उत्तर प्रदेश: मेरठ के एक विश्वविद्यालय में नमाज़ पढ़ने पर छात्र गिरफ़्तार, क्या है पूरा मामला?

उत्तर प्रदेश के मेरठ की आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में खुले कैंपस में नमाज़ पढ़ने को लेकर उठे विवाद के बाद पुलिस ने एक छात्र को गिरफ़्तार कर लिया है.

सारांश

  • पीएम मोदी ने रूस और यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने को लेकर क्या सलाह दी?
  • पाकिस्तान पर बोले पीएम मोदी - 'दुनिया में कहीं भी आंतकवाद की घटना हो...'
  • पाकिस्तान: बलूचिस्तान के नोश्की में बम धमाका, पांच सुरक्षाकर्मियों की मौत, 32 घायल
  • अंतरिक्ष में फंसे एस्ट्रोनॉट्स सुनीता विलियम्स और बैरी विल्मोर को धरती पर वापस लाने के लिए क्रू-10 टीम इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर पहुंच चुकी है.
  • दक्षिण अमेरिका में भयंकर तूफ़ान आया है. इसमें कम से कम 34 लोग मारे गए हैं. इनमें मिसौरी में 12 और कैनसस में आठ लोगों की मौत हो गई है.

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे और इफ़्तेख़ार अली

  1. अमेरिकाः कई देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा ट्रंप प्रशासन

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप प्रशासन ने कई देशों की सूची बनाई है, जिन पर यात्रा प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.

    अमेरिका में ट्रंप प्रशासन दर्जनों देशों के नागरिकों के लिए यात्रा प्रतिबंध जारी करने पर विचार कर रहा है. यह जानकारी समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इस मामले से परिचित सूत्रों और एक मैमो के हवाले से दी है.

    इस मैमो में एक सूची है, जिसमें कुल 41 देशों के नाम हैं. उन देशों को तीन समूहों में बांटा गया है.

    पहले समूह में दस देश शामिल हैं. इनमें अफ़ग़ानिस्तान, ईरान, सीरिया, क्यूबा और उत्तर कोरिया समेत बाकी देश शामिल हैं. इनके वीज़ा पर पूरी तरह रोक लगाने की बात कही गई है.

    दूसरे समूह में पांच देशों के नाम हैं. इनमें इरीट्रिया, हेती, लाओस, म्यांमार और दक्षिण सूडान शामिल हैं. इन देशों को आंशिक निलंबन का सामना करना पड़ेगा, जिसका असर पर्यटक और स्टूडेंट्स वीज़ा के साथ-साथ आप्रवासी वीज़ा पर भी पड़ेगा.

    तीसरे समूह में कुल 26 देश शामिल हैं. इनमें बेलारूस, पाकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान समेत कुछ देश शामिल हैं.

    यदि इन देशों की सरकारें “60 दिनों के अंदर कमियों को दूर करने के प्रयास नहीं करती है”, तो उन देशों को वीज़ा जारी करने पर आंशिक रूप से रोक लगाने के मामले में विचार किया जाएगा.

    नाम न बताए जाने की शर्त पर एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया है कि इस सूची में बदलाव हो सकते हैं. अभी इस लिस्ट को अमेरिकी प्रशासन और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो द्वारा पारित किया जाना बाकी है.

  2. असम के सीएम हिमंत और कांग्रेस नेता जयराम रमेश के बीच सोशल मीडिया पर बहस

    जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जयराम रमेश और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बीच सोशल मीडिया पर बहस हुई है

    असम के कांग्रेस प्रवक्ता रीतम सिंह को उनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट के लिए गिरफ़्तार किए जाने के बाद कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना साधा है.

    कांग्रेस ने असम सरकार के इस कदम को ‘अत्याचार से भी बुरा’ बताया. जबकि सत्ताधारी दल ने प्रवक्ता सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर की गई गिरफ़्तारी को ‘बिल्कुल सही’ बताया.

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महासचिव जयराम रमेश ने इस मामले में एक्स पर एक टिप्पणी की. इसमें उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को भी टैग किया.

    जयराम रमेश ने लिखा, “मेरे युवा सहयोगी रीतम सिंह को एक बिल्कुल सही सोशल मीडिया पोस्ट के लिए गिरफ़्तार किया जाना, ‘अत्याचार से भी बुरा’ है, श्रीमान मुख्यमंत्री.”

    मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी इसका जवाब देते हुए एक्स पर लिखा, “महोदय, यह मामला एक दलित महिला के प्रति जाति-आधारित अपमान से जुड़ा है. यदि आप एक दलित महिला के पति को बलात्कारी कहने वाली सोशल मीडिया पोस्ट को ‘बिल्कुल सही’ ठहराते हैं, तो यह दर्शाता है कि आप लोग कांग्रेस को किस दिशा में ले गए हैं.”

    इसके जवाब में जयराम रमेश ने लिखा, “श्रीमान मुख्यमंत्री, असली मुद्दे से ध्यान भटकाना बंद कीजिए. यह मामला पुलिस की शक्तियों के दुरुपयोग से जुड़ा है, जो आप अपने विरोधियों को फंसाने के लिए करते हैं.”

    जयराम रमेश ने अपनी पोस्ट में लिखा है, "विनाश काले विपरीत बुद्धि."

  3. दक्षिण अमेरिका में आया तूफ़ान, कम से कम 31 लोगों की मौत, लिसा लैम्बर्ट और ब्रैंडन ड्रेनन, बीबीसी न्यूज़

    दक्षिण अमेरिका

    इमेज स्रोत, Missouri State Trooper

    इमेज कैप्शन, दक्षिण अमेरिका में तूफ़ान ने कई घरों को नुक़सान पहुंचाया है.

    दक्षिण अमेरिका में भयंकर तूफ़ान आया है. इसमें कम से कम 31 लोग मारे गए हैं. इनमें से 12 लोगों की मौत मिसौरी में हुई है. जबकि कैनसस में आठ लोग मारे गए हैं.

    इस तूफ़ान ने दक्षिण-पूर्व के राज्यों में भारी नुक़सान किया है. कई गाड़ियां पलट गई और कई घरों को नुक़सान पहुंचा है.

    टेक्सस में धूल भरी आंधी के कारण एक कार हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा ओक्लाहोमा और अर्कांसस में भी जनहानि की ख़बरें हैं.

    ट्रैकर पॉवरआउटेज के मुताबिक, शनिवार दोपहर को छह राज्यों में 2 लाख 40 हज़ार से ज़्यादा मकानों में बिजली नहीं थी.

    इन राज्यों में टेक्सस, मिसौरी और इलिनोइस शामिल है.

    सेंट्रल मिसिसिपी, पूर्वी लुइसियाना और पश्चिमी टेनेसीस में मौसम और ख़राब होने की चेतावनी जारी की गई है.

    इन तीनों राज्यों के अलावा अलबामा और अर्कांसस के कुछ हिस्सों में भी बाढ़ को लेकर चेतावनी जारी की गई है, क्योंकि दक्षिण-पूर्व में मौसम ख़राब है.

    राष्ट्रीय मौसम सेवा ने कहा है कि अचानक आने वाली यह बाढ़ घातक साबित हो सकती है.

    इससे पहले, शनिवार सुबह सेंट्रल मिसिसिपी में तूफ़ान को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया था.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं.