ज़ेलेंस्की से मिले ट्रम्प, रूस यूक्रेन जंग को रोकने के बारे में क्या कहा

ट्रंप ने कहा कि अब समय आ गया है कि यूक्रेन में रूस का युद्ध समाप्त कर दिया जाए.

सारांश

  • प्लॉट आवंटन मामले में कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया और उनकी पत्नी पर एफ़आईआर दर्ज
  • शिगेरू इशिबा होंगे जापान के नए प्रधानमंत्री
  • बिन्यामिन नेतन्याहू ने इसराइली सेना से कहा- पूरी ताकत से करें हिज़्बुल्लाह पर हमला
  • विपक्ष के नेता राहुल गांधी बने रक्षा समिति के सदस्य
  • ममता बनर्जी का एलान, पश्चिम बंगाल पुलिस में जल्द निकलेंगी 12 हज़ार भर्तियां

लाइव कवरेज

अदिति शर्मा और अभिषेक पोद्दार

  1. श्रीनगर में कम मतदान को लेकर नेशनल कॉन्फ़्रेंस और पीडीपी ने केंद्र सरकार पर निशाना

    श्रीनगर में मतदान के लिए लाइनों में लगे लोग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, श्रीनगर में मतदान के लिए लाइनों में लगे लोग

    जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव की वोटिंग का दूसरा चरण भी पूरा हो चुका है. इसी बीच राज्य की दो बड़ी पार्टियों नेशनल कॉन्फ़्रेंस और पीडीपी ने श्रीनगर में कम मतदान के लिए केंद्र सरकार को दोषी ठहराया है.

    जम्मू-कश्मीर में पहले चरण में 61.3 फ़ीसदी मतदान हुआ था वहीं दूसरे चरण में यह सिमट कर 57 फ़ीसदी पर आ गया था.

    बुधवार को जम्मू-कश्मीर में दूसरे चरण की वोटिंग हुई थी. नेशनल कॉन्फ़्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्लाह ने श्रीनगर में कहा, “हमारी उम्मीद के हिसाब से मतदान कम रहा. इसके पीछे पूरी तरह के केंद्र सरकार ज़िम्मेदार है. पिछले चरण के ज़्यादा मतदान को उन्होंने सामान्य स्थिति बताते हुए अनुच्छेद 370 के हटने का असर बताया था. मुझे लगता है कि श्रीनगर में कम मतदान इसी का नतीज़ा है.”

    उमर अब्दुल्लाह ने यह भी कहा कि श्रीनगर के लोग ज़्यादा मतदान के ज़रिए इस बात का ग़लत संदेश नहीं देना चाहते थे कि राज्य में स्थिति सामान्य है और वे 370 को हटाए जाने को स्वीकार करते हैं.

    हालांकि उन्होंने आख़िरी और तीसरे चरण में मतदान में उछाल आने की उम्मीद जताते हुए कहा, “बारामुल्ला, बांदीपोरा और कुपवाड़ा के लोगों ने मुश्किल हालात में मतदान किया है. हमें इस बार भी अच्छे मतदान की उम्मीद है.”

    वहीं पीडीपी नेता वाहिद-उर-रहमान पारा ने श्रीनगर में कम मतदान को केंद्र सरकार की कठोर नीतियों का नतीज़ा बताया. उन्होंने कहा, “श्रीनगर में पीडीपी पर सालों से चल रही कार्रवाई, पार्टी कार्यकर्ताओं और विपक्ष के तीन गुटों में टूटने की स्थितियों ने मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के बजाय उनको मतदान से दूर कर दिया है.”

    जम्मू-कश्मीर चुनाव के दूसरे चरण में 26 सीटों के लिए मतदान हुए थे. इसमें से 20 सीटों पर पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले कम वोट पड़े थे.

  2. अशोक चौधरी के ट्वीट से कई तरह की थीं अटकलें, अब नीतीश ने दी बड़ी ज़िम्मेदारी

    अशोक चौधरी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अशोक चौधरी (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी थी, जिसके बाद कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं.

    चौधरी की पोस्ट के बाद माना जा रहा था कि जनता दल यूनाइटेड के भीतर सबकुछ ठीक नहीं है. इसी बीच गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अशोक चौधरी को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बना दिया.

    अशोक चौधरी का ट्वीट

    इमेज स्रोत, @AshokChoudhaary

    इमेज कैप्शन, अशोक चौधरी का ट्वीट

    जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव और एमएलसी अफ़ाक़ अहमद ख़ान ने एक पत्र जारी करते हुए कहा, “जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य सरकार में मंत्री अशोक चौधरी को तत्काल प्रभाव से पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है.”

    अशोक चौधरी नीतीश कुमार के क़रीबी माने जाते हैं और दलित समुदाय से हैं. हालांकि राज्य में इस बात की सुगबुगाहट भी तेज़ थी कि अशोक चौधरी हाल ही में राज्य की विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से आए एक अन्य दलित नेता श्याम रजक को जेडीयू का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए जाने से नाराज़ हैं.

  3. भारत बनाम बांग्लादेश: कानपुर में आज शुरू होगा दूसरा टेस्ट मैच

    पहले टेस्ट मैच के दौरान भारतीय टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पहले टेस्ट मैच के दौरान भारतीय टीम

    शुक्रवार को भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होगा.

    कानपुर में इससे पहले आख़िरी टेस्ट मैच साल 2021 में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेला गया था.

    दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ में भारत पहले ही बढ़त बना चुका है. अगर भारत यह टेस्ट मैच जीत जाता है या ड्रॉ भी होता है तो तो सिरीज़ भारत के नाम होगा.

    वहीं बांग्लादेश अगर यह टेस्ट मैच जीतता है तो सिरीज़ 1-1 की बराबरी पर ख़त्म होगी.

    पहले टेस्ट मैच में भारत ने बांग्लादेश को 280 रनों से हराया था.

    पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में रविचंद्रन अश्विन के शतक की बदौलत भारत ख़राब शुरुआत के बावजूद बड़ा स्कोर खड़ा करने में कामयाब रहा था.

    वहीं दूसरी पारी में शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने शानदार शतकीय पारी खेली थी.

    गेंदबाज़ी के साथ बल्लेबाज़ी में भी शानदार प्रदर्शन के लिए रविचंद्नन अश्विन को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया था.

  4. इसराइल के प्रधानमंत्री ने हिज़्बुल्लाह के ख़िलाफ़ और ताक़त से लड़ने की घोषणा की

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इसराइली सेना को पूरी ताक़त के साथ हिज़्बुल्लाह पर हमला करने को कहा है.

    हालांकि अमेरिका सहित इसराइल के दूसरे क़रीबी देशों ने युद्धविराम का आग्रह किया है.

    वहीं लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि गुरुवार को हुए इसराइली हवाई हमले में कम से कम 92 लोगों की जान गई है.

    हिज़्बुल्लाह ने भी बताया है कि लेबनान की राजधानी बेरुत के दक्षिणी हिस्से में स्थित एक इमारत पर हवाई हमले में उनके ड्रोन यूनिट के चीफ़ मोहम्मद सुरूर की मौत हो गई है.

    बुधवार को अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपियन यूनियन ने तीन हफ़्तों तक युद्ध विराम का प्रस्ताव दिया था.

    हालांकि गुरुवार को इसराइल ने इस प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया था.

    न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा (जनरल असेंबली) को संबोधित करते हुए इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा था कि जब तक हम अपने सभी लक्ष्यों को पूरा नहीं कर लेते तब तक हम नहीं रुकने वाले हैं.

    नेतन्याहू ने कहा कि पिछले साल अक्तूबर में हमास के हमले की वजह से देश के उत्तरी हिस्से से विस्थापित होने वाले नागरिकों की सुरक्षित घर वापसी ही उनका लक्ष्य है.

  5. नमस्कार

    हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें लेकर आऊंगा.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच चल रही लड़ाई में क्या है ईरान की दुविधा: संयम बरते या अपने सहयोगी हिज़्बुल्लाह पर हमलों का बदला ले- पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    उत्तर प्रदेश में खाने पीने की दुकानों पर नाम लिखने और सीसीटीवी लगाने का आदेश, नए नियम क्या हैं?- जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    बांग्लादेश: शेख़ हसीना की पार्टी के भूमिगत हुए लोगों के घर लौटने पर हो रही है उगाही- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    इसराइली सेना लेबनान पर कब और कहाँ कर सकती है ज़मीनी हमला?- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    गुरुवार के लाइव पेज पर जाने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.