You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप के प्लान पर हमास की सहमति के बाद ग़ज़ा के लोग जता रहे हैरानी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पीस प्लान पर हमास के फ़ैसले का स्वागत किया है. इस पर ग़ज़ा के लोगों ने आश्चर्य व्यक्त किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और सौरभ यादव

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ट्रंप के प्लान पर हमास की सहमति के बाद ग़ज़ा के लोग जता रहे हैरानी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पीस प्लान पर हमास के फ़ैसले का स्वागत किया है. इस पर ग़ज़ा के लोगों ने आश्चर्य व्यक्त किया है.

    सैकड़ों फलस्तीनी सोशल मीडिया और मैसेजिंग एप पर सवाल पूछ रहे हैं कि क्या जंग ख़त्म हो गई या यह सपना है या हकीकत?

    कुछ लोगों को डर है कि हमास जाल में फंस गया है और इसराइल अपने बंधकों को वापस पाने के बाद दोबारा जंग शुरू कर देगा. कुछ लोगों का यह मानना है कि यह जंग को खत्म करने के लिए सुनहरा मौका है.

    इब्राहिम फरेस नाम के व्यक्ति ने बीबीसी से कहा है, “मैं धैर्य रखने की सलाह देता हूं. यह वक्त आशावादी होने का नहीं है. अभी बारीकियों पर कई दौर की वार्ता चलेगी.”

    महमूद दहेर नाम के व्यक्ति ने फेसबुक पर लिखा है कि हमास की यह प्रतिक्रिया सामान्य नहीं है.

    ग़ज़ा में रहने वाले कार्यकर्ता और हमास के आलोचक खलील अबू शम्माला ने कहा है कि यह फैसला आंदोलन को बचाने के लिए लिया गया है.

    उन्होंने कहा, “वो इसे समझदारी कहेंगे या कहेंगे यह लोगों के बारे में है लेकिन सच्चाई यह है कि यह हमास के सत्ता में बने रहने के बारे में है.”

  3. अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा पर क्या बोले सूर्यकुमार यादव?

    भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा से जुड़ी बातें साझा की हैं.

    सूर्यकुमार ने कहा, “जब आप किसी को कड़ी मेहनत करते हुए देखते हैं, आप किसी के अंदर वो स्पार्क देखते हैं, उदाहरण के तौर पर जैसे अभिषेक शर्मा. मैंने अभिषेक को बल्लेबाज़ी करते हुए देखा है. उन्हें टॉप लेवल पर पहुंचते हुए देखा है.”

    उन्होंने कहा, “जब मैंने अभिषेक को बताया कि आप कुछ समय तक टीम के लिए ओपनिंग करने वाले हैं. उनकी पिछली कुछ सिरीज़ अच्छी नहीं गुजरी थीं. मैंने उनसे कहा आप आराम कीजिए, जो आप करते आएं हैं वही कीजिए. आप अपनी पहचान को मत बदलिए. बस आप बल्लेबाज़ी करिए.

    सूर्यकुमार ने कहा यही बात तिलक वर्मा पर भी लागू होती है. उन्होंने भी एशिया कप में शानदार बल्लेबाज़ी की है.

    सूर्यकुमार यादव ने कहा, “तिलक वर्मा ने मुझसे कहा, मुझे जिम्मेदारी लेने दीजिए. मैंने उनसे कहा आप अपने स्थान पर ही बल्लेबाज़ी करेंगे, जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाज़ी की वह टूर्नामेंट में निर्णायक थी.”

  4. ट्रंप के ग़ज़ा प्लान पर हमास का जवाब आया, क्या बोला पाकिस्तान?

    ट्रंप के ‘ग़ज़ा प्लान' पर हमास के सकारात्मक रुख़ के बाद पाकिस्तान ने हमास के जवाब का स्वागत किया है.

    पाकिस्तान ने एक बयान जारी कर कहा है, "राष्ट्रपति ट्रंप के ग़ज़ा प्लान पर हमास की प्रतिक्रिया का पाकिस्तान स्वागत करता है. यह ग़ज़ा में तत्काल सीज़फ़ायर, बेगुनाह फ़लस्तीनियों के खून ख़राबे को रोकने, फ़लस्तीनी कैदियों और बंधकों को रिहा करने का एक महत्वपूर्ण मौका है."

    पाकिस्तान ने कहा, "ग़ज़ा में शांति के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के प्रयासों की पाकिस्तान सराहना करता है. पाकिस्तान को आशा है कि इससे एक स्थायी युद्धविराम और स्थायी शांति स्थापित होगी. पाकिस्तान इस प्रक्रिया में सार्थक सहयोग करता रहेगा."

  5. फ़र्रुख़ाबाद: कोचिंग सेंटर में धमाका, दो की मौत

    उत्तर प्रदेश के फ़र्रुख़ाबाद में एक कोचिंग सेंटर में धमाका होने से दो लोगों की मौत हो गई, वहीं पांच लोग घायल हुए हैं.

    घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    फ़र्रुख़ाबाद एसपी आरती सिंह ने बताया, " शनिवार दोपहर तीन बजकर 19 मिनट पर थाना क्षेत्र कादरी गेट में एक सूचना मिली थी. प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में स्थित सेप्टिक टैंक में कंसंट्रेटेड मीथेन गैस अधिक होने से धमाका हुआ है."

    उन्होंने बताया, "प्राथमिक रूप से देखा गया तो वहां एक स्विच बोर्ड भी मिला, संभवत: उसकी वजह से ब्लास्ट हुआ होगा. इस पूरी घटना में अब तक सात लोग घायल थे, जिसमें से दो लोगों की मौत हो चुकी है. पांच लोगों का इलाज चल रहा है."

    एसपी आरती सिंह ने बताया, "पूरी घटना की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं. फील्ड यूनिट मौके पर आ गई. इसमें आगे की कार्रवाई की जा रही है."

  6. रोहित शर्मा को वनडे की कप्तानी से हटाने पर अजीत अगरकर ने क्या कहा?

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने साफ़ कर दिया है कि रोहित शर्मा अब भारत के वनडे कप्तान नहीं रहेंगे.

    उनकी जगह अब शुभमन गिल को वनडे टीम की कप्तानी सौंपी गई है और श्रेयस अय्यर को उप कप्तान बनाया गया है.

    अजीत अगरकर ने कहा कि आगे की योजना के तहत यह ज़रूरी था कि नए कप्तान को पर्याप्त समय मिले ताकि वह ख़ुद को इस भूमिका में साबित कर सके.

    अजीत अगरकर का कहना है, "अगला वनडे वर्ल्ड कप अभी दो साल दूर है और उस वक़्त तक नए कप्तान को टीम के साथ समय बिताने और योजना बनाने का पूरा मौक़ा मिलेगा. इसलिए यह फैसला अभी लिया गया."

    "तीनों फ़ॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) के लिए अलग-अलग कप्तान रखना आसान नहीं होता. इससे टीम की योजना बनाना और तालमेल बैठाना मुश्किल हो जाता है. इसलिए अब जब रोहित टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं तो चयनकर्ताओं ने सोचा कि वनडे कप्तानी भी किसी युवा खिलाड़ी को दी जाए."

    अगरकर ने माना कि 'यह फै़सला लेना आसान नहीं था, ख़ासकर इसलिए क्योंकि रोहित ने भारत को 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फ़ाइनल तक पहुंचाया और इस साल चैंपियंस ट्रॉफ़ी भी जिताई.'

  7. अमित शाह ने कहा- अगले साल मार्च तक नक्सलवाद की विदाई तय है

    छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोगों से अपील की है कि वे युवाओं को हथियार डालने के लिए समझाएं.

    अमित शाह ने कहा है, “मैं सभी आदिवासी भाइयों और बहनों से कहना चाहता हूं कि आप अपने गांव के युवाओं को हथियार डालने के लिए समझाइए. वे हथियार डालकर मुख्यधारा में शामिल हों और बस्तर के विकास में सहभागी बनें.”

    गृह मंत्री ने कहा है, “कुछ लोग वार्ता करने की बात करते हैं. मैं फिर से एक बार स्पष्ट कर देता हूं, छत्तीसगढ़ और केंद्र की हमारी सरकार बस्तर और समस्त नक्सल क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित है. किस चीज़ के लिए वार्ता करनी है."

    अमित शाह ने कहा है, “हथियार लेकर बस्तर की शांति को छिन्न-विछिन्न करने का अगर आपने काम किया तो हमारी सशस्त्र फौजें, सीआरपीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस मिलकर इसका जवाब देंगे.”

    उन्होंने कहा है, "31-03-2026 यह तिथि तय है, नक्सलवाद को इस देश की भूमि से विदाई देने के लिए."

  8. 'नवरंग', 'झनक झनक पायल बाजे' फ़ेम अभिनेत्री संध्या शांताराम का 93 साल की उम्र में निधन, रवि जैन, बीबीसी हिन्दी के लिए

    नवरंग, झनक झनक पायल बाजे, दो आंखें बारह हाथ, पिंजरा (मराठी) जैसी चर्चित फ़िल्मों में काम कर चुकीं और हिन्दी और मराठी फ़िल्मों की मशहूर अभिनेत्री रहीं संध्या शांताराम का 93 साल की उम्र में निधन हो गया.

    उनका असली नाम विजया देशमुख था और उनका जन्म 20 सितंबर, 1932 को हुआ था.

    विजया उर्फ़ संध्या जाने-माने फ़िल्म निर्माता और निर्देशक दिवंगत वी. शांताराम की तीसरी पत्नी थीं. संध्या को फ़िल्मी दुनिया में ब्रेक देने का श्रेय भी वी. शांताराम को ही जाता है.

    बीबीसी हिन्दी से फ़ोन पर बात करते हुए उनके बेटे किरण शांताराम ने मां संध्या शांताराम की मौत की पुष्टी की. उन्होंने बताया, “मां का निधन कल शाम मुंबई में हमारे राजकमल स्टूडियोज़ में स्थित निवास में रात साढ़े 10 बजे के आसपास हुआ."

    किरण शांतराम ने कहा, "उम्र हो जाने के कारण मां पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थी. उन्हें थोड़े दिनों से बुखार भी था. काफ़ी उम्रदराज होने के कारण उनकी याद्दाश्त भी उनका ज़्यादा साथ नहीं दे रही थी. कल रात डिनर करते के बाद अचानक से उनकी तबीयत बिगड़ी और वो चल बसीं. आज सुबह उनका विविधत तरीके से उनका अंतिम संस्कार मुम्बई के शिवाजी पार्क स्थित श्मशान गृह में कर दिया गया."

    संध्या को मशहूर फ़िल्ममेकर वी. शांताराम ने अपनी मराठी फ़िल्म 'अमर भोपाली' (1951) में पहली बार कास्ट किया था. इसके बाद अभिनेत्री संध्या ने वी. शांताराम के निर्देशन में ''नवरंग', पिंजरा', (मराठी), 'झनक झनक पायल बाजे', 'दो आंखें बारह हाथ', 'तीन बत्त्ती चार रास्ता', 'जल बिन बिजली नृत्य बिन‌ बिजली' जैसी तमा‌म‌ हिंदी व मराठी फ़िल्मों में बतौर अभिनेत्री काम किया.

  9. सनेई तकाइची बन सकती हैं जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री

    जापान की सत्तारूढ़ कंज़रवेटिव पार्टी ने सनेई तकाइची को अपना नया नेता चुना है.

    अब 64 वर्षीय तकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बन सकती हैं.

    तकाइची इससे पहले सरकार में मंत्री, टीवी होस्ट रह चुकी हैं. वह एक हेवी मेटल ड्रमर भी हैं. तकाइची जापानी राजनीति की सबसे चर्चित हस्तियों में से एक हैं.

    अगर तकाइची प्रधानमंत्री बन जाती हैं तो पार्टी को एकजुट करना उनकी सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक होगा.

  10. ज़ुबिन गर्ग की मौत के मामले में उनकी पत्नी ने क्या कहा?

    असम के लोकप्रिय सिंगर ज़ुबिन गर्ग की मौत के मामले में उनकी पत्नी गरिमा सैकिया ने कहा है कि उन्हें क़ानून पर भरोसा है और उन्हें न्याय मिलेगा.

    मीडिया से बात करते हुए गरिमा सैकिया ने कहा है, “सरकार और क़ानून व्यवस्था ने जो भी तय किया है वह सही दिशा में है. क्योंकि यह ज़ुबिन का मामला है, वह कोई साधारण व्यक्ति नहीं थे.”

    उन्होंने कहा, “मुझे क़ानून पर पूरा भरोसा है. ज़ुबिन को न्याय दिलाने के लिए जो भी ज़रूरी होगा वो करेंगे.”

    गरिमा ने कहा है, “अगर किसी ने कुछ गलत किया है और वह दोषी पाया जाता है तो उसे कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए.”

  11. मणिपुर पुलिस ने कहा- तीन दिनों में सुरक्षाबलों ने 15 चरमपंथियों को गिरफ़्तार किया, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    मणिपुर पुलिस ने बताया है कि राज्य के कई ज़िलों में अभियान चला रहे सुरक्षाबलों ने बीते तीन दिनों में करीब 15 चरमपंथियों को गिरफ़्तार किया है.

    पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए चरमपंथियों में चिन कुकी मिजो आर्मी (सीकेएमए) संगठन का एक स्वयंभू 'कमांडर-इन-चीफ़' भी शामिल है.

    मणिपुर पुलिस ने बताया, "सुरक्षाबलों ने सीकेएमए के स्वयंभू कमांडर-इन-चीफ पाओखोलेन गुइटे को चुराचांदपुर ज़िले से गिरफ्तार किया है."

    एसओओ (सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन) एक समझौता है जो केंद्र सरकार और 25 समूहों वाले कुकी चरमपंथी संगठनों के बीच किया गया था.

    सुरक्षाबलों ने इस चरमपंथी के पास से दो एके 47 राइफलें, दो एके 47 मैगज़ीन समेत भारी संख्या में गोलियां और एक लाख से ज्यादा नकदी बरामद की है.

    मणिपुर में चलाए जा रहे सैन्य अभियान से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि पिछले महीने से राज्य में सक्रिय चरमपंथियों के ख़िलाफ़ सख्त अभियान चलाया जा रहा है.

    पिछले तीन दिनों में गिरफ्तार किए गए ये चरमपंथी तीन प्रतिबंधित सशस्त्र समूहों से जुड़े हुए बताए गए हैं. इनमें सीकेएमए अर्थात चिन कुकी मिजो आर्मी, यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) और मुख्य रूप से मैतेई पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) शामिल है.

    इससे पहले 1 अक्तूबर को चुराचांदपुर ज़िले में सीकेएमए के चार कैडरों को पकड़ा गया था. एक अन्य अभियान में सुरक्षाबलों ने गुरुवार को इम्फाल पश्चिम ज़िले से पीएलए के दो कैडरों को पकड़ा था.

  12. ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का एलान, वनडे में गिल तो टी-20 में ये बने कप्तान

    ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय वनडे और टी20 क्रिकेट टीम का एलान कर दिया गया है.

    अक्तूबर महीने से शुरू हो रहे इस दौरे पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सिरीज़ खेली जाएगी.

    भारत की वनडे क्रिकेट टीम

    शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल.

    भारत की टी20 क्रिकेट टीम

    सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उप- कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर.

  13. अरब सागर में उठा चक्रवात 'शक्ति', गुजरात में हो सकती है भारी बारिश

    अरब सागर में चक्रवात 'शक्ति' बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक़, अगर यह तूफ़ान अपना रुख़ मोड़ता है तो यह गुजरात की ओर बढ़ सकता है. जिससे राज्य में भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है.

    मौसम विभाग की ताज़ा जानकारी के मुताबिक़, शुक्रवार (4 अक्तूबर) सुबह 08:30 बजे यह चक्रवात गुजरात के द्वारका से लगभग 470 किलोमीटर पश्चिम, जबकि नलिया से 470 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में मौजूद था.

    मौसम विभाग के मुताबिक़, यह सिस्टम पिछले छह घंटे में 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है.

    पिछले 24 घंटों में गुजरात में करीब 124 जगहों पर हल्की से भारी बारिश हुई है. सौराष्ट्र और कच्छ में मानसून सक्रिय रहा. जूनागढ़ और सुरेंद्रनगर ज़िलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई है.

  14. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सौरभ कुमार यादव आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट में पारी और 140 रन से जीता भारत, सिरीज़ में 1-0 से बढ़त

    वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ दो मैचों की टेस्ट सिरीज़ का पहला मैच भारत ने जीत लिया है. अहमदाबाद टेस्ट में भारत को पारी और 140 रनों से जीत मिली है.

    इसी के साथ भारत सिरीज़ में 1-0 से आगे हो गया है. सिरीज़ का दूसरा टेस्ट मैच दिल्ली में 10 अक्तूबर से खेला जाएगा.

    वेस्ट इंडीज़ की दूसरी पारी 146 रनों पर सिमट गई.

    भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने चार, मोहम्मद सिराज ने तीन, कुलदीप यादव ने दो और वाशिंगटन सुंदर ने एक विकेट झटके.

    वेस्ट इंडीज़ की ओर से दूसरी पारी में एलिक अथानज़ ने सबसे ज़्यादा 38 रन बनाए. वहीं जस्टिन ग्रीव्स ने 25 रनों की पारी खेली.

    वेस्ट इंडीज़ ने पहली पारी में 162 बन बनाए थे, जिसके जवाब में भारत ने पांच विकेट पर 448 रन बनाए. तीसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले भारत ने पारी घोषित की. उस वक्त भारत के पास 286 रनों की बढ़त थी.

    भारत की ओर से पहली पारी में केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा ने शतकीय पारी खेली. वहीं कप्तान शुभमन गिल ने 50 रन बनाए.

  16. ग़ज़ा की शांति योजना पर हमास की प्रतिक्रिया के बाद दुनियाभर के नेताओं ने क्या कहा

    दुनियाभर के नेताओं ने ग़ज़ा में शांति के लिए अमेरिकी योजना पर हमास की प्रतिक्रिया का स्वागत किया है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "ग़ज़ा में शांति की दिशा में निर्णायक प्रगति के लिए हम राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व का स्वागत करते हैं. बंधकों की रिहाई का संकेत एक महत्वपूर्ण क़दम है."

    उन्होंने कहा, "स्थायी और न्यायपूर्ण शांति की दिशा में सभी प्रयासों का भारत दृढ़ता से समर्थन करता रहेगा."

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा, "मैं सभी पक्षों से अपील करता हूं कि ग़ज़ा में चल रहे इस भयंकर संघर्ष को ख़त्म करने के अवसर का फ़ायदा लें."

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने कहा, "हमास की ओर से शांति योजना के कुछ हिस्सों को स्वीकार करने से ज़रूरतमंदों तक मानवीय सहायता पहुंचाई जा सकेगी."

    उन्होंने कहा, "हम सभी पक्षों से बिना किसी देरी के समझौते को लागू करने की अपील करते हैं."

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा, "सभी बंधकों की रिहाई और ग़ज़ा में युद्धविराम अब क़रीब है. बिना किसी देरी के हमास को अपने वादे को पूरा करना चाहिए."

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने कहा, "ग़ज़ा में युद्धविराम के लिए योजना पर हमास की प्रतिक्रिया स्थायी शांति की दिशा में एक रचनात्मक और महत्वपूर्ण क़दम है."

    जर्मनी के चांसलर फ़्रिड्रिख़ मर्त्ज़ ने कहा, "बंधकों की रिहाई और ग़ज़ा में शांति अब क़रीब है... लगभग दो साल बाद, यह शांति के लिए सबसे अच्छा मौक़ा है."

    इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने कहा, "अब सभी की प्राथमिकता युद्धविराम होनी चाहिए, जिससे सभी बंधकों की तुरंत रिहाई हो सके. इटली हमेशा अपना योगदान देने के लिए तैयार है."

    कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा, "हम सभी पक्षों को प्रोत्साहित करते हैं कि वे तुरंत काम शुरू करें और अपनी प्रतिबद्धताओं को वास्तविकता में बदलें."

    संबंधित कहानियां:

  17. पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पर भारत के बयान के बाद पाकिस्तान ने दी प्रतिक्रिया

    भारत की ओर से पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर (पीएके) को लेकर दिए गए बयान पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया आई है.

    पाकिस्तान ने कहा है कि पीएके के लोगों के पास व्यक्तिगत अधिकार हैं और वे अपने लोकतांत्रिक भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सक्रिय हैं.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, शुक्रवार को एक बयान में पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "पाकिस्तान कश्मीरी लोगों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. इनमें शांतिपूर्ण विरोध, अभिव्यक्ति और आर्थिक विकास के अधिकार भी शामिल हैं."

    पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में हिंसा और विरोध प्रदर्शन जारी हैं. पीएके के चम्याती इलाक़े में हुई झड़पों के दौरान तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और लगभग 150 पुलिसकर्मी घायल हैं.

    इस पर शुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमने 'पाकिस्तान के क़ब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर' के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शनों की खबरें देखी हैं, जिनमें पाकिस्तानी बलों द्वारा निर्दोष नागरिकों पर किए गए अत्याचार भी शामिल हैं."

    "हमारा मानना ​​है कि यह पाकिस्तान के दमनकारी रवैये और इन क्षेत्रों से संसाधनों की लूट का स्वाभाविक नतीजा है. इन क्षेत्रों पर उसका जबरन और अवैध क़ब्ज़ा अभी भी बना हुआ है. पाकिस्तान को अपने भयानक मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए."

    पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के प्रधानमंत्री अनवारुल हक़ ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विरोध प्रदर्शनों के दौरान तीन पुलिसकर्मियों की मौत की पुष्टि की.

    हालांकि, विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व करने वाली समिति ने नौ लोगों की मौत का दावा किया है.

    संबंधित कहानियां:

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत-वेस्ट इंडीज़ टेस्ट: जडेजा ने गेंद से भी किया कमाल, भारत जीत के क़रीब

    वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच में भारत को जीत के लिए पांच विकेट की ज़रूरत है. तीसरे दिन दूसरी पारी में वेस्ट इंडीज़ ने लंच तक अपने पांच विकेट गंवा दिए हैं.

    ख़बर लिखे जाने तक वेस्ट इंडीज़ का स्कोर पांच विकेट के नुक़सान पर 66 रन है. मेहमान टीम अभी भी 220 रन से पीछे है.

    बल्ले के साथ कमाल करने के बाद रवींद्र जडेजा ने गेंदबाज़ी में भी दम दिखाया है.

    दूसरी पारी में अब तक उन्होंने तीन विकेट झटके हैं. वहीं मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिले हैं.

    शनिवार की सुबह तीसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले भारत ने पहली पारी में पांच विकेट के नुक़सान पर 448 रन बनाकर पारी घोषित की थी. इसके साथ ही भारत को 286 रन की बढ़त मिली थी.

    भारत की ओर से केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा ने शतकीय पारी खेली. वेस्ट इंडीज़ की पहली पारी 162 रन पर सिमट गई थी.

  19. यूपी विधानसभा में विपक्ष के नेता बोले- 'मुझे बरेली जाने से रोका जा रहा'

    उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता माता प्रसाद पांडे ने कहा है कि उन्हें बरेली जाने से रोका जा रहा है. उन्होंने कहा कि इसके लिए पहले पुलिस की ओर से उन्हें एक पत्र मिला और बाद में बरेली डीएम की भी चिट्ठी मिली.

    शनिवार सुबह माता प्रसाद पांडे के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद दिखा.

    माता प्रसाद पांडे ने एक पत्र दिखाते हुए कहा, "यह थानाध्यक्ष का पत्र है. दरोगा ने कहा आपको रोका जाएगा, आपको नहीं जाने दिया जाएगा, आप घर में ही रहिए, आपकी निगरानी की जाएगी."

    उन्होंने कहा, "बरेली के डीएम की भी चिट्ठी आई. उन्होंने कहा कि आपके आने से माहौल बिगड़ेगा, आप यहां न आइए."

    माता प्रसाद पांडे ने कहा कि प्रशासन अपनी कमियों को छिपाने के लिए समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को बरेली जाने से रोक रहा है.

    उन्होंने कहा, "इन्होंने वहां जो ज़्यादती की होगी, जो ग़ैर-क़ानूनी काम किए होंगे, अवैध तरीक़े से जो गिरफ़्तारियां की होंगी, उसके बारे में हमें जानकारी मिल जाएगी. इसलिए हमें नहीं जाने दे रहे हैं."

    इससे पहले भी उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन की ओर से कई बार विपक्षी नेताओं को रोका गया है. संभल में हिंसा के बाद समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को नहीं जाने दिया गया था.

    उस समय लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी संभल जाने से रोका गया था.

    संबंधित कहानियां:

  20. ग़ज़ा की शांति योजना पर हमास की प्रतिक्रिया के बाद क़तर ने ये कहा

    क़तर ने ग़ज़ा में अमेरिका की शांति योजना पर हमास की प्रतिक्रिया का स्वागत किया है. साथ ही क़तर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीज़फ़ायर और बंधकों की रिहाई से जुड़े बयानों का भी समर्थन किया है.

    क़तर ने बयान जारी कर कहा, "हम राष्ट्रपति के उन बयानों का भी समर्थन करते हैं, जिनमें उन्होंने बंधकों की सुरक्षित और शीघ्र रिहाई के लिए तत्काल सीज़फ़ायर का आह्वान किया है."

    साथ ही क़तर ने यह भी कहा है कि उसने सीज़फ़ायर लागू करने लिए बातचीत फिर से शुरू करने के लिए मध्यस्थ देश मिस्र और अमेरिका के साथ मिलकर काम करना शुरू कर दिया है.

    हमास ने भी ट्रंप के बयान पर सहमति जताई है. बीबीसी से बातचीत में हमास के प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का बयान "प्रोत्साहित करने वाला" है.

    प्रवक्ता ने कहा कि हमास "क़ैदियों की अदला-बदली, जंग को ख़त्म करने और क़ब्जे़ वाले इलाक़े की वापसी सुनिश्चित करने के लिए तुरंत बातचीत शुरू करने के लिए तैयार है."

    संबंधित कहानियां: