You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुवैत पहुंचने के बाद अपने पहले संबोधन में क्या कहा

दो दिवसीय यात्रा पर कुवैत पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक समुदायिक कार्यक्रम में भारत और कुवैत के बीच रिश्तों के बारे में बयान दिया.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव और अभिषेक पोद्दार

  1. जस्टिस चंद्रचूड़ ने मानवाधिकार आयोग का प्रमुख बनाए जाने की ख़बरों का किया खंडन

    राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का प्रमुख बनाए जाने की ख़बरों का भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने खंडन किया है.

    पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा है, “अफ़वाहें फैलाई जा रही हैं. मुझसे इस बारे में किसी ने बात नहीं की है और मैं आम नागरिक के तौर पर अपने रिटायरमेंट का आनंद ले रहा हूं.”

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एक उच्च स्तरीय कमिटी ने मानवाधिकार आयोग के नए प्रमुख के नामों पर विचार करने के लिए बुधवार को बैठक की थी.

    इस उच्च स्तरीय कमिटी में गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल थे.

    राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के प्रमुख का पद एक जून से बिना पूर्णकालिक अध्यक्ष के है.

    इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस अरुण कुमार मिश्रा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के प्रमुख थे.

    ये भी पढ़ें-

  2. लोकसभा में बांग्लादेशी हिंदुओं पर पूछे गए सवाल का विदेश राज्य मंत्री ने दिया जवाब

    बांग्लादेशी हिंदुओं के ख़िलाफ़ हो रही हिंसा पर लोकसभा में पूछे गए सवाल का विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने जवाब दिया है.

    कीर्ति वर्धन सिंह ने साल 2022, 2023 और 2024 के आंकड़ों को पेश करते हुए लोकसभा में पूछे गए सवाल का जवाब दिया है.

    विदेश राज्य मंत्री ने कहा है कि अल्पसंख्यकों और मानवाधिकार संगठनों के आंकड़ों के अनुसार साल 2024 में दिसंबर तक बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ हिंसा के 2200 मामले सामने आए हैं.

    साल 2024 में पाकिस्तान में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ हिंसा के 112 मामले सामने आए हैं.

    साल 2023 में बांग्लादेश में 302 मामले और पाकिस्तान में 103 मामले सामने आए थे. साल 2022 में बांग्लादेश में 47 और पाकिस्तान में 241 मामले सामने आए थे.

    विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा है कि सरकार इन मामलों को गंभीरता से देख रही है और बांग्लादेशी सरकार से अपनी चिंताओं को ज़ाहिर किया है.

    भारत को उम्मीद है कि बांग्लादेश की सरकार हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों के कल्याण और सुरक्षा के लिए सभी ज़रूरी क़दम उठाएगी.

    नौ दिसंबर 2024 को भारतीय विदेश सचिव के बांग्लादेश के दौरे के दौरान इस मुद्दे को दोबारा से उठाया गया था.

    ये भी पढ़ें-

  3. अमेरिका ने सीरिया के नए नेता के सिर से हटाया 10 मिलियन डॉलर का इनाम

    अमेरिका ने सीरिया के नए नेता अहमद अल-शरा को गिरफ्तार करने के लिए उनके सिर पर रखे गए इनाम को हटा लिया है.

    अमेरिका ने अहमद अल-शरा के ऊपर 10 मिलियन डॉलर (लगभग 85 करोड़ रुपये) का इनाम रखा था.

    अमेरिका ने यह क़दम हयात तहरीर अल-शाम के वरिष्ठ राजनयिकों और प्रतिनिधियों से मुलाक़ात के बाद यह क़दम उठाया है. अहमद अल-शरा विद्रोही गुट हयात तहरीर अल-शाम के प्रमुख हैं.

    अमेरिका की सहायक विदेश मंत्री बारबरा लीफ़ ने कहा है कि शरा से बातचीत ‘बहुत सार्थक’ रही और शरा बहुत ही ‘व्यावहारिक’ हैं.

    सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता से बाहर होने के बाद अमेरिकी प्रतिनिधि मंडल सीरिया पहुंचा था. अमेरिका अभी भी अहमद अल-शरा के संगठन हयात तहरीर अल-शाम को एक आतंकी संगठन मानता है.

    अहमद अल-शरा के संगठन हयात तहरीर अल-शाम का संबंध अलक़ायदा से रहा है, इसलिए अमेरिका ने उन पर एक करोड़ डॉलर का इनाम रखा था.

    ये भी पढ़ें-

  4. जर्मनी: क्रिसमस मार्केट में हुई घटना की सऊदी अरब ने की निंदा

    जर्मनी के मैगडेबर्ग में तेज़ रफ़्तार कार की वजह से कम से कम दो लोगों की मौत हुई है और 68 लोग घायल हुए हैं.

    जर्मनी में हुई इस घटना में एक सऊदी नागरिक को गिरफ़्तार किया गया है, जो साल 2006 से जर्मनी में डॉक्टर के तौर पर काम कर रहा था.

    जर्मनी में हुई इस घटना की सऊदी अरब ने निंदा की है और जर्मनी के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की है.

    सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जर्मनी में मारे गए लोगों के परिवार के साथ एकजुटता व्यक्त की है.

    सऊदी विदेश मंत्रालय ने एक्स पर कहा है, “किंगडम ऑफ़ सऊदी अरब का विदेश मंत्रालय जर्मनी के मैगडेबर्ग में हुई रन ओवर की घटना की निंदा करता है, जिसके कारण मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं. हम जर्मनी के लोगों और पीड़ितों के परिवार के साथ एकजुटता व्यक्त करते हैं.”

    यह कोई पहली बार नहीं है जब जर्मनी की क्रिसमस मार्केट में वाहन के कारण लोगों की मौत हुई है.

    आठ साल पहले भी बर्लिन में हुई इस तरह की घटना में 12 लोगों की मौत हुई थी, हमले को अंजाम देने वाले व्यक्ति अनिस आमिर का संबंध इस्लामिक स्टेट से पाया गया था.

  5. जर्मनी की एक क्रिसमस मार्केट में कार घुसने से दो की मौत, सऊदी नागरिक गिरफ़्तार

    जर्मनी में एक क्रिसमस मार्केट में तेज़ रफ़्तार कार के घुसने की वजह से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई है और 68 घायल हो गए हैं.

    यह घटना जर्मनी के मैगडेबर्ग में हुई है. मरने वालों लोगों में एक बच्चा भी शामिल है.

    सोशल मीडिया पर मिल रही फ़ुटेज में एक कार को दुकानों की बीच एक संकरी गली में तेज़ी से भागते हुए देखा जा सकता है, जिसमें कई लोग कार की चपेट आते देखे जा सकते हैं.

    स्थानीय अधिकारियों को कहना है, "उन्हें संदेह है कि यह हमला जानबूझ कर किया गया है."

    टीवी से मिली तस्वीरों में एक संदिग्ध को पुलिस की ओर से बंदूक़ तान कर गिरफ़्तार करते हुए देखा जा सकता है.

    पुलिस का कहना है कि गिरफ़्तार किया गया व्यक्ति 50 वर्षीय सऊदी नागरिक है. गिरफ़्तार किया गया व्यक्ति साल 2006 से जर्मनी में एक डॉक्टर के तौर काम कर रहा था.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव अब से दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप पढ़ सकते हैं.

    - भारत के पहले चीफ़ डिफेंस ऑफ स्टाफ़ जनरल बिपिन रावत का दिसंबर 2021 में हेलीकॉप्टर क्रैश में निधन हो गया था. लोकसभा में रक्षा मामलों की स्थायी समिति की ओर से इस हादसे के बारे में रिपोर्ट पेश की गई में बताया गया है कि हादसे की वजह क्या थी?

    - ओम प्रकाश चौटाला को हरियाणा की राजनीति में हलचल पैदा करने वाला नेता भी माना जाता है. वो अक्सर अपने कड़े फ़ैसलों के लिए जाने जाते रहे. उनके राजनीतिक करियर के बारे में पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    - साल 1981 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद प्रधानमंत्री मोदी वो पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं जो कुवैत दौरे पर जा रहे हैं. पढ़िए इस ऐतिहासिक दौरे के मायने क्या हैं?

    - मोहन भागवत ने देश के कई इलाक़ों में बढ़ते मंदिर-मस्जिद विवाद पर सवाल खड़े किए हैं और लोगों से अपील की है कि वो मिलकर रहें. पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए क्लिक करें.