You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बैंकॉक के एक होटल से छह लोगों के शव बरामद, क्या है मामला

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक आलीशन होटल के कमरे में वियतनामी मूल के कम से कम छह लोग मृत पाए गए हैं.

सारांश

  • जम्मू-कश्मीर के डोडा में चरमपंथियों के साथ मुठभेड़ में एक कैप्टन समेत चार जवानों की मौत.
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- हमारे सैनिक आतंकवाद के अभिशाप को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
  • विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और बिहार में मंत्री रहे मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की दरभंगा के बिरौल बाज़ार स्थित उनके घर में हत्या कर दी गई.
  • ट्रंप ने किया ऐलान, जेडी वेंस होंगे रिपब्लिकन पार्टी की ओर से उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार.
  • इसराइल ने ग़ज़ा में एक और स्कूल पर किया हमला, 22 फ़लस्तीनियों की मौत.
  • डॉ. आरज़ू राणा देऊबा नेपाल की विदेश मंत्री बनीं, भारत के साथ सीमा विवाद सुलझाने पर दिया बयान.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, अभिषेक पोद्दार

  1. जम्मू-कश्मीर: डोडा एनकाउंटर को लेकर रक्षा मंत्री ने थलसेना प्रमुख से की बात, एलजी ने मारे गए जवानों को दी श्रद्धांजलि

    जम्मू-कश्मीर के डोडा में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने थलसेना प्रमुख से बात की है.

    वहीं जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा के कार्यालय ने ट्वीट करके इस मुठभेड़ में मारे गए जवानों को श्रद्धांजलि दी है.

    रक्षा मंत्री के कार्यालय ने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर इस बात की जानकारी साझा की है.

    इस पोस्ट में कार्यालय ने लिखा है, “रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी से आज सुबह बात की. सेना प्रमुख ने रक्षा मंत्री को डोडा में ज़मीनी हालात और वहां चल रहे आतंकवाद रोधी अभियान के बारे में बताया है.”

    जम्मू-कश्मीर केउप-राज्यपाल कार्यालय ने एक्स पर लिखा, “डोडा ज़िले में सेना के जवानों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के कर्मियों पर कायराना हमले के बारे में जानकर मैं बेहद दुखी हूं. हमारे राष्ट्र की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर जवानों को श्रद्धांजलि. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.”

    इसके उप-राज्यपाल कार्यालय ने लिखा है, “हम अपने सैनिकों की शहादत का बदला लेंगे और आतंकवादियों और उनके सहयोगियों के नापाक इरादों को नाकाम करेंगे. मैं लोगों से आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में एकजुट होने की अपील करता हूं. साथ ही हमें सटीक जानकारी देने का आह्वान करता हूं ताकि हम आतंकवाद विरोधी अभियान को तेज़ और आतंकी तंत्र को बेअसर कर सकें.”

    डोडा ज़िले के डेसा जंगलों में सोमवार की रात से सुरक्षाबलों का अभियान जारी है.

    इस अभियान में कितने जवान हताहत हुए हैं, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी अब तक साझा नहीं की गई है.

  2. बिहार: विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की हत्या, विभाष झा,दरभंगा से बीबीसी हिंदी के लिए

    विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और बिहार में मंत्री रहे मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की दरभंगा के बिरौल बाजार स्थित उनके घर में हत्या कर दी गई है.

    घटना सोमवार की देर रात की है. मंगलवार की सुबह स्थानीय लोगों को इसके बारे में पता चला.

    दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने घटना की पुष्टि की है. एसएसपी ने मुकेश सहनी के पिता की हत्या मामले में दरभंगा ग्रामीण की एसपी काम्या मिश्रा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर दिया है.

    पिता की हत्या की खबर सुनते ही मुकेश सहनी मुंबई से अपने घर दरभंगा के लिए निकल चुके है.

    एक स्थानीय निवासी पप्पू नायक ने बताया कि जब काफ़ी देर तक मुकेश सहनी के पिता घर से नहीं निकले तो लोगों ने घर के अंदर देखा. घर में वह बिस्तर पर मृत पड़े थे.

    लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी. हत्या की वजह का पता नहीं चल पाई है.

    लोगों का कहना है कि मुकेश के पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. वो घर पर अकेले रहते थे. सामने ही मुकेश सहनी का घर है.

    बिरौल के एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच से लग रहा है कि हत्यारे चोरी की नीयत से घर में घुसे थे. घर का सामान बाहर बिखरा पड़ा था.

    पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है. जांच के लिए बिरौल और घनश्यामपुर की पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है.

    मुकेश सहनी के पिता की हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

  3. ट्रंप के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जेडी वेंस की पत्नी और 'गुरु' ऊषा से मिलिए

  4. हमले के बाद दिखे ट्रंप, कान पर पट्टी बांध कर पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में पहुंचे

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद पर हुए हमले के बाद पहली बार सार्वजनिक तौर पर दिखे. रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए मिलवाऊकी पहुंचे ट्रंप के कान पर पट्टी बंधी थी.

    उनके दाहिने कान पर बड़ी पट्टी लगी थी,जिसे हमलावर की गोली छूती हुई निकल गई थी.

    उनके साथ बाईं ओर उप राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार जेडी वेंस भी मौजूद थे. पार्टी के सीनेटर बेरन डोनाल्ड्स दाहिने खड़े थे. उनके साथ बॉक्स में बेटे एरिक और डोनाल्ड जूनियर भी थे. परिवार के दूसरे सदस्य भी साथ खड़े थे.

    राष्ट्रीय सम्मेलन में वक्ताओं के भाषण के दौरान ट्रंप मुस्कुराते दिखे. वो बीच-बीच में तालियां बजा रहे थे. ट्रंप वेंस और डोनाल्ड्स की ओर मुड़ कर भाषणों पर टिप्पणी करते दिखे.

    रविवार को पेंस्लिवेनिया के बटलर में रिपब्लिकन पार्टी की रैली में ट्रंप भाषण दे रहे ते तभी उन्हें निशाना लगाकर गोली चलाई गई थी. गोली ट्रंप के बिल्कुल बगल से गुज़री थी.

    गोली उनके दाहिने कान को छूती हुई निकल गई. हमलावर मैथ्यू थॉमस क्रुक्स को पुलिस ने मार दिया था.

  5. आरज़ू राणा देऊबा बनीं नेपाल की विदेश मंत्री, भारत के साथ सीमा विवाद पर क्या कहा?

    नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने डॉ. आरज़ू राणा देऊबा को विदेश मंत्री बनाया है. सोमवार को उन्होंने अपना पद संभाल लिया.

    पद संभालते ही उन्होंने कहा कि सीमा विवाद तथ्यों और सबूतों को आधार पर सुलझाए जाने चाहिए. इससे पड़ोसी देशों के साथ अनावश्यक विवाद ख़त्म हो जाएंगे.

    उन्होंने कहा कि पहले की तरह ये ज़रूरी नहीं है कि पड़ोसी देशों के साथ सीमा विवाद सीमा पर लगे पिलर्स की गिनती करके सुलझाया जाए.

    उन्होंने कहा, ''हम भारत के साथ अपने सीमा विवाद भूगोल, इतिहास और जीपीएस आधारित नए वैज्ञानिक नक्शों के मुताबिक़ सुलझाएंगे, हमारे पास पहले की तुलना में अब ज्यादा जानकारी, तथ्य और सुबूत हैं. इसलिए इस बात पर अब चिंता करने की जरूरत नहीं है कि कौन सी बाउंड्री पिलर कहां है.''

    आरज़ू देऊबा ने कहा,''अब तथ्य सामने हैं. लिहाजा अब हम अपने सीमा विवाद सुलझा सकते हैं. मेरी जानकारी में महाकाली सीमाई नदी है. भारत और नेपाल दोनों के पास इस तक पहुंच है. इसलिए इस मामले में हमेशा विवाद रहा है.''

    राणा नेपाल की चौथी महिला विदेश मंत्री हैं . उनसे पहले बिमला राय पौडेल, सुजाता कोइराला और सहाना प्रधान नेपाल की विदेश मंत्री रह चुकी हैं.

  6. जेडी वेंस कभी ट्रंप को पसंद नहीं करते थे, उन्हें ही ट्रंप ने बनाया उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओहायो से रिपब्लिकन सीनेटर जेडी वेंस को अपने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर चुना है.

    ट्रंप ने सोमवार को अपने ट्रुथ सोशल नेटवर्क पर इसका ऐलान किया. वेंस ट्रंप के आलोचक रहे हैं लेकिन बाद में उनके सहयोगी बन गए.

    ओहायो से पहली बार सीनेटर चुने गए वेंस के पास कंजर्वेटिव वोटों का अच्छा आधार रहा है. वेंस को उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने से बड़ी संख्या में कंजर्वेटिव वोटर रिपब्लिकन पार्टी की ओर आकर्षित हो सकते हैं. वेंस वेंचर पूंजावादी रहे हैं.

    वेंस की लंबे समय से रिपब्लिकन पार्टी के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की उम्मीद जताई जा रही थी. जब ओहायो के रिपब्लिकन सीनेटर रॉब पोर्टमैन ने 2022 के चुनाव में दोबारा चुनाव नहीं लड़ने का फ़ैसला किया तभी से वेंस की दावेदारी और मज़बूत हो गई.

  7. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    15 जुलाई की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.