हरियाणा विधानसभा चुनाव: बीजेपी की दूसरी सूची कब आएगी पूर्व सीएम मनोहर लाल ने बताया

हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी उम्मीदवारों की सूची पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि दूसरी सूची जल्द आ जाएगी.

सारांश

  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घोषणा की है कि वो जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाकर रहेंगे
  • हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच में गठबंधन पर चर्चा
  • उत्तर प्रदेश में भेड़ियों के बढ़ते हमलों को देखते हुए सरकार ने गोली मारने का आदेश जारी किया है
  • बीते साल सात अक्तूबर को इसराइल पर हुए हमले को लेकर अमेरिका ने हमास नेता याह्या सिनवार पर मुकदमा शुरू किया है
  • हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर जननायक जनता पार्टी और आज़ाद समाज पार्टी ने पहली लिस्ट जारी की
  • हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी पहली सूची जारी की

लाइव कवरेज

संदीप राय और अश्वनी पासवान

  1. दिल्ली एलजी की शक्तियों को बढ़ाने पर आम आदमी पार्टी ने क्या कहा

    सौरभ भारद्वाज

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली एलजी की शक्तियां बढ़ाने वाली गृह मंत्रालय की अधिसूचना पर आम आदमी पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया आई है.

    आप नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ‘बीजेपी पीछे के दरवाज़े से दिल्ली को कंट्रोल करने की कोशिश कर रही है लेकिन ये होगा नहीं.’

    उन्होंने कहा कि “चुनी हुई सरकार की शक्तियां छीनी जा रही हैं.”

    सौरभ भारद्वाज ने कहा, “जब अपनी ज़िम्मेदारी और जवाबदेही का सवाल आता है तो एलजी साहब काम नहीं कर रहे हैं. हज़ारों डॉक्टरों की भर्तियां करनी हैं, पद सृजित करने हैं, एलजी साहब उस पर बैठे हैं. हज़ारों बस मार्शल बेरोज़गार हो गए, उस पर वो बैठे हुए हैं.”

    उन्होंने कहा, “जहां शक्तियां लेने की बात है तो अधिक से अधिक शक्तियां वो अपने हाथ में ले रहे हैं क्योंकि इनका दुरुपयोग किया जा सके.”

    सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि एलजी विनय कुमार सक्सेना दो करोड़ रुपये सालाना खर्च पर सोशल मीडिया कंपनी हायर कर रहे हैं.

  2. जीवांजी दीप्ति ने पेरिस पैरालंपिक में जीता कांस्य पदक, भारत के खाते में 20 मेडल

    दीप्ति

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जीवांजी दीप्ति

    तेलंगाना की जीवांजी दीप्ति ने पेरिस पैरालंपिक में 400 मीटर टी20 स्पर्द्धा में कांस्य पदक जीता है.

    साथ ही मेंस जेवलिन थ्रो एफ़46 में अजीत सिंह ने सिल्वर मेडल और इसी प्रतियोगिता में सुंधर सिंह गुज्जर ने कांस्य पदक जीता है.

    मेंस हाई जंप टी टी63 स्पर्द्धा में शरद कुमार और मिरयप्पन ने सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीता.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन खिलाड़ियों की बधाई दी है.

    मंगलवार की शाम भारतीय खिलाड़ियों ने 5 मेडल जीते और इसके साथ ही भारतीय खिलाड़ियों ने अबतक 20 मेडल जीत लिए हैं.

    400 मीटर टी20 स्पर्द्धा के फ़ाइनल में दीप्ति ने 55.82 सेकेंड का समय लिया और तीसरे नंबर पर रहीं.

    पदक तालिका
    मेंस जेवलिन थ्रो एफ़46 में अजीत सिंह ने सिल्वर मेडल जीता

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मेंस जेवलिन थ्रो एफ़46 में अजीत सिंह ने सिल्वर मेडल जीता.

    यूक्रेन की यूलिया शूलियर ने 55.16 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड और तुर्की की इसर ओंडर ने 55.23 सेकेंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता.

    मई 2024 में जापान में हुए वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दीप्ति ने 400 मीटर टी-20 कैटेगरी में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था. उन्होंने यह रेस 55.07 सेकेंड में पूरी की थी. इसके साथ ही उन्होंने पेरिस पैरालंपिक के लिए सीधे क्वालीफ़ाई कर लिया था.

    दीप्ति ने पिछले साल चीन में हुए एशियन पैरा गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था.

  3. दिल्ली के उपराज्यपाल हुए और ताक़तवर, केंद्र ने जारी की अधिसूचना

    दिल्ली के एलजी विनय सक्सेना

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली के उपराज्यपाल की शक्तियां और बढ़ गई हैं. इस बारे में गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी की है.

    अधिसूचना के मुताबिक, दिल्ली के एलजी किसी भी प्राधिकरण, बोर्ड, आयोग या किसी भी वैधानिक निकाय का गठन और किसी सरकारी अधिकारी या पदेन सदस्य की नियुक्ति कर सकते हैं.

    इसके मुताबिक, अगले आदेश तक दिल्ली के लिए संसद द्वारा बनाए गए क़ानूनों के तहत राष्ट्रपति के अधिकारों का एलजी इस्तेमाल कर सकते हैं.

    केंद्र के इस फ़ैसले से दिल्ली सरकार और केंद्र के बीच टकराव बढ़ने की आशंका है. पहले ये अधिकार दिल्ली सरकार के पास थे.

    दिल्ली सरकार और केंद्र के बीच शक्तियों को लेकर पहले से ही लंबा विवाद रहा है. आम आदमी पार्टी दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग करती रही है.

    शक्तियों के बँटवारे का मुद्दा सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा और बीते साल मई में सर्वोच्च अदालत ने दिल्ली सरकार के पक्ष में फैसला सुनाया था.

    शीर्ष अदालत ने अपने फ़ैसले में कहा था कि अधिकारियों के ट्रांसफ़र और पोस्टिंग का अधिकार दिल्ली सरकार के पास होना चाहिए.

    लेकिन केंद्र सरकार ने इस फ़ैसले के तुरंत बाद एक अध्यादेश जारी किया जिसके तहत अधिकारियों की ट्रांसफ़र और पोस्टिंग से जुड़ा आख़िरी फैसला लेने का हक़ उपराज्यपाल को वापस दे दिया गया था.

  4. कोलंबिया यूनिवर्सिटी के नए सत्र के पहले दिन ही हुए प्रदर्शन, दो गिरफ़्तार

    कोलंबिया

    इमेज स्रोत, Reuters

    ग़ज़ा युद्ध के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शनों के लिए चर्चा में रहे कोलंबिया यूनिवर्सिटी के नए सत्र के पहले दिन ही प्रदर्शन हुए.

    पुलिस ने कहा है कि दो प्रदर्शनकारी छात्रों को गिरफ़्तार किया गया है. हालांकि पहले दिन का प्रदर्शन “शांतिपूर्ण” रहा.

    पुलिस ने प्रसिद्ध न्यूयॉर्क सिटी कैंपस के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है.

    पिछले सत्र में यह कैंपस अमेरिका में होने वाले युद्ध विरोधी प्रदर्शनों में सबसे बड़ा केंद्र बन गया था.

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इन प्रदर्शनों के चलते कोलंबिया यूनिवर्सिटी के प्रेजिडेंट मिनूशे शाफ़िक को पिछले महीने इस्तीफ़ा देना पड़ा.

    मंगलवार को जब नया सत्र शुरू हुआ तो सबकी निगाहें प्रदर्शनकारियों पर थीं, जो प्रवेश द्वार पर इकट्ठे हुए थे.

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी के पिछले सत्र में भारी उथल-पुथल देखने को मिली थी और न्यूयॉर्क पुलिस डिपार्टमेंट ने कैंपस में कैंपिंग कर रहे फ़लस्तीन समर्थक प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किए और कैंपस ख़ाली कराया था.

    कोलंबिया यूनवर्सिटी

    इमेज स्रोत, GETTY

    इसके बाद प्रदर्शनकारी थोड़े समय के लिए अकादमिक विभाग की इमारत पर कब्ज़ा कर लिया, जिसे पुलिस ने ख़ाली कराया. इसमें 100 से अधिक लोगों की गिरफ़्तारी हुई थी.

    यूनिवर्सिटी ने अपने मुख्य ग्रेजुएशन प्रोग्राम को रद्द कर दिया और गहरे ऊहापोह के बीच गर्मियों की छुट्टी हो गई थी.

    हालांकि प्रदर्शन शुरू होने के कई महीने बाद यूनिवर्सिटी प्रेजिडेंट शाफ़िक को इस्तीफ़ा देना पड़ा क्योंकि उन्होंने छात्रों के धरने को ख़ाली कराने के लिए पुलिसिया कार्रवाई की इजाज़त दी थी.

    पिछले साल सात अक्टूबर में इसराइल में घुस कर हमास ने हमला किया था, जिसमें 1200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों का अपहरण कर ग़ज़ा ले जाया गया था.

    इसके बाद इसराइली सेना ने ग़ज़ा पट्टी पर सैन्य कार्रवाई शुरू की, जिसमें अबतक, हमास नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 40,000 लोग मारे जा चुके हैं.

  5. इसराइल: प्रधानमंत्री नेतन्याहू के ख़िलाफ़ अपने ही लोग सड़कों पर क्यों उतरे

  6. हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन की हलचल तेज़

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    हरियाणा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन पर बातचीत चल रही है और समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, आप ने 10 सीटों की मांग रखी है.

    हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया ने भी कहा है कि दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की बात चल रही है और जल्द कोई फ़ैसला हो सकता है.

    उन्होंने कहा कहा, "आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की बात शुरुआती दौर में है और अगले दो दिन में कोई फ़ैसला होता है तो इसकी जानकारी दी जाएगी."

    इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को सात सीटें देने का प्रस्ताव दिया है.

    हरियाणा आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने मंगलवार को कहा था, "राष्ट्रीय नेतृत्व के मिले आदेश के तहत हम सभी 90 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रहे हैं. हमने परिवार जोड़ो अभियान चलाया."

    दीपक वाबरिया ने रिपोर्टरों को बताया कि कांग्रेस की केंद्रीय कमिटी में 49 सीटों पर बातचीत हुई थी और बाकी 41 सीटों पर सुझाव आगे भेज दिए गए हैं.

    इस बीच, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंहने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों पर निशाना साधा है और दोनों पार्टियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए.

  7. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिककर पढ़ सकते हैं.

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सोमवार को जाति आधारित जनगणना को समर्थन देने के संकेत दिए हैं.आरएसएस के इस रुख़ के मायने क्या हैं? ये जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    ग़ज़ा में शनिवार को मृत पाए गए छह इसराइली बंधकों को वापस लाने में नाकाम रहने पर प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इसराइली जनता से माफ़ी मांगी है. पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें.

    एक महीना होने जा रहा है, जब राजनीतिक उथल-उथल के बीच बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना जल्दबाज़ी में देश छोड़कर भारत में दिल्ली के पास एक सैन्य हवाई अड्डे पर उतरी थीं. शेख़ हसीना की मौजूदगी ने भारत के सामने बांग्लादेश की नई अंतरिम सरकार के साथ मज़बूत संबंध बनाने की राह में चुनौती खड़ कर दी है. पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.

    पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई बच्चों के कथित यौन शोषण और उसके वीडियो सामने आने के बाद इन दिनों ये मामला सुर्ख़ियों में है.पूरा मामला जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    मंगलवार यानी कल के लाइव पेज पर मौजूद ख़बरों को पढ़ने के लिएइस लिंक पर क्लिककरें.