निमिषा प्रिया को मौत की सज़ा के मामले में सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार ने क्या कहा?, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता
यमनी नागरिक तलाल अब्दो महदी की हत्या के मामले में मौत की सज़ा का सामना कर रहीं केरल की नर्स निमिषा प्रिया के मुद्दे में सुप्रीम कोर्ट में सरकार ने कहा है कि सभी संभव प्रयास किए गए हैं.
सुप्रीम कोर्ट मामले में शुक्रवार को सुनवाई करेगा.
अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी ने सुप्रीम कोर्ट में कहा, "भारत सरकार ने जो कुछ भी संभव था, वह किया है."
उन्होंने कहा है कि सरकार ने अपने पास उपलब्ध सभी माध्यमों का उपयोग किया है. भारत सरकार एक सीमा तक ही जा सकती है.
अटॉर्नी जनरल ने अदालत को यह भी जानकारी दी कि सरकार ने इस मामले में अनौपचारिक तरीकों से भी बातचीत की कोशिश की, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला.
वहीं, याचिकाकर्ता ने कोर्ट से कहा है कि मामले में सरकार को निर्देश दे कि वह निमिषा की फांसी को रोकने के लिए कूटनीतिक हस्तक्षेप करे.