भारत आज रुकने के मूड में नहीं है: पीएम मोदी

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "हम न रुकेंगे, न थमेंगे. हम 140 करोड़ लोग मिलकर आगे बढ़ेंगे."

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और सुरभि गुप्ता

  1. दुर्गापुर बलात्कार मामले में शुभेंदु अधिकारी ने सीएम ममता बनर्जी से की ये मांग

    शुभेंदु

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दुर्गापुर में एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज कैंपस के बाहर हुई बलात्कार की घटना पर राज्य की सियासत गर्म है

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी विधायक और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गापुर बलात्कार केस के मुद्दे पर राज्य सरकार से फ़ौरन कार्रवाई की मांग की है.

    शुभेंदु अधिकारी ने कहा है, "यह मामला राज्य सरकार और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हाथ में है, इसलिए सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए. बंगाल की जनता को सिर्फ न्याय की उम्मीद है."

    यह घटना 10 अक्तूबर को पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान ज़िले के दुर्गापुर में एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज कैंपस के बाहर हुई थी.

    इस मामले में अब तक कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

    इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में तीखा वार-पलटवार शुरू हो गया है.

    बीजेपी नेताओं ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए और जांच की निष्पक्षता पर आशंका जताई है.

  2. ज़ेलेंस्की का आरोप, 'नागरिक ठिकानों पर हमले कर दहशत फ़ैला रहा है रूस'

    ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, @ZelenskyyUa

    इमेज कैप्शन, ज़ेलेंस्की ने कहा है कि जब तक रूस के पास युद्ध लड़ने की क्षमता होगी तब तक रूस नहीं रुकेगा

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस के लिए कुछ भी नहीं बदला है और वह अब भी यूक्रेन में लोगों की ज़िंदगी में दहशत फ़ैला रहा है.

    ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “ कई सारे ड्रोन से क्रिवी रीह पर हमला किया, जिससे आम लोगों के ठिकानों को नुक़सान पहुंचा. आसमान में और भी कई हमलावर ड्रोन देखे गए. मिसाइलें भी दिखाई दीं. दरअसल, पिछले कई हफ्तों में एक भी रात ऐसी नहीं गुज़री जब रूस ने यूक्रेन पर हमला नहीं किया हो.”

    ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस को युद्ध रोकने पर तभी मजबूर किया जा सकेगा जब उसके पास युद्ध लड़ने की क्षमता नहीं रह जाएगी.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी लगातार ऐसी ही बात करते रहे हैं कि कुछ देश रूस का कच्चा तेल ख़रीद रहे हैं और परोक्ष तौर पर रूस-यूक्रेन युद्ध में रूस की मदद कर रहे हैं.

    ट्रंप कई बार कह चुके हैं कि वो रूस-यूक्रेन युद्ध को ख़त्म होते देखना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने कई बार रूसी राष्ट्रपति पुतिन से भी बात की है.

  3. बिहार चुनाव: अमित शाह ने कहा, नौकरी देने का तेजस्वी का वादा बेबुनियाद

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के युवाओं को सरकारी नौकरी देने के तेजस्वी यादव के वादे को बेबुनियाद बताया है.

    अमित शाह ने कहा है, "बिहार में लगभग 2.8 करोड़ परिवार हैं, जिनमें से लगभग 20 लाख लोगों को सरकारी नौकरी मिली हुई है. यानी 2.6 करोड़ लोगों को नौकरी देना बाक़ी है. तेजस्वी जी ने वादा किया है कि वे 2.6 करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी देंगे."

    "यदि डी और सी ग्रेड की भी नौकरियाँ देनी हों, तो इसका बजट लगभग 12 लाख करोड़ रुपये बनता है, जबकि बिहार का बजट सवा 3 लाख करोड़ रुपये के आसपास है. तेजस्वी यादव जी को यह भी बताना चाहिए कि वे यह 12 लाख करोड़ रुपये कहाँ से लाएँगे? यह एक बेबुनियाद वादा है, वोट पाने के लिए बिहार के युवाओं के सामने बोला गया एक सफेद झूठ."

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.