ट्रंप और ज़ेलेंस्की की मुलाक़ात, सीज़फ़ायर को लेकर दोनों नेताओं ने क्या कहा?

इमेज स्रोत, Getty Images
बीते शुक्रवार को अलास्का में रूसी राष्ट्रपति से मिलने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं से व्हाइट हाउस मुलाक़ात की.
इस बार दोनों नेताओं में अधिक तालमेल दिखा और इस बार ज़ेलेंस्की सूट पहने हुए दिखे. इसे लेकर एक पत्रकार ने उनसे सवाल भी किया.
पत्रकारों के साथ मुख़ातिब होने के दौरान अधिकांश सवालों पर ट्रंप ही बोलते रहे.
सीज़ फ़ायर को लेकर ट्रंप ने कहा, “किसी भी शांति समझौते के हिस्से के रूप में अमेरिका यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने में शामिल होगा और इसे सुनिश्चित करेगा.”
उन्होंने कहा कि सीज़फ़ायर ख़त्म करने के बारे में बातचीत करने के लिए युद्धविराम की जरूरत नहीं है.
ट्रंप ने कहा कि बातचीत खत्म होने के बाद वो पुतिन को फ़ोन करेंगे.
ज़ेलेंस्की ने संकेत दिया कि वह अमेरिका और रूस के नेताओं के साथ बैठक के पक्ष में हैं और कहा कि यूक्रेनी लोग युद्ध को ‘कूटनीतिक तरीके’ से समाप्त करने की ट्रंप की योजना का समर्थन करते हैं.
हालांकि अमेरिका की ओर से सुरक्षा की गारंटी के सवाल पर ज़ेलेंस्की ने कहा, “एक मज़बूत यूक्रेनी सेना चाहिए. इसके लिए हथियार, लोग, ट्रेनिंग मिशन और ख़ुफ़िया जानकारी सब ज़रूरी हैं.”
व्हाइट हाउस में आज का दिन गहमागहमी भरा रहने वाला है. ट्रंप ज़ेलेंस्की के साथ आए यूरोपीय नेताओं से डिनर पर मिलेंगे.
इसके बाद उनके साथ एक बहुपक्षीय मीटिंग होगी और आखिर में ज़ेलेंस्की प्रेस को संबोधित करेंगे.



















