You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप के प्लान पर हमास की सहमति के बाद ग़ज़ा के लोग जता रहे हैरानी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पीस प्लान पर हमास के फ़ैसले का स्वागत किया है. इस पर ग़ज़ा के लोगों ने आश्चर्य व्यक्त किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और सौरभ यादव

  1. ग़ज़ा की शांति योजना पर हमास की प्रतिक्रिया के बाद पीएम मोदी ने क्या कहा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग़ज़ा में शांति के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों का स्वागत किया है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत ऐसे प्रयासों का समर्थन करता रहेगा.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "ग़ज़ा में शांति की दिशा में निर्णायक प्रगति के लिए हम राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व का स्वागत करते हैं. बंधकों की रिहाई का संकेत एक महत्वपूर्ण क़दम है."

    उन्होंने कहा, "स्थायी और न्यायपूर्ण शांति की दिशा में सभी प्रयासों का भारत दृढ़ता से समर्थन करता रहेगा."

    ग़ज़ा में शांति के लिए अमेरिकी योजना पर हमास ने प्रतिक्रिया दी है, उसने बचे हुए सभी इसराइली बंधकों की रिहाई पर सहमति जताई है.

    हालांकि, हमास ने यह भी कहा कि वह ग़ज़ा में शांति के लिए बनाई गई अमेरिकी योजना के कई प्रमुख बिंदुओं पर बातचीत चाहता है.

    हमास की प्रतिक्रिया के बाद ट्रंप ने ग़ज़ा में शांति का समर्थन करने वाले देशों को शुक्रिया कहा है.

    वहीं, इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश शांति योजना के पहले चरण को लागू करने की तैयारी कर रहा है.

    संबंधित कहानियां:

  2. वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने एक दिन में जीते इतने गोल्ड और ब्रॉन्ज़ मेडल

    वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शुक्रवार को भारत के नाम दो गोल्ड मेडल और दो ब्रॉन्ज़ मेडल आए हैं. 100 मीटर रेस में सिमरन शर्मा और हाई जंप में निषाद कुमार ने गोल्ड मेडल जीता है.

    वहीं प्रीति पाल ने 200 मीटर रेस में, जबकि प्रदीप कुमार ने डिस्कस थ्रो में ब्रॉन्ज़ मेडल अपने नाम किया है.

    गोल्ड जीतने के बाद सिमरन शर्मा ने कहा, "100 में गोल्ड आया है, पर 200 अभी बाकी है."

    वहीं निषाद कुमार ने कहा, "इस दिन का साल भर से इंतज़ार था. इसके लिए एक-एक मिनट मेहनत की."

  3. इसराइली बंधकों की रिहाई पर हमास की सहमति के बाद नेतन्याहू क्या बोले

    इसराइली बंधकों की रिहाई पर हमास की सहमति के बाद इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश शांति के लिए 'ट्रंप की योजना' पर अमेरिका के साथ मिलकर काम करेगा.

    इसराइली प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में नेतन्याहू ने कहा, "हमास की प्रतिक्रिया के बाद इसराइल सभी बंधकों की तत्काल रिहाई के लिए ट्रंप की योजना के पहले चरण को तुरंत लागू करने की तैयारी कर रहा है."

    उन्होंने कहा, "हम राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी टीम के साथ जंग ख़त्म करने के लिए पूरा सहयोग करेंगे."

    इससे पहले हमास ने एक बयान जारी कर इसराइल के बचे हुए सभी बंधकों की रिहाई पर सहमति जताई.

    हालांकि, हमास ने यह भी कहा कि वह ग़ज़ा में शांति के लिए बनाई गई अमेरिकी योजना के कई प्रमुख बिंदुओं पर बातचीत चाहता है.

    इस योजना पर अमेरिका और इसराइल के बीच पहले ही सहमति बन चुकी है.

    संबंधित कहानियां:

  4. हमास बंधकों को रिहा करने पर राज़ी, ट्रंप ने इसराइल को हमले रोकने को कहा

    इसराइल के बचे हुए सभी बंधकों को हमास रिहा करने की शर्त पर राज़ी हो गया है. लेकिन उसने कहा है कि ग़ज़ा में शांति के लिए बनाई गई अमेरिकी योजना के कई प्रमुख बिंदुओं पर वह चर्चा करना चाहता है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से हमास के लिए डेडलाइन दिए जाने के कुछ देर बाद यह घोषणा हुई.

    हमास की ओर से बंधकों की रिहाई की घोषणा के बाद ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "हमास की ओर से जारी हुए बयान के आधार पर मेरा मानना है कि वे स्थायी शांति के लिए तैयार हैं."

    ट्रंप ने कहा, "इसराइल को ग़ज़ा पर बमबारी तुरंत रोकनी चाहिए, जिससे कि हम बंधकों को सुरक्षित और जल्द बाहर निकाल सकें."

    बीते दिनों इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू अमेरिकी दौरे पर थे, जहां ट्रंप और नेतन्याहू के बीच अमेरिकी शांति योजना पर सहमति बनी थी.

    संबंधित कहानियां:

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.