अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता प्रेरणा को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है. दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर मुंबई के विले पार्ले स्थित श्मशान भूमि पर उनका अंतिम संस्कार किया गया.
इफ़्तेख़ार अली, प्रेरणा
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता प्रेरणा को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के साथ कई फ़िल्मों में बतौर निर्देशक काम कर चुके मशहूर फ़िल्मकार और गीतकार जावेद अख़्तर ने बीबीसी से बात करते हुए उन्हें याद किया है.
वह कहते हैं, ''जब मैं महज़ असिस्टेंट डायरेक्टर था और धर्मेंद्र जी बड़े स्टार बन चुके थे, तब भी वह मुझसे बहुत ही शराफ़त, विनम्रता और नेकी के साथ पेश आया करते थे. वक़्त बदला, हमने उनके लिए फ़िल्में भी लिखीं जैसे सीता और गीता, यादों की बारात, शोले... बहुत फ़िल्में थीं. उनसे बहुत मोहब्बत वाला रिश्ता रहा.''
जावेद अख़्तर ने बीबीसी के सहयोगी रवि जैन से कहा हैं कि इतनी कामयाबी के बावजूद धर्मेंद्र में एक अलग तरह की विनम्रता थी.
वह याद करते हैं, ''विनम्रता के साथ ही उनमें तेवर भी था, उनसे कोई बदतमीज़ी नहीं कर सकता था. ये दोनों ही ख़ूबी थी उनमें.''
जावेद अख़्तर कहते हैं कि कलाकार के रूप में धर्मेंद्र किसी भी किरदार को जीवंत कर देते थे.
भारतीय वायु सेना का फाइटर जेट तेजस बीते शुक्रवार को दुबई में एयर शो के दौरान क्रैश हो गया था.
अब इसकी निर्माता कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड यानी एचएएल ने घटना पर आधिकारिक बयान जारी किया है.
कंपनी ने अपने बयान में कहा है कि दुबई के एयर शो में हवाई प्रदर्शन के दौरान हुई हालिया घटना असाधारण परिस्थितियों के कारण घटित हुई अकेली घटना है.
कंपनी ने बिज़नेस ऑपरेशन्स पर पड़ने वाले असर को लेकर भी सफ़ाई दी है.
कंपनी ने कहा, ''हम आश्वस्त करना चाहते हैं कि कंपनी के बिज़नेस ऑपरेशन्स, वित्तीय परफ़ॉर्मेंस और भविष्य के व्यवधानों पर कोई असर नहीं होगा. कंपनी जांच करने वाली एजेंसियों को अपना पूरा समर्थन दे रही है. कंपनी इस पूरे विषय पर आगे भी जानकारियां देती रहेगी.''
इसी साल सितंबर महीने में भारतीय रक्षा मंत्रालय ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के साथ 97 तेजस विमान ख़रीदने का सौदा किया था. इनकी आपूर्ति 2027 में शुरू होने की उम्मीद है.
इससे पहले साल 2021 में भारत सरकार ने एचएएल के साथ 83 तेजस एयरक्राफ़्ट की डील साइन की थी. इसकी डिलीवरी साल 2024 में ही होनी थी लेकिन अमेरिका से आयात किए जाने वाले इंजनों की कमी के कारण इसमें देरी हुई.
भारत की महिला कबड्डी टीम ने ढाका में खेले गए वीमेंस कबड्डी वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में चीनी ताइपे को हराकर ख़िताब जीत लिया है.
भारतीय महिला टीम ने 35-28 से चीनी ताइपे को हराया. इसी के साथ ही भारतीय टीम ने लगातार दूसरे बार ख़िताब अपने नाम किया है.
भारत ने इस टूर्नामेंट में अपने सभी ग्रुप मैच जीतकर सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई थी जहां उसने ईरान को 33-21 से हराया.
भारतीय महिला टीम की इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने बधाई दी है. उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, “कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 जीतकर देश को गौरवान्वित करने के लिए हमारी भारतीय महिला कबड्डी टीम को बधाई.”
“उन्होंने बहुत अच्छे धैर्य, हुनर और लगन को दिखाया. उनकी जीत अनगिनत युवाओं को कबड्डी में आगे बढ़ने, बड़े सपने देखने और ऊंचा लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित करेगी.”
अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री अलहाज नूरुद्दीन अज़ीज़ी भारत दौरे पर हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने ये दावा किया है कि भारत की निजी कंपनियां अफ़ग़ानिस्तान में निवेश करने की इच्छुक हैं.
वह कहते हैं, ''हमारी यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण हासिल यह है कि दोनों देशों के निजी क्षेत्र और आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल, चाहे हमारी ओर से हों या भारत से, एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं. यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है."
"अगर हम किसी और से बात कर रहे होते, तो यह अलग बात होती, वो ऐसा करने को तैयार होते या नहीं, लेकिन यहां का निजी क्षेत्र अफ़ग़ानिस्तान में निवेश करने के लिए दिल से इच्छुक है.''
''उन्होंने पहले भी अफ़ग़ानिस्तान के साथ काम किया है, और आजकल अफ़ग़ानिस्तान में काम करने, अच्छी कमाई करने और अपनी कंपनी स्थापित करने के कई अवसर हैं. अफ़ग़ानिस्तान में शांति आई है, स्थिरता आई है, और अफ़ग़ानिस्तान के सभी कागज़ी काम और मुद्दे सुलझ गए हैं. अफ़ग़ानिस्तान निवेश के लिए एक बेहतरीन जगह है. हम इसे निवेश के लिए जन्नत मानते हैं."
नेपाल को हराकर वीमेंस टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट फ़ॉर ब्लाइंड 2025 का ख़िताब अपने नाम करने के बाद भारतीय टीम की कप्तान दीपिका टीसी वर्ल्ड कप की ट्रॉफ़ी और अपनी पूरी टीम के साथ बेंगलुरू एयरपोर्ट पहुंचीं.
एयरपोर्ट पर समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कि उनकी टीम का जिस तरह से स्वागत हुआ, वह उन्हें बहुत अच्छा लगा.
वह कहती हैं, ''हमारी पूरी टीम पहले से ही सोच रही थी कि हमारा स्वागत कैसे होगा. पूरी रात हमें नींद नहीं आई. सपने में हम यही सोचते रहे कि एयरपोर्ट पर हमारा स्वागत किस तरह से किया जाएगा. पूरे देश में हमें बहुत इज़्ज़त मिल रही है. प्रधानमंत्री मोदी ने हमें बधाई दी, बहुत अच्छा लगा. लेकिन हमारी टीम ने बहुत संघर्ष किया.''
यह कहते हुए वह भावुक हो जाती हैं कि उनकी टीम ने जितना संघर्ष किया, उन्हें उसका फल मिल गया.
वह कहती हैं, "हाल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप जीता तो उन्हें बहुत सहयोग मिला. हमें भी सहयोग मिले. एक नौकरी दी जाए क्योंकि सभी 16 खिलाड़ी ग़रीब परिवार से आते हैं.''
इससे पहले ब्लाइंड वीमेंस टी20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण जीतने पर भारतीय टीम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी थी.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "यह और भी सराहनीय है कि टीम पूरी सिरीज़ में अपराजित रही. यह सचमुच एक ऐतिहासिक खेल उपलब्धि है, जो मेहनत, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प का शानदार उदाहरण है."
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक बार फिर पहलगाम में हुए हमले और इस हमले के बाद भारतीय सेना की तरफ़ से की गई कार्रवाई का ज़िक्र किया है.
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित दसवीं इंटरनेशनल गीता कॉन्फ्रेंस 2025 में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि ''जो लोग हमारी सहिष्णुता को हमारी कमज़ोरी समझ बैठे थे, उन्हें ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने ऐसा जवाब दिया, जिसे वो आजतक नहीं भूल पाए हैं .''
रक्षा मंत्री ने कहा, ''ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमने भगवान कृष्ण के संदेश का ही पालन किया. इस ऑपरेशन ने विश्व को संदेश दिया कि भारत आतंकवाद के विरुद्ध न तो मौन रहेगा और न ही कमज़ोर पड़ेगा.''
पहलगाम हमले को किया याद
इसी साल अप्रैल महीने में हुए पहलगाम हमले को याद करते हुए राजनाथ सिंह कहते हैं, ''पहलगाम का वह वीभत्स क्षण आज भी राष्ट्रीय स्मृति को विचलित करता है. पहलगाम में जब पर्यटन के लिए लोग गए तो उन्हें धर्म पूछकर मारा गया था. उन आतंकवादियों ने कितना क्रूर और अमानवीय संदेश दिया था.''
''मैं मानता हूं कि वह घटना न केवल भारत की शांति प्रियता को चुनौती देता है, बल्कि आतंकवादी और उनके समर्थकों ने हमारी शालीनता को हमारी कमज़ोरी समझ ली थी. लेकिन वह भूल गए कि भारत गीता का देश है, जहां करुणा भी है और युद्ध भूमि में धर्म की रक्षा की प्रेरणा भी है.''
उत्तराखंड के टिहरी जनपद के नरेन्द्रनगर क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले कुंजापुरी–हिंडोलाखाल के नज़दीक एक बस के खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए.
बस यात्री गुजरात और अन्य राज्यों से उत्तराखण्ड आए थे.
ज़िला नियंत्रण कक्ष टिहरी से मिली सूचना के अनुसार बस लगभग 70 मीटर गहरी खाई में गिरी है.
एसडीआरएफ़ के मुताबिक़ सभी घायलों को एसडीआरएफ़ की टीमों ने सुरक्षित निकालकर नज़दीकी अस्पताल पहुंचा दिया है. रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन जारी है.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर पोस्ट किया है.
धामी ने लिखा, ''टिहरी के नरेंद्रनगर कुंजापुरी मंदिर के समीप हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद है, ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.''
टिहरी ज़िला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया, "बाहर से आए यह यात्री दो बसों में सवार होकर यहां पहु़ंचे थे. इनकी संख्या लगभग 29 थी. यह लोग भारत दर्शन पर थे और यहां से कुंजापुरी माता मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे.”
जो बस दुर्घटनाग्रस्त हुई, उसके बारे में बताते हुए बृजेश भट्ट कहते हैं, ''दुर्घटनाग्रस्त बस में 18 लोग मौजूद थे. जिनमे से 5 लोगों की मौत हुई है और 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.”
"नरेंद्रनगर अस्पताल में कुल 13 घायल भर्ती कराए गए, जिसमें से 5 घायलों को एम्स अस्पताल ऋषिकेश रेफर किया गया है.”
मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद मुंबई के विले पार्ले स्थित श्मशान भूमि पर सोमवार को दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया.
इस दौरान उनके क़रीबियों की मौजूदगी रही.
89 साल के जाने-माने अभिनेता धर्मेंद्र के देहांत की ख़बर जैसे ही फैली थी, विले पार्ले स्थित श्मशान भूमि के बाहर मीडिया और अभिनेता के प्रशंसकों का जमावड़ा देखा गया.
धर्मेंद्र की एक झलक पाने के लिए सैकड़ों की तादाद में जुटे लोगों को मुंबई पुलिस के जवान नियंत्रित करते नज़र आए. श्मशान भूमि के बाहर वाहनों की आवाजाही को सुचारू रूप से स्थापित करने में भी पुलिस वालों को काफ़ी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था.
उधर धर्मेंद्र को अंतिम विदाई देने के लिए फ़िल्म इंडस्ट्री के तमाम बड़े सितारे शवदाह गृह पहुंचे थे.
क़रीबियों की मौजूदगी में दी गई मुखाग्नि
बीबीसी न्यूज़ हिंदी को मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर 1.20 बजे धर्मेंद्र को सनी देओल, बॉबी देओल, एशा देओल, पत्नी हेमा मालिनी और तमाम करीबियों की मौजूदगी में मुखाग्नि दी गई.
अंतिम संस्कार के बाद हेमा मालिनी और एशा देओल एक ही कार से बाहर निकलीं.
इस दौरान हेमा मालिनी कार के अंदर से हाथ जोड़ती नज़र आईं.
धर्मेंद्र को अंतिम विदाई देने वालों में अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, शाहरुख़ ख़ान, रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, गोविंदा, आमिर ख़ान, लेखक सलीम ख़ान, संजय दत्त, अनिल कपूर, निर्देशक रमेश सिप्पी, गायक मीका सिंह जैसी तमाम बड़ी शख़्सियतें शामिल थीं.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने धर्मेंद्र के निधन की ख़बर को अत्यंत दुखद बताया है.
एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा है, ''महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा. धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं.''
निधन की ख़बर से स्तब्ध हूं- देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने धर्मेंद्र के निधन को भारतीय कला क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया है.
उन्होंने एक्स पर किए पोस्ट में लिखा है, "'शोले', 'धरम वीर', 'चुपके-चुपके', 'मेरा गांव मेरा देश', 'प्रतिज्ञा', 'सीता और गीता', 'ग़ुलामी', 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपने अभिनय से उन्होंने दर्शकों के दिलों पर सालों तक राज किया. एक ही वर्ष में 9 हिट फ़िल्में देने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज है. इन फिल्मों में उनके संवाद आज भी हमारे ज़ेहन में हैं और हमेशा रहेंगे.''
ममता बनर्जी ने ऐसे याद किया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी धर्मेंद्र के देहांत पर गहरा दुख जताया है.
उन्होंने लिखा है, ''भारतीय सिनेमा में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा.''
''उनके परिवार प्रशंसकों और अनुयायियों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है. हेमा मालिनी जी, उनके बेटे और बेटियां अब उनकी समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाएंगे.''
नीतीश कुमार ने जारी किया बयान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए धर्मेंद्र के निधन को दुखद बताया है.
उन्होंने अपने बयान में लिखा, ''यह कला एवं फ़िल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि.''
कॉमेडियन कपिल शर्मा ने धर्मेंद्र के निधन पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है.
उन्होंने लिखा, ''ऐसा लग रहा है जैसे दूसरी बार पिता को खो दिया है. आपने जो प्यार और आशीर्वाद दिया वह हमेशा मेरे दिल में और यादों में रहेगा.''
वहीं अभिनेता संजय दत्त ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है, ''कुछ लोग केवल आपके जीवन का हिस्सा नहीं होते, वह आपके दिल में रहते हैं. धरम जी उन लोगों में से थे. ये एक ऐसा ख़ालीपन है जो बयां नहीं किया जा सकता.''
अक्षय कुमार ने भी धर्मेंद्र के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखा है, ''धर्मेंद्र जी वह हीरो थे, जिनके जैसा हर युवा बनना चाहता था. हमारी इंडस्ट्री के असली ही-मैन. कई पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए शुक्रिया.''
मुंबई के विले पार्ले स्थित श्मशान भूमि में धर्मेंद्र को अंतिम विदाई देने वालों में अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, आमिर ख़ान, लेखक सलीम ख़ान, संजय दत्त, अक्षय कुमार, अनिल कपूर, निर्देशक रमेश सिप्पी, गायक मीका सिंह जैसी तमाम बड़ी शख़्सियतें शामिल थीं.
धर्मेंद्र के साथ कई फ़िल्मों में बतौर अभिनेत्री काम कर चुकीं सायरा बानो ने उनकी मृत्यु की ख़बर के बाद बीबीसी हिन्दी न्यूज़ से बात की है.
सायरा बानो ने इस बातचीत में धर्मेंद्र को एक बेहतरीन इंसान बताते हुए याद किया.
वह कहती हैं, ''पूरी फ़िल्म इंडस्ट्री, पूरी दुनिया में सबसे बेहतरीन शख़्स थे. दिलीप साहब और हमारा पूरा परिवार उन्हें बहुत प्यार करता था. हमारे घर के दरवाज़े उनके लिए रात एक-दो बजे तक खुले रहते थे. मुझे याद है कि वो कितनी बार आधी रात को केवल दिलीप जी को देखने के लिए घर आया करते थे. मेरा उनके साथ काम करने का अनुभव भी बहुत शानदार रहा था.''
दिलीप कुमार के कारण ही फ़िल्मों में आए
सायरा बानो ने आगे बातचीत में बताया कि धर्मेंद्र अक्सर उनसे कहा करते थे कि उन्होंने दिलीप कुमार के कारण ही फ़िल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था.
वह कहते हीं, ''वह उनसे बेतहाशा मोहब्बत करते थे, उन्हें बहुत सम्मान देते थे.''
धर्मेंद्र की ख़ूबसूरती के कायल
अभिनेत्री सायरा बानो कहती हैं, ''दिलीप जी धर्मेंद्र जी को देखकर कहा करते थे कि ईश्वर ने उन्हें धर्मेंद्र जितना ख़ूबसूरत क्यों नहीं बनाया.''
गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने पहली पारी में भारत को 201 रनों पर ऑलआउट कर दिया है.
दक्षिण अफ़्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए थे और उसे 288 रनों की बढ़त हासिल है.
पहली पारी में भारत की ओर से सबसे अधिक 58 रन यशस्वी जायसवाल ने बनाए. इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर ने 48 रन बनाए.
दक्षिण अफ़्रीका की ओर से सबसे अधिक 6 विकेट मार्को येनसेन ने लिए. वहीं सिमोन हार्मर ने 3 और केशव महाराज ने एक विकेट लिया.
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है. धर्मेंद्र के निधन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय सिनेमा के युग का अंत बताया है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है, ''वरिष्ठ अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है. सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर में कई यादगार परफॉर्मेंस दीं.''
वहीं समाचार एजेंसी एएनआई ने फ़िल्म निर्माता और प्रोड्यूसर करण जौहर के एक सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला देते हुए धर्मेंद्र की मृत्यु की पुष्टि की है.
सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर किए एक पोस्ट में करण जौहर लिखते हैं, ''यह एक युग का अंत है. एक दिग्गज मेगा स्टार, मेनस्ट्रीम सिनेमा के नायक, अविश्वसनीय रूप से सुंदर और स्क्रीन पर सबसे आकर्षक उपस्थिति. वह भारतीय सिनेमा के एक वास्तविक लीजेंड हैं और हमेशा रहेंगे.हमारी इंडस्ट्री में हर कोई उन्हें बहुत प्यार करता था. हमारी इंडस्ट्री में आज एक गहरा खालीपन हो गया. एक ऐसा खालीपन जिसे कोई नहीं भरा सकता.''
अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक इस लाइव पेज के ज़रिए ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता प्रेरणा रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुचाएंगी.
आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर छपी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र के परिजन सोमवार को मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट पहुंचे.
फ़िल्म फ़ेयर के अनुसार, हेमा मालिनी और उनकी बेटी ईशा देओल श्मशान घाट पहुंच गई हैं. अभिनेता अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन भी मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट पहुंचे हैं.
उनके अलावा अभिनेता आमिर ख़ान, अक्षय कुमार, सलमान ख़ान, संजय दत्त, फ़िल्म प्रोड्यूसर सिद्धार्थ रॉय कपूर भी पहुंचे हैं. हालांकि परिवार की ओर से आधिकारिक बयान का इंतज़ार है.
धर्मेंद्र काफ़ी दिनों से बीमार चल रहे हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर यानी मंगलवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर का दौरा करेंगे.
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान जारी कर उनके इस दौरे से जुड़ी जानकारी दी है.
जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी सुबह 10 बजे सप्तमंदिर जाएंगे जहां महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वमित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मिकी समेत कई मंदिर हैं. इसके बाद पीएम शेषअवतार मंदिर जाएंगे और सुबह 11 बजे के आसपात वह माता अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन करेंगे.
पिछले साल जनवरी में अयोध्या के नए बने राम मंदिर में भगवान राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम पूरा हुआ था.
ब्लाइंड वीमेंस टी20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण जीतने पर भारतीय टीम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है.
भारतीय टीम ने रविवार को नेपाल को हराकर वीमेंस टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट फ़ॉर ब्लाइंड 2025 का ख़िताब अपने नाम किया.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "यह और भी सराहनीय है कि टीम पूरी सिरीज़ में अपराजित रही. यह सचमुच एक ऐतिहासिक खेल उपलब्धि है, जो मेहनत, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प का शानदार उदाहरण."
वहीं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने भी भारतीय टीम को बधाई दी है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "पहली बार आयोजित ब्लाइंड विमेंस टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर टीम को बधाई. यह उपलब्धि 'क्षमता' की सीमाओं को नए सिरे से परिभाषित करती है. भारत और दुनिया भर के विकलांग खिलाड़ियों को प्रेरित करती है."
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच गुवाहाटी में खेले जा रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम की शुरुआत ख़राब रही.
दक्षिण अफ़्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए. वहीं भारत ने अपनी पहली पारी में 100 रन पार करते ही सात विकेट गंवा दिए.
दक्षिण अफ़्रीका की ओर से सेनुरन मुथुसामी ने सबसे अधिक 109 रन बनाए, जबकि मार्को येनसन 93 रन बनाकर आउट हुए.
गेंदबाज़ी में भारत के कुलदीप यादव ने सबसे ज़्यादा 4 विकेट हासिल किए.
दक्षिण अफ़्रीका की पहली पारी के बाद बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम की ओर से यशस्वी जायसवाल के अलावा कोई भी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया. जायसवाल ने 58 रनों की पारी खेली.
कप्तान शुभमन गिल के घायल होने की वजह से इस मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत कप्तानी कर रहे हैं.