोल्ड मेडल लेकर आए.

    अमन के ताऊ सुधीर ने कहा, "अमन के माता पिता बचपन में ही गुजर गए थे. अमन का जीवन संघर्षों और कष्टों से भरा रहा है."

    उन्होंने कहा, "10 साल की उम्र में अमन के सर से माता पिता का साया उठ गया था. अपने माता पिता को श्रद्धांजलि देने के लिए ओलंपिक मेडल लेकर आया है अमन."

    इससे पहले अमन ने कहा था, “आज बहुत बढ़िया लग रहा है, मुझे खुद यकीन नहीं हो रहा है, तीन-चार दिन मुझे भी यह समझने में लगेंगे कि आखिर मैंने ओलंपिक में मेडल जीत लिया है.”

    अमन के पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर उन्हें पीएम मोदी, राहुल गांधी और राष्ट्रपति सहित अन्य लोगों ने बधाई दी है.

  5. जेंडर विवादों में रहीं मुक्केबाज़ ईमान ख़लीफ़ ने पेरिस ओलंपिक में जीता गोल्ड मेडल

    अल्जीरिया की मुक्केबाज़ ईमान ख़लीफ़ ने पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है.

    एक साल पहले उन्हें वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशीप में जेंडर एलिजिबिलिटी टेस्ट में फेल होने पर अयोग्य करार दिया गया था.

    ईमान ख़लीफ़ ने पेरिस ओलंपिक के 66 किलो ग्राम भार वर्ग के महिला बॉक्सिंग इवेंट में यह गोल्ड मेडल जीता है.

    ख़लीफ़ ने चीन की मुक्केबाज यांग्य लियू को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है.

    ईमान ख़लीफ़ ने बीबीसी से कहा, “यह मेरा सपना था और मैं बहुत ज़्यादा ख़ुश हूं.”

    उन्होंने कहा, “यह मेरी आठ साल की मेहनत है, मैं अल्जीरिया के लोगों को धन्यवाद देती हूं”

    ख़लीफ़ ने कहा, “मैं अपने प्रदर्शन को लेकर बहुत खुश हूं, मैं एक साहसिक महिला हूं.”

    पेरिस ओलंपिक में ईमान ख़लीफ़ और इटली की मुक्केबाज़ एजेंला करिनी के बीच खेले गए एक मैच के बाद ख़लीफ़ को लेकर विवाद शुरू हुआ था.

    ईमान ख़लीफ़ के पुरुष होने की बात कही जा रही थी.

    ख़लीफ़ और करिनी के बीच खेला गया मैच महज़ 46 सेकेंड में ख़त्म हो गया था. करिनी ने कहा था, "मुझे अपनी जान बचानी पड़ी."

    इसके बाद सोशल मीडिया पर एक बहस छिड़ी जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति को बयान जारी कर बताना पड़ा कि ईमान ख़लीफ़ तय नियमों के मुताबिक़ ही खेल रही हैं.

  6. पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद क्या बोले अमन सहरावत

    पेरिस ओलंपिक में भारतीय रेसलर अमन सहरावत ने मेंस फ़्रीस्टाइल 57 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीत लिया है.

    कांस्य पदक के लिए ज़रूरी मुक़ाबले में उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी प्यूर्टो रिको के डेरियन टोई क्रूज़ को 13-5 से हराया.

    पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद अमन सहरावत ने कहा, "आज बहुत बढ़िया लग रहा है, मुझे खुद यकीन नहीं हो रहा है, तीन-चार दिन मुझे भी यह समझने में लगेंगे कि आख़िर मैंने ओलंपिक में मेडल जीत लिया है."

    उन्होंने कहा, "मैं यह सोच के आया था कि पहले दो-चार मिनट किसी को प्वाइंट नहीं देने हैं. सेमीफाइनल में शुरू में ही चार नंबर की बढ़त दे दी थी मैंने. फिर यह कठीन हो गया था कि मैं कैसे प्वाइंट लूं. सारे देश के लोग ओलंपिक देख रहे हैं. मुझे समझ में नहीं आया कि अब क्या करूं."

    अमन ने कहा है कि 'मेरे अंदर इस बात का भी प्रेशर था कि पुरुष पहलवानों में सिर्फ मैं अकेला हूं. दो-तीन और होते तो अच्छा होता पर मैंने सोच लिया था कि अब मेडल लेकर आना है.'

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    9 अगस्त की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें